
नई दिल्ली (शोर सन्देश)। केंद्रीय गृहमंत्री अब पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं और उन्हें अस्पताल से छुट्टी भी मिल गई है। सोमवार सुबह अमित शाह को 12 दिन बाद एम्स से छुट्टी मिल गई। कोरोना के बाद देखभाल के लिए (पोस्ट कोविड केयर) अमित शाह एम्स में बीते दिनों भर्ती हुए थे। अखिल भारतीय आर्युविज्ञान संस्थान (एम्स) की ओर से सोमवार को यह जानकारी दी गई है। गृहमंत्री अमित शाह पिछले दिनों कोरोना संक्रमित पाए गए थे। मेदांता अस्पताल में इलाज के बाद थकान और शरीर में दर्द की शिकायत के बाद एम्स में भर्ती किए गए थे। अमित शाह का इलाज एम्स के डायरेक्टर डॉक्टर रणदीप गुलेरिया की अगुवाई वाली टीम की देखरेख में चला।
केंद्रीय गृहमंत्री को 18 अगस्त को दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया। उन्हें ओल्ड प्राइवेट वार्ड में रखा गया था। वह थकान और शरीर में दर्द महसूस कर रहे थे। एम्स के मीडिया और प्रोटोकॉल विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उनकी कोरोना जांच भी की गई, जो कि नेगेटिव आई।
55 वर्षीय शाह ने 2 अगस्त को ट्विटर के माध्यम से देश के बताया था कि वह कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें यहां से डिस्चार्ज किया गया था।

नई दिल्ली/रायपुर (शोर सन्देश)। कोरोना वायरस महामारी के कारण देशभर में लगाए गए लॉकडाउन को अनलॉक करने की प्रक्रिया अब भी जारी है। गृह मंत्रालय ने अनलॉक-4 (Unlock 4) के लिए गाइडलाइन्स जारी कर दी है। अनलॉक-4 की नई दिशा-निर्देशों में स्कूलों और छात्रों के लिए भी पढ़ना अति आवश्यक है। ऐसा इसलिए कि इस गाइलाइन्स में कक्षा 9वीं से 12वीं के छात्रों के लिए भी जानकारी दी गई है। साथ पोस्ट ग्रेजुएट समेत तमाम प्रशिक्षण संस्थानों को लेकर नई जानकारी दी गई है, जिसे जानना बेहद आवश्यक है। फिलहाल ये गाइडलाइन्स 21 सितंबर से लागू किए जाएंगे।
00 अनलॉक-4 में स्कूलों और छात्रों के लिए 21 सिंतबर से लागू होंगे ये नए नियम.
- राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 50 फीसद तक शिक्षण और गैर-शिक्षण स्टाफ को ऑनलाइन टीचिंग, टेली काउंसलिंग और उससे संबंधित कार्यों के लिए एक समय में स्कूलों में बुलाया जा सकता है।
- कंटेनमेंट जोन के बाहर आने वाले स्कूलों में शिक्षकों से गाइडलाइन्स के लिए कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों को स्कूल में आने की अनुमति दी जा सकती है. लेकिन इसके लिए उनके माता-पिता/अभिभावकों की लिखित सहमति होना जरूरी है।
- राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), राष्ट्रीय कौशल विकास निगम या राज्य कौशल विकास मिशनों या भारत सरकार या राज्य सरकारों के अन्य मंत्रालयों के साथ पंजीकृत लघु प्रशिक्षण केंद्रों में कौशल या उद्यमिता प्रशिक्षण की अनुमति दी जाएगी।
- राष्ट्रीय उद्यमिता और लघु व्यवसाय विकास संस्थान (NIESBUD), भारतीय उद्यमिता संस्थान (IIE) और उनके प्रशिक्षण प्रदाताओं को भी अनुमति दी जाएगी।
- उच्च शिक्षा संस्थानों में केवल रिसर्च स्कॉलर्स (पीएचडी) और टेक्निकल और प्रोफेशनल प्रोग्राम के पोस्ट-ग्रेजुएट छात्रों के लिए प्रयोगशाला/प्रायोगिक कार्यों की आवश्यकता होती है. उच्च शिक्षा विभाग (डीएचई) द्वारा गृह मंत्रालय के परामर्श से, स्थिति के मूल्यांकन के आधार पर और राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में COVID-19 की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए अनुमति दी जाएगी।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। प्रवर्तन निदेशालय ने भारत में काम कर रही चीनी कंपनियों पर शिकंजा कसते हुए एचएसबीसी बैंक के चार खातों को फ्रीज कर दिया है। इन खातों में 46.96 करोड़ रुपये जमा हैं। इन कंपनियों पर नियमों के उल्लंघन का आरोप है।
कार्रवाई से पहले प्रवर्तन निदेशालय ने इन कंपनियों पर छापा मारा था. ये कंपनियां ऑनलाइन जुए की एप्लीकेशन चला रही थीं। ED ने दिल्ली, गुरुग्राम, मुंबई और पुणे में 15 स्थानों पर छापा मारा था, इसके बाद ये कार्रवाई की गई है. इसके अलावा जांच एजेंसी ने इन कंपनियों के रजिस्टर्ड ऑफिसों, डायरेक्टर्स, चार्टर्ड अकाउंटेंट के दफ्तरों पर भी छापा मारा। जुए की इन एप्लीकेशन्स को भारत से बाहर से होस्ट किया जाता था।
00 46.96 करोड़ रुपये जब्त :
इस कार्रवाई में ED ने 17 हार्ड डिस्क, 5 लैपटॉप, फोन, आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए थे, जबकि 4 बैंक खातों में जमा 46.96 करोड़ रुपये जब्त कर लिए गए। ED ने अब हैदराबाद पुलिस की शिकायत पर चीनी कंपनी डॉकीपे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड और लिंकयून टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू कर दी है।
00 पेटीएम पेमेंट गेटवे का इस्तेमाल :
ED ने डॉकीपे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के 2 बैंक खातों के विश्लेषण से ये पाया कि पिछले साल इस खाते में 1,268 करोड़ रुपये का संग्रह था, जिसमें से 300 करोड़ रुपये पेटीएम पेमेंट गेटवे के जरिए आया और 600 करोड़ रुपये पेटीएम गेटवे के माध्यम से बाहर गया।
जांच एजेंसी का दावा है कि इन खातों से 120 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया गया. ईडी ने कहा कि बड़े स्तर पर ऐसे वित्तीय लेन-देन का पता चला है, जिसका कोई आधार नहीं है। ये लेन-देन वैसी भारतीय कंपनियों के साथ हुए हैं, जो ऑनलाइन चाइनीज डेटिंग ऐप चलाती थीं। ईडी को शक है कि ये कंपनियां हवाला कारोबार में भी जुटी थीं। अब ईडी इस बारे में ऑनलाइन वैलेट कंपनियों और HSBC से जानकारी जुटा रही है।
00 चीनियों ने फर्जी कंपनियां बनाईं :
जांच के दौरान पता चला है कि कुछ भारतीय चार्टर्ड अकाउंटेंट की मदद से चीनी नागरिकों ने कई भारतीय कंपनियां बना लीं। इन कंपनियों में पहले डमी भारतीय डायरेक्टर तैनात किए और इन्हें पंजीकृत किया गया। कुछ दिनों बाद ये चीनी नागरिक भारत आए और इन कंपनियों की डायरेक्टरशिप अपने हाथों में ले ली।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को पार्टी के 23 नेताओं ने ऊपर से नीचे तक बदलाव को लेकर पत्र लिखा। उनमें से एक पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल भी हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में उनके द्वारा जताई गई चिंताओं पर न तो बात हुई और न ही उसे साझा किया गया। इतना ही नहीं जब पत्र लिखने वाले नेताओं पर हमला हुआ तब कोई भी नेता बीच में नहीं आया। सिब्बल का कहना है कि कांग्रेस को एक अध्यक्ष की जरूरत है और पत्र में उल्लिखित चिंताओं का जल्द से जल्द समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा भाजपा पर संविधान का पालन नहीं करने और लोकतंत्र की नींव को नष्ट करने का आरोप लगाती है। कांग्रेस नेता ने कहा, ‘हम क्या चाहते हैं? हम अपने (पार्टी के) संविधान का पालन करना चाहते हैं। उस पर आपत्ति कौन कर सकता है।’
कपिल सिब्बल ने कहा, `इस देश में राजनीति, मैं किसी पार्टी विशेष की बात नहीं करता, अब मुख्य रूप से वफादारी पर आधारित है। हमें वह चीज चाहिए जो वफादारी प्लस कहलाती है। वह प्लस क्या है? वह प्लस योग्यता, समावेशिता, कारण के प्रति प्रतिबद्धता और उस प्लस को सुनने और संवाद करने में सक्षम होने के बारे में है। यही राजनीति होनी चाहिए।’
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पत्र ने एक पूर्णकालिक और प्रभावी नेतृत्व, जो दिखाई दे और सक्रिय हो, सीडब्ल्यूसी के चुनाव और पार्टी के पुनरुद्धार के लिए सामूहिक रूप से संस्थागत नेतृत्व तंत्र की तत्काल स्थापना की मांग की। लेकिन पत्र के कारण पार्टी के अंदर एक बहस शुरू हो गई जो मुख्यमंत्रियों और राज्य इकाइयों के लिए निष्ठा परीक्षा हो गई। उन्होंने गांधीवाद के प्रति निष्ठा जताई और पत्र लिखने वालों को दरकिनार कर दिया।
सिब्बल ने कहा कि सीडब्ल्यूसी को इस बात से अवगत कराया जाना चाहिए था कि पत्र में क्या कहा गया है। उन्होंने कहा, ‘यह मौलिक चीज है जो होनी चाहिए थी। यही इन 23 लोगों ने लिखा है। यदि हमने जो कुछ भी लिखा है, उसमें आपको गलती मिलती है तो निश्चित रूप से, हमसे सवाल किए जाने चाहिए। बैठक में हमारी किसी भी चिंता, अनुरोध पर बात नहीं हुई। फिर भी हमें असंतुष्ट कहा गया है।’
00 आजाद बोले- पार्टी को करना चाहता हूं मजबूत :
इससे पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद गुलाम नबी आजाद ने कहा कि मेरा उद्देश्य गांधी परिवार को चुनौती देना या उनका निरादर करना नहीं है। मैं केवल पार्टी को और मजबूत करना चाहता हूं। उन्होंने कहा, `मंशा कांग्रेस को मजबूत करने की थी। मैं पिछले 34 साल से कार्य समिति में हूं। जिनको कुछ भी नहीं मालूम और अप्वाइंटमेंट वाला कार्ड मिल गया है वो सब विरोध करते हैं, वो सब बाहर जाएंगे।` उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस पार्टी को 50 वर्षों तक विपक्ष में बैठना है तो सीडब्ल्यूसी के चुनाव मत कराओ। मुझे इससे क्या फायदा है। हमारा रिश्ता गांधी परिवार से पारिवारिक है।`

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। प्रधानमंत्री और बीजेपी कई बार देश में एक साथ चुनाव करवाने की बात कह चुके हैं। इसके लिए धीरे-धीरे अब सरकार कदम भी आगे बढ़ा रही है। आगामी दिनों में लोकसभा, विधानसभा और निकाय चुनावों में मतदाता सूची एक हो सकती है। इस पर तेजी से काम चल रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस महीने एक बैठक भी की थी, जिसमें इसको लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। केंद्र सरकार ने शनिवार को अनलॉक-4 की गाइडलाइन जारी कर दी हैं। गृह मंत्रालय ने इसके लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, जिसमें 7 सितंबर से देशभर में मेट्रो चलाने की शर्तों के साथ अनुमति दी गई है। स्कूल और कॉलेज फिलहाल बंद ही रहेंगे, वहीं सिनेमा हॉल, स्विमिंग पूल भी अभी बंद रहेंगे। चुनावी माहौल को देखते हुए 21 सितंबर के बाद रैली की अनुमति दी जा सकती है।
आपको बता दें, अनलॉक-4 की गाइडलाइन सितंबर तक रहेंगी लागू। गृह मंत्रालय ने ये दिशा-निर्देश जारी किए हैं कि-
➡7 सितंबर से देशभर में मेट्रो चलेगी
➡स्कूल और कॉलेज अभी बंद रहेंगे
➡शर्तों के साथ मेट्रो चलाने की अनुमति
➡सिनेमा हॉल,स्वीमिंग पूल अभी बंद रहेंगे
➡21 सितंबर के बाद रैली की जा सकती है
➡सोशल डिस्टेंसिंग के साथ रैली हो सकेगी
➡रैली में 100 लोगों को ही अनुमति मिलेगी
➡धार्मिक आयोजन में 100 लोग जा सकेंगे
➡21 सितंबर से धार्मिक आयोजन पर ढील
अनलॉक-4 में 21 सितंबर से सामाजिक, राजनीतिक, मनोरंजन, खेल आदि से जुड़े समारोहों की अनुमति होगी,लेकिन एक छत के नीचे अधिकतम 100 लोग मौजूद रह सकेंगे। ऐसे समारोहों में अनिवार्य रूप से फेस मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग, थर्मल स्कैनिंग, सैनिटाइजर और कोविड-19 के नियमों का पालन करना होगा। सिनेमा हॉल, स्विमिंग पुल, अंतरराष्ट्रीय उड़ानें कुछ विशेष मामलों को छोड़कर अभी भी बंद रहेंगे।
इसके साथ ही कंटनेमेंट जोन से बाहर कक्षा 9 से 12वीं तक के छात्र अपने परिवार की सहमति के बाद शिक्षकों से मिलने स्कूल जा सकेंगे। सरकार ने स्कूल-कॉलेज को 30 सितंबर तक बंद रखने का फैसला लिया है। 21 सितंबर 2020 से ओपन एयर थिएटरों को खोलने की अनुमति होगी। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ व्यापक परामर्श के बाद, यह निर्णय लिया गया है कि 30 सितंबर तक स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज झांसी में रानी लक्ष्मी बाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय का ऑनलाइन लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक भवन का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 6 साल पहले जहां देश में सिर्फ 1 केंद्रीय कृषि विश्विद्यालय था, आज 3 सेंट्रल एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटीज़ देश में काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा तीन राष्ट्रीय संस्थान IARI-झारखंड, IARI-असम, मोतीहारी में महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट फॉर इंटीग्रेटेड फॉर्मिंग की स्थापना की जा रही है।
उन्होंने कहा कि कृषि में आत्मनिर्भरता का लक्ष्य किसानों को एक उत्पादक के साथ ही उद्यमी बनाने का भी है। जब किसान खेती, उद्योग के रूप में आगे बढ़ेगी तो बड़े स्तर पर गांव में गांव के पास ही रोज़गार स्वरोज़गार के अवसर तैयार होने वाले हैं। जब हम कृषि में आत्मनिर्भरता की बात करते हैं तो ये सिर्फ खाद्यान्न तक ही सीमित नहीं है, बल्कि ये गांव की पूरी अर्थव्यवस्था की आत्मनिर्भरता की बात है। उन्होंने कहा कि देश में खेती से पैदा होने वाले उत्पादों में वैल्यू एडिशन करके देश दुनिया के बाज़ारों में पहुंचाने का मिशन है।
उन्होंने कहा कि कभी रानी लक्ष्मीबाई ने बुंदेलखंड की धरती पर गर्जना की थी- मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी। आज एक नई गर्जना की आवश्यकता है- मेरी झांसी-मेरा बुंदेलखंड आत्मनिर्भर भारत अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत लगा देगा, एक नया अध्याय लिखेगा कृषि की इसमें बहुत बड़ी भूमिका है।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। देश हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाता है। यह दिन हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी और प्रतिभाशाली एथलीटों के लिए परिवारों और कोच की सराहना भी की है। पीएम मोदी ने अपने ट्विटर पर लिखा, `भारत सरकार खेल को लोकप्रिय बनाने और भारत में खेल प्रतिभाओं को समर्थन देने के लिए कई प्रयास कर रही है। मैं सभी से खेल और फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह करता हूं। ऐसा करने के कई फायदे हैं। हर कोई खुश और स्वस्थ हो सकता है!`
पीएम ने आगे कहा, `आज राष्ट्रीय खेल दिवस पर हम मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देते हैं, जिनकी हॉकी स्टिक का जादू कभी नहीं भुलाया जा सकता। आज हमारे प्रतिभाशाली एथलीटों की सफलता के लिए परिवारों, कोचों और सहयोगी कर्मचारियों द्वारा दिए गए उत्कृष्ट समर्थन की सराहना करने का भी दिन है। राष्ट्रीय खेल दिवस उन सभी खिलाड़ियों की उपलब्धियों का जश्न मनाने का दिन है, जिन्होंने विभिन्न खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और हमारे राष्ट्र को गौरवान्वित किया है।`
.jpg)
श्रीनगर (शोर सन्देश)। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में आज सुबह तीन आतंकवादी मारे गए। इस एनकाउंटर में भारतीय सेना का एक जवान भी शहीद हो गया। बता दें कि कश्मीर बीते 24 घंटे में एनकाउंटर की यह दूसरी घटना है और इसमें अब तक सात आतंकवादी मारे जा चुके हैं।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के विशेष अभियान समूह, राष्ट्रीय राइफल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने पुलवामा के जदूरा में शुक्रवार देर रात तलाशी अभियान शुरू किया।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल के जवान जब लक्षित क्षेत्र की ओर आगे बढ़ रहे थे तभी वहां छिपे हुए आतंकवादियों ने उन पर स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसके साथ ही मुठभेड़ शुरू हो गई। इस मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गये और एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
कर्नल कालिया ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक एके राइफल और दो पिस्तौल सहित भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि अंतिम सूचना मिलने तक अभियान जारी था। इससे पहले शुक्रवार को शोपियां में एनकाउंटर के दौरान सुरक्षाबलों ने 4 आतंकवादियों को मार गिराया। इस तरह से देखा जाए तो बीते 24 घंटे में सुरक्षाबलों ने 7 आतंकियों को मौत के घाट उतारा है।

नई दिल्ली(शोर सन्देश)। चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों और सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद, यह स्पष्ट हो गया है कि बिहार में विधानसभा चुनाव समय में होगा, जिसके बाद राजनीतिक दलों ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं।इसी कड़ी में आज भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली में एक अहम बैठक होने जा रही है। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय में होने वाली बैठक में कोर कमेटी से जुड़े सभी पार्टी नेता और सांसद शामिल होंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बैठक की अध्यक्षता करेंगे रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बैठक में बिहार प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव के साथ महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस उपस्थित हो सकते हैं। बिहार विधानसभा चुनाव समय पर होने की संभावना है। कारण यह है कि चुनाव आयोग ने भी कोरोना में चुनाव कराने के बारे में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। ऐसे में भाजपा नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनाव की संभावना के साथ अपनी तैयारी करने की कोशिश कर रही है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में बिहार के सभी सांसद अपने क्षेत्र के चुनावी समीकरणों के बारे में रिपोर्ट करेंगे। बैठक में एनडीए के सहयोगी दलों के बीच सीट वितरण, चुनावी मुद्दे आदि पर भी चर्चा होगी। ज्ञात हो कि बीजेपी ने एक बार फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इस बीच, एनडीए की सहयोगी लोक जनशक्ति पार्टी में भी नाराजगी देखी गई है।