ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

दिल्ली-इंदौर अग्निकांड पर पीएम मोदी का शोक, मृतकों के परिजनों को 2 लाख मुआवजा

18-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली और इंदौर में हुए दर्दनाक अग्निकांडों पर गहरा शोक व्यक्त किया है। दोनों घटनाओं में कई लोगों की मौत हुई है, जिस पर प्रधानमंत्री ने संवेदना जताते हुए पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, प्रधानमंत्री ने इंदौर की घटना को लेकर कहा कि जान-माल के नुकसान से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इसी तरह दिल्ली के पालम इलाके में हुई आग की घटना को भी उन्होंने बेहद दुखद बताया और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति प्रकट की।
प्रधानमंत्री मोदी ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मुआवजे की घोषणा करते हुए कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50,000 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
दिल्ली के पालम क्षेत्र में बुधवार सुबह राम मार्केट स्थित एक चार मंजिला इमारत में आग लग गई। इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड और पहली मंजिल पर कपड़े और कॉस्मेटिक का शोरूम था, जबकि दूसरी और तीसरी मंजिल पर परिवार रहता था। इस हादसे में कई लोगों की मौत हो गई।
इंदौर में बंगाली चौराहा क्षेत्र की बृजेश्वरी कॉलोनी में कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग तेजी से फैल गई और पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान घर में रखे गैस सिलेंडरों में विस्फोट भी हुआ, जिससे स्थिति और भयावह हो गई। हादसे में कई लोगों की जान चली गई और मकान का कुछ हिस्सा भी ढह गया। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी घटनाओं से बचने के लिए इलेक्ट्रिक उपकरणों और गैस सिलेंडरों के सुरक्षित उपयोग को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है।

यात्रियों को राहत: एयर इंडिया यूरोप और उत्तरी अमेरिका के बीच 36 अतिरिक्त उड़ानों का संचालन करेगी

17-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) एयर इंडिया ने मंगलवार को कहा कि मध्य पूर्व में तनाव के चलते देश में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की मांग बढ़ने के कारण एयरलाइन यूरोप और उत्तरी अमेरिका के लिए अतिरिक्त उड़ानों का संचालन करेगी। एयर इंडिया ने बताया कि यह उड़ानें इस हफ्ते की शुरुआत से लेकर और अगले हफ्ते के अंत तक के लिए शेड्यूल हैं। 
एयरलाइन के मुताबिक, वह 19 मार्च से 28 मार्च के बीच दिल्ली और मुंबई को लंदन (हीथ्रो), टोरंटो, फ्रैंकफर्ट और ज्यूरिख जैसे प्रमुख गंतव्यों से जोड़ने वाली 36 अतिरिक्त उड़ानें संचालित करेगी। एयरलाइन ने कहा कि इस कदम से इन मार्गों पर 10,000 से अधिक सीटें जुड़ेंगी, जिससे क्षमता बढ़ेगी और ऐसे समय में यात्रा के अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे, जब अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी काफी सीमित हो गई है।
यह अतिरिक्त उड़ानें दिल्ली-लंदन (हीथ्रो), मुंबई-लंदन (हीथ्रो), दिल्ली-फ्रैंकफर्ट, दिल्ली-ज्यूरिख और दिल्ली-टोरंटो के लिए होंगी। इससे पहले मांग को देखते हुए एयर इंडिया ने 10 मार्च से 18 मार्च के बीच 78 अतिरिक्त उड़ानों के संचालन का ऐलान किया था। इन उड़ानों के लिए बुकिंग एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और अधिकृत ट्रैवल एजेंटों सहित सभी माध्यमों से धीरे-धीरे शुरू की जा रही है।
एयर इंडिया ने कहा कि क्षमता में यह वृद्धि यात्रा की मांग और मार्गों की उपलब्धता को प्रभावित करने वाली बदलती भू-राजनीतिक स्थितियों के बीच यात्रियों को सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है। इससे पहले, नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयर इंडिया की यूरोप, अमेरिका और कनाडा जाने वाली लंबी दूरी की उड़ानों के लिए उड़ान शुल्क नियमों में अस्थायी छूट दी थी, क्योंकि ईरान संघर्ष के दौरान हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण एयरलाइन को लंबे मार्गों से उड़ान भरनी पड़ रही थी, जिससे परिचालन और यात्री आवागमन प्रभावित हो रहा था।
इस बीच, इंडिगो ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि वह 16 मार्च से 28 मार्च के बीच पश्चिम एशिया से आने-जाने वाली 252 साप्ताहिक उड़ानें संचालित करेगी। इस अवधि के दौरान एयरलाइन की सेवाओं में सऊदी अरब से आने-जाने वाली लगभग 126 साप्ताहिक उड़ानें, संयुक्त अरब अमीरात से आने-जाने वाली 98 उड़ानें और ओमान से आने-जाने वाली 28 उड़ानें शामिल हैं। हालांकि, इंडिगो ने कहा कि क्षेत्र के कई गंतव्यों – दोहा, कुवैत, बहरीन, दम्माम, फुजैरा, रस अल खैमाह और शारजाह – के लिए परिचालन अस्थायी नेटवर्क समायोजन के तहत 28 मार्च तक निलंबित रहेगा।
 

ईरान के साथ जारी संघर्ष के बीच ट्रंप ने अपनी बीजिंग यात्रा टाली

17-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान से जुड़ा युद्ध जल्द खत्म हो सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि इस संघर्ष के कारण उन्होंने चीन की अपनी तय यात्रा को फिलहाल टाल दिया है, क्योंकि इस समय उन्हें वॉशिंगटन में रहना जरूरी लग रहा है।
जब ओवल ऑफिस में पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान ट्रंप से पूछा गया कि क्या यह युद्ध इसी सप्ताह खत्म हो सकता है, तो उन्होंने कहा कि ऐसा जरूरी नहीं है, लेकिन यह ज्यादा लंबा नहीं चलेगा। उनके मुताबिक, जब यह युद्ध समाप्त होगा तो दुनिया पहले से ज्यादा सुरक्षित हो जाएगी।
ट्रंप ने बताया कि उन्होंने चीन से अपनी यात्रा लगभग एक महीने के लिए टालने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि वे चीन के साथ बातचीत कर रहे हैं और वहां जाना चाहते हैं, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए उन्हें अमेरिका में ही रहना जरूरी लग रहा है। इसलिए उन्होंने यात्रा को करीब एक महीने के लिए आगे बढ़ाने की बात कही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति की चीन यात्रा 28 मार्च से 1 अप्रैल के बीच तय थी, लेकिन अब नई तारीखों की घोषणा नहीं की गई है। ट्रंप ने कहा कि वे चीन जाने के लिए उत्सुक हैं और दोनों देशों के बीच संबंध भी अच्छे हैं। लेकिन मौजूदा युद्ध की स्थिति में उनका अमेरिका में रहना अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई खास रणनीति या चाल नहीं है, बात सीधी है कि युद्ध चल रहा है और ऐसे समय में उनका वॉशिंगटन में मौजूद रहना जरूरी है।
ट्रंप ने ये बातें उस समय कहीं जब उन्होंने ओवल ऑफिस में घरेलू धोखाधड़ी से जुड़ा एक ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद पत्रकारों के साथ हुई लंबी बातचीत में ज्यादातर सवाल ईरान और चल रहे सैन्य अभियान पर ही केंद्रित रहे। राष्ट्रपति ट्रंप ने इस सैन्य कार्रवाई का बचाव करते हुए कहा कि यह कदम उठाना जरूरी था, भले ही वे खुद युद्ध से बचना चाहते थे। उन्होंने कहा कि उन्हें यह फैसला लेना पड़ा और वे खुद भी ऐसा रास्ता नहीं अपनाना चाहते थे।
उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई केवल अमेरिका के लिए नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के हित में की गई है। उनके अनुसार, यह काम दुनिया की सुरक्षा के लिए किया गया है। उन्होंने इस सैन्य कार्रवाई को व्यापक संदर्भ में रखते हुए कहा: “लेकिन हमने दुनिया के लिए काम किया, अपने लिए नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए। अगर कार्रवाई न की जाती तो इसके कहीं ज़्यादा गंभीर परिणाम होते। अगर मैंने वह न किया होता जो मैंने किया तो हम पर हमला हो चुका होता।”
राष्ट्रपति ने दावा किया कि इस संघर्ष के बाद ईरान की सैन्य क्षमता काफी कमजोर हो गई है। उन्होंने कहा कि अब ईरान के पास प्रभावी नौसेना नहीं है, वायुसेना नहीं है, हवाई हमलों से बचाव के हथियार नहीं हैं और नेतृत्व भी कमजोर पड़ गया है। ट्रंप ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि इस स्थिति का असर शेयर बाजार पर ज्यादा पड़ेगा। लेकिन उनके अनुसार, अगर बाजार पर थोड़े समय के लिए असर पड़ता भी है तो यह बहुत बड़ी कीमत नहीं है।
उन्होंने कहा कि सच कहें तो उन्हें लगा था कि शेयर बाजार इससे कहीं ज्यादा नीचे जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उनके अनुसार, अगर कुछ नुकसान भी होता है तो यह बहुत छोटी कीमत है। जब उनसे पूछा गया कि आगे सेना की क्या योजना हो सकती है और क्या जमीन पर सेना भेजने की जरूरत पड़ सकती है, तो ट्रंप ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
 

दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 23 से 25 मार्च तक चलेगा

17-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) दिल्ली सचिवालय में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक के बाद एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 23 से 25 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। कैबिनेट के फैसले के मुताबिक, आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट 23 मार्च को सदन में पेश की जाएगी। 24 मार्च को दिल्ली सरकार 2026-27 के लिए अपना बजट पेश करेगी।
सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक के दौरान, एक और फैसले में दिल्ली कैबिनेट ने दो अहम इंफ़्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स मंजूरी दी, बारापुल्ला फेज-3 एलिवेटेड कॉरिडोर और एमबी रोड पर अंडरपास के साथ एक छह-लेन वाला एलिवेटेड कॉरिडोर, ताकि ट्रैफिक की भीड़ कम हो सके और राष्ट्रीय राजधानी में सफर करना आसान हो जाए।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि इन प्रोजेक्ट्स से लाखों यात्रियों को राहत मिलेगी और दिल्ली के सड़क नेटवर्क को ज्यादा आधुनिक और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि ये पहल ‘विकसित दिल्ली’ बनाने की दिशा में अहम कदम हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में भी योगदान देंगी।
एक बयान में कहा गया कि दिल्ली सरकार ने बारापुल्ला नाले के ऊपर बारापुल्ला फेज-3 एलिवेटेड सड़क के निर्माण के लिए 1,635.03 करोड़ रुपए की संशोधित लागत को मंजूरी दे दी है। यह सड़क सराय काले खां को मयूर विहार से जोड़ती है। यह प्रोजेक्ट मौजूदा बारापुल्ला एलिवेटेड कॉरिडोर का ही विस्तार है। इसके पूरा होने के बाद, यह पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार से दक्षिणी दिल्ली एम्स तक सीधी, सिग्नल-फ्री कनेक्टिविटी देगा।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट से उन लाखों यात्रियों का सफर का समय काफी कम हो जाएगा, जो रोजाना पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच सफर करते हैं। इससे सराय काले खां, रिंग रोड, डीएनडी फ्लाईवे और एनएच-24 के आस-पास ट्रैफिक जाम कम होने की भी उम्मीद है।
बयान में आगे कहा गया है कि दिल्ली सरकार ने इस प्रोजेक्ट को 30 जून, 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि एमबी रोड पर अंडरपास के साथ छह-लेन वाली एलिवेटेड सड़क का यह प्रोजेक्ट साकेत जी-ब्लॉक से पुल प्रह्लादपुर तक फैला होगा। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 1,471.14 करोड़ रुपए है और इसे दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) द्वारा पूरा किया जाएगा। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस प्रोजेक्ट को दो चरणों में लागू किया जाएगा। 

पीएम मोदी से वरुण गांधी ने परिवार के साथ की मुलाकात, बताया राष्ट्र का ‘सच्चा संरक्षक

17-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) भाजपा नेता वरुण गांधी ने अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात को उन्होंने बेहद खास बताते हुए कहा कि यह उनके लिए ‘सौभाग्य’ की बात है और इससे उनका यह विश्वास और मजबूत हुआ है कि प्रधानमंत्री देश और जनता के सच्चे ‘संरक्षक’ हैं।
मुलाकात के बाद वरुण गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी भावनाएं साझा कीं। उन्होंने लिखा, “मुझे अपने परिवार के साथ आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने और उनका आशीर्वाद व मार्गदर्शन प्राप्त करने का सौभाग्य मिला।”
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व और नेतृत्व की भी सराहना की। वरुण गांधी ने कहा, “आपके आभामंडल में पिता समान स्नेह और संरक्षण का भाव है। आपसे हुई भेंट इस विश्वास को और भी दृढ़ बना देती है कि आप देश और देशवासियों के सच्चे अभिभावक हैं।”
राजनीतिक सफर की बात करें तो वरुण गांधी भारतीय जनता पार्टी में एक मजबूत पहचान बना चुके हैं। वह उत्तर प्रदेश की पीलीभीत लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रह चुके हैं और पार्टी के भीतर लगातार सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
वरुण गांधी देश के चर्चित नेहरू-गांधी परिवार से संबंध रखते हैं। वह मेनका गांधी और दिवंगत संजय गांधी के बेटे हैं। संजय गांधी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के छोटे बेटे थे।
उनकी मां मेनका गांधी ने संजय गांधी की 1980 में विमान दुर्घटना में मृत्यु के बाद कांग्रेस और नेहरू-गांधी परिवार के अन्य सदस्यों से अलग होकर भारतीय जनता पार्टी का रुख किया था। बाद में वर्ष 2004 में उन्होंने औपचारिक रूप से भाजपा जॉइन की और अपने बेटे वरुण गांधी के साथ पार्टी में अपनी राजनीतिक पारी को आगे बढ़ाया।
उस समय वरुण गांधी ने भी भाजपा में शामिल होने के अपने फैसले को देशहित में बताया था। उन्होंने कहा था कि मैं मानता हूं कि भाजपा को मजबूत करना और उसमें शामिल होना देश के हित में है, इसलिए मैंने यह फैसला लिया। इसके बाद वरुण गांधी ने पार्टी में तेजी से अपनी पहचान बनाई और साल 2012 में उन्हें भाजपा का महासचिव नियुक्त किया गया। 
 

एचपीवी टीकाकरण अभियान को तेज रफ्तार, दो हफ्तों में 3 लाख किशोरियों को सुरक्षा कवच

17-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) देश में बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए एचपीवी टीकाकरण अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। अभियान की शुरुआत के महज दो हफ्तों के भीतर ही लगभग 3 लाख 14 वर्ष की किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, यह इस महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य पहल की मजबूत और उत्साहजनक शुरुआत है।
मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, गुजरात, ओडिशा और मिजोरम जैसे राज्य इस अभियान में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। इन राज्यों में स्कूलों और समुदायों के सहयोग से टीकाकरण को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है।
ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव में बेहद अहम भूमिका निभाती है, जो महिलाओं में होने वाले सबसे आम कैंसर में से एक है। इस अभियान के प्रति अभिभावकों, स्कूलों और समाज में बढ़ती जागरूकता साफ तौर पर दिखाई दे रही है, जिससे टीकाकरण को व्यापक समर्थन मिल रहा है।
अभियान को शैक्षणिक सत्र के दौरान रणनीतिक रूप से शुरू किया गया है। हालांकि कई क्षेत्रों में परीक्षाएं चल रही हैं, फिर भी टीकाकरण की रफ्तार बनी हुई है। जैसे-जैसे परीक्षा सत्र समाप्त होगा, इस अभियान के और तेज होने की उम्मीद है, जिससे ज्यादा से ज्यादा किशोरियों तक यह जीवनरक्षक टीका पहुंच सकेगा।
स्वास्थ्य विभाग स्कूलों, स्थानीय निकायों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मिलकर टीकाकरण प्रक्रिया को सुगम और सुलभ बनाने में जुटा है। अभिभावकों और अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपनी बेटियों को समय पर टीका लगवाने के लिए प्रोत्साहित करें।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी ने कहा कि यह केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश की बेटियों को कैंसर से सुरक्षित भविष्य देने की एक सामूहिक पहल है।
 

राज्यसभा चुनाव जीतकर दिल्ली पहुंचे नितिन नवीन का हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत

17-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्यसभा चुनाव जीतकर मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे हैं। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हवाई अड्डे पर पहुंचकर उनका स्वागत किया। सांसद मनोज तिवारी और बांसुरी स्वराज ने भी उनका वेलकम किया। वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए। उन्होंने सभी का अभिवादन किया। 
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने नितिन नवीन के राज्यसभा जाने पर उनको बधाई दी। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में जीत को लेकर कहा कि बिहार की पांच की पांचों सीट हमने जीत ली। जबकि ये कहा जा रहा था कि पांचवीं सीट फंस सकती है। विधायकों ने अंतरआत्मा से वोट दिया और पांचवीं सीट भी हम जीत गए। राज्यसभा सदस्य के तौर पर नितिन नवीन पहली बार दिल्ली आए हैं, इसलिए हम लोगों ने उनका स्वागत किया।
सांसद बांसुरी स्वराज ने भी नितिन नवीन के राज्यसभा जाने पर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता को हार्दिक बधाई। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास नीतियों में अपार विश्वास का परिणाम है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी का कार्यकर्ता उनसे रूठा हुआ है।
बता दें कि सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्यसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए इस जीत के लिए एनडीए के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी थी। उन्होंने एनडीए के विजयी उम्मीदवारों को बधाई देते हुए कहा था कि बिहार के लोग एनडीए के नेतृत्व में आगे बढ़ने को तैयार हैं।
नितिन नवीन ने कहा था कि एनडीए पूरी मजबूती से यहां के लोगों के साथ है। अब तक मैं विधानसभा में अपनी बात रखता था, अब यहां की समस्याओं को उच्च सदन में रखूंगा। उन्होंने कहा कि यह जीत न केवल मारी एकजुटता का परिणाम है, बल्कि यह पांच राज्यों में होने वाले चुनाव के पहले की एनडीए की जीत की आहट है।
 

अमित शाह ने मनोहर पर्रिकर को दी श्रद्धांजलि, बताया सादगी और राष्ट्रसेवा का प्रतीक

17-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पूर्व रक्षा मंत्री और गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पर्रिकर को एक दृढ़ राष्ट्रवादी और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व का धनी बताया।
अमित शाह ने कहा कि मनोहर पर्रिकर का जीवन और राष्ट्र के प्रति उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्रिकर न केवल एक कुशल प्रशासक थे, बल्कि अपने सरल स्वभाव और ईमानदारी के लिए भी जाने जाते थे।
अमित शाह ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मनोहर पर्रिकर जी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि। पर्रिकर जी एक दृढ़ राष्ट्रवादी और हृदय से सादगीपूर्ण व्यक्ति थे, उनका जीवन और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान हमेशा याद किए जाएंगे। जननेता के रूप में उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।”
उन्होंने कहा कि मनोहर पर्रिकर ने अपने कार्यकाल में जनसेवा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा। एक जननेता के रूप में उनकी विरासत आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहेगी।
पर्रिकर का राजनीतिक और प्रशासनिक जीवन देश के विकास और सुरक्षा को समर्पित रहा। उनकी कार्यशैली और नेतृत्व क्षमता ने उन्हें देश के प्रमुख नेताओं में एक विशिष्ट स्थान दिलाया। 


 

लोकसभा के 8 सांसदों का निलंबन रद्द, कांग्रेस नेतृत्व की ओर से ‘अफसोस’ व्यक्त करने के बाद लिया गया फैसला

17-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की ओर से पेश किए गए प्रस्ताव के बाद मंगलवार को लोकसभा के आठ विपक्षी सदस्यों का निलंबन रद्द कर दिया गया है। यह प्रस्ताव 8 सांसदों के आचरण के संबंध में कांग्रेस नेतृत्व की ओर से ‘अफसोस’ व्यक्त करने के बाद लाया गया।
अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, मणिक्कम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, सी. किरण कुमार रेड्डी, प्रशांत यदाओराव पाडोले, एस. वेंकटेश और डीन कुरियाकोस के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। सदन की कार्यवाही में बाधा डालने और तीखी बहस के दौरान अध्यक्ष की ओर कागज फेंकने के आरोप में इन सभी आठ सांसदों को 3 फरवरी को बजट सत्र के शेष समय के लिए निलंबित कर दिया गया था।
कांग्रेस के मुख्य सचेतक के. सुरेश ने कार्यवाही के दौरान सदस्यों की ओर से की गई ‘अनजाने में हुई लापरवाही’ पर खेद व्यक्त किया। इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू ने सदन में सांसदों का निलंबन रद्द करने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को समाजवादी पार्टी के धर्मेंद्र यादव और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की सुप्रिया सुले ने समर्थन दिया। सदन को संबोधित करते हुए रिजिजू ने संसदीय कार्यवाही के सुचारू और प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट रूप से परिभाषित सीमा में रहने पर जोर दिया।
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अनुशासन बनाए रखना और संसदीय प्रक्रियाओं का सम्मान करना विधायिका के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक है। उन्होंने संसदीय नियमों के पालन के संबंध में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हुई पिछली चर्चाओं का भी जिक्र किया। सदन में मर्यादा बनाए रखने को लेकर उन्होंने कहा कि अगर हम लक्ष्मण रेखा खींच लें, तो सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलेगी।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री रिजिजू ने कहा कि कल हमने कहा था कि यदि विपक्ष सदन और अध्यक्ष के नियमों का पालन करने में हमारी मदद करता है, तो हम (सत्ता पक्ष) भी ऐसा ही करेंगे। संसदीय कार्य मंत्री ने विपक्ष से भविष्य में सुचारू कार्यवाही सुनिश्चित करने के लिए संसदीय मानदंडों के पालन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता स्पष्ट करने को भी कहा। इसके बाद सदन ने ध्वनि मत से सभी आठ सांसदों का निलंबन रद्द कर दिया, जिससे उन्हें चल रहे बजट सत्र में भाग लेने की अनुमति मिल गई। निलंबन रद्द होने के बाद सांसदों ने संसद परिसर में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
 

किसानों की आय और सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता: लोकसभा में बोले शिवराज सिंह चौहान

17-Mar-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोक सभा में कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने खेती को अधिक लाभकारी और सुरक्षित बनाने पर विशेष जोर दिया है।
शिवराज सिंह ने कहा कि सरकार तंबाकू जैसी हानिकारक फसल के स्थान पर किसानों को लाभकारी विकल्प उपलब्ध करा रही है। जिन क्षेत्रों में तंबाकू की खेती होती है, वहां हाइब्रिड मक्का, मिर्च, शकरकंद, कपास, आलू, चिया, फीड बीन, लोबिया, रागी, रेड ग्राम, गन्ना, सोयाबीन, ज्वार और मूंगफली जैसी फसलों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि किसानों की आय सुरक्षित रह सके।
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि देश में अधिकांश किसानों के पास छोटी जोत है, ऐसे में एक ही फसल पर निर्भर रहना जोखिम भरा होता है। इसे देखते हुए सरकार ने इंटीग्रेटेड फार्मिंग के मॉडल विकसित किए हैं। इन मॉडलों में अनाज, सब्जियां, फल, पशुपालन, मछली पालन, मधुमक्खी पालन और कृषि वानिकी जैसी गतिविधियों को एक साथ अपनाकर सालभर स्थिर आय सुनिश्चित की जा सकती है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गेहूं, धान, दलहन और तिलहन सहित प्रमुख फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि की गई है। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सीजन में MSP पर ऐतिहासिक खरीदी हो रही है। खासकर तुअर, मसूर और उड़द जैसी दलहन फसलों के लिए सरकार ने यह व्यवस्था की है कि पंजीकरण कराने वाले किसानों की पूरी उपज खरीदी जाएगी।
शिवराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अब यदि किसी एक किसान की फसल को नुकसान होता है, तो भी उसे मुआवजा मिलेगा। साथ ही, उपज के आंकड़े आने के बाद 21 दिनों के भीतर बीमा राशि का भुगतान अनिवार्य किया गया है। यदि भुगतान में देरी होती है, तो बीमा कंपनियों और संबंधित राज्य सरकारों को 12% ब्याज के साथ राशि देनी होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के “न खाऊंगा, न खाने दूंगा” के संकल्प के तहत योजनाओं में किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि कृषि रक्षक पोर्टल और अन्य डिजिटल माध्यमों से शिकायतों की निगरानी की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कई राज्यों में किसानों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से फसल बीमा की बड़ी राशि सीधे भेजी गई है। यह सरकार की किसानों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। 
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account