ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

केदारनाथ में हेलीकॉप्टर की एमर्जेन्सी लैंडिंग, पायलट व यात्री सुरक्षित

24-May-2024
रुद्रप्रयाग  ( शोर संदेश )  । केदारनाथ में एक निजी कंपनी के हेलीकॉप्टर को तकनीकी गड़बड़ी के कारण आपात स्थिति में हेलीपैड से कुछ ही मीटर की दूरी पर उतारना पड़ा। हेलीकॉप्टर में छह श्रद्धालु समेत सात लोग सवार थे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
हालांकि, उन्होंने बताया कि हेलीकॉप्टर में सवार पायलट और सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं और श्रद्धालुओं को भगवान केदारनाथ के दर्शन करा दिए गए हैं।
रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन की ओर से दी गयी जानकारी के अनुसार, घटना सुबह सात बजे की है जब क्रिस्टल एवियेशन कंपनी के हेलीकॉप्टर ने गुप्तकाशी और सोनप्रयाग के बीच शेरसी हेलीपैड से उड़ान भरी। इसी बीच, तकनीकी खामी की जानकारी मिलते ही पायलट ने हेलीकॉप्टर को केदारनाथ हेलीपैड से कुछ दूरी पर आपात स्थिति में उतारा।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने कहा कि पायलट की सूझबूझ के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि तकनीकी खामी की जानकारी मिलने के बाद पायलट ने अपना धैर्य नहीं खोया और हेलीकॉप्टर को आपात स्थिति में सुरक्षित उतारा। सभी तीर्थयात्री सुरक्षित हैं और सभी को बाबा केदारनाथ के दर्शन करा दिए गए हैं। हेलीकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी की जांच कराई जा रही है।

महाराष्ट्र:एसडीआरएफ के जवान डूबे, तीन की मौत

24-May-2024
अहमदनगर  ( शोर संदेश ) । महाराष्ट्र की प्रवरा नदी में हुए दर्दनाक हादसे में एसडीआरएफ के तीन जवानों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत स्थिर बनी हुई है। इस नदी में दो स्थानीय युवक डूब गए थे। जिनकी तलाश करते हुए एसडीआरएफ के टीम वहां पहुंची थी और वह भी हादसे का शिकार हो गई। सब डिविजनल अफसर शिलेश हिंज ने इस घटना में तीन जवानों की मौत की पुष्टि की है, जबकि दो स्थानीय युवक पहले ही इस नदी में डूब चुके हैं।
महाराष्ट्र की प्रवरा नदी में दो युवक डूब गए और इनमें से एक का शव अहमदनगर के पास ही मिल गया। दूसरे युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। हालांकि, तलाश के दौरान एसडीआरएफ की नाव भी पलट गई। इस हादसे के बाद चार जवानों को अस्पताल ले जाया गया। जहां तीन जवानों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, एक जवान की हालत स्थिर बनी हुई है। कहा जा रहा है कि एक जवान अभी भी लापता है।

धमाके के बाद केमिकल फैक्ट्री में लगी आग, 7 की मौत, 48 घायल...

23-May-2024
मुंबई  ( शोर संदेश )  । महाराष्ट्र में डोंबिवली के एमआईडीसी इलाके में स्थित एक फैक्टरी में बॉयलर फटने से आग लग गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हुई है, जबकि 48 लोग घायल हुए हैं। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
बताया गया है कि दोपहर 1.40 बजे अमुदान कैमिकल फैक्टरी में बॉयलर फटने से विस्फोट हुआ। महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने बताया है कि अब तक घटनास्थल से चार शव बरामद किए गए हैं। सामंत ने कहा कि घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने एलान किया है कि घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
 एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि विस्फोट की आवाज एक किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। विस्फोट के कारण आसपास की इमारतों की कांच की खिड़कियों में दरारें आ गईं और कई घर क्षतिग्रस्त भी हुए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी यासीन ताडवी का कहना है कि दोपहर करीब 1.40 बजे धमाके की आवाज सुनाई दी। उन्होंने आगे कहा कि विस्फोट के बाद आसपास की तीन फैक्टरियों में भी आग फैल गई। काफी दूर से धुंएं और आग का गुबार देखा जा सकता था।
उधर महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर ट्वीट कर जानकारी दी है कि इस मामले में आठ लोगों को निलंबित कर दिया गया है। फड़णवीस ने लिखा ‘एनडीआरएफ, टीडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों को मौके पर बुलाया गया है। राहत और बचाव का काम लगातार जारी है।'
फायर विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट डोंबिवली में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) क्षेत्र के फेज-दो में स्थित ‘एम्बर केमिकल कंपनी’ के बॉयलर में हुआ। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। उन्होंने बताया कि विस्फोट के कारण आसपास की इमारत की खिड़कियों के शीशों में दरारें आ गईं।

अभी नहीं मिलेगी प्रचंड गर्मी से राहत, हीटवेव को लेकर आईएमडी ने जारी की चेतावनी

22-May-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )    देश के ज्यादातर हिस्से में इनदिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है. सबसे खराब हालात उत्तर, मध्य और पश्चिमी भारत के हैं. जहां तापमान लगातार बढ़ रहा है. गर्मी से लोग परेशान हैं तो उनके स्वास्थ्य पर भी इसका असर पड़ रहा है. यही नहीं गर्मी के चलते काम धंधा भी प्रभावित हो रहा है.  इस बीच मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में अगले पांच दिनों के लिए गर्मी का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिनों तक दिल्ली, यूपी, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, गुजरात और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश में गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.
दिल्ली समेत इन राज्यों में चढ़ रहा पारा
मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और चंडीगढ़ के कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया. जिससे लोग दिनभर बैचेन नजर आए. सुबह नौ बजे के बाद लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो गया. यही नहीं रात में भी गर्मी से लोग परेशान है. इस बीच कई इलाकों में बिजली की कटौती से भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट
मौसम कार्यालय ने इन राज्यों में रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने कहा है कि इस दौरान कमजोर लोगों को अत्यधिक देखभाल की जरूरत है. विभाग के मुताबिक, इन पांच दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश की निचली पहाडिय़ों में अत्यधिक गर्मी पड़ेगी. ये निचली पहाडिय़ां मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पडऩे पर लोगों को सुरक्षित आश्रय देती हैं.
इन इलाकों में दर्ज किया गया सबसे ज्यादा तापमान
मंगलवार को हरियाणा का सिरसा सबसे गर्म स्थान रहा. यहां कल यानी मंगलवार को तापमान 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जो देश का सबसे गर्म स्थान भी रहा. वहीं राजधानी दिल्ली में, पिछले दिनों की तुलना में मंगलवार के तापमान में कुछ गिरावट देखने को मिली, लेकिन तापमानह सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया. उधर राजस्थान में भी तापमान में रिकॉर्ड वृद्धि हो रही है. राजस्थान में झुंझुनूं के पिलानी में मंगलवार को पारा बढक़र 47.2 डिग्री सेल्सियस हो गया. जो राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा.

हेमंत सोरेन को बड़ा झटका, सुप्रीम कोर्ट ने चुनाव के लिए अंतरिम रिहाई देने से किया इनकार

22-May-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )   कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को ईडी ने 31 जनवरी को गिरफ्तार किया था. सोरेन ने इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था.
कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बड़ा झटका लगा है. कोर्ट ने बुधवार (22 मई, 2024) को मामले में लोकसभा चुनाव को लेकर सोरेन को अंतरिम जमानत देने से मना कर दिया है. 
सुप्रीम कोर्ट ने कहा, ‘निचली अदालत मामले पर संज्ञान ले चुकी है. नियमित बेल याचिका भी खारिज हो चुकी है तो ऐसे में गिरफ्तारी की चुनौती पर सुनवाई का आधार नहीं बनता.’ मामले में मंगलवार (21 मई, 2024) को भी कोर्ट में बहस हुई थी. हेमंत सोरेन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने तो ईडी की तरफ से असिस्टेंट सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने मंगलवार और बुधवार को दलील दी.
किसने क्या दलील दी? 
कपिल सिब्बल ने कोर्ट में सुनवाई के दौरान कहा कि यह 8.86 एकड़ जमीन का मामला है और इससे हेमंत सोरेन का कोई लेना-देना नहीं है. सभी रिकॉर्ड सही है तो ऐसे में कोई विवाद नहीं बनता है. वहीं एसवी राजू ने कहा कि ऐसा कहना गलत है कि इसमें विवाद नहीं बनता. 
सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?
सुप्रीम कोर्ट ने यह तथ्य छिपाने के लिए हेमंत सोरेन से नाखुशी जताई कि उन्होंने निचली अदालत में जमानत याचिका दायर की थी. कोर्ट ने कहा कि 4 अप्रैल को ट्रायल कोर्ट ने ईडी की चार्जशीट पर संज्ञान ले लिया था. नियमित ज़मानत याचिका भी लंबित थी और इन बातों को याचिका में छुपाया गया. 

मोदी को हटाने का माहौल नहीं, 300 सीटें जीत सकती है बीजेपी, प्रशांत किशोर ने किया दावा

22-May-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )   चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर (पीके) ने कहा है कि लोकसभा चुनाव में भाजपा को अपना 370 सीटें जीतने का लक्ष्य हासिल करना असंभव है लेकिन वह करीब 300 सीटें जीतेगी। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी स्थिति में 270 के आंकड़े से नीचे नहीं जा रही बल्कि पिछली बार के आंकड़े 303 के आसपास सीटें जीतेगी।
इन राज्यों में हो सकता है नुकसान
प्रशांत किशोर का दावा है कि भाजपा को उत्तर और पश्चिम क्षेत्रों में कोई बड़ा नुकसान नहीं होता दिखता जबकि वह दक्षिण और पूर्व (बिहार, बंगाल, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल) में सीटें बढ़ा सकती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा और राजस्थान में भाजपा को 2-5 सीटों का नुकसान हो सकता है वहीं महाराष्ट्र में उसे ज्यादा नुकसान नहीं होगा।
मोदी को हटाने की धारणा नहीं
पीके का मानना है कि मोदी और भाजपा की 10 साल की सरकार को लेकर आम जनमानस में हल्की नाराजगी जरूर है, लेकिन जनता के गुस्से जैसी बात खुले तौर पर नजर नहीं आती। लोगों में अभी ऐसी धारणा नहीं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाना है।
‘पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाया जा सकता है’
राजनीतिक रणनीतिकार किशोर ने कहा कि राज्यों के पास वर्तमान में राजस्व के तीन प्रमुख स्रोत हैं - पेट्रोलियम, शराब और भूमि. उन्होंने कहा, ‘मुझे आश्चर्य नहीं होगा अगर पेट्रोलियम को जीएसटी के दायरे में लाया जाए.’ फिलहाल पेट्रोल, डीजल, एटीएफ और नेचुरल गैस जैसे पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स जीएसटी के दायरे से बाहर हैं. हालांकि, उन पर अभी भी वैट, सेंट्रल सेल्स टैक्स और सेंट्रल एक्साइज ड्यूटी लगते हैं.
राज्यों के लिए कुछ नियम को बनाया जा सकता है सख्त
प्रशांत किशोर ने यह भी भविष्यवाणी की कि केंद्र राज्यों को संसाधनों के डिस्ट्रीब्यूशन में देरी कर सकता है. फिसकल रिस्पॉन्सिबिलिटी एंड बजट मैनेजमेंट (एफआरबीएम) के नियमों को सख्त बनाया जा सकता है. 2003 में बनाया गया एफआरबीएम अधिनियम राज्यों के वार्षिक बजट घाटे पर एक सीमा लगाता है. उन्होंने भविष्यवाणी की, केंद्र संसाधनों के हस्तांतरण में देरी कर सकता है और राज्यों की बजट से इतर उधारी सख्त कर दी जाएगी. 

"अल्प विराम-स्वयं से मुलाकात" कार्यक्रम आयोजित

21-May-2024
भोपाल   ( शोर संदेश )  ।  राज्य आनंद संस्थान, आनंद विभाग द्वारा मंत्रालय वल्लभ भवन, सतपुड़ा एवं विंध्याचल में पदस्थ पुलिसकर्मियों के लिये दो दिवसीय "अल्पविराम - स्वयं से मुलाकात" कार्यक्रम आयोजित किया गया। अल्पविराम शांत समय मे अंतरात्मा की आवाज को सुनने का एक अभ्यास है जो सकारात्मक सोच विकसित करने की प्रक्रिया को मजबूत बनाता है।
अल्पविराम कार्यक्रम के माध्यम से जीवन में आंतरिक आनंद के महत्व पर चर्चा की गईl सेशन में विभिन्न टूल्स के माध्यम से जीवन का लेखा-जोखा, हमारे रिश्ते, चिंता का दायरा, प्रभाव का दायरा और विभिन्न रोचक गतिविधियों के माध्यम से जीवन में मानवीय मूल्यों के महत्व पर गहराई से सभी अधिकारियों कर्मचारियों के साथ चर्चा कर एवं अनुभव साझा किये।
कार्यक्रम में मुख्य सुरक्षा अधिकारी/ सहायक पुलिस आयुक्त अविनाश शर्मा, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी, राज्य आनंद विभाग के निदेशक प्रवीण गंगराड़े, कार्यक्रम समन्वयक मनु दीक्षित एवं मास्टर ट्रेनर राजेंद्र असाटी, प्रदीप महतो, सीमा अग्निहोत्री और मुकेश करुरा उपस्थित थे 
 

खलेसर घाट से चलाया गया स्वच्छता अभियान

21-May-2024
उमरिया  ( शोर संदेश )   । आयुक्त शहडोल संभाग शहडोल बी एस जामोद एवं कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा चलाने हेतु निर्देश दिए गए गए है। जिसके परिपालन में खलेसर घाट उमरार नदी को स्वच्छ करने का अभियान चलाया गया। खलेसर घाट उमरार नदी में जलकुंभी, प्लास्टिक, तथा अन्य अपशिष्ट का जमाव हो गया था। स्वच्छता अभियान के तहत नदी में प्रतिदिन सफाई की गई जिसके परिणाम स्वरूप खलेसर घाट उमरार नदी को जलकुंभी, प्लास्टिक, तथा अन्य अपशिष्ट से मुक्त कर साफ कर दिया गया है। खलेसर घाट का पानी पहले की तरह स्वच्छ हो गया है ।
 

बच्चे अपने भविष्य के प्रति रहे सजग एवं गंभीर- कलेक्टर

21-May-2024

 अनुपपुर। ( शोर संदेश )     कलेक्टर आशीष वशिष्ठ ने कहा है कि सभी बच्चे अपने भविष्य के प्रति सजग एवं गंभीर रहे। आज के जीवन में कैरियर बहुत ही महत्वपूर्ण स्थान रखता है और बच्चों का जीवन संवारना कैरियर काउंसलिंग का मुख्य उद्देश्य है। कलेक्टर ने कहा कि सभी विद्यार्थियों के जीवन में कैरियर बनाने के अनेक विकल्प हैं, जरूरी नहीं है कि डॉक्टर, इंजीनियर, प्रोफेसर ही बना जाए, इसके अलावा ऐसे अनेक क्षेत्र हैं, जहां बच्चे अपना करियर बना सकते हैं। कलेक्टर आशीष वशिष्ठ आज आदर्श आवासीय एकलव्य विद्यालय के ऑडिटोरियम अनूपपुर में हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षा में सफल विद्यार्थियों के लिए आयोजित कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत तन्मय वशिष्ठ शर्मा, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सरिता नायक सहायक संचालक अशोक शर्मा सर्व शिक्षा अभियान के एपीसी संतोष तिवारी सहित संबंधित विभाग के विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने कहा कि कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम में ऐसे विद्यार्थी जो उत्सुकता के साथ सहभागिता निभा रहे हैं तथा जिनके मन में भविष्य को लेकर कोई प्रश्न उठ रहे हैं, तो उसका जवाब पाकर ही जाएं। यहां से जाने के बाद भविष्य को लेकर मन में किसी प्रकार की दुविधा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आप यहां से अपने सपने को लेकर जाएं तथा उसके लिए अथक मेहनत एवं प्रयास जरुर करें सफलता आपको जरूर मिलेगी।
कार्यक्रम में स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी भोपाल एवं ए.के.एस. यूनिवर्सिटी सतना तथा संकल्प संकल्प ग्रुप ऑफ़ एजूकेशन अनूपपुर प्र कॉलेज अनूपपुर के विषय विशेषज्ञ उपस्थित थे उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर उनके संघ का आधारित प्रश्नों का समाधान कारक उत्तर दिया। करियर काउंसलिंग कार्यक्रम में जैतहरी विकासखण्ड के 264 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावक व शिक्षको ने भी हिस्सा लिया ।

मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण सम्पन्न

21-May-2024
अनुपपुर । ( शोर संदेश )    लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2024 की मतगणना को सुव्यवस्थित सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष वशिष्ठ के मार्गदर्शन में एकलव्य आदर्श आवासीय उ.मा.वि. अनूपपुर में मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। मतगणना कार्य हेतु मतगणना पर्यवेक्षक, गणना सहायक, माइक्रो आब्जर्वर को मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। मतगणना कार्य हेतु 288 कार्मिकों को तथा पोस्टल बैलेट मतगणना हेतु 34 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स ने डाक मतपत्र गणना, ईव्हीएम की गणना, व्हीव्हीपीएटी की पर्चियों की गणना, मतगणना संबंधी सामान्य निर्देश, मतगणना प्रक्रिया आदि के संबंध में जानकारी दी।
कलेक्टर एवं जिपं. सीईओ ने प्रशिक्षण का लिया जायजा
एकलव्य आदर्श आवासीय उ.मा.वि. अनूपपुर में आयोजित मतगणना प्रशिक्षण कार्य का कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष वशिष्ठ तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  तन्मय वशिष्ठ शर्मा के द्वारा जायजा लिया गया। उन्होंने मतगणना कार्मिकों से प्रशिक्षण में बताई गई बातों का ध्यान रखने तथा किसी भी तरह की शंका होने पर मास्टर ट्रेनर्स से समाधान प्राप्त करने के निर्देश दिए।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account