ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

शिरीष चंद्र मुर्मु को आरबीआई का डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया गया

30-Sep-2025
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) केंद्र सरकार ने सोमवार को शिरीष चंद्र मुर्मु को तीन साल के लिए भारतीय रिजर्व बैंक का डिप्टी गवर्नर नियुक्त किया। उनकी नियुक्ति को केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने मंजूरी दे दी है। यह 9 अक्टूबर से लागू होगी। वह एम राजेश्वर राव की जगह लेंगे, जिनकी सेवा अवधि 8 अक्टूबर को समाप्त होने वाली है।
वर्तमान में शिरीष आरबीआई में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं और सुपरविजन विभाग की देखरेख करते हैं। कानून के अनुसार, आरबीआई में चार डिप्टी गवर्नर होने चाहिए। दो बैंक के अंदर से, एक अर्थशास्त्री और एक कमर्शियल बैंकिंग सिस्टम से।
टी राबी शंकर, पूनम गुप्ता और स्वामीनाथन जे अन्य डिप्टी गवर्नर हैं।
राजेश्वर राव ने इस पद पर पांच साल पूरे कर लिए हैं। वे पहली बार 2020 में तीन साल के कार्यकाल के लिए डिप्टी गवर्नर बने थे, और बाद में 2023 और 2024 में उन्हें एक-एक साल का दो बार विस्तार दिया गया।
पिछले महीने की शुरुआत में सरकार ने पूर्व आरबीआई गवर्नर डॉ. उर्जित पटेल को तीन साल की अवधि के लिए इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (आईएमएफ) में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर नियुक्त किया था।
यह नियुक्ति कृष्णमूर्ति वी सुब्रह्मण्यम की सेवाओं को अचानक समाप्त किए जाने के बाद हुई, जिससे उनका कार्यकाल लगभग छह महीने पहले ही समाप्त हो गया। पटेल को भारत की मुद्रास्फीति लक्ष्यीकरण वाली मौद्रिक नीति ढांचे को डिजाइन करने में मदद करने का श्रेय दिया जाता है।
उर्जित पटेल एक भारतीय अर्थशास्त्री हैं, जिनका जन्म केन्या में हुआ था। उन्होंने भारत की मुद्रास्फीति-नियंत्रण मौद्रिक नीति (इन्फ्लेशन-टारगेटिंग मॉनेटरी पॉलिसी) को डिज़ाइन करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वे 30 साल से अधिक समय से अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ काम कर रहे हैं।
पटेल ने 1992 में भारत आने से पहले पांच साल तक आईएमएफ के लिए वाशिंगटन, डीसी में काम किया। बाद में वे नई दिल्ली में आईएमएफ के डिप्टी रेजिडेंट रिप्रेजेंटेटिव बने।
वर्ष 2016 में उन्होंने रघुराम राजन की जगह लेते हुए आरबीआई के 24वें गवर्नर के रूप में कार्य शुरू किया। उनका कार्यकाल 1992 के बाद सबसे छोटा रहा, और वे 2018 में निजी कारणों से इस्तीफा देने वाले पहले आरबीआई गवर्नर बने।
 

जीएसटी रेट में कटौती के बाद सरकार को मिसलीडिंग डिस्काउंट को लेकर ग्राहकों की 3000 शिकायतें मिलीं

30-Sep-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) उपभोक्ता मामले विभाग (डीओसीए) की सचिव निधि खरे ने सोमवार को कहा कि जीएसटी रेट्स में हालिया कटौती के बाद सरकार को उपभोक्ताओं से रिटेलरों द्वारा मिसलीडिंग डिस्काउंट्स और अनुचित मूल्य निर्धारण प्रथाओं को लेकर लगभग 3,000 शिकायतें मिली हैं।
एक कार्यक्रम में खरे ने कहा कि हर दिन शिकायतें प्राप्त की जा रही हैं और मंत्रालय आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) को भेज रहा है। खरे ने पत्रकारों से कहा, “हमें हर दिन शिकायतें मिल रही हैं। अब तक, हमें लगभग 3,000 उपभोक्ता शिकायतें मिली हैं। हम उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए सीबीआईसी को भेज रहे हैं।”
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि कई शिकायतों में प्राइसिंग को लेकर डार्क पैटर्न की बात कही गई है, जहां कथित तौर पर रिटेलर जीएसटी रेट कम होने का लाभ ग्राहकों को नहीं दे रहे हैं। खरे ने आगे कहा, “अगर अलग-अलग क्षेत्रों से अलग-अलग शिकायतें आती हैं तो वे क्लास एक्शन की पात्र होंगी। हम इस पर नजर बनाए हुए हैं। हम निश्चित रूप से उन मामलों पर ध्यान देंगे जहां, मिसलीडिंग डिस्काउंट्स के साथ ग्राहकों को धोखा दिया जाएगा।”
अपनी निगरानी को मजबूत करने के लिए मंत्रालय विभिन्न क्षेत्रों में शिकायतों को ट्रैक और विश्लेषण करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और चैटबॉट टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने कहा, “हमारा ध्यान मिसलीडिंग एड्स और अनुचित व्यापार प्रथाओं पर है। साथ ही, उन मामलों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है, जहां जीएसटी सुधार का लाभ ग्राहकों को वस्तुओं और सेवाओं की अंतिम कीमत में नहीं मिल पा रहा।”
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में हुई 56वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक में जीएसटी 2.0 सुधार को लेकर फैसला लिया गया था। इन सुधारों को 22 सितंबर से देश में लागू कर दिया गया है। इसके अलावा, हाल ही में केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (सीसीपीए) ने मेसर्स डिजिटल एज रिटेल प्राइवेट लिमिटेड (फर्स्टक्राई) पर गलत और भ्रामक मूल्य निर्धारण के लिए 2,00,000/- रुपए का जुर्माना लगाया। यह मामला एक उपभोक्ता की शिकायत से जुड़ा था, जिसमें बताया गया कि फर्स्टक्राई ने उत्पादों पर सभी करों सहित अधिकतम खुदरा मूल्य दर्शाया था, जबकि चेक आउट के समय, छूट वाले मूल्य पर अतिरिक्त जीएसटी लगाया। इससे अधिक छूट का भ्रामक प्रभाव पड़ा और उपभोक्ताओं को अंतिम देय राशि के बारे में गुमराह किया गया।
 

तमिलनाडु भगदड़ में मारे गए लोगों के लिए विजय ने किया मुआवजे का ऐलान

28-Sep-2025
करूर। तमिलनाडु के करूर में शनिवार, 27 सितंबर को एक्टर थलपति विजय की रैली में भगदड़ मच गई, जिसमें 39 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग आईसीयू में भर्ती हैं। इस घटना से पूरे देश में शोक का माहौल है। कमल हासन से लेकर रजनीकांत और विशाल समेत साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सितारों ने शोक जताया और घटना को दिल तोड़ने वाला बताया। उधर, विजय का भी दिल बुरी तरह टूट गया है। उन्होंने मृतकों और घायलों के परिजनों को मुआवजे का ऐलान किया है।
रजनीकांत ने जताया दुख
रजनीकांत ने ट्वीट किया, 'करूर में हुई घटना में निर्दोष लोगों की जान जाने की खबर दिल को झकझोर देने वाली और बेहद दुखद है। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। घायलों को सांत्वना।'
कमल हासन ने लिखा, 'दिल कांप रहा है, सदमे में हूं
कमल हासन ने ट्वीट किया, 'मेरा दिल कांप रहा है। करूर में जो हुआ उससे सदमे में हूं और दुखी हूं। भीड़भाड़ में फंसे उन निर्दोष लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं, जिन्होंने अपनी जान गंवाई। मैं तमिलनाडु सरकार से आग्रह करता हूं कि भीड़भाड़ से बचाए गए लोगों को उचित उपचार मिले और प्रभावित लोगों को उचित राहत मिले।'
विजय ने मृतकों को 20-20 तो घायलों को 2-2 लाख रुपये मुआवजे का किया ऐलान
उधर, थलपति विजय ने अपने X पर भगदड़ में मारे गए लोगों के लिए संवेदनाएं व्यक्त कीं और मुआवजे का ऐलान किया। उन्होंने एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा, जिसमें ऐलान किया कि मृतकों के परिजन को 20 लाख और घायलों को 2 लाख रुपये की मदद देंगे।

 


संयुक्त राष्ट्र महासभा में गूंजा भारत की आवाज़, जयशंकर बोले – आतंकवाद का गढ़ है पाकिस्तान

28-Sep-2025
नई दिल्ली (शोर संदेश)। न्यूयॉर्क में आयोजित 80वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने पाकिस्तान पर बेहद कड़ा हमला बोला. उन्होंने पड़ोसी देश पाकिस्तान को साफ शब्दों में ‘आतंकवाद का गढ़’ बताया और कहा कि सरकार प्रायोजित आतंकवाद आज भी पूरे क्षेत्र की सबसे बड़ी अस्थिरता की जड़ है. जब भारत के विदेश मंत्री ने पाकिस्तान को आतंकवाद का वैश्विक केंद्र बताया तो संपूर्ण संयुक्त राष्ट्र महासभा ने जोरदार तालियां बजीं. जयशंकर ने अपने संबोधन में अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र किया, जिसमें 26 निर्दोष पर्यटक, जिनमें अधिकांश हिंदू श्रद्धालु थे, की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी.
उन्होंने कहा कि यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पाकिस्तान की जमीन पर सक्रिय आतंकी कैंप ‘औद्योगिक स्तर’ पर काम कर रहे हैं और इन्हें सरकार का संरक्षण प्राप्त है. भारत के विदेश मंत्री ने दुनिया के सामने पाकिस्तान की उस मानसिकता को भी उजागर किया, जहां आतंकियों को न सिर्फ बचाया जाता है बल्कि सार्वजनिक मंचों पर उन्हें नायक की तरह पेश किया जाता है. उन्होंने कहा, ‘जब आतंकवादियों का महिमामंडन किया जाता है, तो यह केवल हिंसा को सामान्य बनाने की कोशिश है, जिसे किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार नहीं किया जा सकता.’
आतंकवाद का साथ देने वाले भुगतेंगे खामियाजा
डॉ. जयशंकर ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की कि अब समय आ गया है जब आतंकवाद को पनाह देने वाले पूरे इकोसिस्टम पर ‘लगातार दबाव’ बनाया जाए. उन्होंने जोर दिया कि सबसे पहले आतंकवाद की फंडिंग को रोकना होगा. अगर आतंकी संगठनों के आर्थिक स्रोत बंद हो जाएं तो उनकी जड़ें भी सूख जाएंगी. विदेश मंत्री ने उन देशों को भी चेतावनी दी जो पाकिस्तान की मदद करते हैं. उन्होंने कहा, ‘जो लोग आतंकवाद को प्रायोजित करने वाले राष्ट्रों का समर्थन करते हैं, उन्हें पता चलेगा कि इसका खामियाजा उन्हें ही भुगतना पड़ेगा.’
भारत ने पहलगाम त्रासदी के तुरंत बाद पाकिस्तान की आतंकी ढांचों पर जवाबी कार्रवाई की थी, जिसे ऑपरेशन सिंदूर नाम दिया गया. इसने दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत आतंकवाद पर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं करेगा. विदेश मंत्री ने संयुक्त राष्ट्र मंच पर साफ कर दिया कि भारत की नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ की है और इसमें आतंकी व उन्हें संरक्षण देने वाले, दोनों ही बराबर अपराधी माने जाएंगे.

सूरत- बरहामपुर के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस चलने से यात्री खुश, पीएम का आभार जताया

28-Sep-2025
नई दिल्ली (शोर संदेश)। गुजरात के उधना (सूरत) और ओडिशा के बरहामपुर के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत हो चुकी है। ट्रेन यात्रियों ने नई सुविधा से लैस अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा में आयोजित कार्यक्रम से वर्चुअली अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर सूरत में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मौजूद रहे।
अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए दोनों राज्यों के बीच किफायती और आरामदायक संपर्क बनाने और प्रमुख आर्थिक जिलों को जोड़ने की कोशिश की गई है। ट्रेन यात्रियों का कहना है कि दीवाली और छुट्टियों में ओडिशा जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। उन्होंने नई सुविधा से लैस अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया।
माधव प्रधान ने बताया कि सूरत से बरहामपुर जाना पहले मुश्किल था, क्योंकि ट्रेन सीधे बरहामपुर तक नहीं जाती थी। अब अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत होने से फायदा होगा।अजय दुबे ने कहा, “जो ट्रेन शुरू हुई है, यह बेहद अच्छा फैसला है। इससे पहले ट्रेनों में भारी भीड़ रहती थी, लेकिन नई ट्रेन शुरू होने से भीड़ कम होगी और लोगों को सफर में सुविधा होगी।”
कैलाश साईं ने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस ट्रेन के शुरू होने से अब उन्हें अपने घर आने-जाने में सुविधा होगी। इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को सूरत पहुंचे और उधना रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उनके साथ केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल भी मौजूद रहे।
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उधना रेलवे स्टेशन का भविष्य की जरूरतों को देखते हुए नवनिर्माण हो रहा है। सूरत एक तेजी से विकसित होने वाला शहर है और यहां इकोनॉमिक एक्टिविटी के कारण देशभर के लोग काम करने के लिए आते हैं। यहां टेक्सटाइल और डायमंड सेंटर हैं। यहां से ट्रेन की डिमांड बहुत होती है।

मां कालरात्रि की कृपा से सबके जीवन में आत्मबल का संचार हो : पीएम मोदी

28-Sep-2025
नई दिल्ली (शोर संदेश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवरात्रि के सातवें दिन मां कालरात्रि की विशेष उपासना का जिक्र करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट शेयर किया। उन्होंने मां से सभी के जीवन में आत्मबल के संचार की कामना की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भक्ति भरा गीत ‘मूकांबिका देवी जगदंबिके’ का वीडियो भी शेयर किया। इस गीत को गायक केजे. येसुदास और गायिका केएस. चिथरा ने अपनी मधुर आवाज में गाया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “देवी मां के चरणों में कोटि-कोटि प्रणाम। उनसे प्रार्थना है कि वे सभी को अदम्य साहस और उत्तम स्वास्थ्य का आशीष प्रदान करें। उनकी कृपा से सबके जीवन में आत्मबल का संचार हो।”
प्रधानमंत्री मोदी नवरात्रि के पहले दिन से ही रोजाना माता के विभिन्न स्वरूपों की उपासना का उल्लेख सोशल मीडिया के माध्यम से कर रहे हैं। नवरात्रि के छठे दिन उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “नवरात्रि में देवी मां को शीश झुकाकर नमन! उनकी कृपा से हर किसी के जीवन में आत्मविश्वास का संचार हो। माता का आशीष सभी भक्तों को प्राप्त हो, यही कामना है।”
नवरात्रि का सातवां दिन मां दुर्गा के कालरात्रि स्वरूप को समर्पित है। मां कालरात्रि को भय और अंधकार का नाश करने वाली देवी माना जाता है। इनकी पूजा से भक्तों को भय, नकारात्मक शक्तियों और बाधाओं से मुक्ति मिलती है। मां कालरात्रि का स्वरूप उग्र होने के बावजूद भक्तों के लिए कल्याणकारी है। इनकी पूजा से नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है और साहस व शक्ति प्राप्त होती है। इस दिन भक्त विशेष रूप से रात में पूजा-अर्चना करते हैं और मां को गुड़, शहद या मिठाई का भोग अर्पित करते हैं।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार 4-5 अक्टूबर को बिहार में चुनावी तैयारियों की करेंगे समीक्षा

28-Sep-2025
नई दिल्ली (शोर संदेश) । मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए 4 और 5 अक्टूबर को बिहार का दौरा करेंगे। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह उच्च स्तरीय दौरा राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) आधारित अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के कुछ ही दिनों बाद होगा, जिसे 30 सितंबर को जारी किया जाना है। 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 22 नवंबर को समाप्त हो रहा है, जिससे राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस राज्य में चुनाव होने हैं।
अधिकारियों के अनुसार, चुनाव आयोग (ईसी) की टीम आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के लिए प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। यह प्रथा है कि चुनाव अधिकारी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करने से पहले जमीनी तैयारी का आकलन करने के लिए राज्य का दौरा करते हैं।
अटकलें लगाई जा रही हैं कि चुनाव आयोग की टीम बिहार दौरे के बाद दिल्ली लौटेगी तो कुछ ही दिनों में विधानसभा चुनावों की औपचारिक घोषणा हो सकती है।बिहार में विपक्षी दलों ने एसआईआर की तीखी आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इस प्रक्रिया से करोड़ों वास्तविक मतदाता मताधिकार से वंचित हो सकते हैं। हालांकि, चुनाव आयोग ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है और कहा है कि इसका उद्देश्य चुनावी प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
उल्लेखनीय है कि पिछले रुझानों के आधार पर चुनाव आयोग की ओर से तीन से चार चरणों में चुनाव कराने की उम्मीद है। आगामी त्योहारी सीजन के कारण चुनौती और भी बढ़ गई है क्योंकि उसी दौरान दिवाली और छठ भी हैं। मतदाताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए चुनाव आयोग सतर्क नजर आ रहा है।
आपको बता दें, 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 7 नवंबर को तीन चरणों में मतदान हुआ था। जिसके परिणाम 10 नवंबर को घोषित किए गए थे। 2015 में चुनाव 12 अक्टूबर से 5 नवंबर के बीच पांच चरणों में हुए थे। 2010 में चुनाव छह चरणों में हुए थे। वहीं फरवरी 2005 में बिहार में तीन चरणीय चुनाव हुए, जिसके बाद अक्टूबर 2005 में भी तीन चरणीय चुनाव हुए थे।
 

‘बेटियां लहरा रहीं परचम’, पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में की नारी शक्ति की प्रशंसा

28-Sep-2025
नई दिल्ली (शोर संदेश) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कर्यक्रम के 126वें एपिसोड को संबोधित किया। अपने संबोधन में बेटियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बेटियां हर जगह अपना परचम लहरा रही हैं।
बिजनेस से लेकर स्पोर्ट्स तक और एजुकेशन से लेकर साइंस तक, आप किसी भी क्षेत्र को लीजिए, देश की बेटियां हर जगह अपना परचम लहरा रही हैं
पीएम मोदी ने कहा कि नवरात्रि के इस समय में हम शक्ति की उपासना करते हैं। हम नारी शक्ति का उत्सव मनाते हैं। बिजनेस से लेकर स्पोर्ट्स तक और एजुकेशन से लेकर साइंस तक, आप किसी भी क्षेत्र को लीजिए, देश की बेटियां हर जगह अपना परचम लहरा रही हैं। आज वे ऐसी चुनौतियों को भी पार कर रही हैं, जिनकी कल्पना तक मुश्किल है।
मन की बात कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने भारतीय नौसेना के दो अधिकारियों, लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा से भी बातचीत की। पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय नौसेना के इन दो बहादुर अधिकारियों ने नाविक सागर परिक्रमा के दौरान साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया है। मैं ‘मन की बात’ के श्रोताओं को इन दो बहादुर अधिकारियों से परिचित कराना चाहता हूं। एक का नाम लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना और दूसरे का नाम लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा है।
खादी के प्रति लोगों के बढ़ते आकर्षण का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते 11 साल में खादी के प्रति देश के लोगों का आकर्षण बहुत बढ़ गया है। पिछले कुछ वर्षों में खादी की बिक्री में बहुत तेजी देखी गई है। मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि 2 अक्टूबर को कोई ना कोई खादी प्रोडक्ट जरूर खरीदें। उन्होंने आगे कहा, “गर्व से कहें -ये स्वदेशी हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि 2 अक्टूबर को गांधी जयंती है और गांधी जी हमेशा स्वदेशी अपनाने पर जोर देते थे और खादी उनमें सबसे पहले थी। दुर्भाग्य से, आजादी के बाद खादी की लोकप्रियता कम होने लगी, लेकिन पिछले 11 सालों में देश में लोगों की खादी के प्रति रुचि काफी बढ़ी है। पिछले कुछ सालों में खादी की बिक्री में भी भारी बढ़ोतरी हुई है। मैं आप सभी से 2 अक्टूबर को कोई खादी उत्पाद खरीदने की अपील करता हूं। गर्व से कहिए कि ये स्वदेशी हैं। इसे वोकल फॉर लोकल के साथ सोशल मीडिया पर भी शेयर करें।
 

 


वर्ल्ड फूड इंडिया में 1 लाख करोड़ से अधिक के निवेश समझौते

27-Sep-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) केंद्र सरकार ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 के दूसरे दिन 21 कंपनियों ने समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इससे इस कार्यक्रम में निवेश के लिए समझौतों की कुल कीमत 1 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गई है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि इन 21 कंपनियों ने 25,000 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश का वादा किया। भारत मंडपम में समिट के दूसरे दिन वैश्विक नियामक, इंडस्ट्री लीडर्स, स्टार्टअप और नीति-निर्माताओं ने भाग लिया। बातचीत में सस्टेनेबिलिटी, टेक्नोलॉजी, निवेश और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी पर ध्यान केंद्रित किया गया।
खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय ने कार्यक्रम के पांच स्तंभों पर केंद्रित 13 सत्र आयोजित किए। इसमें पेट फूड, स्पेशलिटी फूड, न्यूट्रास्यूटिकल्स, शराब और प्लांट-बेस्ड फूड जैसे मुख्य विषय शामिल थे। बयान में कहा गया कि इस दिन उत्तर प्रदेश, गुजरात, पंजाब, झारखंड और बिहार जैसे भागीदार राज्यों के साथ न्यूजीलैंड, वियतनाम, जापान और रूस के प्रतिनिधिमंडलों के सत्र भी हुए।
कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय, आयुष मंत्रालय, कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण और विश्व बैंक ने भी चर्चाएं आयोजित कीं। बयान में कहा गया कि सम्मेलन के हिस्से के रूप में, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण में सहयोग को मजबूत करने के लिए रूस और पुर्तगाल के समकक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें हुईं।
इसी समय, भारत समुद्री खाद्य निर्यातक संघ द्वारा आयोजित 24वें इंडिया इंटरनेशनल सीफूड शो में देश की बढ़ती समुद्री खाद्य निर्यात क्षमता और वैश्विक बाजार के संबंध दिखाए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वर्ल्ड फूड इंडिया 2025 कार्यक्रम के पहले दिन कहा कि भारत में विविधता, मांग और पैमाने की ट्रिपल ताकत है।
पीएम मोदी ने भी जोर देते हुए कहा कि घरेलू मांग में यह ताकत भारत को प्रतिस्पर्धी बढ़त देती है और इसे निवेशकों के लिए पसंदीदा स्थान बनाती है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि आज भारत की पहचान दुनिया के तीसरे सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम के रूप में होती है। इनमें से कई सारे स्टार्टअप्स फूड और एग्रीकल्चर सेक्टर में काम कर रहे हैं। भारत में डाइवर्सिटी, डिमांड और इनोवेशन सभी कुछ मौजूद हैं। इन्वेस्टमेंट का भारत में विस्तार करने का यही समय है।










 

चुनावी रणनीति को धार देने पटना पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा नेताओं संग की लंबी बैठक

27-Sep-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) बिहार में चुनावी सरगर्मियां अब बढ़ गई हैं। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को जहां पटना में महिला संवाद किया और मोतिहारी में एक जनसभा को संबोधित किया, वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बिहार पहुंचे और बिहार के भाजपा के नेताओं के साथ ताबड़तोड़ बैठकें की।
गृह मंत्री अमित शाह शाम को पटना पहुंचे और सीधे भाजपा प्रदेश कार्यालय गए। वहां उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की और चुनावी रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया। इस बैठक में भाजपा के बिहार चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह सहित अन्य कई मंत्री, सांसद और विधायक तथा कई पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में अमित शाह ने चुनाव के मद्देनजर पार्टी संगठन को मजबूत करने, उम्मीदवारों के चयन और चुनाव की रणनीति जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की
बताया जाता है कि इस बैठक में अमित शाह ने चुनाव के मद्देनजर पार्टी संगठन को मजबूत करने, उम्मीदवारों के चयन और चुनाव की रणनीति जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने अपने एक्स पर पोस्ट किया, “आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में आयोजित प्रदेश पदाधिकारीगण एवं प्रवासी प्रभारी की बैठक हुई।”
निश्चित ही यह संवाद संगठन की मजबूती के साथ-साथ बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक विजय एवं सुशासन के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करेगा
उन्होंने आगे लिखा, “इस बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, बिहार विधानसभा चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा बिहार प्रभारी विनोद तावड़े का भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। निश्चित ही यह संवाद संगठन की मजबूती के साथ-साथ बिहार में एनडीए की ऐतिहासिक विजय एवं सुशासन के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करेगा।”
इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह बेतिया पहुंचे, जहां उन्होंने चंपारण और सारण क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आगामी चुनाव के संबंध में बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए
इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह बेतिया पहुंचे, जहां उन्होंने चंपारण और सारण क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आगामी चुनाव के संबंध में बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। इन क्षेत्रों के 10 संगठनात्मक जिलों के 45 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में सांसद, एमएलए, विधान परिषद सदस्य, पार्टी के जिला अध्यक्ष, पार्टी की कार्यसमिति के सदस्य और विधानसभा के प्रभारी शामिल हुए
बताया गया कि इस बैठक में सांसद, एमएलए, विधान परिषद सदस्य, पार्टी के जिला अध्यक्ष, पार्टी की कार्यसमिति के सदस्य और विधानसभा के प्रभारी शामिल हुए। बताया गया कि इस बैठक में शाह ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी के बारे में पूरी जानकारी ली। शाह का आज समस्तीपुर और अररिया जाने का कार्यक्रम है।



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account