
संजीव सेन रायपुर (शोर संदेश न्यूज़ ) छत्तीसगढ़ के प्रथम त्योहार हरेली के अवसर पर दिनांक 17 जुलाई 2023 को पश्चिम विधानसभा के डुमर तालाब स्थित मथुरा नगर में रायपुर जिला भाजपा द्वारा हरेली उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री अरुण साव एवं पूर्व मंत्री व वर्तमान विधायक बृजमोहन अग्रवाल शामिल हुए | कार्यक्रम के प्रभारी जिला उपाध्यक्ष आँशु चंद्रवंशी ने बताया कि इस अवसर पर अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ी वेशभूषा एवं छत्तीसगढ़ी संस्कृति एवं परंपरा के अनुसार क़ृषि औजारों की पूजा अर्चना कर एवं छत्तीसगढ़ महतारी की वंदना एवं पूजा कर श्री फल नारियल फोड़कर किसान भाइयों के साथ संपूर्ण छत्तीसगढ़ के सुख समृद्धि की कामना करते हुए छत्तीसगढ़ वासियों को हरेली पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी | अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ के परंपरागत खेल गेड़ी दौड़ में भी भाग लिया गया | हरेली उत्सव के इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल खोखो, फुगड़ी,कुर्सी दौड़,पिट्ठूल,रस्साकशी सहित विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया एवं विजेताओं को अतिथियों के द्वारा पुरस्कार वितरण द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया | छत्तीसगढ़ के प्रथम त्यौहार हरेली पर्व के इस आयोजन में प्रमुख से जिलाध्यक्ष जयंती पटेल, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी, नंदे साहू, प्रवक्ता केदार गुप्ता, संजय श्रीवास्तव, रमेश ठाकुर,सत्यम दुआ, अमित मेसरी, खेम सेन, रजियंत ध्रुव सहित बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे | कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष आँशु चंद्रवंशी के द्वारा किया गया |

-योगेश कुमार गोयल
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर अत्यधिक मानसिक दबाव के कारण देश के प्रमुख कोचिंग हब बने राजस्थान के कोटा में तो अक्सर छात्रों द्वारा आत्महत्या करने की घटनाएं सामने आती ही रहती हैं, अब नामीगिरामी इंजीनियरिंग और मेडिकल संस्थानों में भी छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने के बढ़ते मामले समाज को झकझोरने लगे हैं।
छात्रों में आत्महत्या की यह बढ़ती प्रवृत्ति अब सरकार के साथ-साथ समाज को भी गंभीर चिंतन-मनन के लिए विवश करने हेतु पर्याप्त है। कुछ मामलों में परीक्षाओं के दौरान प्रश्नपत्र सही से हल नहीं कर पाने और कई बार परीक्षा की समुचित तैयारी नहीं होने पर भी छात्र हताश होकर जान देने लगे हैं। पिछले कुछ वर्षों से ऐसी दुखद घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। देश के युवा वर्ग और खासकर 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों में आत्महत्या की बढ़ती यह प्रवृत्ति बेहद चिंताजनक है। शिक्षा तथा कैरियर में गलाकाट प्रतिस्पर्धा और माता-पिता तथा शिक्षकों की बढ़ती अपेक्षाओं के चलते छात्रों पर पढ़ाई का बढ़ता अनावश्यक दबाव इसका सबसे बड़ा कारण है, जिसने छात्रों के समक्ष विकट स्थिति पैदा कर दी है। कई बच्चे इस दबाव को झेल नहीं पाते, जिसके चलते उनमें अवसाद पनपता है।
कई अध्ययनों से यह स्पष्ट हो चुका है कि परीक्षाएं नजदीक आने के साथ ही छात्रों में चिंता और अवसाद बढ़ने लगता है और कुछ मामलों में यही बढ़ता अवसाद उनके आत्महत्या करने का कारण बन जाता है। इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों में तो सीटें बहुत होने के कारण अब बहुत ज्यादा प्रतिस्पर्धा होने लगी है, वहीं दिल्ली विश्वविद्यालय जैसे शिक्षण संस्थानों में सामान्य स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए भी अब जबरदस्त मारामारी होने लगी है। ऐसे में छात्र अपनी शिक्षा और भविष्य को लेकर गहरे असमंजस में रहते हैं। किसी को कैरियर या नौकरी की चिंता है तो कोई पारिवारिक वित्तीय संकट से जूझ रहा है। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़े देखें तो जहां 2020 में देशभर में कुल 12526 छात्रों ने आत्महत्या की, वहीं 2021 में यह आंकड़ा बढ़कर 13089 हो गया। वैसे आत्महत्या की यह समस्या अब केवल छात्रों तक ही सीमित नहीं है बल्कि देश में आत्महत्या के मामलों में जिस प्रकार साल दर साल उछाल आ रहा है, वह समूचे समाज के लिए गंभीर चिंता का कारण बन रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक दुनिया में हर 40 सैकेंड में एक व्यक्ति आत्महत्या करता है यानी प्रतिवर्ष दुनियाभर में करीब आठ लाख लोग आत्महत्या के जरिये अपनी जीवनलीला खत्म कर डालते हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में आत्महत्या के मामले 15 से 29 वर्ष के लोगों में होते हैं जबकि आत्महत्या का प्रयास करने वालों का आंकड़ा इससे बहुत ज्यादा है।
डब्ल्यूएचओ के आंकड़ों के अनुसार दुनियाभर में 79 फीसदी आत्महत्या निम्न और मध्यवर्ग वाले देशों के लोग करते हैं और इसमें बड़ी संख्या ऐसे युवाओं की होती है, जिनके कंधों पर किसी भी देश का भविष्य टिका होता है। बीते वर्षों में दुनियाभर में खुदकुशी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं लेकिन भारत में आत्महत्याओं का आंकड़ा तो काफी चिंताजनक है। लोगों में अवसाद निरन्तर बढ़ रहा है, जिसके चलते ऐसे कुछ व्यक्ति आत्महत्या जैसा हृदयविदारक कदम उठा बैठते हैं। जीवन से निराश होकर आत्महत्या की बढ़ती दुष्प्रवृत्ति गंभीर चिंता का सबब बन रही है। मनोचिकित्सकों के अनुसार जब भी कोई व्यक्ति या युवा गहरे मानसिक तनाव से जूझ रहा होता है तो उसके व्यवहार में पहले की अपेक्षा कुछ बदलाव देखने को मिलते हैं। ऐसे में आसपास मौजूद लोगों तथा परिजनों की यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है कि वे ऐसे व्यक्ति अथवा युवा को इमोशनल, मेंटल या फिजिकल जैसी भी जरूरत हो, सहयोग करें, उसका मनोबल बढ़ाने का प्रयास करें ताकि वह व्यक्ति स्वयं को अकेला महसूस न करे। मनोचिकित्सकों के अनुसार आत्महत्या करना काफी गंभीर समस्या है और आत्महत्या करने के पीछे अधिकांशतः अवसाद को ही जिम्मेदार ठराया जाता है, जो ऐसे करीब 90 फीसदी मामलों का प्रमुख कारण है लेकिन सभी आत्महत्याओं के लिए अवसाद को ही पूरी तरह जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। उनके मुताबिक आत्महत्या करने का विचार किसी इंसान के अंदर तब पनपता है, जब वह किसी मुश्किल से बाहर नहीं निकल पाता।
जहां तक छात्रों की बात है तो छात्रों के बढ़ते आत्महत्या के मामलों के लिए कहीं न कहीं अभिभावक भी दोषी हैं। दरअसल अधिकांश मामलों में देखने को मिलता है कि ज्यादातर माता-पिता या अभिभावक अपने बच्चों की क्षमता और अभिरूचि को सही ढंग से नहीं समझ पाते और उनसे जरूरत से ज्यादा अपेक्षाएं रखते हुए परीक्षा के समय भी उनकी मनोदशा से अनभिज्ञ रहते हैं। कई मामलों में ऐसे छात्र जरूरत से ज्यादा मानसिक दबाव के कारण गलत कदम उठा बैठते हैं। ऐसे मामलों में छात्रों को मानसिक दबाव से बाहर निकालने में सबसे बड़ी भूमिका अभिभावकों, करीबी लोगों और शिक्षकों की ही हो सकती है, जो उन्हें सहानुभूतिपूर्वक समझाएं कि किसी भी असफलता से उनके जीवन का निर्धारण नहीं होता और हमारा यह जीवन एकमात्र ऐसी चीज है, जिसे हम दोबारा नहीं पा सकते। उन्हें इस बात के लिए प्रोत्साहित करें कि वे सकारात्मक सोच के साथ अपनी क्षमतानुसार मेहनत करके भी सफलता की बुलंदियों को छू सकते हैं। हालांकि सरकार, सामाजिक संस्थाओं शिक्षण संस्थानों की ओर से हाल के वर्षों में छात्रों की काउंसलिंग के साथ उनकी पढ़ाई में मदद करने तथा जरूरत महसूस होने पर चिकित्सकीय परामर्श मुहैया कराने के प्रयास हो रहे हैं लेकिन इन प्रयासों में और तेजी लाने की जरूरत है।
(लेखक 33 वर्षों से पत्रकारिता में निरन्तर सक्रिय वरिष्ठ पत्रकार हैं)

रायपुर (शोर संदेश)।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बुधवार को राष्ट्रीय रामायण महोत्सव में शामिल होने के लिए रायगढ़ रवाना होने से पहले मीडिया से मुखातिब हुए।
इस दौरान सीएम भूपेश ने राहुल गांधी के मोहब्बत की दुकान कार्यक्रम में दिए बयान पर भाजपा की प्रतिक्रिया को लेकर कहा कि नरेंद्र मोदी पूरा देश नहीं हैं, मोदी अलग हैं देश अलग है। वहीं अनुज शर्मा के भाजपा में शामिल होने को लेकर सीएम ने कहा कि अनुज शर्मा पहले से भाजपा के साथ ही रहे हैं।
राष्ट्रीय रामायण महोत्सव को लेकर भूपेश बघेल ने कहा कि रायगढ़ में ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। भाजपा के बयानों पर सीएम ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी है। नरेंद्र मोदी से पहले महात्मा गांधी हुए उन्होंने प्राण त्यागते समय भी हे राम कहा, राम आदि भी हैं और अंत भी हैं, भगवान राम हमारे जनजीवन में रचे बसे हैं। छत्तीसगढ़ से उनका गहरा नाता रहा है। भाजपा को लगता है आजादी भी 2014 के बाद मिली, भाजपा सिर्फ चुनाव के वक्त राम को याद करती है।
कर्नाटक में कांग्रेस के वादों और पीएम की प्रतिक्रिया को लेकर सीएम ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी जी को सब रेवड़ी लगता है। छत्तीसगढ़ की आर्थिक स्थिति किसी भी दूसरे भाजपा शासित राज्य से बेहतर है।

रायपुर (शोर संदेश)।छत्तीसगढ़ के सियासी गलियारों से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है। बता दें कि छत्तीसगढ़ी फिल्म के सुपरस्टार पद्मश्री अनुज शर्मा बस कुछ ही देर में बीजेपी में शामिल होंगे। इनके साथ ही करीब 200 लोग भी बीजेपी का हाथ थाम सकते हैं। इसके अलावा पद्मश्री राधेश्याम बारले भी बीजेपी में प्रवेश की सूचना आ रही है।
ये तीनों बीजेपी का थामेंगे हाथ
छत्तीसगढ़ के ख्याति प्राप्त पंथी नर्तक पद्मश्री से सम्मानित डॉ. राधेश्याम बारले, छत्तीसगढ़ी सिनेमा के मशहूर अभिनेता पद्मश्री अनुज शर्मा और हाल ही में आईएएस की नौकरी से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने वाले नीलकंठ टेकाम भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
यहाँ से लड़ सकते हैं चुनाव
अनुज शर्मा आज छत्तीसगढ़ ही नहीं पूरे भारत मे एक सफल एक्टर रूप मे जाने जाते हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में इन तीनों दिग्गजों के आने से भाजपा को बड़ा फायदा होने वाला है। कहा जा रहा है कि पार्टी इन तीनों लोगों को विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी बना सकती है। ऐसी भी सूचना है कि पद्मश्री अनुज शर्मा को आने वाले विधानसभा चुनाव में बलौदाबाजार सीट से उतर सकते हैं।
डॉ. राधेश्याम बारले को लेकर ये जानकारी
वहीं डॉ. राधेश्याम बारले की बात की जाए तो वे दुर्ग जिले के पाटन इलाके के रहने वाले हैं। एम.बी.बी.एस. के पढ़ाई करने वाले डॉ. बारले के भाजपा में शामिल होने की खबरों के बीच अब ये भी कहा जा रहा है कि उन्हें भाजपा दुर्ग जिले के ही किसी सीट से चुनाव लड़ा सकती है। चूकिं दुर्ग जिले की 6 विधानसभा सीटों में से अभी भाजपा के पास यहां केवल एक सीट है। ऐसे में यह कहा जा रहा है कि डॉ. राधेश्याम बारले को किसी एक सीट से चुनावी मैदान पर उतारा जा सकता है।
आज ले सकते हैं बीजेपी में सदस्य्ता
बीजेपी की ओर से जारी सूचना के मुताबिक गुरुवार को दोपहर 12 बजे छत्तीसगढ़ की प्रतिष्ठित और जानी मानी हस्तियों के साथ बड़ी संख्या में लोग बीजेपी प्रवेश कर रहे हैं. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, प्रदेश प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद सुनील सोनी, प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, विजय शर्मा आदि मौजूद रहेंगे।

दुर्ग (शोर संदेश)।मुख्यमंत्री बघेल से मंगलवार को उनके निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ शारिरिक शिक्षा शिक्षक संघ के अध्यक्ष हरीश देवांगन ने मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को उनके जीवन पर आधारित स्वरचित रचना भेंट की। मुख्यमंत्री ने देवांगन को उनके इस सुंदर भेंट के लिए धन्यवाद दिया।

रायपुर (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल के 64 वे जन्मदिन पर बीती रात से ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। पूजा अर्चना पश्चात सोमवार सुबह 11 बजे से बृजमोहन अग्रवाल प्रदेश के कोने कोने से अपने निवास में आए लोगों से भेंट कर उनकी बधाई स्वीकार करते रहे। बृजमोहन अग्रवाल ने लोगों द्वारा लाए गए सैकड़ों केक काटे। हजारों लोगों ने बृजमोहन अग्रवाल को टि्वटर, व्हाट्सएप फेसबुक, इंस्टाग्राम के माध्यम से भी बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय सहित भाजपा संगठन की राष्ट्रीय नेताओं ने उन्हें फोन पर जन्मदिन की बधाई दी। विभिन्न समाजों पदाधिकारियों प्रतिनिधियों ने भी अप्रत्यक्ष रूप से बृजमोहन अग्रवाल से भेंट कर अपने समाज की ओर से बधाई दी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु की कामना। इस अवसर पर अवसर पर भाजपा नेता संजू नारायण सिंह ठाकुर के नेतृत्व मे रायपुर के बुढेश्वर चौक मे प्राचीन बुढेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना कर उनके दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान विकास अग्रवाल, रविश गुप्ता, महेंद्र तिलवार, विजय व्यास, तरल सोंलकी, अंकित अग्रवाल, मनीष शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे। बृजमोहन अग्रवाल ने यज्ञ व अनुष्ठान में भी भाग लिया। यह आयोजन पतंजलि योग पीठ के आचार्यों द्वारा शंकर नगर आवास में रखा गया था। इस अवसर पर राधा कृष्ण मंदिर संजय नगर में भी पुजा-अर्चना पश्चात नागरिकों में मिठाई का वितरण हुआ। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की बहनों ने भी अग्रवाल के निवास पहुंचकर उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
इस मौके पर टिकरापारा के स्कूली बच्चों को राष्ट्रीय दिशा मंच के माध्यम से स्कूल ड्रेस व शैक्षणिक सामग्रियों व मिष्ठान का वितरण किया।
दिव्यांग बच्चों ने भेंट की कलाकृति
बाल कल्याण परिषद के पदाधिकारी इंदिरा जैन,चंद्रेश शाह आदि के माध्यम से पहुंचे बालक गृह माना के दिव्यांग बच्चों, बाल जीवन ज्योति पुरानी बस्ती के बच्चों ने बृजमोहन अग्रवाल को अपने हाथों से बनी कलाकृति भेट की। इस अवसर पर अग्रवाल ने सभी को चॉकलेट का उपहार दिया। नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं ने भी विधायक अग्रवाल के निवास पहुंचकर उन्हें बधाई दी।
प्रदेश भर से पहुंचे हजारों भाजपा कार्यकर्ता,समर्थक
बृजमोहन अग्रवाल की राजनीतिक पारी बीते 40 वर्षों की है। इन वर्षों में उन्होंने सत्ता और विपक्ष दोनों में ही अपनी सक्रिय भागीदारी और भूमिका निभाई है। यही वजह है कि प्रदेश के कोने-कोने में उनका सतत संपर्क बना हुआ है वैसे भी वो संबंधों में विश्वास करने वाले नेता है इसीलिए आज उनके जन्मदिन पर बधाई देने के लिए अंबिकापुर, जशपुर जांजगीर, बिलासपुर, दुर्ग भिलाई, धमतरी, कांकेर, राजनंदगांव,कवर्धा,जगदलपुर,दंतेवाड़ा सहित प्रदेशभर से हजारों लोग पहुंचे थे।
बृजमोहन अग्रवाल को बधाई देने पहुंचे लोगों में सांसद सुनील सोनी, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय,डमरूधर पुजारी, देवजी भाई पटेल,मोहन एंटी,पूनम चंद्राकर,नंदे साहू, दयाराम साहू,मोतीलाल साहू, प्रदेश भाजपा कार्यालय प्रभारी नरेंद्रचंद्र गुप्ता, सह प्रभारी रजनीश शुक्ला,भाजपा जिलाध्यक्ष जयंती भाई पटेल, राजीव अग्रवाल, छगन मुंदड़ा,सुरेंद्र पाटनी, गरियाबंद पालिका अध्यक्ष गप्पू मेमन,ललित जयसिंह,प्रतिभा चौधरी,रमेश सिंह ठाकुर, रामकृष्ण धीवर,सालिक सिंह ठाकुर,अंजय शुक्ला, चूड़ामणि निर्मलकर, मुकेश पंजवानी,सचिन मेघानी,पन्ना दुबे,राजेंद्र डडसेना सहित भाजपा संगठन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न समाजों , विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भेंट कर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

रायपुर (शोर संदेश)। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से शुक्रवार को राजभवन में हेल्पेज इंडिया संस्था के राज्य प्रमुख शुभंकर बिस्वास ने मुलाकात की। उन्होंने छत्तीसगढ़ में वृद्ध जनों के लिए उनकी संस्था द्वारा किये जा रहे कार्यो से राज्यपाल को अवगत कराया। इस अवसर पर किंशुक शाह और अमित भौमिक भी उपस्थित थे।

सूरजपुर (शोर संदेश)।प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के जिला स्तरीय निगरानी एवं क्रियान्वयन समिति की बैठक विगत दिवस कलेक्टर इफ्फत आरा की अध्यक्षता में सभाकक्ष आयोजित की गई। समिति के बैठक में योजना के स्थाई प्रतीक्षा सूची की जनपदवार स्थिति के अवलोकन सह जिले में शेष बचे हितग्राहियों पर चर्चा हुई। जिले में कुल 37568 हितग्राही को स्वीकृति प्रदाय की जा चुकी है। 15978 हितग्राही जो कि पात्र है, किंतु पोर्टल पर तकनीकी समस्या के कारण नाम प्रदर्शित नहीं हो रहा है, जिसके लिए कलेक्टर ने सुधार कराए जाने हेतु निर्देशित किया। इसके साथ ही जिले में एसईसीसी 2011 की सूची में छूटे हुए पात्र हितग्राहियों का नाम आवास प्लस अंतर्गत दर्ज किया गया है। वित्तीय वर्ष 2016-23 में स्वीकृति प्राप्त 25025 आवास पूर्ण है, शेष आवास में निर्माण कार्य प्रगति पर है। लंबित आवासों के लिए कलेक्टर ने मृत हितग्राही, पलायन, जमीन विवाद जैसे प्रकरणों के लिए कैंप लगाकर एक सप्ताह के भीतर कार्यवाही पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त जिन्होंने राशि गबन करके निर्माण कार्य बंद कर दिया है, उनसे राशि वसूल किए जाने के लिए समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को निर्देषित किया। साथ ही उन्होंने सभी हितग्राहियों के खातों में राशि समय पर जारी किए जाने के निर्देश दिए। योजना के साथ अभिसरण के तहत 90 मानव दिवस की मजदूरी, शौचालय, बिजली कनेक्शन, एलपीजी कनेक्शन, पेयजल की व्यवस्था, एसएचजी की स्थिति तथा योजनान्तर्गत आरपीएल प्रशिक्षण, आरएमटी प्रशिक्षण के संबंध में चर्चा हुई। समिति के उक्त बैठक में कलेक्टर ने आवास के निर्माण कार्यों को गंभीरता से किए जाने के लिए निर्देशित किया। चूंकि वर्तमान में राशि सतत प्राप्त हो रही है, जो भी हितग्राही प्राप्त राशि के विरुद्ध निर्माण पूर्ण कराते जा रहे है, उनको अगले किस्त की राशि जारी होती जा रही है। बैठक में सदस्य सह सचिव व सीईओ जिला पंचायत लीना कोसम, सभी सदस्यगण तथा योजना के सभी अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

बेंगलुरु (शोर संदेश)। कर्नाटक में विधान सभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ भाजपा को एक बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। टिकट न मिलने से नाराज पार्टी के दिग्गज नेता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार ने सोमवार को कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। शेट्टार ने नाराजगी जताते हुए रविवार को ही भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। सोमवार को कांग्रेस पार्टी के बेंगलुरु कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जगदीश शेट्टार ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। दरअसल, पार्टी द्वारा टिकट नहीं मिलने की आशंका को देखते हुए शेट्टार ने भाजपा के उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी होने से पहले ही बगावत का झंडा बुलंद कर दिया था। उनके बागी तेवरों को देखते हुए पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 12 अप्रैल को उन्हें स्वयं दिल्ली बुलाकर समझाने का प्रयास किया था। लेकिन शेट्टार, पिछले 6 चुनाव जीतने का उदाहरण देते हुए इस बार भी चुनाव लड़ने पर अड़े रहे। इसके बावजूद पार्टी शीर्ष स्तर पर उन्हें मनाने और समझाने का प्रयास करती रही। कर्नाटक के चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई के अलावा अन्य कई नेताओं ने उन्हें शनिवार देर रात तक मनाने का प्रयास किया, लेकिन चुनाव लड़ने पर अड़े राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ने रविवार को पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी और सोमवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया।

रायपुर (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ के बीजेपी विधायक 4 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलावे पर दिल्ली जाएंगे। स्थानीय विधायकों से प्रधानमंत्री चर्चा करेंगे। 5 अप्रैल को पीएम मोदी बीजेपी विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में प्रदेश के सियासी हालातों पर चर्चा होगी। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में प्रदेश के विधायक केंद्रीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी नरेंद्र मोदी को देंगे। ऐसा माना जा रहा है कि पीएम आवास योजना को लेकर छत्तीसगढ़ के भाजपा विधायक नरेंद्र मोदी से शिकायत कर सकते हैं। स्थानीय विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छत्तीसगढ़ आने का न्योता भी देने के प्रयास में हैं। जल्द ही प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम तय किया जाएगा। जिसमें वह रायपुर या बस्तर पहुंच सकते हैं। जल्द ही इन कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। दूसरी तरफ प्रदेश के भाजपा सांसद दिल्ली रवाना हो चुके हैं। सोमवार को इनकी मुलाकात देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से होगी। राष्ट्रपति बनने के बाद से स्थानीय सांसदों से पहली बार द्रोपदी मुर्मू मुलाकात कर रही हैं। यह औपचारिक मुलाकात होगी। सांसदों और विधायकों से लगातार दिल्ली के बड़े नेता मुलाकात कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि देशभर के नेताओं से मुलाकात हो रही है। आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी फोकस कर रही है। लगातार स्थानीय नेताओं को टारगेट दिए जा रहे हैं। ताकि वोटर भाजपा की तरफ आ सके। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का खास ध्यान छत्तीसगढ़ की ओर है क्योंकि यहां से 15 साल की सत्ता खोने के बाद अब एक बार फिर से सत्ता वापसी का टारगेट लेकर बीजेपी चुनाव में उतरेगी।