ब्रेकिंग न्यूज

व्यापार

सोना नई ऊँचाई पर: 1.28 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के पार पहुंची कीमत

03-Dec-2025
मुंबई  ( शोर संदेश ) सोने और चांदी में सोमवार को तूफानी तेजी देखने को मिली है,जिससे सोने का दाम बढ़कर 1.28 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी का दाम 1.75 लाख रुपए प्रति किलो के पार निकल गया है।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक, 24 कैरेट के 10 ग्राम सोने की कीमत 2,209 रुपए बढ़कर 1,28,800 रुपए हो गई है, जो कि पहले 1,26,591 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
इसी तरह, 22 कैरेट सोने की कीमत बढ़कर 1,17,981 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गई है, जो कि पहले 1,15,957 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। 18 कैरेट सोने का दाम 94,943 रुपए प्रति 10 ग्राम से बढ़कर 96,600 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया है।
सोने की अपेक्षा चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखा गया है। बीते 24 घंटे में चांदी का दाम 10,821 रुपए बढ़कर 1,75,180 रुपए प्रति किलो हो गया है, जो कि पहले 1,64,359 रुपए प्रति किलो था।
कोटक म्यूचुअल फंड के फंड मैनेजर सतीश दोंदापति ने कहा कि चांदी की कीमतें ऑल-टाइम हाई पर पहुंचने की वजह वैश्विक स्तर पर आपूर्ति का कम होना है। इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल, ऑटोमोटिव जैसे क्षेत्रों में बड़े स्तर पर चांदी का उपयोग हो रहा है। साथ ही निवेश के नजरिए से भी मांग लगातार बढ़ती चली जा रही है। इन सभी कारकों ने आपूर्ति पर दबाव पैदा किया है।
वायदा बाजार में भी सोने और चांदी में तेजी देखी जा रही है। सोने के 05 फरवरी, 2026 के कॉन्ट्रैक्ट का दाम 1.06 प्रतिशत बढ़कर 1,30,874 रुपए हो गया है।
चांदी के 05 मार्च, 2026 के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 1.84 प्रतिशत बढ़कर 1,78,200 रुपए हो गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमत ऑल-टाइम हाई पर है। खबर लिखे जाने तक सोने की कीमत 0.62 प्रतिशत बढ़कर 4,281 डॉलर प्रति औंस और चांदी की कीमत 0.75 प्रतिशत बढ़कर 57.57 डॉलर प्रति औंस थी।

 

 


भारतीय शेयर बाजार हल्की गिरावट के साथ खुला, सेंसेक्स 116 अंक टूटा

13-Nov-2025
मुंबई। ( शोर संदेश ) भारतीय शेयर बाजार गुरुवार के कारोबारी सत्र में हल्की गिरावट के साथ खुला। सुबह 9:24 पर सेंसेक्स 116 अंक या 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 84,349 और 34 अंक या 0.12 प्रतिशत की गिरावट के साथ 25,851 पर था।
शुरुआती सत्र में लार्जकैप के उलट मिडकैप और स्मॉलकैप में तेजी के साथ कारोबार हो रहा था। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 74 अंक या 0.12 प्रतिशत की तेजी के साथ 60,977 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 39 अंक या 0.22 प्रतिशत की बढ़त के साथ 18,290 पर था।
सेक्टरोल आधार पर मेटल, रियल्टी, मीडिया, फार्मा, फाइनेंशियल सर्विसेज, इन्फ्रा, कमोडिटीज और कंजप्शन इंडेक्स हरे निशान में थे। ऑटो, आईटी, पीएसयू बैंक, एफएमसीजी, एनर्जी और प्राइवेट बैंक लाल निशान में थे।
सेंसेक्स पैक में एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, ट्रेंट, पावर ग्रिड, अदाणी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट और सन फार्मा टॉप गेनर्स थे। इन्फोसिस, इटरनल (जोमैटो), कोटक महिंद्रा बैंक, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, टीसीएस,एचडीएफसी बैंक और आईटीसी लूजर्स थे।
एशियाई बाजारों में भी मिलाजुला कारोबार हो रहा है। टोक्यो, शंघाई, बैंकॉक और जकार्ता हरे निशान में थे। हांगकांग और सोल लाल निशान में थे। अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को मिलेजुले बंद हुए थे। बाजार के जानकारों ने कहा कि बाजार को नया ऑल-टाइम हाई लगाने के लिए और कारकों की आवश्यकता है। फिलहाल बाजार ने बिहार चुनाव में एनडीए की जीत की संभावना को फैक्टर-इन कर लिया है। शेयर बाजार के लिए आने वाले समय में अमेरिका और भारत ट्रेड डील अहम फैक्टर होगी।
संस्थागत मोर्चे पर, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने 12 नवंबर को लगातार तीसरे सत्र में अपनी बिकवाली जारी रखी और 1,750 करोड़ रुपए मूल्य के शेयर बेचे। इसके विपरीत, घरेलू संस्थागत निवेशक (डीआईआई) लगातार खरीदार बने रहे और उन्होंने 5,100 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के शेयर खरीदे, जिससे बाजार को लगातार समर्थन मिला है। कच्चे तेल एक सीमित दायरे में बना हुआ है। ब्रेंट क्रूड 62.67 डॉलर प्रति बैरल और डब्ल्यूटीआई क्रूड 58.40 डॉलर प्रति बैरल पर है।

 

निर्यातकों को राहत : मंत्रिमंडल ने 20,000 करोड़ रुपये की क्रेडिट गारंटी योजना को दी मंजूरी

13-Nov-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) अमेरिका में भारतीय वस्तुओं पर बढ़े आयात शुल्क की मार झेल रहे निर्यातकों को राहत देते हुए सरकार ने उनके लिए 20,000 करोड़ रुपये तक की विशेष क्रेडिट गारंटी योजना की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में निर्यातकों के लिए क्रेडिट गारंटी योजना (सीजीएसई) शुरू करने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गयी। इसके तहत निर्यातकों को कम ब्याज पर उनकी सीमा से 20 प्रतिशत अधिक जमानत-मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जायेगा।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि जिस तरह का आज वैश्विक वातावरण है, भू-आर्थिक स्थिति है जिसमें कुछ देश अपनी नीतियों के कारण दूसरे देशों के लिए समस्या पैदा कर रहे हैं, उससे हमारे निर्यातकों को कैसे हम संरक्षण दे सकें, उसे देखते हुए 20,000 करोड़ रुपये की यह योजना लायी गयी है।
योजना के तहत कुल 20,000 करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त ऋण निर्यातकों को उपलब्ध कराया जायेगा। हर निर्यातक को उसके स्वीकृत निर्यात कार्यशील पूंजी सीमा के 20 प्रतिशत तक अतिरिक्त कार्यशील पूंजी ऋण के रूप में बिना किसी जमानत के मिलेगी।
इसके लिए सरकार राष्ट्रीय क्रेडिट गारंटी न्यास कंपनी (एनसीजीटीसी) के जरिये शत-प्रतिशत गारंटी उपलब्ध करायेगी ताकि योजना के तहत बैंकों से निर्यातकों को आसानी से ऋण मिल सके। यह योजना 31 मार्च 2026 तक जारी रहेगी।
वैष्णव ने बताया कि इससे वैश्विक बाजार में भारतीय निर्यातकों की प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता बढ़ेगी और वे नये बाजारों की ओर रुख कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि विभिन्न मंत्रालयों ने निर्यातकों के साथ विचार-विमर्श के बाद यह योजना शुरू की है। जमानत मुक्त होने के साथ योजना के तहत लिये गये ऋण पर ब्याज की दर की भी सरकार ने सीमा तय कर दी है ताकि निर्यातकों पर बोझ कम पड़े।
 

फेड की ब्याज दर कटौती का असर: सोना–चांदी की वायदा कीमतों में गिरावट

31-Oct-2025
नई दिल्ली ।  ( शोर संदेश ) अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व द्वारा नीतिगत ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती करने और दिसंबर में कटौती की उम्मीद तय नहीं होने के संकेत के बीच सोने और चांदी की वायदा कीमत में गिरावट दर्ज की गई।
सुबह 10 बजकर 12 मिनट पर कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर डिलीवरी अनुबंध के लिए सोने की वायदा कीमत बीते सत्र के मुकाबले 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,20,385 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई। इसी तरह, चांदी की दिसंबर डिलीवरी के लिए कीमत 0.22 प्रतिशत टूटकर 145766 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। 
ग्लोबल मार्केट में डॉलर में मामूली गिरावट के कारण सोने की कीमतों में तेजी आई, जबकि निवेशक इस बात का इंतजार कर रहे थे कि क्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उनके चीनी समकक्ष शी जिनपिंग किसी व्यापार समझौते पर पहुंचेंगे।
इंटरनेशनल मार्केट में हाजिर सोने की कीमत 0.2% बढ़कर 3,937.88 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि दिसंबर डिलीवरी के लिए अमेरिकी सोना वायदा 1.2% गिरकर 3,950.70 डॉलर प्रति औंस हो गया।
 

सोने चांदी ने दिवाली से पहले ही तोड़े रिकॉर्ड,

15-Oct-2025
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) सोने चांदी ने दिवाली से पहले ही तोड़े रिकॉर्ड, सोना ₹1.30 लाख तो चांदी ₹1.85 लाख के पार। देशभर में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। दोनों ने नए रिकॉर्ड बना दिए हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार बुधवार सुबह तक 24 कैरेट सोने की कीमत ₹1,28,152 प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत ₹1,85,100 प्रति किलोग्राम पहुंच गई है। 
 

शॉर्ट-टर्म कैपिटल गेन पर धारा 87A की छूट खत्म, दिसंबर तक टैक्स भरें करदाता: सीबीडीटी

24-Sep-2025
नई दिल्ली (शोर संदेश)। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने कहा है कि करदाता आयकर अधिनियम की धारा 87ए के तहत उस आय पर कर छूट का दावा नहीं कर सकते, जिस पर विशेष दरों पर कर लगाया जाता है, जिसमें शॉर्ट-टर्म कैपिटल गेन(एसटीसीजी)भी शामिल है। 
वित्त वर्ष 2023-24 में कई करदाताओं के शॉर्ट-टर्म कैपिटल गेन छूट दावे आयकर विभाग ने खारिज कर बकाया कर मांगा
वित्तीय वर्ष 2023-24 में कई करदाताओं ने शॉर्ट-टर्म कैपिटल गेन पर छूट का दावा किया था, लेकिन आयकर विभाग ने उनके अनुरोधों को अस्वीकार कर दिया और बकाया करों की मांग की है।विभाग ने अब ऐसे करदाताओं से 31 दिसंबर, 2025 तक अपना बकाया कर चुकाने को कहा है। यह उन मामलों पर भी लागू होता है जहां पहले गलती से छूट दे दी गई थी।
सीबीडीटी ने 19 सितंबर को बताया कि कई रिटर्न गलत प्रोसेस होकर विशेष दर वाली आय पर गलत छूट दी गई थी
सीबीडीटी ने 19 सितंबर को जारी अपने सर्कुलर में कहा था कि कई मामलों में रिटर्न गलत तरीके से प्रोसेस किए गए थे और विशेष कर दरों के अंतर्गत आने वाली आय पर छूट दी गई थी।अब इन गलतियों को सुधारा जा रहा है और नई मांगें जारी की जा रही हैं। सर्कुलर में यह भी चेतावनी दी गई है कि भुगतान में किसी भी तरह की देरी पर आयकर अधिनियम की धारा 220(2) के तहत ब्याज लग सकता है।
करदाताओं की परेशानी कम करने के लिए, आयकर विभाग ने राहत की पेशकश की है
हालांकि, करदाताओं की परेशानी कम करने के लिए, आयकर विभाग ने राहत की पेशकश की है। उसने 31 दिसंबर, 2025 से पहले बकाया करों का भुगतान करने पर ब्याज माफ करने का फैसला किया है। जुलाई 2024 से, आयकर विभाग धारा 87ए के तहत 7 लाख रुपए से कम आय वाले करदाताओं के लिए शॉर्ट-टर्म कैपिटल गेन पर छूट के दावों को खारिज कर रहा है।
वित्त वर्ष 2023-24 में शॉर्ट-टर्म कैपिटल गेन पर 15% कर था, जो 2024-25 से 20% हो गया है
वित्त वर्ष 2023-24 के लिए, इन शॉर्ट-टर्म कैपिटल गेन पर 15 प्रतिशत कर लगाया जाता था, लेकिन वित्त वर्ष 2024-25 से यह दर बढ़ाकर 20 प्रतिशत कर दी गई है।वित्त वर्ष 2023-24 के लिए छूट की सीमा ओल्ड टैक्स रिजीम के तहत 5 लाख रुपए और नई टैक्स रिजीम के तहत 7 लाख रुपए थी।
यह प्रावधान कर देयता घटाने में सहायक था, पर एसटीसीजी जैसी विशेष दर वाली आय पर लागू नहीं था
हालांकि, इस प्रावधान ने कर देयता को शून्य करने में मदद की, लेकिन यह छूट एसटीसीजी जैसी विशेष दरों पर कर योग्य आय को कवर करने के लिए नहीं थी। बाद में यह मामला बॉम्बे उच्च न्यायालय तक पहुंच गया था, जिसमें दिसंबर 2024 में आयकर विभाग से करदाताओं को अपने रिटर्न संशोधित करने की अनुमति देने का अनुरोध किया था।
जनवरी 2025 में संशोधन की 15 दिन की अवधि तय थी, पर कई करदाताओं को बाद में भी बकाया भुगतान नोटिस मिले

जनवरी 2025 में ऐसे संशोधनों के लिए 15 दिनों की अवधि निर्धारित की गई थी, लेकिन बाद में भी कई करदाताओं को अपने लंबित बकाया का भुगतान करने के लिए नोटिस प्राप्त हुए। अंततः, केंद्रीय बजट 2025 ने यह कहकर सभी भ्रम दूर कर दिए कि धारा 111ए के तहत एसटीसीजी सहित विशेष दर वाली आय, वित्त वर्ष 2025-26 से धारा 87ए के तहत छूट के लिए पात्र नहीं होगी।

जीएसटी सुधार का जादू: शेयर बाजार में सेंसेक्स 888 अंक छलांग

04-Sep-2025
मुंबई ।शोर संदेश ) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा 3 सितंबर की देर रात वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में किए गए बड़े बदलावों का असर गुरुवार सुबह शेयर बाजार में साफ दिखा। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 888.96 अंकों की जोरदार छलांग लगाकर 81,456.67 अंक पर पहुंच गया, वहीं निफ्टी 265.7 अंक उछलकर 24,980.75 के स्तर पर पहुंचा। डॉलर के मुकाबले रुपया भी 17 पैसे मजबूत होकर 87.85 पर खुला।
विशेषज्ञों का कहना है कि जीएसटी परिषद के ऐतिहासिक सुधार से बाजार को नई ऊर्जा मिली है। जियोजित इंवेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार डॉ. वी.के. विजयकुमार ने कहा, “ऐतिहासिक जीएसटी सुधार उम्मीद से बेहतर रहा है। इससे कई क्षेत्रों को लाभ हुआ है और अंतिम लाभार्थी उपभोक्ता होगा, जिसे कम कीमतों का फायदा मिलेगा।”
जीएसटी परिषद ने टैक्स स्लैब को सरल बनाते हुए केवल 5% और 18% पर सीमित कर दिया है। 22 सितंबर से लागू होने वाले इन बदलावों से रोटी, पराठा, हेयर ऑयल, आइसक्रीम, टीवी जैसी रोज़मर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी। वहीं स्वास्थ्य और जीवन बीमा पर कर का बोझ शून्य हो जाएगा।
सेंसेक्स की कंपनियों में महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में सबसे ज्यादा 7.50% की तेजी देखी गई। बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, बजाज फिनसर्व, आईटीसी, टाटा मोटर्स और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी फायदे में रहे। वहीं दूसरी ओर इटरनल, टाटा स्टील, एनटीपीसी और एचसीएल टेक दबाव में रहे।
बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 1,666.46 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 2,495.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
एशिया में दक्षिण कोरिया का कोस्पी और जापान का निक्केई 225 मजबूत रहे, जबकि शंघाई एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग कमजोर रहे।
अमेरिकी बाजार भी बुधवार को अधिकतर बढ़त के साथ बंद हुए।
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.56% गिरकर 67.22 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
बुधवार को सेंसेक्स 409.83 अंक की बढ़त के साथ 80,567.71 पर और निफ्टी 135.45 अंक चढ़कर 24,715.05 पर बंद हुआ था। कुल मिलाकर, ऐतिहासिक जीएसटी सुधार ने घरेलू बाजार में नई जान फूंक दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि उपभोग बढ़ने से अर्थव्यवस्था को और मजबूती मिलेगी, हालांकि आगे टैरिफ संबंधी चुनौतियां बाजार को परेशान कर सकती हैं।

1 सितंबर से चांदी के जेवरों पर होगी हॉलमार्किंग, बीआईएस ने जारी किया आदेश, जानें इसके फायदे!

14-Aug-2025
रायपुर।  शोर संदेश )  चांदी के 6 डिजीट वाले एचयूआईडी जेवरों में अब 1 सितंबर से हालमार्किंग होगी। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने इसका आदेश जारी किया है। इसके तहत पुरानी व्यवस्था पूरी तरह से बंद हो जाएगी। इससे सराफा कारोबारियों के साथ ही ग्राहकों को शुद्धता का प्रमाण मिलेगा।
रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व ने आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि इससे किसी भी तरह की धोखाधड़ी होने की आशंका नहीं होने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता होगी। साथ ही ग्राहकों को शुद्ध ज्वेलरी मिलेगी। प्रदेश में हर साल 1000 करोड़ रुपए के चांदी के जेवरों की बिक्री होती है।
भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) ने निर्देश जारी किया है कि चांदी पर अब 6 डिजीट वाली एचयूआईडी हॉलमार्किंग लागू होगी और यही चांदी गहनों की खरीदी बिक्री होगी। इससे फायदा ये होगा कि शुद्धता के प्रमाण से धोखाधड़ी से बचा जा सकेगा, विश्वास मजबूत होगा और अंतरराष्ट्रीय मान्यता रहेगी। इस फैसले का व्यापारी स्वागत कर रहे हैं।
बीआईएस की ओर से बताया गया है कि 6 ग्रेड चांदी ज्वेलरी पर हालमार्क 90.0, 80.0, 83.5, 92.5, 97.3, 99.0 पर लागू होगी। बता दें कि पहले सोने में 14, 18, 20, 22, 23 व 24 कैरेट के गहने हॉलमार्क वाले ही बिका करते थे। अब बीआईएस ने 9 कैरेट वाले सोने को भी इस ग्रेड में ला दिया है। हालांकि पहले यह जरूरी नहीं था। अब सोने व चांदी के गहनों में हॉलमार्क लागू हो जाने से शुद्धता पूरी तरह से प्रमाणित होगी, व्यापारी व ग्राहक के बीच विश्वास और बढ़ेगा और अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से एकरूपता रहेगी।

चांदी के गहनों में अब 6 अंकों वाली HUID हॉलमार्किंग अनिवार्य

13-Aug-2025
रायपुर। ( शोर संदेश ) भारतीय मानक ब्यूरो(बीआईएस) ने एक बड़ा फैसला लेते हुए निर्देश जारी किया है कि चांदी में अब 6 डिजीट वाली एचयूआईडी हॉलमार्किग लागू होगी,और यही हॉलमार्क वाली चांदी के गहनों की खरीदी बिक्री होगी।
माना जा रहा है कि यह अगले माह से लागू हो सकता है। इसके साथ ही अब पुरानी प्रक्रिया पर रोक लग जायेगी। बाजार में व्यापारी व ग्राहक को इससे फायदा ये होगा कि शुद्धता का प्रमाण तय होगा,धोखाधड़ी से बचा जा सकेगा,विश्वास मजबूत होगा और अंतरराष्ट्रीय मान्यता रहेगी।  
बीआईएस के इस फैसले का व्यापारी स्वागत कर रहे हैं,रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू का मानना है कि इससे जहां चांदी के गहनों की शुद्धता प्रमाणित होगी वहीं फर्जीवाड़ा पर भी रोक लगेगी।
इसमें ग्राहक बीआईएस के केयर ऐप में हॉलमार्क  का डिजीट अपलोड कर आसानी से शुद्धता परख सकेंगे। जैसा कि बीआईएस की ओर से बताया गया है कि  6 ग्रेड चांदी ज्वेलरी पर लागू होगा हालमार्क।
900,800,835,925,970,990 पर लागू होगी।  वैसे तो चांदी में हालमार्क लागू है लेकिन यह नई प्रक्रिया अब जल्द ही लागू हो जायेगी। हॉलमार्क एक प्रमाणन चिह्न है जो सोने और चांदी के गहनों की शुद्धता को प्रमाणित करता है।
जो यह सुनिश्चित करता है कि उक्त गहने बीआईएस द्वारा निर्धारित मानकों को पूरा करते हैं। जिसे आप कहीं पर भी आसानी से खरीदी-बिक्री कर सकते हैं। यह गुणवत्ता और मानकीकरण के लिए उठाया गया एक स्वागत योग्य कदम है।  
बता दें पहले सोने में 14,18,20,22,23 व 24 कैरेट के गहने हालमार्क वाले ही बिका करते थे अब बीआईएस ने 9 कैरेट वाले सोने को भी इस ग्रेड में ला दिया है।
हालांकि पहले यह जरूरी नहीं था। अब सोने व चांदी के गहनों में हॉलमार्क लागू हो जाने से शुद्धता पूरी तरह से प्रमाणित होगी,संभावित धोखाधड़ी से बचा जा सकेगा,व्यापारी व ग्राहक के बीच विश्वास और बढ़ेगा और अंतरराष्ट्रीय बाजार के हिसाब से एकरूपता रहेगी। 










 

ट्रंप के टैरिफ का झटका: शेयर बाजार में भारी गिरावट, सेंसेक्स 281 अंक टूटा

07-Aug-2025
नई दिल्ली। शोर संदेश   गुरुवार को एक बार फिर घरेलू शेयर बाजार ने बड़ी गिरावट के साथ कारोबार की शुरुआत की। हफ्ते के चौथे दिन बीएसई सेंसेक्स ने 281.01 अंकों (0.35%) की गिरावट के साथ 80,262.98 अंकों पर कारोबार की शुरुआत की।
वहीं दूसरी ओर, एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स आज 110.00 अंकों (0.45%) के नुकसान के साथ 24,464.20 अंकों पर खुला।
बताते चलें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को भारत पर रूस से तेल खरीदने के लिए 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने की ऐलान किया।
इस 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ के बाद भारत पर अमेरिका द्वारा लगाया गया कुल टैरिफ अब 50 प्रतिशत हो गया है।
आज सेंसेक्स की 30 में से सिर्फ 4 कंपनियों के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में खुले और बाकी की सभी 26 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में खुले
वहीं दूसरी ओर, आज निफ्टी 50 की भी 50 में से सिर्फ 10 कंपनी के शेयरों ने तेजी के साथ हरे निशान में कारोबार शुरू किया और बाकी की सभी 40 कंपनियों के शेयर नुकसान के साथ लाल निशान में खुले।
सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल मारुति सुजुकी के शेयर आज सबसे ज्यादा 0.36 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर आज सबसे ज्यादा 1.21 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले।
आज सेंसेक्स के शेयरों ने कैसी हुई शुरुआत
गुरुवार को सेंसेक्स की बाकी कंपनियों में बजाज फिनसर्व के शेयर 0.32 प्रतिशत, आईटीसी के शेयर 0.11 प्रतिशत और एचडीएफसी बैंक के शेयर 0.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले।
वहीं दूसरी तरफ, आज टाटा स्टील के शेयरों ने 0.98 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स 0.97 प्रतिशत, एटरनल 0.84 प्रतिशत, एसबीआई 0.82 प्रतिशत, टाटा मोटर्स 0.65 प्रतिशत, ट्रेंट 0.64 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 0.61 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 0.57 प्रतिशत, एशियन पेंट्स 0.53 प्रतिशत, बीईएल 0.51 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 0.43 प्रतिशत, एलएंडटी 0.43 प्रतिशत, भारती एयरटेल 0.41 प्रतिशत, एचसीएल टेक 0.34 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट 0.34 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनिलीवर 0.32 प्रतिशत, एनटीपीसी 0.30 प्रतिशत, टीसीएस 0.29 प्रतिशत, एक्सिस बैंक 0.20 प्रतिशत, इंफोसिस 0.19 प्रतिशत, सनफार्मा 0.18 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 0.13 प्रतिशत, टाइटन 0.13 प्रतिशत, पावरग्रिड 0.11 प्रतिशत और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों ने 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार शुरू



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account