ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

नायब तहसीलदार के ड्रायवर के साथ हुई मारपीट, आयुक्त एवं एडीजीपी ने की समीक्षा

25-May-2024
उमरिया । ( शोर संदेश )   उमरिया जिले में नायब तहसीलदार के ड्रायवर के साथ हुई मारपीट की घटना की आयुक्त शहडोल संभाग बी एस जामोद, एडीजीपी डी सी सागर ने उमरिया पहुंचकर समीक्षा की तथा घायल डाइवर से अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। एडीजीपी शहडोल जोन ने आरोपियो की गिरफ्तारी पर 30 हजार रूपये का ईनाम घोषित किया है। कमिष्नर शहडोल संभाग एवं एडीजीपी ने घटना स्थल का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर धरणेन्द कुमार जैन बताया कि मारपीट करने वाले लोगों की घेराबंदी की गयी है। एक अपराधी गिरफ्तार भी किया जा चुका है। कलेक्टर ने जिला अस्पताल उमरिया में भर्ती डाइवर तथा उनके परिजनों से मुलाक़ात की तथा चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
 

मतगणना स्थल पर अधिकृत व्यक्ति ही पा सकेंगे प्रवेश

25-May-2024
अनुपपुर । ( शोर संदेश )    लोकसभा निर्वाचन 2024 में शहडोल संसदीय क्षेत्र के लिए मतगणना 4 जून को प्रातः 8 बजे से शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय अनूपपुर में आरंभ होगी। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष वशिष्ठ ने बताया कि मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये जा रहे हैं। मतगणना हाल के अंदर केवल अधिकृत व्यक्ति को ही प्रवेश दिया जाएगा। इनमें गणना पर्यवेक्षक और गणना सहायक, निर्वाचन आयोग द्वारा अधिकृत व्यक्ति, निर्वाचन के संबंध में कर्तव्यरूढ़ लोकसेवक एवं उम्मीदवार तथा उनके निर्वाचन और गणना अभिकर्ता शामिल रहेंगे। मतगणना केन्द्र परिसर में तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। मतगणना एजेंटों, मतगणना में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों तथा पत्रकारों को निर्धारित स्थल से ही मतगणना केन्द्र परिसर में प्रवेश दिया जायेगा। किसी भी परिस्थिति में गणना के स्थान में अनाधिकृत व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी। केवल वैध प्रवेश पत्रधारी व्यक्ति ही मतगणना स्थल में प्रवेश कर सकेंगे।

घर में घुसा तेज रफ्तार ट्रक

25-May-2024
देवरिया ।  ( शोर संदेश )    उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक बेकाबू ट्रक मकान के पिलर को तोड़ते हुए अंदर घुस गया। जिसके चलते बरामदे में सो रहे एक मासूम की मौत हो गई, जबकि उसका पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक 6 वर्षीय कृष्णा अपने माता-पिता के साथ मामा के घर छुट्टियां मनाने आया था। इसी बीच दर्दनाक हादसा हो गया। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था और ट्रक ड्राइवर स्टीयरिंग पकड़े सीट पर बैठा घंटों फंसा रहा। ट्रक के डैमेज हिस्से को काटकर ड्राइवर को निकाला गया। इस हादसे की वजह स्टीयरिंग फेल होना बताया जा रहा है, वहीं कुछ लोग ड्राइवर के शराब के नशे में होने की बात कह रहे हैं। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है. घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

तेज रफ्तार ट्रक पलटने से तीन मजदूरों की मौत, सात घायल

25-May-2024
सूरत।  ( शोर संदेश )    गुजरात के सूरत में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई। घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि शुक्रवार तड़के गुजरात के सूरत जिले में सब्जियों से लदा एक ट्रक पलट गया, जिससे तीन मजदूरों की जान चली गई और सात घायल हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर बारडोली के किकवाड गांव के पास हुई। बारडोली पुलिस इंस्पेक्टर डी आर वसावा ने बताया कि सब्जियां लेकर ट्रक पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के नासिक जिले से सूरत शहर की ओर जा रहा था।

कोर्ट ने विभव कुमार को 4 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा

25-May-2024
नई दिल्ली ( शोर संदेश )  ।  आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट के आरोपी विभव कुमार की पुलिस हिरासत की अवधि खत्म होने से पहले दिल्ली पुलिस ने उन्हें तीस हजारी कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने विभव कुमार को चार दिनों यानी 28 मई तक की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट करने के आरोप में विभव कुमार को दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने चार दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। विभव कुमार 28 मई तक तिहाड़ जेल में रहेंगे। विभव के वकील ने एक बार फिर इस केस में आरोपी की गिरफ्तारी की जरूरत पर सवाल खड़ा किया। इस दलील के साथ विभव के वकील ने अरनेश कुमार मामले में दी गई कोर्ट की गाइड लाइन का हवाला भी दिया।
 

केदारनाथ में हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, पायलट की सूझबूझ से बाल-बाल बचे तीर्थयात्री

24-May-2024
रुद्रप्रयाग।     ( शोर संदेश )   उत्तराखंड में बड़ा हादसा टल गया। केदारनाथ धाम में हेलिकॉप्टर पायलट की सूझबूझ से यह हादसा होने से बचा। केदारनाथ धाम में यात्रियों से भरे हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। जानकारी मिली है कि क्रिस्टल के हेलिकॉप्टर का रूडल खराब हो गया। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिग कराई। हेलिकॉप्टर के सुरक्षित लैंड के बाद तीर्थ यात्रियों ने राहत की सांस ली। केदारनाथ में हेलिकॉप्टर सेवा हमेशा से ही जोखिमभरी रही है। बीते 11 वर्षों में केदारनाथ में 10 हादसे हो चुके हैं।  जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि आज शुक्रवार सुबह सात बजे क्रिटन एविएशन कंपनी के हेली ने छह यात्रियों को लेकर केदारनाथ के लिए उड़ान भरी थी। तकनीकी खराबी के कारण हेलिकॉप्टर को केदारनाथ हेलीपैड से लगभग 100 मीटर पहले आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। पायलट कल्पेश द्वारा सूझबूझ का परिचय देते हुए हेली को आपातकालीन स्थिति में सकुशल लैंडिंग कराया गई, जिसमें सभी श्रद्धालु सुरक्षित एवं सकुशल हैं। घटना के दौरान पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मौके पर जाकर यात्रियों की सहायता कर उन्हें मंदिर तक पहुंचाया गया।  केदारनाथ धाम में क्रिस्टल कंपनी के हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग की डीजीसीए जांच करेगा। गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया की हेलिकॉप्टर के टेल रोटर में तकनीकी खामियां आने के कारण पायलट ने बड़ी सूझबूझ से सॉफ्ट लैंडिंग की है। हेलिकॉप्टर में तमिलनाडु के छह यात्री सवार थे।

चुनाव आयोग को सुप्रीम कोर्ट से राहत, मतदान का डेटा जारी करने को लेकर निर्देश देने से इनकार

24-May-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )   सुप्रीम कोर्ट ने लोकसभा चुनाव के पहले दो चरणों के डेटा प्रकाशित करने में हुई देरी को लेकर दायर याचिका पर भारत के चुनाव आयोग (ईसीआई) को राहत दी है। कोर्ट ने एक एनजीओ की याचिका पर निर्वाचन आयोग को लोकसभा चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत के आंकड़े उसकी वेबसाइट पर अपलोड करने के संबंध में कोई निर्देश देने से इनकार कर दिया है।
लोकसभा चुनाव मतदान के 48 घंटे के भीतर प्रत्येक मतदान केंद्र पर डाले गए मतों के आंकड़े वेबसाइट पर डालने की मांग वाली एक याचिका पर बुधवार को सुनवाई थी। अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। चुनाव आयोग ने अपने हलफनामे में कोर्ट से कहा कि इस प्रकार से आंकड़े पूरी तरह से सार्वजनिक करने से चुनावी प्रक्रिया को नुक्सान होगा। एनजीओ एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉम्र्स द्वारा दायर एक आवेदन पर 24 मई को शीर्ष अदालत में सुनवाई से पहले चुनाव आयोग ने एक हलफनामा दायर कर यह दावा किया। हलफनामे में कहा गया है कि फॉर्म 17 सी के पूर्ण खुलासे से शरारत हो सकती है। इससे पूरे चुनावी प्रक्रिया को नुकसान होगा।
चुनाव आयोग ने कहा कि वेबसाइट पर फॉर्म 17सी (प्रत्येक मतदान केंद्र पर डाले गए वोटों के आंकड़े) डालना उचित नहीं होगा। चुनाव आयोग ने यह भी दावा किया कि पहले दो चरणों में अंतिम मतदान आंकड़े में 5 से 6 फीसदी की वृद्धि के संबंध में लगाए गए आरोप भ्रामक और निराधार थे। आयोग ने यह भी कहा कि चुनाव के अंतिम दो चरणों में प्रक्रिया बदलना चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप होगा और यह संविधान के अनुच्छेद 329 (बी) (चुनाव याचिका को छोडक़र संसद या विधानसभा के किसी भी चुनाव पर सवाल नहीं उठाया जाना चाहिए) के तहत होगा।
उच्चतम न्यायालय से चुनाव आयोग ने यह भी कहा कि उम्मीदवार या उसके एजेंट के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को फॉर्म 17सी प्रदान करने का कोई कानूनी आदेश नहीं है। याचिका में कहा गया है कि याचिकाकर्ता चुनाव अवधि के बीच में एक आवेदन दायर करके एक अधिकार बनाने की कोशिश कर रहा है, जबकि कानून में ऐसा कुछ भी नहीं है। याचिका में यह भी तर्क दिया कि मतदान केंद्र के पास फॉर्म 17सी अपलोड करने के लिए कोई साधन नहीं है।
याचिका में चुनाव आयोग को मौजूदा लोकसभा चुनावों के प्रत्येक चरण के मतदान के 48 घंटों के भीतर अपनी वेबसाइट पर मतदान केंद्र-वार मतदान प्रतिशत डेटा अपलोड करने का निर्देश देने की मांग की गई है। चुनाव आयोग ने कहा कि 19वीं लोकसभा के लिए चुनाव पहले से ही चल रहे हैं। सात चरणों में से पांच चरण पहले ही समाप्त हो चुके, जबकि शेष दो चरण 25 मई और 1 जून को होने हैं।
याचिका में दावा किया गया है, "कुछ ऐसे तत्व और निहित स्वार्थ भी हैं जो किसी भी तरह से इसे बदनाम करने के लिए चुनाव आयोग द्वारा हर चुनाव के आयोजन के समय के करीब निराधार और झूठे आरोप लगाकर संदेह का अनुचित माहौल बनाते रहते हैं।"
चुनाव आयोग ने दावा किया कि याचिका फिलहाल सुनवाई योग्य नहीं है, क्योंकि इसी तरह के मुद्दे उठाए गए थे, जिसके परिणामस्वरूप 26 अप्रैल 2024 को ईवीएम के उपयोग के संबंध में फैसला सुनाया गया।

चुनाव आयोग ने वोटर्स को लुभाने के लिए रैपिडो, ज़ोमैटो, स्विगी के साथ की साझेदारी

24-May-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  वोटिंग बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग तरह-तरह के हथकंडे अपना रहा है. दिल्ली में वोटिंग परसेंटेज बढ़ाने के लिए चुनाव आय़ोग ने कई ऑनलाइन फूड डिलीवरी वाली कंपनियों के साथ समझौता किया है. दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी कृष्णमूर्ति ने गुरुवार को कहा कि 25 मई को मतदान कराने के लिए एक लाख से अधिक मतदान कर्मियों को तैनात किया जाएगा, जबकि लोगों को भीषण गर्मी से राहत दिलाने के लिए भी कई कदम उठाए गए हैं. चुनाव आयुक्त ने कहा कि उन्होंने दिल्ली में 70 पिंक मतदान केंद्र स्थापित किए हैं और हर एक विधानसभा क्षेत्र में इस प्रकार का एक मतदान केंद्र होगा जो पूरी तरह से महिला मतदान कर्मचारियों द्वारा संचालित किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि हमने चुनाव प्रबंधन के सभी पहलुओं की सावधानीपूर्वक योजना बनाई और क्रियान्वित की है. कृष्णमूर्ति ने इस बात पर जोर दिया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों और भीषण गर्मी होने के मौसम विभाग के पूर्वानुमान के आधार पर 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के अपेक्षित उच्च तापमान से निपटने के लिए व्यापक सुविधाएं की गई हैं.
उन्होंने कहा कि हमारी तैयारी पूरी है. मतदाताओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर छायादार क्षेत्र बनाए जाएंगे जिसमें कूलर और पंखे लगे होंगे.

पीएम बोले-हिमाचल सरकार ज्यादा दिन नहीं, कंगना को भद्दी बातें देवभूमि का अपमान

24-May-2024
नाहन।  ( शोर संदेश )  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हिमाचल पहुंचे। उन्होंने पहले सिरमौर में पार्टी उम्मीदवार सुरेश कश्यप और फिर मंडी में कंगना रनोट के लिए प्रचार किया। पीएम ने सिरमौर में कहा कि हिमाचल मेरा दूसरा घर है। कांग्रेस ने हिमाचल में विधानसभा चुनाव में कई गारंटी दी। पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरी बोली। पहली कैबिनेट में कुछ हुआ तो नहीं बल्कि कैबिनेट ही टूट गई। ये सरकार ज्यादा दिन नहीं रहने वाली है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सबका आरक्षण छीन अपनी वोट बैंक, जो वोट जिहाद की बात करते हैं, उन मुसलमानों को दे देना चाहती है। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार बनने के बाद ओबीसी के अधिकार छीनकर मुसलमानों को दे दिए। पीएम ने कहा कि वह आज कांग्रेस और इंडी गठबंधन की साजिश से सावधान करने आए हैं। इनके दिल में आग है।
मंडी में पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने कंगना को जो भद्दी बातें कहीं हैं, वो मंडी व हिमाचल का अपमान है। इसके लिए अब तक कांग्रेस के शाही परिवार ने माफी भी नहीं मांगी है। उन्होंने कहा कि मोदी ने समान नागरिक संहिता का संकल्प लिया है। सभी के लिए एक समान कानून होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस इसका विरोध कर रही है।
जैसे झूठे वादे हिमाचल सरकार ने किए थे,  वो मोदी का काम नहीं है- पीएम
पीएम ने कहा कि मैंने सेना में बेटियों के लिए बंद पड़े दरवाजे खोल दिए है। 10 साल में केंद्रीय बलों में महिलाओं की संख्या दोगुना से अधिक होगी। बेटियों के लिए आने वाले पांच साल बुलंद उड़ान के होने वाले हैं। जैसे झूठे वादे हिमाचल सरकार ने किए थे, वो मोदी का काम नहीं है। ये मोदी की गारंटी है। कांग्रेस को केवल धोखा देना और ताला लगाना आता है। कहां था लाखों नौकरियां देंगे, कहां सर्विस कमीशन पर ताला लगा दिया। ऐसा करके नौजवानों के भविष्य पर ही ताला लगा दिया।
डेढ़ साल में हिमाचल धोखेबाजी से तंग आ गया है- मोदी
उन्होंने कहा कि कर्मचारी के साथ हिमाचल सरकार ने धोखा किया। कर्मचारी महंगाई भत्ते का इंतजार कर रहा है। आपदा के बाद केंद्र ने हजारों करोड़ भेजे। उसकी बंदरबांट कर दी। इस सरकार का कोई भविष्य नहीं, इनका जाना तय है। उन्होंने कहा कि आपदा के पैसे में किसने बंदरबांट की, उसे खोजकर निकालूंगा और मंडी के लोगों को राहत दूंगा। डेढ़ साल में हिमाचल धोखेबाजी से तंग आ गया है। कीरतपुर-मंडी फोरलेन ने सफर सुहाना बनाया है। पहले मंडी पहुंचते-पहुंचते कमर टूट जाती थी। अब तो लाहौल से भी फल सब्जियां तेजी से मंडी में पहुंच रहे हैं। पर्यटन भी फल फूल रहा है।

बंगाल में तूफान का खतरा! तेज रफ्तार से बढ़ रहा साइक्लोन रिमल, अलर्ट जारी

24-May-2024
नई दिल्ली   ( शोर संदेश )  । प्री मॉनसून सीजन में बंगाल की खाड़ी में अक्सर तूफान आते हैं. इस बार भी मौसम विभाग ने 26 मई को चक्रवाती तूफ़ान रिमल के आने की बात कही है. लेकिन इस बार तूफान चुनाव के दौरान पश्चिम बंगाल में तांडव मचा सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक़, चक्रवाती तूफान रिमल 26 मई को 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से बांग्लादेश से टकराएगा.
100 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ़्तार से चलेंगी हवाएं
बंगाल के कुछ ज़िलों में इस दौरान 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तूफानी हवाएं चलेंगी. बंगाल की खाड़ी में पनप रहा ये तूफान 25 मई को डीप डिप्रेशन में तब्दील होगा और 26 मई की सुबह चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगा. मौसम विभाग के मुताबिक़, इस चक्रवात की वजह से पश्चिम बंगाल के मिदनापुर, दक्षिण चौबीस परगना, उत्तर 24 परगना में भारी प्रभाव पड़ेगा.
भारी बारिश का भी अलर्ट
इन ज़िलों में 25 तारीख़ से ही 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलना शुरू हो जाएंगी और 26 तारीख़ को हवाओं की गति 80 से 100 किलोमीटर के बीच में होगी. ऐसे में व्यापक नुक़सान की आशंका जताई गई है. इसके अलावा कोलकाता, हावड़ा, नदिया और झाडग़्राम ज़िलों में मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है. मछुआरों को समुद्र में जाने से मना कर दिया गया है. 
पिछले साल बंगाल की खाड़ी में आया था चक्रवाती तूफान ‘मोचा’
बता दें कि भारतीय समुद्र में आमतौर पर प्री मॉनसून और मॉनसून के समय तूफान आते हैं. ये तूफान अरब सागर या बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनते हैं. इस साल प्री मॉनसून यानी अप्रैल महीने से जून के बीच (जब तक भारत में मॉनसून मजबूत नहीं हो जाता) तक तूफान आने के आसार कम थे. हालांकि मॉनसून में इस बार जमकर तूफान आने वाले हैं. बंगाल की खाड़ी के ऊपर पिछले साल 2023 में एक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान 'मोचा' आया था. लंबी समुद्री यात्रा के बाद तूफान म्यांमार की ओर बढ़ गया और 14 मई 2023 को सितवे के पास तट को पार कर गया था.
साल का पहला प्री-मॉनसून तूफान है रिमल
इस बार अप्रैल के महीने में कोई तूफान नहीं आया और मई में इस साल का पहला प्री-मॉनसून तूफान आ रहा है. हालांकि अप्रैल की तुलना में मई में प्री-मानसून तूफान अधिक आते हैं और अरब सागर की तुलना में बंगाल की खाड़ी के ऊपर इनकी संख्या अधिक होती है.
5 सालों से अप्रैल में नहीं आया कोई तूफान
पिछले 5 सालों से अप्रैल महीने में भारतीय समुद्र में कोई तूफ़ान नहीं बना है. रिकॉर्ड के अनुसार, आखिरी बार अप्रैल 2019 में बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक अत्यंत भीषण चक्रवाती तूफान ‘फानी’ था. फानी एक कैट-वी समकक्ष तूफान था, जो 26 अप्रैल 2019 को बना था. यह चक्रवात एक लंबी समुद्री यात्रा करते हुए 3 मई को पूरी को पार करने के बाद ओडिशा के पास तट से टकराया था.



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account