ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में सेना की बड़ी कार्रवाई, घुसपैठ की कोशिश नाकाम, दो आतंकी ढेर

05-Oct-2024
जम्मू-कश्मीर   के कुपवाड़ा जिले में सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई. कुपवाड़ा के गुगलधार क्षेत्र में घुसपैठ की जानकारी मिलने के बाद भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मिलकर कार्रवाई शुरू की.
कई घंटों तक चले इस मुठभेड़ में सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया. उनके पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया. सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है.
घुसपैठ की कोशिश नाकाम
भारतीय सेना ने बताया कि सुरक्षा बलों ने कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया. श्रीनगर स्थित चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि गुगलधार में संदिग्ध गतिविधियों को देखने के बाद जब घुसपैठियों को चुनौती दी गई, तो गोलीबारी शुरू हो गई.
सर्च ऑपरेशन जारी
सेना ने बताया कि गुगलधार में सर्च ऑपरेशन अभी भी चल रहा है, जिसमें सेना और पुलिस की संयुक्त टीम लगी हुई है.
कठुआ में एक आतंकी ढेर
हाल ही में जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में सुरक्षा बलों ने एक आतंकवादी को मार गिराया था. मारे गए आतंकी के जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने का संदेह था. इसके अलावा, राजौरी जिले के थानामंडी क्षेत्र में भी एक मुठभेड़ शुरू हुई, जब सुरक्षा बलों को दो आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली.
मनियाल गली में तलाशी अभियान
थानामंडी के मनियाल गली में खुफिया जानकारी के आधार पर सुरक्षा बलों ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया. आतंकियों का पता लगते ही दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई.

'युवाओं को ड्रग्स की अंधेरी दुनिया में ले जाना चाहती है कांग्रेस', अमित शाह का करारा हमला

04-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )   दिल्ली से जब्त ड्रग्स को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां मोदी सरकार 'नशामुक्त भारत' के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है, वहीं उत्तर भारत से पकड़ी गई ड्रग्स की ₹5,600 करोड़ की खेप में कांग्रेस के एक प्रमुख व्यक्ति की संलिप्तता बेहद खतरनाक और शर्मनाक है।
दरअसल, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को आरोप लगाया कि ड्रग कारोबार से जुड़े 5,600 करोड़ रुपये की जब्ती के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी को भारतीय युवा कांग्रेस की दिल्ली इकाई के सूचना का अधिकार (आरटीआई) प्रकोष्ठ का अध्यक्ष बनाया गया है। इससे पहले पुलिस ने भी बताया था कि मुख्य आरोपी के एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के नेताओं के साथ कथित संबंध होने का पता चला है। भारत और विदेश के करीब एक दर्जन लोग पश्चिम एशिया के देशों से भारत में प्रतिबंधित मादक पदार्थों की तस्करी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह में कथित रूप से संलिप्त थे।
इसे लेकर कांग्रेस पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के शासन में ड्रग्स से पंजाब, हरियाणा और समग्र उत्तर भारत में युवाओं का जो हाल हुआ, वह सभी ने देखा है। मोदी सरकार युवाओं को खेल, शिक्षा और इनोवेशन की ओर ले जा रही है, तो वहीं कांग्रेस उन्हें ड्रग्स की अंधेरी दुनिया में ले जाना चाहती है। कांग्रेस नेता द्वारा अपने राजनीतिक रसूख से युवाओं को ड्रग्स के दलदल में झोंकने का जो पाप किया जाना था, उन इरादों को मोदी सरकार कभी पूरा नहीं होने देगी। हमारी सरकार, ड्रग्स के कारोबारियों का राजनीतिक पद या कद देखे बिना, ड्रग्स के पूरे तंत्र का विनाश कर 'नशामुक्त भारत' बनाने के लिए संकल्पित है।
क्या है मामला?
पुलिस ने बुधवार को दक्षिण दिल्ली के महिपालपुर में एक गोदाम से 560 किलोग्राम से अधिक कोकीन और 40 किलोग्राम ‘हाइड्रोपोनिक मारिजुआना’ जब्त किया था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 5,620 करोड़ रुपये आंकी गई थी। मामले में विशेष शाखा ने चार लोगों दिल्ली निवासी तुषार गोयल (40), हिमांशु कुमार (27) और औरंगजेब सिद्दीकी (23) तथा मुंबई निवासी भरत कुमार जैन (48) को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने गोदाम में बोरियों में रखे गए 602 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ भी जब्त किए थे।
कांग्रेस का नाम कैसा आया?
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था कि भारत में संचालित गिरोह के पीछे गोयल का दिमाग है। पूछताछ में पता चला कि चारों आरोपी दिल्ली और अन्य महानगरों में कंसर्ट, रेव पार्टी आदि में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ बेचने की साजिश रच रहे थे। जांच के दौरान एक सोशल मीडिया खाते से गोयल की कई फोटो मिली हैं, जिसमें वह कांग्रेस के नेताओं के साथ दिखाई दे रहा है। गोयल के कथित फेसबुक खाते में उसकी 'प्रोफाइल पिक्चर' में एक बाघ की तस्वीर है और उसने अपना परिचय 'भारतीय युवा कांग्रेस, डीवाईपीसी के दिल्ली प्रदेश आरटीआई प्रकोष्ठ का अध्यक्ष' लिखा है। हालांकि, युवा कांग्रेस ने एक बयान में कहा कि उसे पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 17 अक्तूबर, 2022 को संगठन से निष्कासित कर दिया गया था। 

अशोक तंवर ने थामा कांग्रेस का हाथ

04-Oct-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )   हरियाणा विधानसभा चुनाव में मतदान से पहले बड़ी राजनीतिक उलटफेर हुई है। भाजपा नेता और पूर्व सांसद अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की मौजूदगी में अशोक तंवर ने कांग्रेस में घर वापसी की है। अशोक तंवर कांग्रेस की टिकट पर साल 2009 से 2014 तक लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं। हालांकि, उसके बाद उन्होंने तृणमूल कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और फिर भाजपा का हिस्सा रहे। साल 2024 में वो भाजपा के टिकट पर सिरसा से लोकसभा चुनाव भी लड़े लेकिन जीत नहीं पाए। अब वापस अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। बता दें, मतदान से दो दिन पहले अशोक तंवर का ये कदम भाजपा के लिए काफी चौंकाने वाला होगा।
मंच पर राहुल से मिले तंवर
अशोक तंवर ने राहुल गांधी की जनसभा के दौरान ही कांग्रेस का दामन थाम लिया है। कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल से इसकी जानकारी दी गई। कांग्रेस ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “कांग्रेस ने लगातार शोषितों, वंचितों के हक़ की आवाज़ उठाई है और संविधान की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी से लड़ाई लड़ी है। हमारे इस संघर्ष और समर्पण से प्रभावित होकर आज बीजेपी के वरिष्ठ नेता, पूर्व सांसद, हरियाणा में बीजेपी की कैंपेन कमेटी के सदस्य और स्टार प्रचारक अशोक तंवर कांग्रेस में शामिल हो गए। दलितों के हक़ की लड़ाई को आपके आने से और मज़बूती मिलेगी। कांग्रेस परिवार में आपका पुनः स्वागत है, भविष्य के लिए शुभकामनाएं। 

अरविंद केजरीवाल ने खाली किया सीएम आवास, नवरात्रि के दूसरे दिन नए घर में गृहप्रवेश

04-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )   दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार, चार अक्टूबर को सीएम आवास खाली कर दिया और अपने नए पते के लिए रवाना हो गए। केजरीवाल नवरात्र के दूसरे दिन अपने परिवार के साथ नए घर में गृहप्रवेश कर रहे हैं जो लुटियन दिल्ली में है।
आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल अपने नए पते के लिए रवाना हो गए जो लुटियंस दिल्ली में है। उनका नया पता फिरोजशाह रोड स्थित बंगला नंबर 5 है। केजरीवाल अपने पूरे परिवार के साथ नवरात्र के दूसरे दिन नए घर में शिफ्ट होने जा रहे हैं। उन्हें सीएम हाउस से रवाना होते देखा गया। 
 

11.72 लाख रेलवे कर्मचारियों को तोहफा?, 78 दिनों का बोनस, किसानों को सौगात

04-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )   केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 11.72 लाख से अधिक रेलवे कर्मचारियों को 2028.57 करोड़ रुपये के 78 दिनों के कार्यकुशलता से जुड़े बोनस के भुगतान को बृहस्पतिवार को मंजूरी दे दी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह जानकारी दी। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, यह राशि रेलवे कर्मचारियों की विभिन्न श्रेणियों जैसे ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, पर्यवेक्षक, तकनीशियन, तकनीशियन हेल्पर, ‘पॉइंट्समैन’, मंत्रालयिक कर्मचारी और अन्य कर्मचारियों को दी जाएगी। कार्यकुशलता से जुड़े बोनस का भुगतान रेलवे के कार्यक्षमता में सुधार की दिशा में काम करने के लिए रेलवे कर्मचारियों को प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहन के रूप में दिया जाएगा।
सरकार ने एक लाख करोड़ रुपये की दो कृषि योजनाओं को मंजूरी दी
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने टिकाऊ कृषि को प्रोत्साहन और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बृहस्पतिवार को एक लाख करोड़ रुपये के परिव्यय वाली दो बड़ी कृषि योजनाओं को मंजूरी दी। इन योजनाओं के नाम ‘पीएम राष्ट्रीय कृषि विकास योजना’ (पीएम-आरकेवीवाई) और ‘कृषोन्नति योजना’ (केवाई) हैं।
मंत्रिमंडल ने टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के लिए पीएम-आरकेवीवाई और आत्मनिर्भरता के लिए खाद्य सुरक्षा हासिल करने के लिए कृषोन्नति योजना को मंजूरी दी। सरकार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि इन दोनों कृषि योजनाओं पर कुल मिलाकर 1,01,321.61 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके मुताबिक, मंत्रिमंडल ने कृषि मंत्रालय के तहत संचालित होने वाली सभी केंद्र-प्रायोजित योजनाओं को दो विस्तृत योजनाओं में युक्तिसंगत बनाने की मंजूरी दी है।
सरकार ने खाद्य तेल-तिलहन पर राष्ट्रीय मिशन को मंजूरी दी, 10,103 करोड़ रुपये खर्च होंगे
सरकार ने बृहस्पतिवार को भारत को खाद्य तेलों के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के लिए 10,103 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ खाद्य तेल-तिलहन पर राष्ट्रीय मिशन को मंजूरी दी है। भारत अपनी खाद्य तेल की वार्षिक जरूरत का 50 प्रतिशत से अधिक आयात करता है। सरकार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘अगले सात वर्षों में तिलहन उत्पादन मामले में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के मकसद से मंत्रिमंडल ने वर्ष 2024-25 से वर्ष 2030-31 के लिए 10,103 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (एनएमईओ-तिलहन) को मंजूरी दी है।’’

महाराष्ट्र चुनाव से पहले मोदी सरकार का बड़ा फैसला, मराठी, पाली समेत पांच भाषाओं को दिया शास्त्रीय भाषा का दर्जा

04-Oct-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )   महाराष्ट्र चुनाव से पहले मोदी सरकार ने बड़ा फैसला लिया. जिसके तहत मराठी समेत पांच भाषाओं को शास्त्रीय भाषा का दर्जा दे दिया. दरअसल, गुरुवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मराठी, पाली, प्राकृत, असमिया और बंगाली भाषाओं को शास्त्रीय भाषा का दर्जा देने को मंजूरी दे दी. बता दें कि केंद्र सरकार ने 12 अक्टूबर 2004 को तमिल को शास्त्रीय भाषा घोषित करते हुए शास्त्रीय भाषाओं के रूप में भाषाओं की एक नई श्रेणी बनाने का निर्णय लिया था.
शास्त्रीय भाषा के लिए निर्धारित किया गया मानदंड
बता दें कि केंद्र ने शास्त्रीय भाषा की स्थिति के लिए एक मानदंड भी निर्धारित किया है. जिसके तहत भाषा अपने प्रारंभिक ग्रंथों/एक हजार वर्षों से अधिक के दर्ज इतिहास में उच्च प्राचीन होनी चाहिए. इसके साथ ही प्राचीन साहित्य/ग्रंथों का एक संग्रह जिसे बोलने वालों की पीढ़ियों द्वारा एक मूल्यवान विरासत माना जाना चाहिए.
इसके साथ ही इस भाषा की साहित्यिक परंपरा मौलिक होनी चाहिए और किसी अन्य भाषण समुदाय से नहीं ली गई हो. बता दें कि शास्त्रीय भाषा की स्थिति के लिए प्रस्तावित भाषाओं की जांच करने के लिए नवंबर 2004 में साहित्य अकादमी के तहत संस्कृति मंत्रालय द्वारा एक भाषाई विशेषज्ञ समिति का गठन किया गया था.
2004 में शुरू हुआ था सिलसिला
बता दें कि नवंबर 2005 में मानदंडों को संशोधित किया गया. इसके बाद संस्कृत को शास्त्रीय भाषा घोषित किया गया था. केंद्र सरकार ने 2004 में तमिल, 2005 में संस्कृत, 2008 में तेलुगु, 2008 में कन्नड़, 2013 में मलयालम और 2014 में उड़िया को शास्त्रीय भाषाओं का दर्जा दिया था. वहीं 2013 में महाराष्ट्र सरकार से एक प्रस्ताव मंत्रालय को भेजा था. जिसमें मराठी को शास्त्रीय भाषा का दर्जा देने की मांग की गई थी. इसके बाद इस प्रस्ताव को एलईसी को भेज दिया गया. एलईसी ने शास्त्रीय भाषा के लिए मराठी की सिफारिश की. 

तिरुपति लड्डू में मिलावट विवाद पवन कल्याण बोले- 'ये सनातन धर्म पर हमला'

04-Oct-2024
आंध्रप्रदेश। ( शोर संदेश )  तिरुपति लड्डू विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने नई एसआईटी के गठन का निर्णय लिया है. लेकिन कोर्ट के कहने के बावजूद इस मुद्दे पर राजनीति थमने का नाम नहीं ले रही है. आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने कहा कि लड्डू में मिलावट का मामला तो भ्रष्टाचार का एक छोटा-सा नमूना है, तथा पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में लिए गए कई और फैसले भी हैं जिनकी जांच की जानी चाहिए. 
पवन कल्याण ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘मैं लड्डू में मिलावट के लिए युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी को व्यक्तिगत रूप से दोषी नहीं ठहरा रहा हूं, बल्कि तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) बोर्ड भी इसके लिए दोषी है, जिसका गठन पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में किया गया था.'
सुप्रीम कोर्ट तिरुपति में प्रसाद के लड्डू बनाने में पशु चर्बी के कथित इस्तेमाल के मामले में अदालत की निगरानी में जांच के अनुरोध वाली याचिका समेत अन्य याचिकाओं पर शुक्रवार को को सुनवाई की, जिसके बाद नई एसआईटी के गठन का ऐलान किया गया. इस बीच पवन कल्याण ने कहा कि वह न्यायपालिका को यह बताना चाहते हैं कि जगन पर भ्रष्टाचार सहित कई आरोप हैं और उन्हें (लड्डू में मिलावट के मामले में) कोई फैसला देने से पहले इन सभी पर गौर करना चाहिए.
उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने कहा, ‘प्रसाद के लड्डू में मिलावट तो महज एक छोटा-सा हिस्सा है. हमें नहीं पता कि (पिछले) पांच साल के कार्यकाल में उन्होंने कितने करोड़ रुपये जुटाए. इसकी जांच होनी चाहिए.' उन्होंने कहा,‘पूर्ववर्ती सरकार में मुख्यमंत्री मासूम बनने की कोशिश कर रहे हैं.'
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के इस आरोप पर कि लड्डू में मिलावट वाला घी इस्तेमाल किया गया, उपमुख्यमंत्री ने कहा कि टीडीपी प्रमुख विधायकों और सांसदों को बता रहे हैं कि वास्तव में क्या हुआ था, उन्होंने एक ‘तथ्य' का हवाला दिया. उन्होंने लड्डू में मिलावट के मुद्दे को पिछले पांच सालों से ‘सनातन धर्म' पर किया जा रहा हमला बताया.

दिल्ली के अस्पताल में डॉक्टर की गोली मारकर हत्या, मरहम-पट्टी कराने के बहाने आए थे बदमाश

03-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  दिल्ली में हॉस्पिटल में घुसकर डॉक्टर की हत्या का मामला सामने आया है। कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जैतपुर इलाके में स्थित अस्पताल में डॉक्टर की गोली मारकर हत्या की गई है। इस मामले को लेकर पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है और अस्पताल के कर्मचारियों से जानकारी हासिल कर रही है। कर्मचारियों ने बताया कि दोनों आरोपी इलाज करवाने के बहाने अस्पताल आए थे।

मामला कालिंदी कुंज के जैतपुर की नीमा हॉस्पिटल का है। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि दो लोग घायल अवस्था में इलाज करवाने के लिए हॉस्पिटल पहुंचे थे। इस दौरान ड्रेसिंग हो जाने के बाद दोनों ने डॉक्टर से मिलने की मांग की। कुछ देर में दोनों डॉक्टर की केबिन में घुस गए और गोली मारकर उनकी हत्या कर दी। इस मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच कर रही है।

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अस्पताल के कर्मचारियों से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने बताया कि दो बदमाश घायल हालत में अस्पताल में आए थे। यहां उनकी ड्रेसिंग की गई। ड्रेसिंग के बाद वो डॉक्टर से मिलने की जिद करने लगे। कुछ देर बाद दोनों जबरदस्ती डॉक्टर की केबिन में घुसे और उनकी गोली मारकर हत्या कर दी।
यह वारदात ऐसे समय पर हुई है जब कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में महिला डॉक्टर से रेप और हत्या के बाद देशभर के डॉक्टर्स हड़ताल पर चले गए थे। दिल्ली में भी कई दिनों तक डॉक्टर सुरक्षा की चिंता जाहिर करते हुए हड़ताल पर रहे। इस दौरान मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। दिल्ली के कालिंदी कुंज में इस घटना के बाद एक बार फिर से डॉक्टरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।

इस घटना में मृतक डॉक्टर का नाम जावेद बताया जा रहा है। डॉक्टर जावेद की गोली लगने के बाद मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद पुलिस लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर आरोपियों की तलाश कर रही है। हालांकि, अभी तक दिल्ली पुलिस को आरोपियों को पकड़ने में कामयाबी नहीं मिली है।

दिल्ली में बारिश थमी तो तेज धूप ने बढ़ाई गर्मी

03-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )    आसमान साफ होने एवं दिनभर तेज धूप निकली रहने से बुधवार को दिल्ली के अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में तीन तीन डिग्री की वृद्धि देखने को मिली, जहां अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री वहीं न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 92 से 41 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को भी दिनभर आसमान साफ रहेगा और धूप निकली रहेगी। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 36 और 26 डिग्री रह सकता है।
 

ईशा फाउंडेशन को शीर्ष अदालत से राहत, कोर्ट ने पुलिस को आगे कार्रवाई से भी रोका

03-Oct-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )   आध्यात्मिक नेता सद्गुरु जग्गी वासुदेव की अगुवाई वाला मशहूर ईशा फाउंडेशन आजकल काफी विवादों में बना हुआ है। हालांकि, फाउंडेशन को आज सुप्रीम कोर्ट से एक बड़ी राहत मिली। शीर्ष अदालत ने ईशा फाउंडेशन के खिलाफ पुलिस जांच के आदेश पर रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई 18 अक्तूबर को होगी।
यह है मामला
फाउंडेशन के खिलाफ रिटायर्ड प्रोफेसर एस कामराज ने मद्रास हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। आरोप था कि आश्रम में उनकी बेटियों लता और गीता को बंधक बनाकर रखा गया है। मद्रास हाईकोर्ट ने 30 सितंबर को कहा था कि तमिलनाडु पुलिस ईशा फाउंडेशन से जुड़े सभी आपराधिक मामलों की जांच करे और रिपोर्ट पेश करे। अगले दिन एक अक्तूबर को करीब 150 पुलिसकर्मी आश्रम में जांच करने पहुंचे थे।
क्या कहा सुप्रीम कोर्ट ने?
सद्गुरु ने हाईकोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी, जिस पर आज फैसला सुनाया। अदालत ने मामले को मद्रास हाईकोर्ट से अपने पास ट्रांसफर कर लिया। साथ ही तमिलनाडु पुलिस को हाईकोर्ट द्वारा मांगी गई स्टेटस रिपोर्ट शीर्ष अदालत में जमा करने को कहा। इसके अलावा, शीर्ष अदालत ने पुलिस को हाईकोर्ट के निर्देशों के पालन में आगे कोई कार्रवाई करने से भी रोक दिया।
सीजेआई डीवाई चंद्रचूड़ ने कहा, 'आप सेना या पुलिस को ऐसी जगह दाखिल होने की इजाजत नहीं दे सकते।'
ईशा फाउंडेशन ने कहा कि दोनों लड़कियां 2009 में आश्रम में आई थीं। उस वक्त उनकी उम्र 24 और 27 साल थी। वे अपनी मर्जी से रह रही हैं। उन्होंने बताया कि कल रात से आश्रम में मौजूद पुलिस अब चली गई है। फैसले से पहले सीजेआई ने दो महिला संन्यासियों से अपने चेंबर में चर्चा भी की। महिला ने बताया कि दोनों ही बहनें अपनी मर्जी से ईशा योग फाउंडेशन में हैं। उनके पिता पिछले आठ सालों से परेशान कर रहे हैं।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश
मामले को मद्रास हाईकोर्ट से सुप्रीम कोर्ट में ट्रांसफर किया जाए। याचिकाकर्ता वर्चुअली या वकील के जरिए पेश हो सकते हैं। पुलिस जांच की स्टेटस रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में सबमिट की जाए।  पुलिस हाईकोर्ट के निर्देश के आधार पर आगे कोई कार्रवाई नहीं करेगी।
हाईकोर्ट ने की थी सख्त टिप्पणी
मद्रास हाईकोर्ट ने एक अक्तूबर को ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सद्गुरु जग्गी वासुदेव से पूछा था कि वह महिलाओं को मोह माया से दूर बैरागियों की तरह रहने के लिए प्रेरित क्यों करते हैं, जबकि खुद उनकी बेटी शादीशुदा है। तमिलनाडु एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के रिटायर्ड प्रो. एस कामराज की याचिका पर हाईकोर्ट ने यह टिप्पणी की। 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account