ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

यूएनएससी में विस्तार को तैयार हुए क्वाड नेशन, स्थायी सदस्यता के लिए भारत की दावेदारी का भी समर्थन

22-Sep-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) क्वाड देशों ने शनिवार (स्थानीय समयानुसार) को आयोजित नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) में सुधार के प्रति अपना समर्थन जताया. इस दौरान स्थायी और अस्थायी सदस्यों की श्रेणियों में विस्तार की जरूरत पर भी जोर दिया गया. भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका ने 'विलमिंगटन घोषणा' में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को अधिक प्रतिनिधिक, समावेशी, पारदर्शी, कुशल, प्रभावी, लोकतांत्रिक और जवाबदेह बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि विस्तारित सुरक्षा परिषद में अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका और कैरिबियाई क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व होना चाहिए.
संयुक्त घोषणा में कहा गया कि "हम अपने वैश्विक और क्षेत्रीय साझेदारों के साथ मिलकर उन अंतरराष्ट्रीय संस्थानों और पहलों का समर्थन जारी रखेंगे जो वैश्विक शांति, समृद्धि और सतत विकास का आधार हैं. हम संयुक्त राष्ट्र चार्टर और संयुक्त राष्ट्र प्रणाली के तीन स्तंभों के प्रति अपने अडिग समर्थन को दोहराते हैं," क्वाड देशों ने यह भी कहा कि वे अपने साझेदारों के साथ मिलकर संयुक्त राष्ट्र, उसके चार्टर और उसकी एजेंसियों की अखंडता को कमजोर करने के एकतरफा प्रयासों का मुकाबला करेंगे. 

घोषणा में यह भी शामिल था कि "हम संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधार करेंगे, और इसे अधिक प्रतिनिधिक, समावेशी, पारदर्शी, कुशल, प्रभावी, लोकतांत्रिक और जवाबदेह बनाने की जरूरत को मान्यता देते हुए स्थायी और अस्थायी श्रेणियों में विस्तार करेंगे. इस विस्तार में अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका और कैरिबियाई क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व शामिल होना चाहिए." 
इससे पहले, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान वैश्विक संस्थानों में सुधार के लिए भारत की महत्वपूर्ण आवाज़ को मान्यता देने की बात की, जिसमें भारत को यूएनएससी में स्थायी सदस्यता देने का समर्थन भी शामिल है. व्हाइट हाउस द्वारा जारी संयुक्त तथ्य पत्र में कहा गया, "राष्ट्रपति बाइडन ने प्रधानमंत्री मोदी से साझा किया कि संयुक्त राज्य अमेरिका वैश्विक संस्थानों में सुधार की पहलों का समर्थन करता है ताकि भारत की महत्वपूर्ण आवाज को सही मंच मिले, जिसमें संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत की स्थायी सदस्यता भी शामिल है."
शनिवार को विलमिंगटन, डेलावेयर में आयोजित क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने भाग लिया. यह छठा क्वाड नेताओं का शिखर सम्मेलन था, जो अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और जापानी प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा के पद छोड़ने से पहले उनका 'विदाई' शिखर सम्मेलन भी माना जा रहा है.

मुझे काशी का प्रसाद मिला, तो मेरे दिमाग में तिरुपति की बात खटकी', पूर्व राष्ट्रपति ने लड्डू विवाद पर जताई चिंता

21-Sep-2024
नई दिल्ली।    ( शोर संदेश )   भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने तिरुपति मंदिर के प्रसाद में मिलावट की खबरों पर गहरी चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि प्रसाद को लेकर हिंदुओं की गहरी आस्था होती है, लेकिन मिलावट की खबरें श्रद्धालुओं के बीच शंका उत्पन्न कर रही हैं. वाराणसी के दौरे का जिक्र करते हुए कोविंद ने कहा, "मैं काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन नहीं कर पाया, लेकिन मेरे कुछ सहयोगी मंदिर गए थे और उन्होंने मुझे प्रसाद दिया. उस समय मुझे तिरुपति मंदिर की मिलावट की खबरें याद आ गईं. यह समस्या सिर्फ एक मंदिर तक सीमित नहीं हो सकती, यह हर मंदिर की कहानी हो सकती है."

कोविंद ने मिलावट को "पाप" बताते हुए कहा, "मिलावट तो पाप है, और हिंदू शास्त्रों में भी इसे पाप कहा गया है. श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद आस्था का प्रतीक है, और इसमें मिलावट करना निंदनीय है." पूर्व राष्ट्रपति की इस टिप्पणी के बाद प्रसाद में मिलावट को लेकर जागरूकता बढ़ाने और इसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग जोर पकड़ रही है.
केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने की जांच की मांग
बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने तिरुपति लड्डू से जुड़े विवाद को लेकर आंध्र प्रदेश सरकार से सख्त और निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार को या तो विशेष टीम गठित करनी चाहिए या फिर मामले को सीबीआई को सौंपना चाहिए. उन्होंने कहा, "यह हिंदू आस्था और विश्वास पर सीधा हमला है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा."

गुजरात के सूरत के पास ट्रेन पलटाने की कोशिश, ट्रैक पर लगी फिश प्लेट और चाबियों को खोलकर फेंका

21-Sep-2024
सूरत।   ( शोर संदेश )  गुजरात के सूरत में ट्रेन पलटाने की साजिश की गई है। ट्रैक पर लगी फिश प्लेट और चाबियां खोलकर फेंकी गई हैं। समय रहते जानकारी मिलने से एक बड़ा हादसा टला है। ट्रैक की मरम्मत कर रूट को चालू किया गया है। मामला गुजरात के वडोदरा डिविजन का है।
गुजरात के सूरत के पास किम स्टेशन के करीब ट्रेन पलटाने के लिए ट्रैक पर लगी फिश प्लेट और चाबियों को खोलकर फेंक दिया गया था, लेकिन कीमैन की सूझबूझ से बड़ा ट्रेन हादसा होने से बच गया। आज सुबह करीब पांच बजे रेलवे के कीमैन सुभाष कुमार ट्रैक का निरीक्षण करने गए, तो उन्होंने देखा कि ट्रैक पर फिश प्लेट को खोलकर चाबियों को साइड में फेंक दिया गया है।
कीमैन ने फौरन घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर और RPF को दी। रेलवे प्रशासन भी तुरंत एक्शन में आया और ट्रैक को दुरुस्त कराया गया जिससे कि रूट पर ट्रेनों का संचालन बाधित ना हो।
घटना आज सुबह की है। दरअसल जब ट्रैक मैन सुबह 5:40 बजे के करीब ट्रैक पर निरीक्षण करने गया तो उसने देखा कि ट्रैक पर फिश प्लेट को खोलकर चाबियों को साइड में फेंका हुआ है। पूरी घटना की जानकारी स्टेशन मास्टर और RPF को दी गई। जल्द से जल्द ट्रैक को दुरुस्त किया गया, ताकि ट्रेनों का संचालन ना रुके। रेलवे के मुताबिक समय रहते जानकारी मिलने से ट्रेनों की आवाजाही को रोका गया। कोई बड़ा हादसा होते-होते बच गया।

एनआईटी पटना में छात्रा ने की आत्महत्या, घटना को लेकर कैंपस में हंगामा कर रहे हैं छात्र

21-Sep-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  बिहार की राजधानी पटना में आंध्र प्रदेश की छात्रा का कथित तौर पर आत्महत्या करने का एक मामला सामने आया है. छात्रा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में कंप्यूटर इलेक्ट्रॉनिक में सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी. पुलिस ने मृतका की पहचान पल्लवी के रूप में की है. पल्लवी के दोस्तों का कहना है कि वो पूरे दिन खुश थी, ऐसे में उसने आत्महत्या क्यों की ये एक बड़ा सवाल बना हुआ है. घटना की जानकारी मलिने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. इस घटना को लेकर छात्र कैंपस में जमकर कर हंगामा कर रहे हैं. छात्र कॉलेज प्रशासन के खिलाफ धरना भी दे रहे हैं. उनकी मांग है कि इस पूरे मामले की जांच कराई जानी चाहिए.
छात्रा के दोस्तों ने जताया शक 
इस घटना को लेकर अभी पुलिस की जांच चल रही है. इस बीच पल्लवी के दोस्तों ने जो पुलिस को बयान दिया है उसके मुताबिक पल्लवी शुक्रवार को उनके साथ थी और खुश थी. वो ऐसा करेगी इसकी किसी को अंदाजा तक नहीं था. ऐसे में पल्लवी ने ऐसा क्यों किया ये एक बड़ा सवाल है. उसके दोस्तों ने पुलिस को बताया कि पल्लवी बेहद खुशमिजाज लड़की थी. वो अपनी पढ़ाई में भी अच्छी थी, ऐसे में एकाएक ये कैसे हुआ इसके बारे में किसी को कुछ समझ नहीं आ रहा है. 
साथी छात्र कर रहे हैं हंगामा
पल्लवी की संदिग्ध मौत को लेकर एनआईटी कैंपस छात्रों का हंगामा जारी है. छात्र कॉलेज प्रशासन के खिलाफ हंगामा और नारेबाजी कर रहे हैं. उनकी मांग है कि इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए. कैंपस में बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिसबल की तैनाती भी की जा चुकी है. कई गुस्साए छात्र कैंपस के गेट पर धरना प्रदर्शन भी कर रहे हैं. 

अवैध मस्जिद तोड़ने पर बवाल! बीएमसी की टीम पर हमला; गाड़ी में तोड़फोड़, किया पथराव

21-Sep-2024
मुंबई।   ( शोर संदेश )   धारावी में मस्जिद के अवैध निर्माण पर एक्शन से पहले तनाव का माहौल है. मुस्लिम समुदाय ने रोका बीएमसी (BMC) का रास्ता रोक दिया है और गाड़ियों में तोड़फोड़ की है. हालात को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. दरअसल, मुंबई के धारावी इलाके में 90 फीट रोड पर बनी सुभानी मस्जिद के अवैध निर्माण को हटाने पहुंची बीएमसी टीम का मुस्लिम समुदाय के लोग विरोध कर रहे हैं. बड़ी संख्या में पहुंचे लोग BMC के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं.
एक चिट्ठी के सामने आने से मचा बवाल
मुंबई के धारावी इलाके में एक चिट्ठी के सामने आने के बाद बवाल मचा है. बताया जा रहा है कि चिट्ठी में लिखा गया है कि मस्जिद के डिमोलिशन के लिए बीएमसी की टीम पुलिस प्रोटेक्शन के साथ 21 सितंबर यानी आज सुबह 9 बजे आने वाली है. इस लिए आप सभी लोगों से गुजारिश है कि मस्जिद की हिफाजत के लिए ज्यादा से ज्यादा तादाद में जमा हों. इस चिट्ठी के सामने आने के बाद भारी संख्या में लोग धारावी में जमा हो गए.

बीएमसी द्वारा गिराया जाना है अवैध मस्जिद
25 साल पुरानी सुभानिया मस्जिद को अनाधिकृत बताते हुए बीएमसी द्वारा गिराया जाना है, लेकिन लोग इसका विरोध कर रहे हैं. मुस्लिम समाज के लोग बीती रात से ही सड़कों पर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. मुस्लिम समाज के लोगो का कहना है  कि यह मस्जिद बहुत पुरानी है, इसलिए इसे नहीं तोड़ा जाना चाहिए. ऐसे में बीएमसी के अधिकारी मस्जिद तोड़ने के लिए पहुंचे, तो प्रदर्शनकारी लोगों ने उनकी गाड़ियों पर पथराव कर दिया. घटनास्थल पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिसवाले मौजूद हैं।

चुनाव के बीच खट्टर का सैलजा को बीजेपी में शामिल होने का ऑफर

21-Sep-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  हरियाणा कांग्रेस में मची अंदरूनी कलह के बीच केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कुमारी सैलजा को लेकर कहा है कि कांग्रेस में दलित का अपमान हुआ है. उनको गालियां तक दी गई हैं, वो बहन घर बैठी है पर उनको शर्म तक नहीं आ रही. कांग्रेस पर इस हमले के साथ खट्टर ने सैलजा को बीजेपी में शामिल होने का ऑफर भी दिया है. उन्होंने कहा कि अगर वह हमारे साथ आती हैं तो हम इसके लिए तैयार हैं.
खट्टर ने कहा कि कांग्रेस में इतनी कलह हो गई है कि वहां सीएम पद के लिए चेहरा स्पष्ट नहीं है. बापू बेटे की लड़ाई भी शुरू हो गई है. बापू कहता है मैं बनूंगा, बेटा कहता है मैं बनूंगा. बापू बेटा के बाहर के जो नेता हैं, उनकी भी इच्छा है. इच्छा सबकी हो सकती है पर किसी और की इच्छा हो जाए तो उससे पार्टी को दिक्कत है. उसे अपमानित किया जाता है.
पूर्व सीएम ने कहा कि अपमानित करने का उदाहरण इससे बड़ा नहीं हो सकता कि हमारी एक दलित बहन का अपमान हुआ है. गालियां तक दी गई हैं, वो बहन घर बैठी है. खट्टर ने आगे कहा कि आज एक बहुत बड़ा वर्ग सोच रहा है हम क्या करें. हमने बहुत नेताओं को अपने साथ मिलाया है, हम तो तयार हैं उन्हें अपने साथ मिलाने के लिए वो आएं, हम तैयार हैं.
बता दें कि कांग्रेस में अंदरूनी कलह की वजह से सैलजा एक हफ्ते से चुनाव प्रचार से दूर हैं. बहरहाल, कुमारी सैलजा की अपनी पार्टी से नाराजगी पर बीजेपी फायदा उठा रही है. देखना होगा कि इसका कितना लाभ मिलता है

क्या सैलजा और सुरजेवाला होंगे बीजेपी में शामिल?
हरियाणा कांग्रेस में बगावत के बीच सियासी गलियारों में सैलजा और सुरजेवाला के बीजेपी में शामिल होने की चर्चा है. वहीं, खट्टर से जब इसको लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि यह संभावनाओं का संसार है और संभावनाएं टाली नहीं जा सकती, इसलिए समय आने पर इन सब का जवाब मिलेगा. उन्होंने प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत से बीजेपी की सरकार बनाने की बात कहीं. उन्होंने कहा कि उनके (कांग्रेस) घर के विवाद जग जाहिर हो चुके हैं.

'कांग्रेस में घुस गया है नफरत का भूत, उन्हें गणपति पूजा से भी नफरत', महाराष्ट्र के वर्धा में बोले पीएम मोदी

21-Sep-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को महाराष्ट्र के वर्धा आयोजित पीएम विश्वकर्मा कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान पीएम मोदी एक जनसभा को भी संबोधित किया. जनसभा को संबोधिक करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला किया.
पीएम मोदी ने कहा कि सबसे भ्रष्ट पार्टी में के अंदर नफरत का भूत घुस गया है. जिसे एक भ्रष्ट परिवार द्वारा नियंत्रित किया जा रहा है. यही नहीं पीएम मोदी ने अमेरिका में आरक्षण पर दिए गए बयान पर भी राहुल गांधी की जमकर आलोचना की. वर्धा में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, "कांग्रेस सबसे 'भ्रष्ट' और 'भ्रष्टाचारी' पार्टी है. सबसे 'भ्रष्टाचारी परिवार' कांग्रेस का 'शाही परिवार' है."
'कांग्रेस के अंदर घुस गया है नफरत का भूत'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, "आज हम जो कांग्रेस देखते हैं वह कांग्रेस नहीं है, जिसके साथ कभी महात्मा गांधी जैसे महान लोग जुड़े थे. आज की कांग्रेस में देशभक्ति की भावना मर गयी है. आज की कांग्रेस में नफरत का भूत घुस गया है." पीएम मोदी ने आगे कहा कि, "आज कांग्रेस के लोगों की भाषा, उनकी बोली बदल गई है. विदेशी धरती पर जाकर देश को तोड़ने की बात करना, भारतीय संस्कृति और आस्था का अपमान करना उनकी पहचान बन गई है."
कांग्रेस को गणपति पूजा से भी नफरत- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ के घर गणपति पूजा में शामिल होने के बाद कांग्रेस द्वारा की गई आलोचना का भी जवाब दिया. पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, "कोई भी पार्टी जो हमारी आस्था और संस्कृति के प्रति थोड़ा भी सम्मान रखती है, वह कभी भी गणपति पूजा का विरोध नहीं कर सकती, लेकिन आज की कांग्रेस को गणपति पूजा से भी नफरत है. जब मैं गणेश पूजा कार्यक्रम में गया, तो कांग्रेस के तुष्टीकरण का मुद्दा स्पष्ट हो गया. कांग्रेस ने गणपति पूजा का विरोध करना शुरू कर दिया." बता दें कि पीएम मोदी ने हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ के आधिकारिक आवास की अपनी हालिया यात्रा का जिक्र करते हुए ये बात कही.
 

पीएम मोदी ने वर्धा में आयोजित 'पीएम विश्वकर्मा' कार्यक्रम प्रदर्शनी में खरीदी भगवान जगन्नाथ की मूर्ति

21-Sep-2024
वर्धा।  ( शोर संदेश )  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के वर्धा में आयोजित राष्ट्रीय 'पीएम विश्वकर्मा कार्यक्रम प्रदर्शनी' में पहुंचे. जहां से उन्होंने भगवान जगन्नाथ की मूर्ति खरीदी. इस दौरान पीएम मोदी ने डिजिटल माध्यम से पेमेंट भी किया. पीएम मोदी का मूर्ति खरीदते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें पीएम मोदी मूर्ति खरीदने के बाद यूपीआई पेमेंट करते नजर आ रहे हैं.
मूर्ति खरीदने के बाद यूपीआई से किया पेमेंट
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्धा में शुक्रवार को विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करने के बाद 'पीएम विश्वकर्मा कार्यक्रम प्रदर्शनी' पहुंचे थे. इस प्रदर्शनी में कारीगरों और शिल्पकारों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई थी. इस दौरान पीएम मोदी ने कारीगरों से बातचीत भी की. साथ ही एक शिल्पकार से भगवान जगन्नाथ की मूर्ति भी खरीदी. मूर्ति खरीदने के बाद पीएम मोदी ने क्यूआर कोड को स्कैन कर यूपीआई के जरिए पेमेंट भी किया.
'पेमेंट मिल गया क्या'
सोशल मीडिया में वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि पीएम मोदी शिल्पकार से पूछते हैं कि आपसे मुझे क्या खरीदना चाहिए. इस पर शिल्पकार पीएम मोदी को भगवान जगन्नाथ की कलाकृति खरीदने को कहता है. उसके बाद पीएम मोदी यूपीआई के जरिए पेमेंट करते हैं. पेमेंट देने के बाद पीएम मोदी उससे पूछते हैं पेमेंट मिल गया क्या?
पीएम मोदी की जमकर तारीफ कर रहे यूजर्स
पीएम मोदी के भगवान जगन्नाथ की मूर्ति खरीदने और डिजिटल पेमेंट करने का ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इसी के साथ यूजर्स वीडियो पर कमेंट भी कर रहे हैं. जिसमें वह पीएम मोदी की जमकर तारीफ करते नजर आ रहे हैं.
कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना
वहीं वर्धा में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. जनसभा के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि ये वो कांग्रेस नहीं है, जिससे कभी महात्मा गांधी जैसे महापुरुष जुड़े थे. पीएम मोदी ने कहा कि ये वो कांग्रेस है, जिसे टुकड़े-टुकडे़ गैंग और अर्बन नक्सल के लोग चला रहे हैं. उन्होंने कहा कि जिस पार्टी में आस्था और संस्कृति का जरा सा भी सम्मान होगा, वो पार्टी कभी गणपति पूजा का विरोध नहीं कर सकती. आज की कांग्रेस को गणपति पूजा से भी नफरत है.

बाइडेन और ट्रंप दोनों से मुलाकात! रूस-यूक्रेन युद्ध पर आ सकती है 'गुड न्यूज'

20-Sep-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तीन दिनों की अमेरिका यात्रा पर जा रहे हैं। इस दौरान वह अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन से डेलावेयर के विमिंगटन में मिलेंगे। यह जो बाइडेन का गृह नगर भी है। वहीं डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि प्रदानमंत्री मोदी की उनके साथ भी मुलाकात होने वाली है। हालांकि विदेश मंत्रालय की तरफ से ट्रंप के साथ मुलाकात पर कोई ठोस जवाब नहीं दिया गया है। दोनों नेताओं की मुलाकात को खारिज भी नहीं किया गया है। पीएम मोदी की इस यात्रा में यूक्रेन और रूस के युद्ध का मुद्दा भी शामिल होगा। हाल ही में उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से बात की थी। युद्धविराम के प्रयासों के बीच पीएम मोदी जो बाइडेन के साथ रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध रुकवाने को लेकर बड़ी बात साझा कर सकते हैं।
यह तीन दिवसीय अमेरिका यात्रा हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता सुनिश्चित करने के वास्ते सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा और ‘ग्लोबल साउथ’ की चिंताओं को दूर करने पर केंद्रित होगी। मोदी, डेलावेयर के विलमिंगटन में वार्षिक क्वाड शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में ‘समिट ऑफ द फ्यूचर’ को संबोधित करेंगे, प्रौद्योगिकी क्षेत्र में काम करने वाली शीर्ष अमेरिकी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ एक गोलमेज सम्मेलन करेंगे और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन तथा कई अन्य वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।
क्वाड देशों के नेताओं से भी चर्चा
प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले विलमिंगटन पहुंचेंगे जहां वह 21 सितंबर को क्वाड शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और अपने जापानी समकक्ष फुमियो किशिदा के साथ शामिल होंगे। विलमिंगटन बाइडन का गृहनगर है। मोदी तीनों क्वाड देशों के नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। क्वाड शिखर सम्मेलन में गाजा और यूक्रेन में संघर्षों पर विचार-विमर्श के अलावा हिंद प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए सदस्य देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, 'हमें उम्मीद है कि कई नयी पहल की घोषणाएं की जाएंगी।' क्वाड नेता कैंसर का रोगियों और उनके परिवारों पर प्रभाव, इस बीमारी को रोकने, पता लगाने, उपचार करने और इसे कम करने के लिए एक नयी महत्वकांक्षी योजना शुरू करेंगे। मिस्री ने कहा कि क्वाड शिखर सम्मेलन में हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, प्रगति और स्थिरता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी नेता स्वास्थ्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन, उभरती प्रौद्योगिकियों, बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी, आतंकवाद विरोधी और मानवीय सहायता पर चर्चा करेंगे।

कांग्रेस को टुकड़े-टुकड़े गैंग और अर्बन नक्सली चला रहे', पीएम मोदी ने खूब चलाए सियासी तीर

20-Sep-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महाराष्ट्र में कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पार्टी को टुकड़े-टुकड़े गैंग और अर्बन नक्सली चला रहे हैं। महाराष्ट्र के वर्धा में पीएम विश्वकर्मा योजना के एक साल पूरे होने पर जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज आप जिस कांग्रेस को देख रहे हैं, वह वह पार्टी नहीं है, जिससे महात्मा गांधी जैसे महान व्यक्ति जुड़े थे।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस में नफरत का भूत घुस गया है। आज की कांग्रेस में देशभक्ति की आत्मा ने दम तोड़ दिया है। पीएम मोदी ने कांग्रेस नेताओं के विदेश में दिए गए भाषणों में 'भारत विरोधी एजेंडे' की भी बात की, लेकिन उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम नहीं लिया, जिन्हें अमेरिका में आरक्षण प्रणाली को खत्म करने के अपने बयान के लिए सत्तारूढ़ दल की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।
सभा को संबाधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2 दिन पहले ही हम सबने विश्वकर्मा पूजा का उत्सव मनाया है और आज वर्धा की पवित्र धरती पर हम 'पीएम विश्वकर्मा योजना' की सफलता का उत्सव मना रहे हैं। आज ये दिन इसलिए भी खास है, क्योंकि 1932 में आज ही के दिन महात्मा गांधी जी ने अस्पृश्यता के खिलाफ अभियान शुरू किया था। विश्वकर्मा योजना के जरिए हमने श्रम से समृद्धि, कौशल से बेहतर कल का जो संकल्प लिया है। बापू की प्रेरणाएं हमारे उन संकल्पों को सिद्धि तक ले जाने का माध्यम बनेगी। मैं इस योजना से जुड़े सभी लोगों, देशभर के सभी लाभार्थियों को इस अवसर पर बधाई देता हूं।
उन्होंने कहा, 'आज अमरावती में 'पीएम मित्र पार्क' की आधारशिला भी रखी गई है। आज का भारत अपनी टेक्सटाइल इंडस्ट्री को वैश्विक बाजार में टॉप पर ले जाने के लिए काम कर रहा है। देश का लक्ष्य है - भारत की टेक्सटाइल सेक्टर के हजारों वर्ष पुराने गौरव को पुनर्स्थापित करना। अमरावती का 'पीएम मित्र पार्क' इसी दिशा में एक और बड़ा कदम है।' 
विश्वकर्मा योजना केवल सरकारी प्रोग्राम भर नहीं
पीएम मोदी ने कहा कि विश्वकर्मा योजना केवल सरकारी प्रोग्राम भर नहीं है।  ये योजना भारत के हजारों वर्ष पुराने कौशल को विकसित भारत के लिए इस्तेमाल करने का एक रोडमैप है। विश्वकर्मा योजना की मूल भावना है- सम्मान, सामर्थ्य और समृद्धि!  यानी पारंपरिक हुनर का सम्मान, कारीगरों का सशक्तिकरण और विश्वकर्मा बंधुओं के जीवन में समृद्धि! ये हमारा लक्ष्य है। विश्वकर्मा योजना की एक और विशेषता है। जिस बड़े पैमाने पर इस योजना के लिए अलग अलग विभाग एकजुट हुए हैं, ये भी अभूतपूर्व है। 
महाराष्ट्र में ही 60 हजार से ज्यादा लोगों को प्रशिक्षण मिला
उन्होंने कहा कि देश के 700 से ज्यादा जिलें, 2.5 लाख से ज्यादा ग्राम पंचायत, 5 हजार शहरी स्थानीय निकाय मिलकर इस अभियान को गति दे रहे हैं। एक साल में ही 18 अलग-अलग पेशों के 20 लाख से ज्यादा लोगों को इस योजना से जोड़ा गया। सिर्फ साल भर में ही 8 लाख से ज्यादा शिल्पकारों और कारीगरों को स्किल ट्रेनिंग मिल चुकी है। अकेले महाराष्ट्र में ही 60 हजार से ज्यादा लोगों को प्रशिक्षण मिला है। अब तक 6.5 लाख से ज्यादा विश्वकर्मा बंधुओं को आधुनिक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। 
विश्वकर्मा योजना हर पहलू का ध्यान रख रही
पीएम ने कहा, 'इससे उनके उत्पादों की क्वालिटी बेहतर हुई है, उनकी उत्पादकता बढ़ी है। इतना ही नहीं, हर लाभार्थी को 15 हजार रुपये का ई-वाउचर दिया जा रहा है। अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए बिना गारंटी के 3 लाख रुपये तक लोन भी मिल रहा है। मुझे खुशी है कि एक साल के भीतर विश्वकर्मा भाई-बहनों को 1,400 करोड़ रुपये का लोन दिया गया है। यानी विश्वकर्मा योजना हर पहलू का ध्यान रख रही है।'
एससी, एसटी और ओबीसी पर भी बोले पीएम
उन्होंने कहा कि हमारे पारंपरिक कौशल में सबसे ज्यादा भागीदारी एससी, एसटी और ओबीसी समाज के लोगों की रही है। अगर पिछली सरकारों ने विश्वकर्मा बंधुओं की चिंता की होती, तो इस समाज की कितनी बड़ी सेवा होती, लेकिन कांग्रेस और उसके दोस्तों ने एससी, एसटी और ओबीसी को जानबूझकर आगे नहीं बढ़ने दिया। हमने सरकारी सिस्टम से कांग्रेस की इस दलित और पिछड़ा विरोधी सोच को खत्म किया है। पिछले 1 साल के आंकड़े बताते हैं कि आज विश्वकर्मा योजना का सबसे ज्यादा लाभ एससी, एसटी और ओबीसी समाज उठा रहा है।
आज की जरूरतों के हिसाब से स्किल ट्रेनिंग हुई
प्रधानमंत्री ने कहा कि कौशल विकास अभियान के तहत भी देश के करोड़ों नौजवानों की आज की जरूरतों के हिसाब से स्किल ट्रेनिंग हुई है। स्किल इंडिया जैसे अभियानों ने भारत के कौशल को पूरी दुनिया में पहचान दिलानी शुरू कर दिया है। इसी साल फ्रांस में वर्ल्ड स्किल्स पर बहुत बड़ा आयोजन हुआ। इसमें भारत ने बहुत सारे अवार्ड आपने नाम किए हैं। हम देश भर में 7 पीएम मित्र पार्क स्थापित कर रहे हैं।
कांग्रेस में देशभक्ति की आत्मा दम तोड़ चुकी
उन्होंने कहा कि आज जो कांग्रेस हम देख रहे हैं, ये वो कांग्रेस नहीं है जिससे कभी महात्मा गांधी जी जैसे महापुरुष जुड़े थे। आज की कांग्रेस में देशभक्ति की आत्मा दम तोड़ चुकी है। आज की कांग्रेस में नफरत का भूत दाखिल हो गया है। आज कांग्रेस के लोगों की भाषा, उनकी बोली, विदेशी धरती पर जाकर देश को तोड़ने की बात करना, भारतीय संस्कृति और आस्था का अपमान करना इनकी पहचान बन गया है। आज देश की सबसे भ्रष्ट और बेइमान पार्टी कांग्रेस है। 
मैं गणेश पूजन कार्यक्रम में गया, तो कांग्रेस का तुष्टिकरण जाग उठा
पीएम मोदी ने कहा, 'देश का सबसे भ्रष्ट परिवार कांग्रेस का शाही परिवार है। जिस पार्टी में हमारी आस्था और संस्कृति का जरा सा भी सम्मान होगा, वो पार्टी कभी गणपति पूजा का विरोध नहीं कर सकती, लेकिन आज की कांग्रेस को गणपति पूजा से भी नफरत है। मैं गणेश पूजन कार्यक्रम में चला गया, तो कांग्रेस का तुष्टिकरण का भूत जाग उठा। कांग्रेस गणपति पूजा का विरोध करने लगी। तुष्टिकरण के लिए कांग्रेस कुछ भी कर रही है। कर्नाटक में तो कांग्रेस सरकार ने गणपति बप्पा को ही सलाखों के पीछे डाल दिया। गणपति की जिस मूर्ति की लोग पूजा कर रहे थे, उसे पुलिस वैन में कैद करवा दिया। पूरा देश गणपति के इस अपमान को देखकर आक्रोशित है। मैं हैरान हूं कि इसपर कांग्रेस के सहयोगियों के मुंह पर भी ताला लग गया है। उन पर भी कांग्रेस की संगत का ऐसा रंग चढ़ा है कि उनमें गणपति के अपमान का विरोध करने की हिम्मत नहीं बची है। हमें एकजुट होकर कांग्रेस के इन पापों का जवाब देना है।'
 


Feedback/Enquiry



Log In Your Account