
कवर्धा (शोर सन्देश)। राजधानी से करीब 140 किमी दूर स्थित कवर्धा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। कवर्धा में 12वीं पीढ़ी के राजा योगेश्वर राज सिंह पर मारपीट का आरोप लगा है। ये आरोप उन्हीं की बहन और भांजी ने लगाई है। योगीराज के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए बहन और भांजी आधी रात को कोतवाली थाना पहुंच गई। बताया जा रहा है कि मामला पारिवारिक है। बहन और भांजी पैलेस से बाहर कहीं गई हुईं थीं। शाम को वापस आने पर राजा ने उन्हें दरवाजा से धक्का देकर बाहर निकाल दिया, जिससे नाराज होकर बहन और भांजी थाने पहुंची हैं। योगीराज की भांजी ने मीडिया में बयान दिया है कि उनके मामा राजा योगेश्वर राज सिंह ने मेंटल हैरेसमेंट किया है। चेस्ट पर हाथ लगाकार धक्का दिया। हमें घसीटा जिससे हमारे कपड़े भी फट गए. उन्होंने हमें धमकी दी महल से निकल जाओ, वरना खून खराबा हो सकता है। उनका कहना है कि नानी के निधन के बाद हम पैलेस आए थे, लेकिन मामा सुबह से घर से बाहर जाने की बात कह रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मेरे माता-पिता को रायपुर में डॉक्टर को दिखाने के लिए जाना था। इसलिए वो हमें महल में छोड़कर जाने की बात कह रहे थे, जिस पर मामा ने कहा कि सामान ले जाओ, वापस मत आना, बेटी को यहां छोड़ोगे, तो खून खराबा भी हो सकता है। आज शाम हम शॉपिंग करने गए थे. वापस आए, तो मामा गेट से हमें बाहर निकालने लगे। मामा ने हमें घसीटा है, कपड़े भी फाड़ दिए हैं। उन्होंने मांग की है कि मामा योगेश्वर राज सिंह के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए।
इस मामले में एसपी सलभ सिन्हा ने बताया कि परिवार में आपसी विवाद हुआ है। फिलहाल सूचना के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। आगे जांच में जो भी बात सामने आएगी, उसके हिसाब से कार्रवाई करेंगे।

रायपुर (शोर सन्देश)। राजधानी में गुरूवार देर रात दो थाना इलाको में नशे के चलते हत्या के मामले सामने आए है, जिसमें दोनों मामलो में आरोपी फरार है। देर रात सुदामा नगर में अपनी पत्नी को पूछने ससुराल आए पुराने हिस्ट्रीशीटर की पत्नी के परिवार वालों ने सिर पर भारी पत्थर पटककर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक मृतक भोले सिंह क्षत्री अपनी पत्नी की पतासाजी के लिए सुदामा नगर स्थित अपने ससुराल पहुंचा था, जहां मृतक और उसके सालों के बीच नशे की हालत में विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने घर के पास पड़े भारी पत्थर उसके सर पर दे मारा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मृतक टिकरापारा थाना इलाके का हिस्ट्रीशीटर बदमाश था। फिलहाल मृतक के हत्यारे साले फरार बताए जा रहे है। वहीं हत्या की दूसरी वारदात रायपुर से लगे माना इलाके में सामने आई। जहां नशे की हालत में दोस्तों ने अपने ही दोस्त की चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि देर रात मृतक देववृत विश्वास अपने दोस्तों के साथ माना कोविड अस्पताल के सामने बैठे थे उसी दौरान विवाद हुआ और उसके अज्ञात दोस्तो ने चाकू से ताबड़तोड़ कई वार किये जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक 22 वर्षीय मृतक देववृत विश्वास 11 ब्लाक माना इलाके में रहता है और इलाके में स्थित कपड़ा दुकान में काम करता है। साथ ही मृतक भी नशे का आदी बताया जा रहा है। इस मामले में भी अज्ञात हत्यारे पुलिस गिरफ्त से बाहर बताये जा रहे है। गौरतलब है कि मामुली विवाद के चलते नशे में हत्या का कोई पहला मामला नही है पिछले दो हफ्तों की बात करे तो राजधानी में 4 से ज्यादा हत्याए हो चुकी है। और करीब 50 से ज्यादा चाकूबाजी में लोग घायल हुए हैं। फिलहाल माना थाना पुलिस अज्ञात आरोपियो के पतासाजी में जुटी हुई है।

बालोद (शोर सन्देश)। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जनमेजय महोबे ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (अर्हता तिथि 1 जनवरी 2021 के संदर्भ में) कार्यक्रम संपन्न कराया जा रहा है। पुनरीक्षण कार्यक्रम अनुसार निर्वाचक नामावलियों का प्रारंभिक प्रकाशन 16 नवम्बर 2020 को किया गया है। निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2021 में नाम जोड़ने, विलोपित करने तथा संशोधित करने संबंधी कार्य मतदान केन्द्र में नियुक्त अभिहित अधिकारी तथा बी.एल.ओ. के माध्यम से 15 दिसम्बर तक किया जाएगा। उक्त अवधि में मतदाता मतदान केन्द्र में जाकर निर्वाचक नामावली का अवलोकन किया जा सकता है। 21 नवम्बर 2020(शनिवार), 22 नवम्बर (रविवार, 12 दिसम्बर (शनिवार) एवं 13 दिसम्बर 2020 (रविवार) को विशेष शिविर का आयोजन किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कोई भी नागरिक जिसकी उम्र 01 जनवरी 2021 को 18 वर्ष पूर्ण हो गया है अथवा जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। वह अपने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र में जाकर अपना नाम फार्म-6 में भरकर प्रस्तुत कर सकते हैं। किसी मतदाता के नाम में आक्षेप करना चाहते हैं तो फार्म-7 के माध्यम से विलोपन की कार्यवाही किया जा सकता है। निर्वाचक नामावली में दर्ज प्रविष्टि की सुधार के लिए फार्म-8 प्रस्तुत कर सकते हैं। अन्यत्र स्थानांतरण के लिए फार्म-8(क) के माध्यम से किया जा सकता है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए आॅनलाईन सुविधा प्रदान की गई है। जो मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छ.ग. के वेबसाईट सीईओछत्तीसगढ़ डाॅट एनआईसी डाॅट इन में जाकर एनवीएसपी पोर्टल में क्लिक कर आॅनलाईन दावा/आपत्ति किया जा सकता है। लोक सेवा केन्द्रों के माध्यम से भी किया जा सकता है। जिले में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए रजिस्ट्रीकरण/सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त की गई है। विधानसभा क्षेत्र 59-संजारी बालोद के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्रीमती सिल्ली थाॅमस, अनुविभागीय अधिकारी(रा.) बालोद, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी श्रीमती रश्मि वर्मा तहसीलदार बालोद एवं सुब्रत प्रधान प्र.तहसीलदार(डिप्टी कलेक्टर) गुरूर, विधानसभा क्षेत्र 60-डौण्डीलोहारा के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ऋषिकेश तिवारी अनुविभागीय अधिकारी (रा.) डौण्डीलोहारा, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रामरतन दुबे तहसीलदार डौण्डीलोहारा, सुश्री प्रतिमा ठाकरे तहसीलदार डौण्डी, विधानसभा क्षेत्र 61-गुण्डरदेही के लिए रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भूपेन्द्र अग्रवाल अनुविभागीय अधिकारी (रा.) गुण्डरदेही एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अश्वन पुसाम तहसीलदार गुण्डरदेही नियुक्त किया गया है। संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा जिला निर्वाचन कार्यालय बालोद से सम्पर्क कर निर्वाचक नामावलियों में होने वाली समस्याओं का निराकरण किया जा सकता है।

बेमेतरा (शोर सन्देश)। राज्य शौर्य पुस्कार प्रति वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह 26 जनवरी को राज्य के वीर बच्चों को राज्य शौर्य पुरस्कार से पुरस्कृत करते है, इस वर्ष भी पुरस्कार के लिए छत्तीसगढ़ राज्य बाल कल्याण परिषद द्वारा जिले के वीर बच्चों से आवेदन आमंत्रित है, योजना की प्रमुख बिन्दू निम्नानुसार हैः-बालक/बालिका द्वारा अपने जान की परवाह किये बिना दूसरे की जान बचाने हेतु वीरता का कार्य किया गया। (कानूनी प्रावधान के अनुसार किया गया वीरता कार्य) घटना दिनांक को बालक/बालिका की आयु 18 वर्ष से अधिक न हो। शौर्य कार्य की अवधि 1 जनवरी 2020 से 31 दिसंबर 2020 के मध्य हो। आवेदन पत्र सक्षम प्राधिकारी तथा जिला कलेक्टर द्वारा अनुशंसित होना आवश्यक है। जिसके लिए आवश्यक प्रमाण पत्र हैं जिला कलेक्टर द्वारा अनुशंसा पत्र, एफ.आई.आर. की प्रति अथवा पुलिस डायरी, समाचार पत्रो की प्रति जो इस बाबत् प्रकाशित हुआ हो। बालक/बालिका के दो पासपोर्ट साईज के वर्तमान रंगीन फोटो ग्राफ्स/सक्षम अधिकारी द्वारा प्रमाणित एवं 04 अतिरिक्त पासपोर्ट साईज के फोटो। घटना का विस्तृत विवरण प्रतिवेदन सक्षम अधिकारी द्वारा सत्यापित (पुलिस या अन्य विभाग) आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 31 दिसम्बर 2020। पुरस्कृत बालक/बालिकों को मेडल प्रशस्ति-पत्र, नगद पुरस्कार राशि 15000/- एवं प्रति वर्ष छात्रवृत्ति प्राप्त होगी। 1 जुलाई 2019 से 31 दिसंबर 2020 तक के बीच जिन बच्चों ने सहासिक कार्य किया हो वे 31 दिसंबर 2020 तक आवेदन पत्र कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग कोबिया जिला बेमेतरा छ.ग. में कार्यालयीन समयावधि में जमा कर सकते हैं।

जगदलपुर (शोर सन्देश)। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अलावा अलग-अलग राज्यों में नशे के सौदागरों पर की गई कार्रवाई के आंकड़े भी जारी किए जा रहे हैं देश के 6 बड़े राज्यों में पूरे राज्य की पुलिस जितना गांजा पकड़ती है उससे कहीं ज्यादा गांजा अकेले बस्तर की पुलिस ही पकड़ लेती है। गांजा पकड़ने के अलावा इस मामले में आरोपियों को सजा दिलाने का रेट भी कई राज्यों की पूरी कार्रवाई के रेट से कहीं ज्यादा है। हाल ही में बस्तर पुलिस ने गांजा सप्लाई पर कार्रवाई के जो आंकड़े जारी किए हैं वे अपने आप में रिकॉर्ड कार्रवाई की कहानी बयां कर रहे हैं। 2015 से 2018 के बीच के आंकड़ों के हिसाब से बस्तर पुलिस ने 78019 किलो गांजा पकड़ा है। जबकि बाकी 6 राज्यों की पुलिस में से एक भी राज्य की पुलिस इस आंकड़े तक नहीं पहुंच पाई। इधर बस्तर पुलिस ने पिछले 5 साल(2016-20) में 85577 किलो गांजा अकेले ही पकड़ लिया है।
बस्तर पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि बस्तर तस्करों का रास्ता है बस्तर पुलिस इस बात को जानती है और यही कारण है कि हम कोशिश करते हैं कि बॉर्डर पार होते ही तस्करों को पकड़ लिया जाए। हमारी पुलिस ने हाल में बहुत अच्छा काम किया और कई रिकार्ड कार्रवाइयां भी की है। हमारी कार्रवाई को इससे ही समझा जा सकता है कि पिछले 8 महीनों में ही हमने 7 टन से ज्यादा गांजा पकड़ा है। अभी पूरे देश में गांजा की सप्लाई के लिए बस्तर की सड़कें लाइफलाइन का काम कर रही हैं। तस्कर ओडिशा से गांजा खरीदकर बस्तर के रास्ते हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, बिहार जैसे राज्यों में खपाने की कोशिश करते हैं। बस्तर पुलिस इन तस्करों पर तो कार्रवाई कर ही रही है और अब सप्लायरों को भी गिरफ्तार किया जा रहा है।

00 आयोग में आज 13 प्रकरणों की हुई सुनवाई
रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ किरणमयी नायक ने रायपुर के पंजीकृत प्रकरणों की सुनवाई की। आज की सुनवाई में अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक के समक्ष एक उल्लेखनीय शिकायत प्रकरण प्रस्तुत हुआ, जिसमें शिकायतकर्ता तिल्दा नेवरा की पार्षद, जिसने जोन कमिश्नर के खिलाफ शिकायत की थी, जिसमें उभयपक्षों को सुनने के बाद जोन कमिश्नर ने अपनी गलती स्वीकार कर, क्षमा मांगी और भविष्य में ऐसा नहीं करने की बात कही है। महिला पार्षद अपने मोहल्लेंवासियों की शिकायत पर बिल्डर के द्वारा अवैध निर्माण किये जाने पर धरने पर बैठी थी। उक्त प्रकरण में अधिकारी ने महिला पार्षद को धमकी देने एवं प्रताड़ित करने की मंशा से नोटिस जारी किया, जिससें महिला पार्षद व्यथित होकर, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग में शिकायत की थी। इस प्रकरण का निराकरण आपसी बातचीत से किया गया। इसी तरह आयोग के समक्ष एक उल्लेखनीय प्रकरण में शिकायतकर्ता महिला की शिकायत झूठी पाई गयी, उक्त प्रकरण में महिला शिकायतकर्ता के द्वारा जल संसाधन विभाग के विरूद्ध भुगतान को लेकर शिकायत की गई थी। महिला शिकायतकर्ता और अनावेदक पक्ष को सुनकर शिकायत में यह पाया गया की शिकायतकर्ता की शिकायत झूठी है, इसलिए प्रकरण निराकृत किया गया।
एक अन्य प्रकरण में शिकायतकर्ता महिला की शिकायत पर अनावेदकगण के विरूद्ध शिकायत की गई, जिसमें उभयपक्षों को सुना गया, दोनों पक्षों ने सगाई में दिये गये सामानों को एक-दूसरे को वापस किया तथा उभयपक्षों ने नगद राशि वापस करने हेतु आयोग से समय की मांग की। आज की में सुनवाई के लिए रायपुर जिले से 15 प्रकरण एवं दुर्ग जिले से 07 प्रकरण अर्थात् कुल 22 प्रकरण रखे गये थे। आज 13 प्रकरणों में ही पक्षकार उपस्थित हुए, जिसमें 02 प्रकरणों का सुनवाई पश्चात् निराकरण किया गया। अनेक प्रकरणों में पक्षकार के उपस्थिति नहीं होने पर अगली सुनवाई की तिथि निर्धारित की गई है। आयोग द्वारा पति-पत्नी विवाद, दैहिक शोषण, मारपीट, प्रताड़ना, दहेज प्रताड़ना, कार्यस्थल पर प्रताड़ना, घरेलू हिंसा से सम्बंधित प्रकरणों की सुनवाई की गई।

00 एसडीओपी ने दिए बड़ी कार्रवाई के संकेत
रायगढ़ (शोर सन्देश)। जुए और सट्टे को लेकर खरसिया पूरे प्रदेश में बदनाम रहा है। वहीं रायगढ़ एसपी संतोष सिंह के सख्त निर्देश के बाद खरसिया एसडीओपी ने स्पष्ट किया है कि पुलिस प्रशासन तू डाल-डाल मैं पात-पात की तर्ज पर चौकन्ना होकर हर गतिविधि पर नजर गड़ाए हुए है। एसडीओपी पीताम्बर पटेल ने ब्लॉक के सभी थानों एवं चौकियों में जुए तथा सट्टेबाजी पर कार्रवाई के निर्देश के साथ स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलाने वालों के मोबाइल लोकेशन ट्रैक किए जा रहे हैं। वहीं दीपावली के मद्देनजर शहर में लगने वाले जुवा फडों पर पैनी नजर रखी जा रही है। एसडीओपी पटेल ने कहा कि अपराधी कितनी भी चालाकी क्यों ना करें, कितनी भी सिम मोबाइल अथवा लोकेशन चेंज क्यों ना करें, परंतु उनका दायरा सीमित है। वहीं कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं जो अपराधियों तक आसानी से पहुंच जाते हैं।

00 जिला न्यायालय में 31 को आयोजित होगा ‘ई-मेगा कैम्प‘
रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर के माघ्यम से आगामी 31 अक्टूबर शनिवार के दिन जिला न्यायालय रायपुर परिसर में ‘ई-मेगा कैम्प‘ का आयोजन किया जाएगा। ई प्लेटफार्म के माध्यम से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा कार्यक्रमों सें अवगत कराया जाएगा। इस आयोजन के संबंध में जिला न्यायाधीश रामकुमार तिवारी, कलेक्टर डाॅ एस.भारतीदासन एवम अन्य अधिकारियों के मध्य बैठक आयोजित हुई। इस बैठक के बाद रायपुर कलेक्टर ने इस आयोजन के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन किया है, जिसमे विभिन्न विभागों के अधिकारियों को शामिल किया गया है। समिति में अपर कलेक्टर बी.सी. साहू अध्यक्ष एवं उप संचालक समाज कल्याण सदस्य-सचिव होंगे। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, सहायक श्रमायुक्त, सहायक परियोजना अधिकारी, साक्षर भारत कार्यक्रम, ई डिस्ट्रीक्ट मैनेजर (च्वाईस) सदस्य बनाये गये हैं। कलेक्टर ने समिति को सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर से सतत् समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर के सचिव उमेश उपाघ्याय ने बताया कि आयोजन के प्रांरभिक सत्र का सीधा प्रसारण प्रातः 10:30 बजे से हाई कोर्ट ,बिलासपुर से होगा। राज्य स्तरीय आयोजन का उद्घाटन, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा करेंगे। इसके बाद जिला न्यायालय में होने वाले आयोजन का प्रसारण भी ई-प्लेटफार्म के माध्यम से किया जाएगा। इसे रायपुर जिले के अधीनस्थ न्यायालयों के साथ-साथ करीब सौ स्कूलों में भी सीधा प्रसारण किया जाएगा। इसके अलावा जिला न्यायालय, डिसट्रिक्ट रायपुर और स्मार्ट सिटी रायपुर के फेसबुक के माध्यम से भी आम नागरिक सीधा देख और सुन सकेगें। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से गरीबी उन्मूलन योजनाओं में केन्द्रित होगा। सचिव श्री उपाध्याय ने यह भी बताया कि कल्याणकारी योजनाओं तथा कार्यक्रमों से जुड़ी समस्याओं का निराकरण किये जाने के संबंध में मोबाइल एप ``न्याय `(एन वाय ए वाय) के शिकायत पेटी के माध्यम से भी शिकायत कर सकते है। पात्र आवेदकों के आवेदनों पे भी इस पर कार्यवाही की जाती है और प्रकरणो को सालसा की ओर प्रेषित किया जाता है। इसी तरह नालसा के टोल फ्री नं- 15100 के द्वारा भी इन योजनाओं का लाभ लेने हेतु संपर्क किया जा सकता है।

बिलासपुर (शोर सन्देश)। राज्य स्थापना दिवस 1 नवंबर के अवसर पर सभी मुख्य शासकीय भवनों में रोशनी की जाएगी। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस संबंध में परिपत्र जारी किया गया है। कलेक्टर बिलासपुर द्वारा सभी विभागों एवं कार्यालयों को इसके लिये आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बिलासपुर (शोर सन्देश)। बिलासपुर में राजस्व मण्डल के निर्माणाधीन भवन का आज संभागायुक्त डाॅ.संजय अलंग ने निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बिलासपुर में पुराने राजस्व मण्डल कार्यालय के भवन के समीप ही 6 करोड़ 11 लाख की लागत से नये भवन का निर्माण किया जा रहा है। वर्ष 2017 में स्वीकृत यह भवन पूर्णता की ओर है। संभागायुक्त ने पूरे भवन का विस्तृत मुआयना किया। यहां बनाये गये तीन कोर्ट रूम, रिकार्ड रूम का जायजा लिया। कुर्सी, टेबल एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। दिव्यांगों की सुविधा की दृष्टि से भवन में निर्माण कार्य करने कहा। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर मनोज केसरिया, डिप्टी कलेक्टर विरेन्द्र लकड़ा एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारी उपस्थित थे।