ब्रेकिंग न्यूज

ब्रेकिंग न्यूज

Previous123456789...7475Next

सक्ती वन परिक्षेत्र में अवैध लकड़ी भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, दो आरा मशीनों पर छापा

20-Feb-2026
रायपुर ( शोर संदेश )। वन परिक्षेत्र सक्ती अंतर्गत अवैध लकड़ी भंडारण के विरुद्ध वन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई करते हुए ग्राम तुषार एवं जैजैपुर क्षेत्र में संचालित दो आरा मशीनों पर छापामार कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान अर्जुन प्रजाति की लकड़ी बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित पाई गई।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तुषार स्थित राम टिम्बर आरा मशीन परिसर में 462 नग अर्जुन प्रजाति के लठ्ठे पाए गए, जिनका कुल आयतन 97.200 घन मीटर आंका गया। साथ ही मौके से 2 नग बैंड सॉ मशीन जब्त की गईं। इसी प्रकार जैजैपुर स्थित जी.आर. आरा मशीन में जांच के दौरान 530 नग अर्जुन प्रजाति के लठ्ठे मिले, जिनका कुल आयतन 109.192 घन मीटर मापा गया। यहां से 1 नग बैंड सॉ मशीन भी जब्त की गई। प्राथमिक जांच में संबंधित प्रतिष्ठानों द्वारा लकड़ी के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। अवैध भंडारण की आशंका के आधार पर लकड़ी एवं मशीनों को जब्त कर प्रकरण दर्ज किया गया है। वन विभाग द्वारा नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।








 

कटघोरा वनमंडल की सतर्कता से फंदे में फंसे तेंदुए का सफल रेस्क्यू, शिकारी गिरफ्तार

17-Feb-2026
रायपुर,   ( शोर संदेश ) वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रभावी प्रयासों और वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में कटघोरा वनमंडल ने वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। पाली परिक्षेत्र में फंदे में फंसे तेंदुए का सफल रेस्क्यू कर आरोपी शिकारी की गिरफ्तारी की गई है, यह विभाग की त्वरित कार्यवाही, आधुनिक तकनीक और टीमवर्क की सफलता को दर्शाता है।
उल्लेखनीय है कि बीते 9 फरवरी की रात पाली परिक्षेत्र के लाफा बीट में सूचना मिली कि एक युवा तेंदुआ शिकारी द्वारा लगाए गए फंदे में फंस गया है। सूचना मिलते ही वनमंडलाधिकारी श्री कुमार निशांत के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। कठिन पहाड़ी रास्ते और तेंदुए की आक्रामक स्थिति के बावजूद टीम ने तत्काल रेस्क्यू का निर्णय लिया।
उच्च अधिकारियों की अनुमति के बाद बिलासपुर से पशु चिकित्सक डॉ. चंदन और उनकी टीम को बुलाया गया। रात लगभग 10.40 बजे तेंदुए को सुरक्षित रूप से ट्रैंकुलाइज किया गया और कुछ ही मिनटों में उसे क्लच वायर के फंदे से बाहर निकाल लिया गया। घायल तेंदुए का प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर इलाज के लिए कानन पंडारी भेजा गया। अगले दिन अचानकमार टाइगर रिजर्व से डॉग स्क्वाड टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से सुराग जुटाते हुए आरोपी के घर तक पहुंच बनाई। वहां से शिकार में उपयोग किए गए तार और अन्य सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी विजय कुमार गोंड ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
उपचार के बाद तेंदुए की स्थिति में सुधार होने पर विशेषज्ञों की सलाह से उसे पुनः जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। छोड़ने से पहले क्षेत्र में एंटी-स्नेयर वॉक कर अन्य फंदों की जांच की गई तथा ट्रैप कैमरों और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया। यह सफलता दर्शाती है कि छत्तीसगढ़ में वन्यजीव संरक्षण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। वन विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया, वैज्ञानिक पद्धति और समन्वित प्रयासों से न केवल एक वन्यप्राणी का जीवन बचाया गया, बल्कि वन्यजीव अपराध करने वालों को भी कड़ा संदेश दिया गया है कि ऐसे अपराध अब बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
 

बिलाईगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी: 24 घंटे में लाखों की चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

15-Feb-2026
बिलाईगढ़।   ( शोर संदेश ) बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के नगर पंचायत पवनी में 11 फरवरी की रात हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लाखों की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। टेंट में काम करने वाला कर्मचारी ही शातिर चोर निकला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सोने-चांदी के जेवर, नगदी और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल जब्त कर ली है।
प्रार्थी रामलाल साहू (58 वर्ष) ने 12 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे परिवार सहित कार खरीदने कसडोल गए थे। रात करीब 10 बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और आलमारी से सोने-चांदी के जेवर, 3000 रुपये नगद तथा आधार कार्ड गायब थे।
रिपोर्ट पर थाना बिलाईगढ़ में अपराध क्रमांक 30/2026 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने शादी समारोह में आए टेंट, कैटरिंग और कैमरा कर्मचारियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान कौशिक प्रधान नामक युवक संदिग्ध व्यवहार करते मिला।
डॉग स्क्वॉड की मदद से संदेह पुख्ता हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की पहचान कौशिक प्रधान (19 वर्ष), निवासी अमलीडीह थाना गिधौरी जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 तोला 2 ग्राम सोने के जेवर (कीमत लगभग 5,59,000 रुपये), 800 ग्राम चांदी के जेवर (कीमत लगभग 1,79,500 रुपये), 3000 रुपये नगद तथा घटना में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 30,000 रुपये) जब्त की। कुल बरामदगी लगभग 7,71,000 रुपये आंकी गई है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय और एसडीओपी विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। थाना बिलाईगढ़ की टीम, साइबर सेल और डॉग स्क्वॉड की विशेष भूमिका रही।

 

छत्तीसगढ़ वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: जैजैपुर में दो अवैध आरा मिलें सील, रायपुर से चला अभियान

14-Feb-2026
रायपुर,।   ( शोर संदेश ) वन संरक्षण एवं अवैध लकड़ी परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की गई। वनमण्डलाधिकारी के मार्गदर्शन में सक्ती वन परिक्षेत्र की टीम एवं उड़नदस्ता दल ने संयुक्त रूप से जैजैपुर क्षेत्र में संचालित आरा मिलों पर छापामार कार्रवाई करते हुए दो आरा मिलों को सीलबंद कर दिया।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार हलेश्वर कुमार साहू, तुषार तथा गोपाल प्रसाद चंद्रा जैजैपुर द्वारा संचालित आरा मिलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आवश्यक अभिलेखों एवं वैधानिक प्रावधानों की जांच की गई। जांच उपरांत अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित आरा मिलों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध कटाई एवं लकड़ी के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने में सहायता मिलेगी। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन अपराधों के विरुद्ध आगे भी सतत अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग ने सभी आरा मिल संचालकों से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा विधिसम्मत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

 

 


अवैध महुआ शराब कारोबार पर प्रहार, 600 किलो लाहन पाश नष्ट

06-Feb-2026
महासमुंद। ( शोर संदेश )  महासमुंद जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम बनसिवनी और कमार डेरा क्षेत्र में छापामार अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 247 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की, वहीं करीब 600 किलोग्राम महुआ लाहन पाश को मौके पर ही नष्ट किया गया, जिससे लगभग 1800 लीटर महुआ शराब बनाई जा सकती थी।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना महासमुंद क्षेत्र के ग्राम बनसिवनी में दबे पांव अवैध महुआ शराब बनाने का काम चल रहा है। सूचना के आधार पर 6 फरवरी की सुबह करीब 4 बजे महासमुंद पुलिस टीम ने कमार डेरा, ग्राम बनसिवनी में दबिश दी। मौके से कच्ची महुआ शराब के साथ-साथ शराब बनाने में प्रयुक्त गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई।
इस कार्रवाई में कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 84,400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
247 लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग 49,400 रुपये)
600 किलोग्राम महुआ लाहन पाश (कीमत लगभग 60,000 रुपये, मौके पर नष्ट)
शराब बनाने के उपकरण – गैस टंकी, चूल्हा, बर्तन आदि (कीमत लगभग 35,000 रुपये)
गिरफ्तार आरोपी
चितेश्वर महेश्वरी (42), निवासी बनसिवनी
सुकलाल कंवर (38), निवासी कमार डेरा, बनसिवनी
कन्हैया बंजारे (49), निवासी बनसिवनी
राजेश मांडले (42), निवासी वार्ड नंबर 08, बनसिवनी
नेतराम कमार (28), निवासी बनसिवनी
पोखन टंडन (25), निवासी वार्ड नंबर 08, बनसिवनी
तोष कुमार (35), निवासी बनसिवनी
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

बेलादुला पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 140 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

31-Jan-2026
सरसीवा।  ( शोर संदेश )  अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चौकी बेलादुला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गाडापली से एक अवैध शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 140 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनये वार्ष्णेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती निमीशा पाण्डेय तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजय ठाकुर के मार्गदर्शन में की गई। निरीक्षक वीणा यादव द्वारा अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 जनवरी को देहात भ्रमण के दौरान चौकी बेलादुला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गाडापली निवासी दीपक राम बारले अपने घर के सामने बाड़ी में भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 7 सफेद प्लास्टिक बोरियों में रखी कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। प्रत्येक बोरी में प्लास्टिक झिल्लियों में 100-100 पाउच पाए गए, जिनमें प्रत्येक पाउच में 200 एमएल शराब भरी हुई थी। कुल मिलाकर 140 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 14,000 रुपये बताई गई है, को गवाहों के समक्ष जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
दीपक बारले, पिता आत्माराम बारले, उम्र 35 वर्ष, ग्राम गाडापली, चौकी बेलादुला, थाना सरसीवा
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी संजय नायक, प्रधान आरक्षक बुधराम बंजारे, आरक्षक जीतेन्द्र साहू, लोकनाथ रात्रे, अशोक प्रेमी सहित चौकी के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा। पुलिस ने आगे भी अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।


 

पुलिस पर कार चढ़ाकर भागने की कोशिश, 17 लाख के गांजा के साथ दो तस्कर दबोचे गए

28-Jan-2026
रायपुर। ( शोर संदेश ) पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने और बैरिकेड तोड़ने वाले दो गांजा तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनो आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले है और 17.50 लाख का गांजा तस्करी कर ले जा रहे थे। इसी दौरान जब पुलिस ने आरोपियों की कार रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने एक पुलिसकर्मी पर कार चढ़ा दी थी। इस घटना में आरक्षक बाल-बाल बच गये।
जानिए घटना
आईजी रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के दिशा-निर्देश में नशे के विरूद्ध कार्रवाई हेतु चलाये जा रहे विशेष अभियान ‘‘ऑपरेशन निश्चय‘‘ के तहत मादक पदार्थाे की तस्करी रोकने के साथ ही अवैध रूप से उनकी खरीदी-बिक्री करने वाले लोगों के संबंध में पतासाजी कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है l
इसी दौरान 25 जनवरी को रायपुर ग्रामीण के थाना विधानसभा पुलिस को सूचना मिली कि चार पहिया वाहन में सवार कुछ व्यक्ति वाहन में गांजा की तस्करी करते हुए महासमुंद से रायपुर की ओर आ रहे है। इस सूचना के बाद तस्करों को पकड़ने महासमुंद पुलिस ने नाकाबंदी की थी, जिसे तोड़कर तस्कर फरार हो गए।
इधर, थाना प्रभारी विधानसभा के नेतृत्व में थाना विधानसभा पुलिस की टीम द्वारा तस्करों को पकड़ने विधानसभा क्षेत्र आमासिवनी रिंग रोड नंबर 3 में स्थित ब्रिज के पास नाकेबंदी पाईंट लगाया गया। इसी दौरान चारपहिया वाहन सवार तस्कर पुलिस टीम को देखकर वाहन को रूकवाने के लिए खड़े थे। तस्करों द्वारा पुलिस वाहन व कॉन्स्टेबल को टक्कर मारकर भागने का प्रयास कर रहे थे, जिनकों दौड़ाकर घेराबंदी कर पकड़ा गया।
वाहन में 2 व्यक्ति सवार थे। पूछताछ में अपना नाम राकेश कुमार गुप्ता व अमित सिंह निवासी महाराष्ट्र का बताये। टीम के सदस्यों द्वारा उनके वाहन की तलाशी लेने पर वाहन में रखे बोरियों में अलग-अलग पैकेटों में गांजा रखा होना पाया गया।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 35 किलोग्राम गांजा कीमती 17,50,000 रूपये, गांजा परिवहन में प्रयुक्त किया। कार क्रमांक एमएच 46 सीव्ही 2841 कीमती लगभग 7,00,000 रूपये तथा 2 नग मोबाइल फोन कीमती 20,000 रूपये जुमला कीमती 24,70,000 रूपये जब्त किया। आरोपियों के विरूद्ध थाना विधानसभा में अपराध क्रमांक 30/2026 धारा 20(B)(ii)(C) नारकोटिक एक्ट, 3 लोक संपत्ति का निवारण अधिनियम का अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. राकेश कुमार गुप्ता पिता राधेश्याम गुप्ता उम्र 52 साल निवासी साकुर्ली थाना ठाणे जिला ठाणे महाराष्ट्र।
2. अमित सिंह पिता आजाद सिंह उम्र 35 साल निवासी टोंढरे थाना देना बैंक जिला रायगढ़ महाराष्ट्र।
 

खरोरा में बड़ी कार्रवाई: 1008 पौवा अवैध शराब के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

28-Jan-2026
रायपुर ( शोर संदेश )।  एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट रायपुर एवं थाना खरोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1008 पौवा अवैध शराब बरामद की है, जिसकी कुल मात्रा 181 लीटर 440 मिलीलीटर आंकी गई है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 1 लाख 11 हजार 360 रुपये है, जबकि शराब बिक्री से प्राप्त 19 हजार 100 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। इस प्रकार कुल जब्ती 1 लाख 30 हजार 460 रुपये की हुई है।
पुलिस कार्रवाई में शराब परिवहन एवं संग्रहण में प्रयुक्त स्कूटर क्रमांक CG 04 HQ 2794 को भी जब्त किया गया है। यह कार्रवाई थाना खरोरा, जिला रायपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 56/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
हालेश्वर कुमार साहू (28 वर्ष), निवासी ग्राम सारागांव, वार्ड क्रमांक 08, पुराना गौरा चौक, थाना खरोरा
चन्द्रशेखर साहू (21 वर्ष), निवासी ग्राम सारागांव भाठापारा, वार्ड क्रमांक 02, थाना खरोरा
अजय धीवर (21 वर्ष), निवासी खरोरा, वार्ड क्रमांक 10, थाना खरोरा
कार्रवाई का विवरण
पुलिस अधीक्षक रायपुर श्वेता सिन्हा श्रीवास्तव के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
26 जनवरी को मुखबिर से विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम सारागांव निवासी हालेश्वर साहू एवं चन्द्रशेखर साहू अपने चाचा मोहन साहू के ब्यारा में भारी मात्रा में अवैध शराब डंप कर ग्राहकों को बेच रहे हैं। सूचना की तस्दीक पर थाना खरोरा पुलिस एवं साइबर क्राइम यूनिट की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को मौके पर अवैध शराब बिक्री करते हुए पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान अलग-अलग प्लास्टिक बोरियों में रखी देशी मदिरा मसाला शोले, देशी मदिरा मसाला शेरा, गोवा स्पेशल एवं गोल्डन गोवा स्पेशल अंग्रेजी व्हिस्की के कुल 1008 पौवा बरामद किए गए। शराब रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पूरी शराब एवं नकद राशि गवाहों के समक्ष जब्त की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि अजय धीवर द्वारा स्कूटर से शराब लाकर बिक्री के लिए पहुंचाई जाती थी। इसके बाद पुलिस ने अजय धीवर को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने स्कूटर को भी जब्त कर लिया।
तीनों आरोपियों को आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत गिरफ्तार कर उनके परिजनों को सूचना दी गई है तथा उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।

अजित पवार की विमान हादसे में मौत, बारामती में क्रैश हुआ विमान

28-Jan-2026
मुंबई (शोर संदेश)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार सुबह को विमान हादसे में निधन हो गया। यह दुर्घटना पुणे जिले के बारामती में लैंडिंग के दौरान हुई, जब उनका विमान रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में अजित पवार सहित विमान में सवार पांच लोगों की मौत हो गई है। चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद विमान में आग लग गई और मौके से धुआं उठता देखा गया। प्लेन ने मुंबई से उड़ान भरी थी और लगभग एक घंटे के बाद ही क्रैश हो गया।
प्रचार के लिए जा रहे थे अजित पवार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुणे जिले के बारामती में बुधवार को सुबह 8:45 बजे लैंडिंग के दौरान एनसीपी प्रमुख का विमान हादसे का शिकार हो गया। एनसीपी प्रमुख अजित पवार सुबह मुंबई से बारामती में जिला परिषद चुनाव के प्रचार के लिए निकले थे। उन्हें 9:30 बजे एक जनसभा को संबोधित करना था। जैसे ही उनका विमान बारामती में लैंड करने की कोशिश कर रहा था, वह दुर्घटना का शिकार हो गया और हवाई पट्टी के पास खेत में गिर गया। घटना के बाद मौके से धुआं उठता देखा गया, जिसके तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
हादसे में 5 लोगों की मौत
हादसा इतना भीषण था कि विमान में तुरंत आग लग गई और उसमें सवार कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं बचा। डीजीसीए द्वारा दी गई प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मुंबई-बारामती चार्टर विमान में सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार भी शामिल थे।
विमान जलकर खाक
लैंडिंग के वक्त विमान के दुर्घटनाग्रस्त होते ही हवाई पट्टी पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। विमान में अजित पवार, एक PSO और एक अटेंडेंट के अलावा दो क्रू मेंबर सवार थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विमान में तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ।

 

मुंगेली में धान खरीदी घोटाले का पर्दाफाश, 8.14 करोड़ की धोखाधड़ी में 5 आरोपी गिरफ्तार

21-Jan-2026
रायपुर( शोर संदेश ) मुंगेली जिले में धान खरीदी एवं परिवहन के मामले में गड़बड़ी के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। आईसीसीसी मार्कफेड रायपुर से प्राप्त अलर्ट के आधार पर की गई जांच में धान के अवैध ओवरलोडिंग, फर्जी वाहनों से परिवहन तथा रिसायक्लिंग के गंभीर मामले उजागर हुए हैं। जांच में यह सामने आया कि धान उठाव करने वाले वाहनों द्वारा वास्तविक क्षमता से 200 प्रतिशत से लेकर 1116 प्रतिशत तक अधिक ओवरलोडिंग कर अवैध परिवहन किया गया।
कलेक्टर कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशानुसार खाद्य विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई विस्तृत जांच में राइस मिलरों, समिति प्रबंधकों एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों द्वारा संगठित रूप से फर्जीवाड़ा कर शासन को 8 करोड़ 14 लाख रुपए से अधिक की आर्थिक क्षति पहुंचाने का खुलासा हुआ है। इस गंभीर प्रकरण में विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज कर 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ आरोपी फरार हैं।
जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों द्वारा जानबूझकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए, पीडीएस चावल का वितरण नहीं किया गया, फर्जी वाहन नंबरों के माध्यम से धान का परिवहन दर्शाया गया तथा वास्तविक मात्रा से अधिक धान उठाव दिखाकर शासन को नुकसान पहुंचाया गया। प्रारंभिक जांच में लगभग 11 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी एवं परिवहन में अनियमितता के प्रमाण मिले हैं।
नवागांव घुठेरा समिति द्वारा उपलेटा राइस मिल से मिलीभगत कर 74 जीपीएस युक्त एवं 40 से अधिक बिना जीपीएस वाहनों के माध्यम से धान का अवैध परिवहन किया गया। इसी प्रकार, सिंघनुपरी उपार्जन केन्द्र द्वारा एसएस फूड के साथ मिलकर 4,542 क्विंटल धान का बिना जीपीएस वाहन से परिवहन, छटन उपार्जन केन्द्र द्वारा दीपक राइस मिल एवं नवकार मिल के साथ मिलकर 3,589 क्विंटल धान का अवैध परिवहन तथा झगरहट्टा उपार्जन केन्द्र द्वारा वर्धमान राइस मिलर्स के साथ अनियमितता किए जाने पर कार्रवाई की गई है।
इन मामलों में अब्दुल सत्तार पिता गुलाम कादर निवासी दाउपारा, विकास पाण्डेय पिता विनय पाण्डेय निवासी भटगांव-मुंगेली, महावीर जैन पिता ललित जैन, संतोष साहू पिता बलदाऊ, श्रीधर परिहार पिता हितकिशोर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं अब्दुल समद, ललित जैन, नवेन्द मेनन एवं अनिल जांगड़े फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
अन्य थानों में भी दर्ज हुए प्रकरण
थाना फास्टरपुर में अपराध क्रमांक 12/2026 एवं थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 09/2026 के तहत भी धान उपार्जन केन्द्रों में फर्जी परिवहन, धोखाधड़ी एवं अनियमितताओं के मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में भी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
जिला प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा फर्जीवाड़ा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी तथा फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।




 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account