ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाला मामले में दर्ज 32 मामले सीबीआई को स्थानांतरित

14-Sep-2024
गुवाहाटी।     ( शोर संदेश )  असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि शुक्रवार को मंत्रिमंडल ने ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाले के संबंध में दर्ज 32 मामलों को जांच के लिए सीबीआई को स्थानांतरित करने का फैसला किया है। मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ इस मामले पर चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि कुछ प्रक्रियाओं के कारण मामलों को सीबीआई को स्थानांतरित करने में लगभग एक महीने का समय लगेगा। सीएम ने कहा कि 20 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुष और महिलाएं इन कंपनियों का प्रचार करते हैं। इन कंपनियों ने लोगों से शेयर बाजार में निवेश करने पर भारी रिटर्न देने का दावा करते हुए करोड़ों रुपये जुटाए। इसके बाद कंपनियां निवेशकों का भुगतान नहीं कर सकीं।
 

मोदी बोले- जम्मू-कश्मीर को तीन खानदानों ने बर्बाद किया

14-Sep-2024
नई दिल्ली.    ( शोर संदेश )  जम्मू-कश्मीर चुनाव से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने डोडा रैली में महबूबा मुफ्ती और उमर उब्दुल्ला पर जमकर निशाना साधा. पीएम मोदी ने मंच से जो कुछ कहा उससे कश्मीर के दोनों बड़े घरानों की इन चुनावों में पॉलिटिकल मंशाओं पर पानी फेर दिया है. उमर अब्दुल्ला ने हाल ही में यह बयान दिया था कि वो कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाकर रहेंगे. महबूबा भी आर्टिकल-370 हटाए जाने को लेकर बीजेपी के खिलाफ आग उगलती रही हैं. रैली ने पीएम नें खुद ही यह कह दिया कि जम्मू-कश्मीर को वो पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने का काम करेंगे. पीएम ने इसे मोदी की गारंटी बताया.

जम्मू-कश्मीर चुनाव 18 सितंबर को होने हैं. मंच से पीएम ने कहा, ‘जम्मू कश्मीर में रहने वाला कोई भी व्यक्ति चाहे वो किसी भी मजहब का हो, किसी भी वर्ग का हो, भाजपा की प्राथमिकता है आपके हर अधिकार की रक्षा. ये मोदी की गारंटी है. जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का काम भी भाजपा सरकार ही करेगी, लेकिन आपको ऐसे लोगों से सावधान रहना है, जो अपने स्वार्थ के लिए आपका अधिकार छीनते रहे हैं.’ बता दें कि इन चुनावों में महबूबा मुफ्ती और उमर अब्दुल्ला घाटी से आर्टिकल-370 हटाए जाने को सबसे बड़ा मुद्दा बना रहे हैं. इस मसले पर दोनों दल खुद को लोगों का सबसे बड़ा हितेशी बताने की कोशिश में लगे हैं.

पीएम ने जम्मू-कश्मीर चुनाव की रैली में यह माना कि जम्मू-कश्मीर के लोगों का यह हक है कि राज्य को पूर्ण राज्य का दर्जा मिले. पीएम ने कहा, ‘जम्मू कश्मीर का इस बार का विधानसभा चुनाव तीन खानदानों और जम्मू-कश्मीर के नौजवानों के बीच में है. एक खानदान कांग्रेस का है, एक खानदान नेशनल कॉन्फ्रेंस का है, एक खानदान पीडीपी का है। जम्मू-कश्मीर में इन तीन खानदानों ने मिलकर आप लोगों के साथ जो किया है वो किसी पाप से कम नहीं है। पीएम ने कहा कि आप याद करिए वो समय, जब दिन ढलते ही यहां अघोषित कर्फ्यू लग जाता था. हालत ये थे कि तब कांग्रेस की केंद्र सरकार के गृहमंत्री तक लाल चौक जाने से डरते थे. जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद अब अपनी अंतिम सांसें गिन रहा है. पिछले 10 साल में यहां जो बदलाव आया है, वो किसी सपने से कम नहीं है.
 

'आप बारिश में प्रदर्शन कर रहे, मैं सो नहीं पा रही...' प्रोटेस्ट कर रहे डॉक्टरों से मिलकर बोलीं ममता बनर्जी

14-Sep-2024
कोलकाता।   ( शोर संदेश )  कोलकाता के आरजी कर हॉस्पिटल में रेप के बाद मर्डर मामले को लेकर डॉक्टर पिछले 33 दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी बीच शनिवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने कहा कि मैं आपके विरोध को सलाम करती हूं. मैं एक छात्र नेता थी. कल रात (शुक्रवार) बहुत भारी बारिश हुई. आप सो नहीं पाए, न ही मैं. यह 33 दिनों से जारी है.
जब आप सोते हैं तो हम जागते हैं. मेरी पोस्ट नहीं, आप लोगों की पोस्ट बड़ी है. मैं शुक्रवार रात सो नहीं पाई क्योंकि आप सभी ने इस भारी बारिश में विरोध प्रदर्शन किया. आपने बहुत तकलीफ़ उठाई है. अगर आप प्रदर्शन खत्म करना चाहते हैं, तो मैं अपने अधिकारियों से बात करूंगी और आपकी मांगों का अध्ययन करूंगी.
मैं आपकी सभी मांगों पर विचार करूंगी. मैं सीबीआई से कहूंगी कि अपराधी को फांसी दें. अगर आप काम पर वापस लौटना चाहते हैं, तो मैं वादा करती हूं कि मैं आपकी मांगों का अध्ययन करूंगी. मैं आपकी मांगों पर विचार करूंगी. ऐसे में मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि मुझे कुछ समय दें.
अगर आप मुझे कुछ समय देंगे तो मैं आपकी मांगों पर फिर से विचार करूंगी. मैं उन रातों में सो नहीं पाई जब आप सड़कों पर थे. मैं आपको यह बताने आई हूं कि कृपया ऐसा न करें. मैं आपसे वादा करती हूं कि हम आपकी मांगों को पूरा करेंगे. मैं सीबीआई से पूछूंगी और अनुरोध करूंगी. अगर आपको मुझ पर भरोसा है तो कृपया मुझे कुछ समय दें. अगर मैं किसी को दोषी पाऊंगी तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करूंगी. 

जिसके सामने जमीन पर बैठ गए पीएम मोदी, वो साढ़े चार फिट का नवदीप कौन है?

13-Sep-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  जिसके सामने जमीन पर बैठ गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आखिर वह साढ़े चार फिट का नवदीप सिंह कौन है, इसे जानने के लिए ज्यादातर भारतीय फैंस के मन में उत्सुकता है. पेरिस पैरालंपिक में भाला फेंक एफ 41 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने के बाद नवदीप सिंह ने आक्रामक तेवर दिखाए जिसके बाद से ही वह फेमस हो गए हैं. नवदीप सिंह को बचपन से ही बौनापन के कारण लोगों के कड़वे कमेंट्स का सामना करना पड़ा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपने आवास पर भारत के पैरालंपियन खिलाड़ियों से मुलाकात की और उन्हें रिकॉर्ड 29 पदक जीतने के लिए बधाई दी.
जमीन पर बैठ गए पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवदीप सिंह से बातचीत के दौरान भावुकता के साथ विनम्रतापूर्वक टोपी स्वीकार करने के लिए फर्श पर बैठ गए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा कर सभी देशवासियों का दिल जीत लिया है. कम लंबाई के कारण एफ41 वर्ग में प्रतिस्पर्धा करने वाले नवदीप सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपने उस हाथ पर हस्ताक्षर करवाए जिसका इस्तेमाल वह भाला फेंकने के लिए करते हैं. बता दें कि छोटे कद से पीड़ित नवदीप सिंह को हरियाणा के पानीपत जिले में अपने गांव में प्रशिक्षण की सामान्य कठिनाइयों के साथ लोगों के क्रूर तानों का भी सामना करना पड़ता था.
आयकर विभाग में निरीक्षक के रूप में काम 
नवदीप सिंह ने 10 साल की उम्र में अपनी एथलेटिक यात्रा शुरू की, राष्ट्रीय नायक नीरज चोपड़ा से प्रेरित होने के बाद भाला फेंक में पहचान पाने से पहले उन्होंने कुश्ती और दौड़ में हाथ आजमाया. नवदीप सिंह आयकर विभाग में निरीक्षक के रूप में काम कर रहे हैं. मौजूदा समय में नवदीप बेंगलुरु में पोस्टेड हैं. गोल्ड मेडल  विजेता भाला फेंक पैरा-थ्रोअर नवदीप सिंह कहते हैं, 'देश लौटने के बाद अच्छा लग रहा है क्योंकि हमें जो समर्थन और सम्मान मिल रहा है - साथ ही लोग पैरा-एथलीटों को पहचान रहे हैं और हमें उचित सम्मान दे रहे हैं. यह (प्रधानमंत्री मोदी के साथ) एक अच्छी मुलाकात थी, उन्होंने हमें बधाई दी. उन्होंने हमें प्रेरित किया- इस सफलता से उत्साहित न होने और भविष्य में और अधिक पदकों के लिए कड़ी मेहनत करने के लिए.'

'सील की जाएगी अवैध निर्माण वाली मस्जिद', हिमाचल के मंडी में जबरदस्त बवाल के बाद डिप्टी कमिश्नर का ऐलान

13-Sep-2024
शिमला।  ( शोर संदेश )   हिमाचल प्रदेश के मंडी में अवैध मस्जिद निर्माण को लेकर विभिन्न हिंदू संगठन शुक्रवार को रैली निकाल रहे हैं. ये प्रदर्शन रैली मंडी शहर से सकोडी चौक की ओर बढ़ रही है. 
हिंदू संगठनों की इस रैली के मद्देनजर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार भी की. बता दें कि कंगना रनौत मंडी से ही बीजेपी सांसद हैं.
हिंदू संगठनों की प्रदर्शन रैली जेल रोड स्थित सकोडी चौक के पास पहुंचने वाली है. पुलिस ने इस चौक पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है. यहां पुलिस ने पूरी तरह से बैरिकेडिंग की है.
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मंडी में अवैध निर्माण की बात सामने आई है. मस्जिद विवाद को लेकर कमेटी बनेगी. यह शांति प्रिय राज्य है, जहां सभी धर्मों का सम्मान होता है. किसी भी धर्म और जाति को ठेस नहीं पहुंचाई जाएगी. हमारी सरकार कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी. अवैध निर्माण स्वीकार्य नहीं है. लेकिन अवैध निर्माण को लेकर भी कानून के दायरे में कार्रवाई होगी.
सीएम सुक्खू ने कहा कि हम चाहते हैं कि विधानसभा स्ट्रीट वेंडर्स को लेकर एक समिति बनाए और स्थानीय विवादों का निपटारा करे. स्ट्रीट वेंडर्स को लेकर एक समिति बनाए जाएगी. बाहर से आकर लोग अवैध निर्माण कर लेते हैं, जिससे लोगों को भी दिक्कत होती है. हिमाचल प्रदेश में प्रदर्शन होते रहते हैं. इनमें कुछ नया नहीं है. हम शिमला मस्जिद मामले में भी कानून के अनुरूप कार्रवाई करेंगे.

शिमला में भी हुआ था इसी तरह का प्रदर्शन

शिमला के संजौली इलाके में मस्जिद परिसर में अवैध निर्माण को लेकर हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था. इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिसकर्मियों से झड़प भी हुई थी. प्रदर्शनकारियों ने मस्जिद की ओर मार्च करते हुए 'हिमाचल ने ठाना है, देवभूमि को बचाना है' और 'भारत माता की जय' जैसे नारे लगाए थे. इस दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की थी, जिसे लोगों ने तोड़ दिया और आगे बढ़ने लगे थे. पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन चलाया और लाठीचार्ज किया था.

कश्मीर में अमित शाह का बड़ा दांव, वैली की 28 सीटों पर नहीं उतारे कैंडिडेट, जानिए बीजेपी ने किसे दिया 'वॉकओवर'

12-Sep-2024
श्रीनगर।   ( शोर संदेश )  जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार यानी आज नामांकन का दौर खत्म हो जाएगा। नए केंद्रशासित प्रदेश में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस का गठबंधन है, जबकि बीजेपी पहली बार बिना किसी सहयोगी दल के चुनाव मैदान में उतरी है। जम्मू-कश्मीर में भारतीय जनता पार्टी सिर्फ 62 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने जम्मू की सभी 43 सीटों पर कैंडिडेट उतारे हैं, जबकि 47 सीटों वाली कश्मीर घाटी में सिर्फ 19 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। बुधवार शाम को आधिकारिक विज्ञप्ति में पार्टी ने कहा कि वह अभी कश्मीर के लिए किसी अन्य उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं करेगी। माना जा रहा है कि बीजेपी ने रणनीति के तहत जम्मू और कश्मीर में अलग-अलग दांव खेला है। सवाल उठ रहे हैं कि कश्मीर वैली की 28 सीटों को बीजेपी ने क्यों छोड़ दिया? पार्टी सूत्र बताते हैं कि यह गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी नेता राम माधव की चुनावी रणनीति है।
कश्मीर घाटी में 28 सीटें छोड़ने से नाराज हैं पुराने समर्थक
पार्टी के इस फैसले के ऐसे पुराने कार्यकर्ता नाराज है, जो कठिन परिस्थितियों में भी बीजेपी के साथ रहे। चुनाव नहीं लड़ने से ऐसे नेता दूसरी पार्टियों की शरण में जा सकते हैं। लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी ने घाटी की तीन सीटों पर कैंडिडेट नहीं उतारे थे, मगर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस फैसले पर खेद जताया था। उन्होंने विधानसभा चुनाव के दौरान 90 सीटों पर लड़ने का वादा किया था। इसके बाद से उम्मीद की जा रही है कि भले ही बीजेपी को कश्मीर में जीत नहीं मिलती है, मगर कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने और देश को संदेश देने के लिए उम्मीदवार उतार सकती है। मगर पार्टी ने अपना इरादा बदल दिया। बीजेपी दक्षिण कश्मीर की 16 विधानसभा सीटों से आठ, मध्य कश्मीर की 15 सीटों से छह और उत्तर कश्मीर की 16 सीटों से पांच उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।
विधानसभा चुनाव के ऐलान के साथ ही बीजेपी ने बदली रणनीति
पार्टी सूत्रों का कहना है कि कश्मीर घाटी में बीजेपी की जीत चमत्कार से ही हो सकती है। पार्टी के पास ऐसे उम्मीदवार भी नहीं हैं, जो नेशनल कॉन्फ्रेंस, पीडीपी और हुर्रियत समर्थित निर्दलियों में अपनी जमानत बचा सकें। पार्टी ने विधानसभा चुनाव की घोषणा के समय ही रणनीति बदल दी थी। बीजेपी अब पूरी तरह जम्मू की 43 विधानसभा सीटों पर फोकस कर रही है। अगर चुनाव के बाद 35 से अधिक सीटें मिलती हैं तो कश्मीर से जीतने वाले निर्दलियों की मदद से वह सरकार बना सकती है। भारतीय जनता पार्टी बची हुई 28 सीटों पर ऐसे निर्दलीय प्रत्याशी और छोटे दलों को समर्थन देगी, जिनके जीतने की उम्मीद हो सकती है। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग से भाजपा उम्मीदवार रफीक वानी ने खुले तौर पर दावा किया कि नए क्षेत्रीय राजनीतिक दल और निर्दलीय हमारे हैं। उन्होंने अपने भाषण में इंजीनियर राशिद, सज्जाद लोन, अल्ताफ बुखारी और गुलाम नबी आजाद को अपना बताया था। विपक्ष का आरोप है कि कश्मीर की कई सीटों पर बीजेपी के इशारे पर भारी तादाद में निर्दलियों ने पर्चा भरा है।
निर्दलीय और राशिद इंजीनियर करेंगे पीडीपी-एनसी के नाक में दम
बता दें कि केंद्रशासित प्रदेश बनने के बाद जम्मू-कश्मीर में परिसीमन हुआ। वहां कुल 114 सीटें हैं, मगर चुनाव 90 सीटों पर हो रहे हैं। 24 सीटें पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर से लिए रिजर्व रखी गई है। इस हिसाब से जम्मू-कश्मीर में बहुमत का आंकड़ा 45 है। कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन 85 सीटों पर साथ चुनाव लड़ रही है, जबकि कश्मीर की पांच सीटों पर फ्रेंडली फाइट हो रही है। नेशनल कॉन्फ्रेंस 51 और कांग्रेस 32 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। जम्मू रीजन में बीजेपी का मुकाबला कांग्रेस और एनसीपी से है। कश्मीर के सियासी हलकों में इंजीनियर राशिद को जमानत मिलने के बाद से चर्चा गरम है। नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी का आरोप है कि आवामी इत्तेहाद पार्टी इस चुनाव में बीजेपी के लिए काम कर रही है। जानकार भी मानते हैं कि राशिद ने जिस तरह मुद्दे उठा रहे हैं, उसका नुकसान पीडीपी-एनसी को हो सकता है।
 

यूपी-दिल्ली एनसीआर में नहीं थम रही बारिश, आईएमडी ने ने जारी किया अलर्ट

12-Sep-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )   दिल्ली-यूपी समेत उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में मानसून जमकर बरस रहा है। यूपी में गुरुवार को पूरे दिन बारिश होती रही है वहीं, बारिश का क्रम अभी भी जारी है। दिल्ली-एनसीआर में रात को शुरू हुई बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। झमाझम बारिश की वजह से दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव हो गया है जिस वजह से लोगों को निकलने में परेशानी हो रही है।
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही यूपी में सरकार ने स्कूल बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं। यूपी के साथ ही बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
यूपी के इन इलाकों में पड़ेगी भारी बारिश
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, खीरी, सीतापुर, हरदोई, अलीगढ़, कांशीराम नगर, एटा, महामाया नगर, फिरोजाबाद, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, कानपुर, कानपुर देहात, हमीरपुर, जालौन, महोबा, ललितपुर, झांसी और औरैया में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा आगरा और मथुरा में रेड अलर्ट के बाद अन्य शेष जिलों में येलो अलर्ट जारी है।
दिल्ली में अभी होती रहेगी बारिश
मौसम विभाग का अनुमान है कि गुरुवार को भी दिल्ली में दिन भर बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में बारिश पड़ेगी। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 30 और 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो अभी दिल्ली में वर्षा का दौर बना रहेगा। शुक्रवार के लिए भी यलो अलर्ट जारी किया गया है।

कर्नाटक के मांड्या में गणपति विसर्जन में पथराव, 2 समूहों में भड़की हिंसा; दुकानों और वाहनों को फूंका

12-Sep-2024
बेंगलुरू।   ( शोर संदेश )  कर्नाटक के मांड्या जिले में बुधवार रात दो समूहों के बीच झड़प हो गई। यहां के नागमंगला कस्बे में गणपति प्रतिमा विसर्जन जुलूस पर कथित तौर पर पथराव करने के बाद दो पक्षों में झड़प हुई। घटना के बाद कुछ दुकानों और वाहनों में आग लगा दी गई।

यह भी पढ़ें: क्या राहुल गांधी की बढ़ीं मुश्किलें? अमित शाह, NIA और दिल्ली पुलिस तक पहुंची शिकायत; SC के वकील ने उठाया बड़ा कदम

सूत्रों के अनुसार, कुछ युवक गणपति प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस निकाल रहे थे और जब वे कस्बे में एक दरगाह के पास से गुजर रहे थे तो कुछ असामाजिक तत्वों ने उन पर पथराव करना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई।
हिंदू समुदाय ने थाने पर किया प्रदर्शन

पुलिस ने इलाके में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिए हैं और हाई अलर्ट पर है। घटना के बाद हिंदू समुदाय के लोगों ने स्थानीय पुलिस स्टेशन पर विरोध प्रदर्शन किया और पथराव के लिए जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने घटना की निंदा की और जनता से शांति बनाए रखने का आग्रह किया।
कुमारस्वामी ने कांग्रेस पर बोला हमला
कुमारस्वामी ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "नागमंगला में यह घृणित घटना पार्टी और राज्य सरकार द्वारा राजनीतिक लाभ के लिए एक विशेष समुदाय के प्रति अतिशय लाड़-प्यार और तुष्टिकरण के परिणामस्वरूप हुई।" कुमारस्वामी ने तुरंत कार्रवाई की मांग की।
अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की मांग
कर्नाटक एसडीपीआई प्रमुख अब्दुल मजीद ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से डीजीपी को कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश देने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएम को टैग करते हुए लिखा कि, " संबंधित अधिकारियों को ऐसे समूहों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का निर्देश दें जिनका उद्देश्य सांप्रदायिक सद्भाव को बाधित करना और राज्य की प्रतिष्ठा को धूमिल करना है।" 

समंदर में भारत की ताकत बढ़ाएगा अमेरिका, दे रहा हथियार

12-Sep-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) भारत की समुद्री ताकत बढ़ने वाली है. दरअसल, अमेरिका ने भारत को हाई एल्टीट्यूड एंटी-सबमरीन वारफेयर सोनोबॉय बेचने का फैसला किया है. इसकी कीमत 52.8 मिलियन अमेरिकी डॉलर है. सोनोबॉय में एयर-लॉन्च, एक्सपेंडेबल, इलेक्ट्रो-मैकेनिकल सेंसर हैं जिन्हें पानी के नीचे की आवाज को रिमोट प्रोसेसर तक रिले करने के लिए डिजाइन किया गया है. ये प्रभावी और किफायती है.
ये एक पोर्टेबल सोनार सिस्टम है, जिसके जरिए पानी में साउंड वेव्ज छोड़ी जाती हैं. अगर इसके रास्ते कोई पनडुब्बी, जहाज ठकराते हैं तो इसकी इको आती है. इससे भारत की एमएच-60आर हेलीकॉप्टरों से पनडुब्बी रोधी युद्ध संचालन करने की क्षमता में वृद्धि होगी. इससे वर्तमान और भविष्य के खतरों से निपटने की क्षमता में सुधार होगा.
रक्षा सुरक्षा सहयोग एजेंसी ने इस हफ्ते सीनेट की विदेश संबंध समिति को एक अधिसूचना में कहा, भारत को अपने सशस्त्र बलों में इस उपकरण को शामिल करने में कोई कठिनाई नहीं होगी. शस्त्र निर्यात नियंत्रण अधिनियम के अनुसार, कांग्रेस के पास बिक्री की समीक्षा करने के लिए 30 दिन हैं.
नोटिफिकेशन में क्या कहा गया?
अधिसूचना के अनुसार, भारत ने हाई एल्टीट्यूड एंटी-सबमरीन वारफेयर सोनोबॉय खरीदने का अनुरोध किया था. इस डील से अमेरिका-भारत रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने में मदद मिलेगी. अधिसूचना में कहा गया है कि हिंद-प्रशांत और दक्षिण एशिया क्षेत्रों में आर्थिक प्रगति होगी. 
23 अगस्त को अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने 52.8 मिलियन अमेरिकी डॉलर की अनुमानित लागत पर भारत को सोनोबॉय और संबंधित उपकरणों की विदेशी सैन्य बिक्री को मंजूरी दे दी थी.
राजनाथ सिंह के दौरे पर फाइनल हुई थी डील
भारत और अमेरिका के बीच ये डील रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के अमेरिकी दौरे के दौरान फाइनल हुई थी. राजनाथ सिंह पिछले महीने (अगस्त) अमेरिका के दौरे पर गए थे. उनका दौरा चार दिन का था.
सोनोबॉय क्या होते हैं?
भारत पहले से ही पी-8आई समुद्री निगरानी और पनडुब्बी रोधी युद्धक विमान से अमेरिकी सोनोबॉय का संचालन करता है. नई डील एमएच-60 रोमियो हेलीकॉप्टरों के लिए है, जो अमेरिका से खरीदे गए हैं. सोनोबॉय का उपयोग इन विमानों को पनडुब्बी रोधी युद्ध करने में अधिक शक्तिशाली बना देगा, क्योंकि इससे दुश्मन की पनडुब्बियों का पता लगाना आसान हो जाएगा.

सेमीकंडक्टर सेक्टर में भारत खेलेगा बड़ा दांव, पीएम नरेंद्र मोदी ने किया ये ऐलान

11-Sep-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  सेमीकंडक्टर आज आपकी और हमारी जरूरत बन चुकी है और ये भविष्य की सबसे अहम आवश्यकताओं में से एक होने वाला है. इसलिए भारत इस सेक्टर में बड़ा दांव खेलने जा रहा है और इसे लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने आज बड़ा ऐलान किया है. सेमीकॉन इंडिया 2024 को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमारा सपना है कि दुनिया के हर इलेक्ट्रॉनिक्स में भारत में बनी चिप लगी हो.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश में सेमीकंडक्टर की मैन्यूफैक्चरिंग को बढ़ावा देने के लिए निवेश का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि अगर भारत को ग्लोबल सप्लाई चेन में जगह बनानी है, तो उसके लिए कॉम्पिटीटिव होना एक अहम शर्त है. पीएम मोदी ने कहा कि आज स्मार्टफोन से लेकर इलेक्ट्रिक वाहन और एआई तक हर चीज के लिए सेमीकंडक्टर आधार है.
कोविड काल ने सेमीकंडक्टर की अहमियत समझाई
सेमीकॉन इंडिया 2024 में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कोविड-19 जैसीवैश्विव महामारी ने सेमीकंडक्टर और उसकी सप्लाई चेन की जरूरत को सबसे सामने लाया. इस दौरान दुनिया ने सप्लाई चेन का संकट देखा, जिससे आपूर्ति प्रभावित हुई. चीन ने कोविड के प्रसार को रोकने के लिए जो कदम उठाए, उससे दुनिया के उन देशों में उद्योग प्रभावित हुए जो सेमीकंडक्टर के लिए चीन से आयात पर निर्भर थे.इसलिए आने वाले समय में इससे जुड़े किसी भी व्यवधान को खत्म करने के लिए कदम उठाने की आवश्यकता पर गौर किया जाना चाहिए. आज सेमीकंडक्टर हर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है.
भारत कई सेक्टर में कॉम्पिटीटिव बन रहा
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि सप्लाई चेन का कॉम्पिटीटिव बेहद महत्वपूर्ण है. भारत अपनी अर्थव्यवस्था में इसे कई सेक्टर में विकसित करने का काम रहा है.पीएम मोदी ने कहा कि भारत की मौजूदा सुधारवादी सरकार इस दिशा में तेजी से काम कर रही है. इसके लिए सरकार ने स्थिर नीतियां बनाई हैं. भारत इसका एक बड़ा बाजार भी है और बाजार के बात करने पर सरकार ने सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग में निवेश के लिए मजबूत आधार तैयार किया है और इसके लिए टेक्नोलॉजी का सहारा लिया है.
दुनिया के हर डिवाइस में हो भारत की चिप
इस मौके पर पीएम मोदी ने अपने एक सपने के बारे में भी बात की. उन्होंने कहा, ”हमारा सपना है कि दुनिया के हर डिवाइस में भारत में बनी चिप हो. हम भारत को सेमीकंडक्टर सेक्टर में वर्ल्ड पावर बनाने के लिए हरसंभव कोशिश करेंगे.”
सेमीकंडक्टर मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने उनकी सरकार के कार्यकाल में उठाए गए कदमों की चर्चा की है. देश में चिप मैन्यूफैक्चरिंग के लिए ”थ्री-डी पावर” की अवधारणा पर फोकस किया गया है, इसमें सुधारवादी सरकार की स्थिर नीतियां, मैन्युफैक्चरिंग का मजबूत आधार और एस्पिरेशनल मार्केट का टेक्नोलॉजी को अपनाना शामिल है.



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account