ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध खत्म कराने में भारत कर सकता है मदद: रिपोर्ट

27-Sep-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )    यूक्रेन, रूस के साथ शांति समझौते के लिए, भारत खास तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक प्रमुख मध्यस्थ के रूप में देख रहा है. पॉलिटिको की रिपोर्ट के अनुसार, कीव को उम्मीद है कि भारत का तटस्थ रुख और कूटनीतिक प्रभाव युद्ध को समाप्त करने की दिशा में अहम कदम हो सकता है. हाल ही में पीएम मोदी की यूक्रेन के प्रेसिडेंट ज़ेलेंस्की से मुलाकात हुई.
यूक्रेनी मीडिया इंटरफैक्स ने ज़ेलेंस्की के शीर्ष सलाहकार एंड्री यरमक के हवाले से बताया, 'यूक्रेन की अपनी यात्रा के दौरान, पीएम मोदी ने यह स्पष्ट कर दिया था कि भारत कभी भी किसी ऐसी योजना या प्रस्ताव का समर्थन नहीं करेगा, जिसमें यूक्रेन की क्षेत्रीय अखंडता के साथ कोई समझौता शामिल हो.'
एक उच्च पदस्थ यूक्रेनी अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि भारत कीव की एक बड़ी उम्मीद है. भारत की वजह से शांति समझौते पर पहुंचा जा सकता है. अधिकारी के अनुसार, मोदी ने कीव के साथ बातचीत में स्पष्ट किया था कि यूक्रेन को रूस के हमले को खत्म करने के लिए कुछ चीजों पर अनिवार्य रूप से समझौता करने की आवश्यकता होगी.
कीव की नजर में मोदी ने कम समय में एक लंबा सफर तय किया है. जब उन्होंने जुलाई में मॉस्को का दौरा किया और रूसी राष्ट्रपति पुतिन को गर्मजोशी से गले लगाया, तो कीव की प्रतिक्रिया तीखी थी. ज़ेलेंस्की ने इस गले मिलने को बहुत बड़ी निराशा और शांति प्रयासों के लिए एक विनाशकारी झटका कहा. क्योंकि उसी दिन रूसी मिसाइल हमले में दर्जनों यूक्रेनियन मारे गए थे.
मॉस्को यात्रा के छह सप्ताह बाद यूक्रेन की नाराजगी बढ़ने पर मोदी ने ज़ेलेंस्की से मिलने के लिए कीव की यात्रा की. उन्होंने कीव के साथ 'मित्र' बने रहने और शांति समझौते में मदद करने की बात कही.

भारत से कुछ मतभेदों को कम करने में सहमति बनाने में हुए सफल : चीन

27-Sep-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )   भारत और चीन के बीच जारी सीमा विवाद के बीच चीन का एक बड़ा बयान आया है. इस बयान में चीन ने कहा है कि पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा के मुद्दे पर मतभेद को कम करने की दिशा में बीते कुछ समय में काम किया गया है. चीनी रक्षा मंत्रालय ने मतभेद को कम करने की कोशिशों को आधिकारिक तौर पर माना भी है. गुरुवार को चीनी रक्षा मंत्रालय की तरफ जारी एक बयान में कहा गया है कि चीन और भारत पूर्वी लद्दाख में एलएसी पर गतिरोध को खत्म करने और मतभेद दूर करने पर सहमत हुए हैं. 
चीन की तरफ जारी बयान में आगे कहा गया है कि दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण प्वाइंट्स से सैनिकों को हटाने पर भारत और चीन आम सहमति बनाने में सक्षम हुए हैं. दोनों देश एक तय तारीख पर दोनों पक्षों को स्वीकार्य समाधान तक पहुंचने के लिए बातचीत बनाए रखने पर सहमत हुए हैं.  
कुछ दिन पहले भारत और चीन के संबंधों पर विदेश मंत्री डॉ.एस जयशंकर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 2020 में गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प ने दोनों देशों के संबंधों पर असर डाला है.पिछले चार सालों से नई दिल्ली का ध्यान सीमा पर सैनिकों की वापसी पर रहा है.
न्यूयॉर्क में 'भारत, एशिया और वर्ल्ड इवेंट में डॉ. जयशंकर ने कहा था कि भारत-चीन संबंध एशिया के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं जो कि पूरे विश्व को प्रभावित करेंगे. मुझे लगता है कि भारत-चीन संबंध एशिया के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं.अगर दुनिया को बहुध्रुवीय बनाना है,तो एशिया को भी बहुध्रुवीय बनाना होगा और इसलिए यह संबंध न केवल एशिया के भविष्य को प्रभावित करेगा, बल्कि इस तरह से, शायद दुनिया के भविष्य को भी प्रभावित करेगा. जिस कार्यक्रम में विदेश मंत्री ने हिस्सा लिया, उसकी मेजबानी एशिया सोसाइटी और एशिया सोसाइटी पॉलिसी इंस्टीट्यूट ने की थी.

छोटा चुनाव और बड़ी जंग, आप और एलजी में फिर ठन गई

27-Sep-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  दिल्ली में स्टैंडिंग कमिटी के चुनाव पर टकराव लगातार बढ़ता जा रहा है। आम आदमी पार्टी ने एक सदस्य के लिए प्रस्तावित चुनाव में शामिल होने से इनकार कर दिया है। दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और मेयर शैली ओबेरॉय ने कहा है कि चुनाव 5 अक्टूबर को ही होगा, आज चुनाव के लिए जारी किया गया आदेश अवैध है। उन्होंने कहा कि सदन की अध्यक्षता कोई अधिकारी नहीं कर सकता है। इससे पहले गुरुवार को भी देर रात तक सदन में हंगामा होता रहा।
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने गुरुवार देर रात एक आदेश में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कमिश्नर से कहा कि निगम की स्थायी समिति की खाली सीट पर चुनाव शुक्रवार को कराया जाए। एलजी ने आदेश में कहा कि स्थायी सदस्य के छठे सदस्य के लिए चुनाव कराने में महापौर की विफलता के कारण, नगर निगम अधिनियम 1957 की धारा 487 के तहत असाधारण और असाधारण शक्तियों को लागू करने की आवश्यकता है।
सदन में एक दिन पहले जमकर हंगाम हुआ। सदन में मोबाइल ले जाने पर पाबंदी लगाई गई थी और पार्षदों की तलाशी का आम आदमी पार्टी ने विरोध किया। मेयर शैली ओबेरॉय ने 5 अक्टूबर तक के लिए चुनाव स्थगित कर दिया था, जबकि बाद में एलजी ने फैसला पलट दिया था। एलजी के आदेश पर एमसीडी कमिश्नर अश्विनी कुमार ने दोपहर एक बजे चुनाव कराने की घोषणा कर दी। अतिरिक्त निगम आयुक्त जितेंद्र यादव को एमसीडी की सदन की बैठक का पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया। इस पर आम आदमी पार्टी ने आपत्ति जताई है। 
सिसोदिया ने कहा कि चुने हुए लोगों की मीटिंग की अध्यक्षता सिर्फ चुना हुआ व्यक्ति कर सकता है, स्पीकर ही कर सकता है। क्या विधानसभा या संसद की बैठक किसी अडिशनल सेक्रेट्री की अध्यक्षता में की जा सकती है? सिसोदिया और ओबेरॉय ने कहा कि यदि आज चुनाव होता है तो उनकी पार्टी इसमें शामिल नहीं होगी और इसे कानूनी रूप से चुनौती दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव 5 अक्टूबर को ही होगा, जिसकी घोषणा मेयर ने सदन में की थी।
जिस सीट के लिए चुनाव होना है वह भाजपा की नेता कमलजीत सहरावत के पश्चिम दिल्ली सीट से लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद खाली हो गई थी।

मेक इन इंडिया से 10 साल में क्या-क्या बदला? पीएम मोदी बोले- हर सेक्टर पर दिखा असर

26-Sep-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई मेक इन इंडिया पहल को एक दशक यानी 10 साल बुधवार को पूरे हो चुके हैं और इस मुहिम से देश में क्या-क्या बदला? इस बारे में पीएम मोदी ने खुद आंकड़ों के जरिए तस्वीर साफ की है. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा है कि मेक इन इंडिया का असर हर सेक्टर पर देखने को मिला है. मोबाइल फोन की मैन्युफैक्चरिंग हो या फिर सेमीकंडक्टर सेक्टर सभी जगह भारत का दबदबा बढ़ रहा है.
140 करोड़ लोगों का सामूहिक संकल्प
10 साल पहले शुरू की गई 'मेक इन इंडिया' मुहिम को जबर्दस्त सफलता मिली है और भारत अब मैन्युफैक्चरिंग का हब बनता जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 सितंबर 2014 को भारत को एक प्रमुख वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य के साथ ही मेक इन इंडिया की शुरूआत की थी. पीएम मोदी ने एक लिंक्डइन पोस्ट के जरिए इस मुहिम की सफलताएं गिनाईं. उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया के एक दशक पूरे होने पर इसकी छाप सभी सेक्टर्स पर दिखाई देने लगी है. ये 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक संकल्प को दर्शाता है, जो हमारे देश को मैन्युफैक्चरिंग और इनोवेशन का पावरहाउस बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
मोबाइल से लेकर सेमीकंडक्टर तक ग्रोथ
प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट में उदाहरण देते हुए कहा कि साल 2014 में भारत में केवल दो मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स थीं, जो अब 200 हो गई हैं. इसके साथ ही हमारा मोबाइल एक्सपोर्ट 1,556 करोड़ रुपये से बढ़कर 1.2 लाख करोड़ रुपये हो गया है. यही नहीं भारत में यूज किए जाने वाले 99% मोबाइल फोन अब मेड इन इंडिया हैं और हम ग्लोबली दूसरे सबसे बड़े मोबाइल निर्माता बन गए हैं. इसके अलावा प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट में बताया कि देश स्टील का शुद्ध निर्यातक भी बन गया है, जिसका उत्पादन 2014 से अब तक 50% से ज्यादा बढ़ा है. इसके अलावा उन्होंने कहा कि हमारे सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर ने भी दुनियाभर से 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आकर्षित किया है।
अपनी पोस्ट में पीएम मोदी ने सेमीकंडक्टर सेक्टर में ग्रोथ को लेकर कहा कि जो निवेश आया है, उसके तहत पांच संयंत्र मंजूरी किए गए हैं, जिनकी कंबाइंड कैपेसिटी प्रतिदिन 7 करोड़ से अधिक चिप्स की होगी. रिन्यूवेबल एनर्जी के सेक्टर में भी भारत बड़ा प्लेयर बनकर उभरा है और वैश्विक स्तर पर चौथा सबसे बड़ा प्रोड्यूशप बन चुका है. उन्होंने आगे कहा कि हमारी इलेक्ट्रिक वाहन इंडस्ट्री, जो 2014 में व्यावहारिक रूप से अस्तित्व में ही नहीं थी, अब 3 अरब डॉलर की हो चुकी है. 
सोशल मीडिया पर ऐसे दी बधाई
मेक इन इंडिया की 10वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मैं उन सभी को बधाई देता हूं, जो पिछले एक दशक से इस पहल को सफल बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं. यह सराहनीय है कि विभिन्न सेक्टर्स में निर्यात तेजी से बढ़ा है और इस प्रकार हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है. उन्होंने लिखा कि सरकार मेक इन इंडिया को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है. 

चेस ओलंपियाड विजेताओं ने मांगा पीएम मोदी से सुझाव तो मिला यह जवाब

26-Sep-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित अपने सरकारी आवास पर शतरंज ओलंपियाड में स्वर्णिम इतिहास रचने वाली भारतीय टीमों से मुलाकात की. इस मुलाकात का वीडियो सामने आया है. पीएम मोदी ने पिछले रविवार को बुडापेस्ट में शतरंज ओलंपियाड-2024 में ओपन सेक्शन वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाली पुरुष और महिला दोनों टीमों से खास मुलाकात की. ओलंपियाड के 97 साल के इतिहास में पहली बार भारत ने दोनों कैटेगरी में गोल्ड जीते हैं.
पीएम सर आप इतने बड़े-बड़े फैसले कैसे लेते हैं?
पीएम मोदी ने जवाब देते कहा, आपको जैसे ट्रेनिंग मिलती है, डाइट प्लान होता है ये सारी चीज़े है और अगर आपको फैसला लेना है तो हर चीज़ की जानकारी होनी चाहिए और ना समझ आये तो किसी से पूछना चाहिए, रही बात एनर्जी की तो आप योग और मेडिटेशन से हासिल कर सकते हैं. जीवन में कभी संतोष नहीं कीजिये अगर संतोष कर लीजियेगा तो नींद आएगी. हमारे भीतर एक भूख रहनी चाहिए जो आपको आगे लेकर जाता है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि भारतीय टीम ने पीएम मोदी को शतरंज बोर्ड गिफ्ट किया. मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने आर. प्रागनानंदा और अर्जुन एरिगैसी का चेस मैच देखा. साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत भी की. पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान सभी खिलाड़ी बेहद खुश नजर आए. पीएम मोदी ने सभी के साथ तस्वीरें भी खिंचवाई।

सहित 53 दवाएं क्वालिटी चेक में फेल, शुगर-ब्लड प्रेशर के अलावा कुछ एंटीबायोटिक्स भी शामिल

26-Sep-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )   केंद्रीय दवा मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने अपनी लेटेस्ट रिपोर्ट में एक चौकाने वाला खुलासा किया है। पैरासिटामोल, कैल्शियम, विटामिन डी, शुगर और ब्लड प्रेशर सहित कई ऐसी दवाइयों को लेकर ये खुलासा किया जो इलाज के लिए आमतौर पर इस्तेमाल होती है। इन दवाइयों में कई ऐसी दवाएं शामिल हैं, जो आमतौर लोग इस्तेमाल करते हैं। दरअसल, ये दवाएं क्वालिटी चेक में फेल हो गई हैं। बता दें कि ये दवाएं हिंदुस्तान एंटीबायोटिक्स लिमिटेड (HAL), हेटेरो ड्रग्स, कर्नाटक एंटीबायोटिक्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड और अल्केम लेबोरेट्रीज जैसी बड़ी कंपनियों द्वारा बनाई जाती हैं।
सीडीएससीओ ने जारी की लिस्ट
सीडीएससीओ ने फर्जी, मिलावटी और गलत ब्रांडिंग वाली दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, टीकों और सौंदर्य प्रसाधनों की लिस्ट जारी की है। इसमें एमाइलेज, प्रोटीएज, ग्लूकोएमाइलेज, पेक्टिनेज, अल्फा गैलेक्टोसिडेज, लैक्टेज, बीटा-ग्लूकोनेज, सेल्युलेस, लाइपेज, ब्रोमेलैन, जाइलेनस, हेमिकेल्यूलेस, माल्ट डायस्टेज, इनवर्टेज और पापेन के इस्तेमाल से इंसानों को खतरा होने की आशंका है। बैन की गई दवाओं की लिस्ट में पल्मोसिल (सिल्डेनाफिल इंजेक्शन), पैंटोसिड (पैंटोप्राजोल टैबलेट आईपी), उर्सोकोल 300 (अर्सोडियोक्सीकोलिक एसिड गोलियां भारतीय फार्माकोपिया) शामिल हैं। उर्सोकोल 300 दवाई सन फार्मा कंपनी की है। इसके अलावा टेल्मा एच (टेल्मिसार्टन 40 मिलीग्राम और हाइड्रोक्लोरोथियाजाइड 12.5 मिलीग्राम टैबलेट आईपी), डेफ्लाजाकोर्ट टैबलेट (डेफकोर्ट 6 टैबलेट) भी टेस्ट में फेल हो गई।

लगातार बारिश से मुंबई बेहाल, रेलवे ट्रैक पर भरा पानी, स्कूल-कॉलेज बंद

26-Sep-2024
मुंबई।   ( शोर संदेश )  बीती रात पूरे मुंबई में मूसलाधार बारिश हुई. भारी बारिश की वजह से कई इलाकों में पानी भर गया. सड़कें पर कई फीट तक पानी है. बारिश से मायागरी की रफ्तार पर ब्रेक लग गया है, बरसात ऐसे टाइम पर हुई जब लोग अपना कामकाज खत्म करके घर लौट रहे थे. भारी बारिश की वजह से लोग फंस गए. 26 सितंबर के लिए भी मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है. हालांकि आज सुबह हालात सामान्य हैं.
गुरुवार को स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे. म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन ने लोगों से घर में रहने की अपील की है. मुंबई में लगातार हो रही बारिश से कई जगह रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया है. घाटकोपर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली. इसके अलावा सड़कों पर सैलाब का मंजर देखने को मिला. पानी भरने की वजह से ट्रैफिक रुक-रुक कर चला. अंधेरी में एक महिला मैनहोल में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई. करीब एक घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में महिला 100 मीटर दूर तक बह गई. एक फायरमैन ने सड़क पार तीसरे ढकन से महिला को बाहर निकाला.
मौमस विभाग ने मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया था, जिसका असर भी दिखा. इतनी बरसात हुई कि सबकुछ ठप हो गया, निचले इलाके डूब गए. आज सुबह साढ़े 8 बजे तक मुंबई पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं. हालांकि मौमस विभाग ने रेड अलर्ट को ऑरेंज में कन्वर्ट कर दिया है. बीतीरात की बारिश में जो इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए उसमें चेंबूर..घाटकोपर, नवीमुंबई, नेहरुनगर कुर्ला दहिसर ईस्ट, बेलापुर, चुनाभट्टी हैं.
मुंबई में इतनी बारिश हुई कि जगह-जगह घुटनों से ऊपर तक पानी भर गया. कई जगहों पर रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से लोकल सेवा प्रभावित हुई. वहीं बेस्ट की बस और ऑटो रिक्शा भी बहुत कम चल सकी. इस बीच मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतवानी जारी की है. BMC ने अपील की है कि ज्यादा जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलें, खराब मौसम के चलते आज हवाई सेवाओं पर भी असर देखने को मिल रहा है.
उड़ानों पर भी असर
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ऐसा असर पड़ा कि आज, इंडिगो की एक उड़ान को विंड शीयर के कारण अपनी लैंडिंग रोकनी पड़ी और उसे अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया गया. इसके अलावा कई उड़ानों पर असर देखने को मिला. इंडिगो की नौ, विस्तारा की दो, एयर इंडिया की एक, अकासा एयर की एक और गल्फ एयर की एक उड़ान सहित कुल 14 उड़ानें डायवर्ट हुईं। उड़ानों को अहमदाबाद (4), हैदराबाद (7), गोवा (2), और उदयपुर (1) के लिए फिर से रूट किया गया. स्पाइसजेट ने घोषणा की है कि प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण मुंबई हवाई अड्डे (बीओएम) पर सभी प्रस्थान और आगमन प्रभावित हो सकते हैं.
बुधवार, 25 सितंबर को शाम 5.30 बजे से 8.30 बजे के बीच, मुंबई के कई इलाकों में खतरनाक बारिश का स्तर (100 मिमी से अधिक) दर्ज किया गया. सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में मुलुंड में वीणा नगर में 104 मिमी, भांडुप में 120 मिमी, पवई में 145 मिमी, चेंबूर में 162 मिमी और गोवंडी में 167 मिमी बारिश दर्ज की गई.

पुणे में भी भारी बारिश
मुंबई के अलावा पुणे में भारी बारिश हुई. हालांकि वहां स्कूल-कॉलेज खुले हैं. भारी बारिश से मुम्ब्रा बाइपास पर लैंडस्लाइड हुआ और सड़क पर मलबा आने से ट्रैफिक प्रभावित रहा. पुणे में 24 घंटे की बारिश का रेड अलर्ट है. मौसम विभाग के मुताबिक रायगढ़, रत्नागिरी में भी भारी बारिश का अनुमान है.

100 करोड़ रु. के मानहानि केस में संजय राउत दोषी करार, 15 दिन जेल की सजा, जुर्माना भी

26-Sep-2024
मुंबई।   ( शोर संदेश )   भाजपा नेता की पत्नी द्वारा दायर मानहानि के मुकदमे में उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत दोषी करार दिए गए हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेता किरीट सोमैया की पत्नी मेधा द्वारा शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत पर  मानहानि का केस दर्ज कराया था। आज इस मामले में मजगांव कोर्ट ने मानहानि के दावे में संजय राउत को दोषी करार दिया है।
क्या है पूरा मामला?
उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने आरोप लगाया था कि सोमैया दंपत्ति शौचालय निर्माण के लिए धन का दुरुपयोग करके 100 करोड़ रुपये के घोटाले में शामिल हैं। इसके बाद मेधा किरीट सोमैया ने संजय राउत के खिलाफ शिकायत दी थी और 100 करोड़ रुपये की मानहानि का केस दर्ज कराया था।
15 दिन जेल की सजा
मानहानि के इस मामले में संजय राउत दोषी करार दिए गए है। मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट 25वीं अदालत, मझगांव ने आज गुरुवार को डॉ मेधा किरीट सोमैया द्वारा दायर एक शिकायत पर सुनवाई के बाद फैसला सुनाया है। कोर्ट ने संजय राउत को 15 दिन की सजा और 25000 रूपये जुर्माने की सजा दी है। राउत को आईपीसी सेक्शन 500 के तहत संजय राउत को सजा सुनाई गयी है।
क्या थी मेधा सोमैया की दलील?
मेधा ने सीवरी मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में दाखिल अपनी शिकायत में कहा था कि संजय राउत द्वारा लगाये गये आरोप निराधार और अपमानजनक प्रकृति के हैं। भाजपा के पूर्व सांसद किरीट सोमैया की पत्नी ने कहा कि वह खबरें देखकर चकित रह गयीं कि राउत ने उन पर और उनके पति पर मीरा भायंदर नगर निगम के अधिकार क्षेत्र वाले इलाके में कुछ सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण और रख-रखाव को लेकर 100 करोड़ रुपये के घोटाले में शामिल रहने का आरोप लगाया है। उन्होंने अपनी शिकायत में मेधा ने कहा था कि मीडिया के सामने दिये गये आरोपी के बयान मानहानि करने वाले हैं। आम जनता के सामने मेरी छवि को खराब करने के लिए बयान दिये गये।

दिल्ली में लागू होगा ऑड-ईवन, सख्ती से लागू होंगे ग्रैप के नियम; प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार का फैसला

25-Sep-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  सर्दियों के दौरान दिल्ली में होने वाले प्रदूषण को लेकर दिल्ली सरकार अलर्ट मोड में आ गई है. दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने सड़कों पर तीन गुना अधिक पानी का छिड़काव करने का आदेश दिया है. इसी के साथ इस बार व्यवस्था की है कि प्रदूषण से निपटने की दिशा में जो भी अधिकारी बेहतर काम करेंगे, उन्हें हरित रत्न अवार्ड दिया जाएगा. वहीं, जिनका परफार्मेंस खराब होगा, उन्हें दंडित भी किया जाएगा. उन्होंने बताया कि प्रदूषण से निपटने के लिए चार सूत्रीय कार्यक्रम शुरू किया जाएगा.
इसमें महिलाओं के साथ हरित कलश यात्रा निकाला जाएगा. इसी क्रम में दिल्ली में ई- व्हीकल परेड, धार्मिक संस्थाओं और RWA के साथ मिलकर एंटी पॉल्यूशन मार्च भी निकाला जाएगा. वहीं चौथी योजना दिल्ली में रेड लाइट ऑन गाड़ी ऑफ अभियान चलाने का है. मंत्री गोपाल राय के मुताबिक दिल्ली में पराली जलाने पर रोक के लिए 5000 हेक्टेयर क्षेत्र में डिकमपोस्ट डाला जाएगा. इसके अलावा दिल्ली में ग्रीन रुम बनेगा. प्रदूषण का रियल टाइम मॉनिटरिंग के साथ ही ई-वेस्ट को भी नियंत्रित किया जाएगा.
बताया प्रदूषण से निपटने का प्लान
उन्होंने बताया कि बीते वर्षों की तरह इस बार भी पटाखों पर प्रतिबंध रहेगा. इस संबंध में मंजूरी के लिए फाइल एलजी को भेजी गई है. मंत्री गोपाल राय के मुताबिक सीएक्यूएम द्वारा निर्धारित जीआरएपी मानकों को कड़ाई से लागू किया जाएगा. हालांकि उन्होंने इसके लिए यूपी ओर हरियाणा आदि पड़ोसी राज्यों पर तंज भी कसा.उन्होंने कहा कि ओपन बर्निंग रोकने के लिए 588 लोगों की टीम गठित की गई है. कहा कि दिल्ली में जरूरत पड़ी तो दिवाली के आसपास कृत्रिम वर्षा भी कराया जाएगा. इसके लिए पहले ही केंद्र सरकार को पत्र लिख दिया है.
पराली पर रोक के लिए पंजाब से बातचीत
कहा कि इस प्रकार योजनावद्ध तरीके से काम करते हुए दिल्ली में अगले साल तक 40 फीसदी तक प्रदूषण कम करने का लक्ष्य है. उन्होंने कहा कि पराली जलाने पर रोक लगाने के दिल्ली सरकार पंजाब सरकार के संपर्क में है. उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से आग्रह किया है कि वह इसमें सहयोग करें. इसी प्रकार सरकारी और प्राइवेट कंपनियों को वर्क फ्रॉम होम के लिए प्रोत्साहित करते हुए लोगों को सार्वनजिक वाहनोंं से चलने का आग्रह किया जाएगा.

मोदी सरकार ने दिवाली से पहले दे दिया बड़ा तोहफा, अब इन्हें भी मिलेगा पीएम आवास योजना का लाभ

25-Sep-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  मोदी सरकार लगातार देश की आम जनता के लिए नई योजनाएं लाती रहती है. फिर चाहे वह स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आयुष्मान योजना हो या फिर किसान भाइयों के लिए किसान सम्मान निधि योजना या फिर पीएम आवास योजना. देशभर के अलग-अलग वर्ग को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से योजनाएं चलाई जा रही हैं. इसी कड़ी में दिवाली से पहले मोदी सरकार ने एक और बड़ी घोषणा कर दी है. जी हां अब पीएम आवास योजना का दायरा और बढ़ा दिया गया है.
अब इन लोगों को भी मिलेगा योजना का लाभ
दरअसल अब तक पीएम आवास योजना का लाभ निम्न आय वर्ग के लोगों को ही दिया जा रहा था. लेकिन दिवाली जैसे महापर्व से पहले सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है औऱ अब इस योजना का लाभ घर में मोटरसाइकल और फ्रिज रखने वाले लोगों को भी मिलेगा. 
सरकार के इस ऐलान के बाद देश के लाखों लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई है. लोगों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है. दरअसल प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का लाभ लेने के लिए कई तरह के मानक तय किए गए हैं. इन्हीं मानकों के आधार पर सरकार की ओर से लाभार्थी चुने जाते हैं. 
क्या है पीएम आवास योजना के लिए पात्रता
इस योजना का लाभ लेने के लिए व्यक्ति का गरीबी रेखा की श्रेणी में आना जरूरी है. इसके साथ ही वह देश का नगारिक भी होना चाहिए. जिन लोगों को योजना का लाभ मिल चुका है वह दोबारा इसके तहत लाभ नहीं ले सकते हैं. कोई सरकारी नौकरी करने वाले को भी इस योजना का लाभ नहीं मिलता है. इसके साथ ही इस योजना का फायदा लेने के लिए आपकी आयु 18 वर्ष से अधिक होना चाहिए और सबसे जरूरी बात आपके पास कोई पक्का मकान नहीं होना चाहिए. 
जिलावार निर्देश जारी
सरकार की ओर से किए गए बड़े ऐलान के बाद जिलावार निर्देश जारी कर दिए गए हैं. भारत सरकार की ओर से तय मानकों को जानकारी लोगों को दी जाएगी और जिन लोगों के पास मोटरसाइकिल या फिर रेफ्रिजिरेटर भी हैं उन्हें भी इस योजना के तहत लाभ दिया जाएगा. ऐसे में माना जा रहा है कि बड़ी संख्या में लोग इस योजना का लाभ ले सकेंगे जो अब तक वंचित थे. 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account