ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

भूपेश बघेल और कांग्रेस ने क्या किया, इसका उदाहरण मैं ही हूं, राधिका खेड़ा ने फिर लगाया आरोप

17-May-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की पूर्व पदाधिकारी और मौजूदा वक़्त में भाजपा का दामन चुकी महिला नेत्री राधिका खेड़ा लगातार कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर हमलावर हैं। खासकर सोशल मीडिया पर वह कभी राहुल गांधी तो कभी प्रियंका गांधी पर हमले कर रही हैं। नारी सम्मान के दावों पर खुद की मिसाल दे रही है। वही इस बीच उन्होंने छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और मौजूदा समय में रायबरेली लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस पर्यवेक्षक भूपेश बघेल के खिलाफ ट्वीट किया हैं।
दरअसल राहुल गांधी के प्रचार के सिलसिले में भूपेश बघेल इन दिनों रायबरेली में हैं। वे वहां जनसभाएं कर रहे हैं। कल भूपेश बघेल ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा था, “कांग्रेस की सरकार किसानों के लिए स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट लागू करेगी, युवाओं को 30 लाख सरकारी नौकरियां देगी, सभी युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अधिकार मिलेगा, महिलाओं के खातों में ₹1 लाख आएंगे। INDIA की सरकार आम देशवासियों की सरकार होगी, सबको न्याय देगी।” राधिका खेड़ा ने अब इसी ट्वीट का जवाब दिया है।
 

कर्नाटक वीडियो स्कैंडल में फंसे प्रज्वल रेवन्ना की बढ़ी मुसीबत, रेप का मामला दर्ज

03-May-2024
नई दिल्ली। (  शोर सन्देश  )  पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा के पोते और जनता दल सांसद प्रज्वल रेवन्ना की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। कर्नाटक वीडियो स्कैंडल मामले में आरोपी रेवन्ना के खिलाफ अब दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। उनके खिलाफ यह दूसरा मामला है। रेप के मामले के अलावा अन्य कई गंभीर धाराओं के तहत स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम ने उनके खिलाफ केस दर्ज किया है।
कर्नाटक पुलिस की एसआईटी की टीम ने प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ नया केस दर्ज किया है। एसआईटी ने आईपीसी की धारा 376 के तहत रेवन्ना के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया है। इसके अलावा आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रज्वल रेवन्ना पर महिलाओं का यौन उत्पीडऩ का आरोप है। मामले की जांच के लिए राज्य सरकार ने एसआईटी का गठन किया है।
प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी
कथित कर्नाटक सेक्स स्कैंडल मामले में सांसद प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ सरकार अब एक्शन मोड में है। प्रज्ज्वल ने विशेष जांच दल यानी एसआईटी के सामने पेश होने के लिए 7 दिन का समय मांगा है। इस पर कर्नाटक के गृह मंत्री परमेश्वर ने कहा कि 24 घंटे से ज्यादा समय देने का प्रावधान नहीं है। प्रज्वल रेवन्ना के विदेश चले जाने के कारण लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। हमने लुकआउट नोटिस के बारे में सभी बंदरगाहों और एयरपोर्ट को जानकारी दे दी है। उन्होंने आगे कहा कि एक और महिला की शिकायत सामने आई है। पीडि़ता का बयान दर्ज कर लिया गया है।

राहुल VS दिनेश प्रताप, रायबरेली में कौन किस पर पड़ेगा भारी

03-May-2024
नई दिल्ली। (  शोर सन्देश  )  शुक्रवार को कांग्रेस ने रायबरेली और अमेठी के सस्पेंस से पर्दा उठा दिया. जहां रायबरेली से राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं तो अमेठी से किशोरी लाल शर्मा पार्टी के उम्मीदवार हैं. दिलचस्प बात है कि तीन मई को जब नामांकन की आखिरी तारीख थी तो उसी दिन अंतिम पलों में कांग्रेस की तरफ से यह बड़ा ऐलान किया गया. अमेठी की तरह रायबरेली भी हमेशा से कांग्रेस का गढ़ रहा है. गुरुवार यानी दो मई को ही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की तरफ से रायबरेली के लिए प्रत्याशी का ऐलान किया गया. यहां से पार्टी ने दिनेश प्रताप सिंह को टिकट दिया है. अब यह तो वक्त ही बताएगा कि कौन किस पर भारी पड़ेगा लेकिन आंकड़ें कांग्रेस की तरफ इशारा कर रहे हैं. 
जिस दिनेश प्रताप सिंह को बीजेपी ने अपना कैंडीडेट घोषित किया है, वह साल 2018 में कांग्रेस छोडक़र पार्टी में आए हैं. वह उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और बीजेपी नेता हैं. 2019 में उनका मुकाबला रायबरेली में सोनिया गांधी से था.  दिनेश प्रताप सिंह को उस चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा था. वह पिछले लोकसभा चुनाव में रायबरेली में दूसरे नंबर पर आए थे. दिनेश प्रताप सिंह पहली बार साल 2010 में और दूसरी बार 2016 में कांग्रेस से विधान परिषद के सदस्य बने थे. फिर उन्होंने पार्टी को अलविदा कह दिया और बीजेपी का दामन थाम लिया. साल 2022 में दिनेश प्रताप सिंह बीजेपी के टिकट पर रिकॉर्ड वोटों से जीतकर तीसरी बार एमएलसी बने थे. 
बीजेपी को जीत की उम्मीद 
बीजेपी की ओर से रायबरेली से उम्मीदवार बनाए जाने के बाद दिनेश प्रताप सिंह ने कहा, ‘मैं देश को आश्वस्त करता हूं कि रायबरेली से ‘नकली’ गांधी परिवार की विदाई तय है. यह तय है कि बीजेपी का ‘कमल’ खिलेगा और कांग्रेस हारेगी.’ दिनेश प्रताप सिंह इस बार जीत के लिए किस कदर आश्वस्त हैं इस बात का अंदाजा उनके एक बयान से ही लगाया जा सकता है. उन्होंने गुरुवार को कहा, ‘मैंने चार बार की सांसद सोनिया गांधी के खिलाफ भी चुनाव लड़ा है. इसलिए प्रियंका, राहुल गांधी मेरे लिए महत्वपूर्ण नहीं हैं.  जो भी गांधी रायबरेली आएंगे, वे हारेंगे.’
 

राहुल के रायबरेली से लडऩे पर पीएम मोदी ने कसा तंज- ‘अब मैं भी उन्हें कहता हूं, डरो मत, भागो मत’

03-May-2024
नई दिल्ली। (  शोर सन्देश  )  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर हमला बोला है. पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के बर्धमान में आयोजित एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी अमेठी से चुनाव लडऩे से डर गए हैं. यही वजह है कि उन्होंने इस बार अमेठी की जगह रायबरेली से चुनाव लडऩे का फैसला किया है. अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने सोनिया गांधी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी से पहले सोनिया गांधी भी डरकर राजस्थान चली गई थीं. पीएम मोदी ने अपने भाषण के दौरान कहा कि कांग्रेस अब जिस स्थिति में है उससे ये तो साफ है कि उन्हें इस बार पहले से भी कम सीटें आ रही हैं. आपको बता दें कि सोनिया गांधी अब तक रायबरेली से सांसद थी लेकिन इस बार वो यहां से लोकसभा चुनाव नहीं लड़ रही हैं. उनकी जगह इस बार राहुल गांधी मैदान में हैं. सोनिया गांधी अब राजस्थान से राज्यसभा सांसद हैं.
ये लोग घूम-घूम कर सबको कहते हैं - डरो मत!
पीएम मोदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट भी किया है. इस पोस्ट में उन्होंने लिखा कि मैं पहले से ही बता दिया था कि शहजादे वायनाड में हार के डर से अपने लिए दूसरी सीट खोज रहे हैं. अब इन्हें अमेठी से भागकर रायबरेली सीट चुननी पड़ी है. ये लोग घूम-घूम कर सबको कहते हैं - डरो मत! मैं भी इन्हें यही कहूंगा - डरो मत! भागो मत!
‘राहुल गांधी पर पीएम ने पहले भी साधा था निशाना’
आपको बता दें कि पीएम मोदी ने इससे पहले कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए पूछा था कि क्या वायनाड में मुस्लिम समुदाय को आरक्षण का लाभ देने के लिए कोई ‘डील’ हुई है. पीएम मोदी ने साथ ही कहा था कि धर्म-आधारित आरक्षण देना ‘असंवैधानिक’ है, उन्होंने कांग्रेस पर एससी, एसटी और ओबीसी समुदायों से आरक्षण छीनने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा था कि आज, क्या हो रहा है।

राम मंदिर पर पाकिस्तान ने यूएन में फिर उगला जहर, भारत ने दिया करारा जवाब

03-May-2024
नई दिल्ली। (  शोर सन्देश  )  पाकिस्तान का भारत के खिलाफ जहर उगलना लगातार जारी है। पड़ोसी मुल्क ने फिर एकबार संयुक्त राष्ट्र में राम मंदिर का मुद्दा उठाया। हालांकि, इस बार उसे ऐसा जवबा मिला कि बोलती बंद हो गई है। भारत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान द्वारा गए बयान को विनाशकारी और हानिकारक बताया। साथ ही पाकिस्तान को तीखा जवाब देते हुए कहा कि पाकिस्तान का सभी पहलुओं पर सबसे संदिग्ध ट्रैक रिकॉर्ड रहा है।
आपको बता दें कि संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के दूत मुनीर अकरम ने ‘शांति की संस्कृति’ पर महासभा में अपने संबोधन के दौरान कश्मीर, नागरिकता (संशोधन) अधिनियम और अयोध्या में राम मंदिर जैसे मामलों का जिक्र करते हुए भारत के खिलाफ लंबी टिप्पणी की थी। संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा कंबोज ने कड़ी प्रतिक्रिया दी।
कंबोज ने गुरुवार को कहा, ‘‘इस महासभा में हम आखिरी बात यह कहना चाहते हैं कि जब हम इस चुनौतीपूर्ण समय में शांति की संस्कृति विकसित करने की कोशिश करते हैं तो ऐसे समय में हमारा ध्यान रचनात्मक वार्ता पर केंद्रित रहता है इसलिए हमने एक निश्चित प्रतिनिधि की उन टिप्पणियों को दरकिनार करने का विकल्प चुना जिनमें न केवल मर्यादा का अभाव है बल्कि अपनी विनाशकारी एवं हानिकारक प्रकृति के कारण वे हमारे सामूहिक प्रयासों में भी बाधक हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम उस प्रतिनिधि को सम्मान और कूटनीति के उन केंद्रीय सिद्धांतों का पालन करने के लिए दृढ़ता से प्रोत्साहित करेंगे जिन्हें हमेशा हमारी चर्चाओं का मार्गदर्शन करना चाहिए या फिर क्या उस देश से यह अपेक्षा करना बहुत ज्यादा है जिसका स्वयं सभी पहलुओं पर सबसे संदिग्ध ‘ट्रैक रिकॉर्ड’ है।’’
कंबोज ने कहा कि आतंकवाद शांति की संस्कृति और सभी धर्मों की उन मूल शिक्षाओं का प्रत्यक्ष विरोधी है, जो करुणा, समझ और सह-अस्तित्व की वकालत करते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘यह झगड़े के बीज बोता है, शत्रुता पैदा करता है और सम्मान एवं सद्भाव के उन सार्वभौमिक मूल्यों को कमजोर करता है जो दुनिया भर में सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का आधार हैं। सदस्य देश यदि वास्तव में शांति की संस्कृति को बढ़ावा देना चाहते हैं और दुनिया को एक एकजुट परिवार के रूप में देखना चाहते हैं तो इसके लिए उनका मिलकर सक्रिय रूप से काम करना आवश्यक है। इस एकजुटता में मेरे देश का दृढ़ विश्वास है।’’
कंबोज ने कहा कि दुनिया को भू-राजनीतिक तनाव और असमान विकास के कारण बड़ी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘धर्म या विश्वास के आधार पर बढ़ती असहिष्णुता, भेदभाव और हिंसा पर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘गिरजाघरों, मठों, गुरुद्वारों, मस्जिदों, मंदिरों सहित पवित्र स्थलों पर बढ़ते हमलों से हम विशेष रूप से चिंतित हैं।’’ उन्होंने कहा कि ऐसे कृत्यों के खिलाफ वैश्विक समुदाय को त्वरित और एकजुट होकर प्रतिक्रिया देनी चाहिए। कंबोज ने यूएनजीए बैठक में कहा कि महात्मा गांधी द्वारा प्रतिपादित अहिंसा का सिद्धांत शांति के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का आधार है।
 

कांग्रेस नेता ने स्कैंडल में फंसे प्रज्वल रेवन्ना की तुलना भगवान से की, भडक़ गई भाजपा

03-May-2024
बेंगलुरु  (  शोर सन्देश  )  । कर्नाटक के एक मंत्री ने सेक्स स्कैंडल मामले में आरोपी जनता दल (सेक्युलर) के सांसद प्रज्वल रेवन्ना की तुलना भगवान कृष्ण से करके विवाद खड़ा कर दिया है। एक वायरल वीडियो मं सिद्धारमैया सरकार में उत्पाद शुल्क मंत्री रामप्पा तिम्मापुर रेवन्ना के बारे में बोलते हुए और हिंदू देवता के साथ उनकी तुलना करते हुए दिखाई दे रहे हैं। उनके इस बयान के बाद हंगामा खड़ा हो गया है।
रामप्पा तिम्मापुर ने कहा, ‘जैसा कि एमबी पाटिल ने कहा, यह पेनड्राइव मुद्दा है। देश में इससे बुरा कुछ भी नहीं हुआ है। यह गिनीज वल्र्ड रिकॉर्ड बना सकता है। भगवान कृष्ण भक्ति के साथ कई महिलाओं के साथ रहते थे। मुझे लगता है कि वह उस रिकॉर्ड को तोडऩा चाहते है।’ मंत्री ने विजयपुरा में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में कन्नड़ में बोलते हुए दिख रहे हैं।
भाजपा ने तिम्मापुर के इस्तीफे की मांग करते हुए तुरंत कांग्रेस पर हमला बोल दिया। बीजेपी नेता और कर्नाटक के पूर्व मंत्री सीटी रवि ने कहा, कर्नाटक सरकार में कांग्रेस नेता ने भगवान कृष्ण का अपमान किया है। उन्हें तुरंत कैबिनेट और पार्टी से हटाया जाना चाहिए अन्यथा हम उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। इसके जवाब में कांग्रेस ने खुद को तिम्मापुर की टिप्पणी से अलग कर लिया।
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ‘मैं इस बयान की निंदा करती हूं। मैं खुद को इस बयान से अलग करती हूं। यह पार्टी का आधिकारिक रुख नहीं है। रेवन्ना एक राक्षस हैं। यह पार्टी का रुख नहीं है।’
 

लोकसभा निर्वाचन 2024 - घर-घर पहुँचेगा वोट डालने का बुलौआ

30-Apr-2024
ग्वालियर ।  (  शोर सन्देश  )    जिले में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए स्वीप (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) के तहत विशेष रणनीति बनाई गई है। जिसमें वोट डालने के लिये घर-घर बुलौआ देने का प्रयास भी शामिल है। साथ ही अन्य प्रभावी मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ भी जारी रहेंगीं। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से बनाई गई रणनीति को मूर्तरूप देने के सिलसिले में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रुचिका चौहान ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बैठक में निर्देश दिए कि मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के तहत हर घर तक यह संदेश भी अवश्य पहुँचाएँ कि वोट डालने के लिये मतदाता सूची में नाम और इपिक (मतदाता पहचान पत्र) अथवा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 12 वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज होना पर्याप्त है।
यहाँ कलेक्ट्रेट में आयोजित हुई बैठक में नगर निगम आयुक्त  हर्ष सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर के राजौरिया तथा जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी मौजूद थे।

जम्मू में भारी बारिश के बाद भूस्खलन, अलर्ट पर इमरजेंसी सेवाएं

30-Apr-2024
  (  शोर सन्देश  )  जम्मू कश्मीर में भारी बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है और भूस्खलन के कारण दर्जनों मकान ढह गए हैं। बारामुला, किश्तवाड़ और रियासी जिलों में सबसे अधिक नुकसान देखने को मिला है। समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पहाड़ी क्षेत्र में भारी हिमपात के बाद तीन दर्जन से अधिक मकान ढह गए और कई मकान गिरने की कगार पर पहुंच गए हैं। ऐसे में सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने लोगों को दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया है।
किश्तवाड़ जिले में भारी बारिश के कारण 12 घरों को नुकसान पहुंचा। यहां इमरजेंसी सेवाओं को अलर्ट पर रखा गया है। गौरतलब है कि बीते 4 दिनों से क्षेत्र में हो रही भारी बारिश हो रही है। नागसेनी, मुगल मैदान और किश्तवाड़ इलाकों में लगभग एक दर्जन घरों को नुकसान होने का संकेत दिया गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी बर्फबारी व बारिश की संभावना जताई है और इस कारण कश्मीर घाटी में मंगलवार को स्कूल बंद रखे जाएंगे। यहां मंगलवार को होने वाली जूनियर असिस्टेंट की टाइप परीक्षा भी स्थगित कर दी गई है।

कांग्रेस झूठ फैलाकर जनता के बीच में भ्रांति पैदा करना चाहती है : अमित शाह

30-Apr-2024
गुवाहाटी।   (  शोर सन्देश  )  असम के गुवाहाटी में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया कर्मियों से बात करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, दो चरणों के चुनाव के बाद अपने आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर हम कह सकते हैं कि भाजपा और सहयोगी दल मिलकर 100 से अधिक (सीटें) पार कर चुके हैं और हमें विश्वास है कि हम '400 पार' के अपने संकल्प की ओर बढ़ रहे हैं... शुरुआती रुझानों के अनुसार, दक्षिण भारत में बीजेपी को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।
शाह ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कांग्रेस एक झूठ फैलाकर जनता के बीच एक भ्रांति पैदा करना चाहती है। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि भाजपा एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण की समर्थक है और हमेशा इसके संरक्षक के रूप में अपनी भूमिका निभाएगी। ये बात पीएम मोदी ने भी अपने सर्वाजनिक भाषणों में स्पष्ट किया है। भाजपा एससी, एसटी और ओबीसी के आरक्षण में अगर किसी एक राजनीतिक दल ने डाका डाला है तो वह कांग्रेस पार्टी है।
अमितशाह ने कहा हम वोटर को कभी अल्पसंख्यक और बहुसंख्यक की दृष्टि से नहीं देखते।हर व्यक्ति भारत का नागरिक है, उसको इसी तरह से ट्रीट करना चाहिए।असम में हम कम से कम 12 सीट जीतेंगे, ये तय है।

राजनाथ सिंह से अधिक धनी हैं स्मृति ईरानी

30-Apr-2024
लखनऊ  (  शोर सन्देश  )  । रक्षामंत्री राजनाथ सिंह से ज्यादा पैसा केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के पास है। इसका खुलासा सोमवार को दोनों के नामांकन के साथ दाखिल हलफनामे में हुआ है। स्मृति के पास 8.75 करोड़, जबकि राजनाथ सिंह के पास 6.46 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी है। दोनों की संपत्ति 5 साल में डेढ़ गुना से ज्यादा बढ़ गई है। राजनाथ सिंह की संपत्ति पांच साल में 40 फीसद बढ़ी है। वर्ष 2019 में उनकी कुल संपत्ति 4.62 करोड़ रुपये की थी। अब यह बढ़कर 6.46 करोड़ रुपये हो गई है। इनमें 3.11 करोड़ की चल और 3.35 करोड़ की अचल संपत्ति है।
लखनऊ से तीसरी बार चुनावी मैदान में उतरे राजनाथ सिंह ने अपने पास 75 हजार और पत्नी के पास 45 हजार की नकदी दर्शाई है। उनके पास एक रिवॉल्वर और एक दो नाली बंदूक भी है। साथ ही 4.20 लाख रुपये का सोना और चार लाख के रत्न हैं। उनकी पत्नी के पास 52.50 लाख का सोना और 9.37 लाख की चांदी है। उनकी पत्नी के पास कुल 90.71 लाख की संपत्ति है। उनके खिलाफ कोई आपराधिक मुकदमा नहीं है।
वहीं स्मृति जुबिन ईरानी की कुल संपत्ति आठ करोड़ 75 लाख 24 हजार 296 रुपये है। उनके पति की कुल संपत्ति आठ करोड 81 लाख 77 हजार 790 रुपये है। पांच साल में उनकी संपत्ति चार करोड़ चार लाख 22 हजार 348 रुपये बढ़ी है। जबकि उनके पति की संपत्ति में चार करोड़ 14 लाख 19 हजार 976 रुपये का इजाफा हुआ है।
गौरतलब हो कि स्मृति ईरानी अमेठी सीट से सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। वह 2014 के चुनाव में हार गईं थीं। इसके बाद 2019 के चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को हराया। 2024 में भाजपा ने एक बार फिर उन्हें मैदान में उतारा है। जबकि कांग्रेस ने अभी अपना उम्मीदवार घोषित नहीं किया है।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account