
नई दिल्ली (शोर सन्देश)। नागरिक उड्डयन मंत्रालय और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने राष्ट्रीय ताप बिजली निगम को मध्य प्रदेश स्थित विंध्याचल उच्च ताप बिजली केन्द्र और गदरवाड़ा उच्च ताप बिजली संयंत्र के अलावा छत्तीसगढ़ स्थित सिपत उच्च ताप बिजली परियोजनाओं में अनुसंधान और निरीक्षण गतिविधियों के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर दूरस्थ पायलट विमान प्रणाली की तैनाती करने की सशर्त छूट प्रदान की है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के संयुक्त सचिव अंबर दुबे ने कहा, एनटीपीसी ड्रोन का उपयोग तीन एनटीपीसी स्थलों पर इलाके की मैपिंग, भंडार के व्यापक विश्लेषण, हवाई निरीक्षण और अन्य उपयोगों के लिए करेगी। इससे एनटीपीसी को बहुत कम लागत पर उच्च सटीकता के साथ उत्कृष्ट डेटा मिलेगा। यह भारत सरकार के बुनियादी ढांचे, खनन, कृषि और आपदा राहत आदि में औद्योगिक ड्रोन के उपयोग को बढ़ावा देने के प्रयासों के अनुरूप है। यह सशर्त छूट 31 दिसंबर 2020 तक या डिजिटल स्काई प्लेटफॉर्म के पूर्ण परिचालन तक या इसमें जो भी पहले हो, मिलेगी। राष्ट्रीय ताप बिजली निगम को अपने मध्य प्रदेश स्थित विंध्याचल उच्च ताप बिजली केन्द्र और गदरवाड़ा उच्च ताप बिजली संयंत्र के अलावा छत्तीसगढ़ स्थित सिपत उच्च ताप बिजली परियोजनाओं में अनुसंधान और निरीक्षण गतिविधियों के लिए इस ड्रोन को तैनात करने के संबंध में शर्ते और सीमाएं :-
1- सीएआर सेक्शन 3, सीरीज X, पार्ट I के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत एनटीपीसी को मिली यह छूट, नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा विमानन नियम, 1937 के नियम 15A से छूट के अधीन है।
2 - एनटीपीसी को आरपीएएस के संचालन से पहले (क) स्थानीय प्रशासन (ख) रक्षा मंत्रालय (ग) गृह मंत्रालय (घ) भारतीय वायु सेना से वायु रक्षा मंजूरी और (ड.) भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण से आवश्यक मंजूरी लेनी होगी।
३ - एनटीपीसी केवल आरपीएएस का संचालन करेगा। इस बात को उसने स्वेच्छा से भारत सरकार को सूचित किया है और उसे एक वैध ड्रोन अभिस्वीकृति संख्या (डीएएन) जारी की गई है (यानी मेसर्स आइडिया फोर्ज टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड से D1DXOOS1T और D1DXOOS24 के लिए एनईटीआरए पीआरओ)।
4 - एनटीपीसी परिचालन के दायरे और उड़ान मानक निदेशालय की एसओपी की प्रति (एफएसडी), डीजीसीए के पास जमा करेगा। एसओपी से वेटिंग / अनुमोदन के बाद ही रिमोटली पॉयलट एयरक्राफ्ट सिस्टम (आरपीएएस) का संचालन किया जाएगा।
5 - एनटीपीसी हवाई फोटोग्राफी के बारे में, यदि जरूरत हो तो, डीजीसीए के नियामक एवं सूचना निदेशालय से आवश्यक अनुमति लेगा।
6 - आरपीएएस के माध्यम से ली गई तस्वीरों / वीडियो-ग्राफ का उपयोग केवल एनटीपीसी द्वारा किया जाएगा। एनटीपीसी आरपीएएस की सुरक्षा और उसके द्वारा एकत्र किए गए आंकड़ों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार होगा।
7 - आरपीएएस का संचालन केवल दिन (सूर्योदय से सूर्यास्त तक) में विजुअल लाइन ऑफ साइट के भीतर तक सीमित रखा जाएगा।
8 - एनटीपीसी इन कार्यों के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी कानूनी अथवा अन्य समस्या पर डीजीसीए को क्षतिपूर्ति करेगा।
9 - एनटीपीसी यह सुनिश्चित करेगा कि आरपीएएस काम करने की स्थिति में है और उपकरणों की खराबी के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति के लिए जिम्मेदार होगा।
10 - उपकरणों के संपर्क में आने के कारण किसी भी व्यक्ति को यदि कोई चोट लगती है तो भी एनटीपीसी मेडिको-कानूनी मुद्दों के लिए जिम्मेदार होगा।
11 - एनटीपीसी के पास आरपीएएस के परिचालन के दौरान किसी तरह की घटना/दुर्घटना होने पर तीसरे पक्ष को होने वाली क्षति को कवर करने के लिए पर्याप्त बीमा कवर होगा।
12 - एनटीपीसी को यह सुनिश्चित करना होगा कि आरपीएएस के इस्तेमाल के दौरान किसी भी हालत में उसमें कोई खतरनाक सामग्री या अलग किस्म की सामग्री नहीं ले जाई जाएगी।
13 - एनटीपीसी को जनता, सार्वजनिक संपत्ति, ऑपरेटर आदि की सुरक्षा, संरक्षा और गोपनीयता सुनिश्चित करनी होगी, किसी भी घटना के मामले में डीजीसीए जिम्मेदार नहीं होगा।
14 - एनटीपीसी संबद्ध मंत्रालयों/ प्राधिकरणों की अनुमति के बिना सीएआर की धारा3, सीरीज X, पार्ट I के पैरा 13.1 में निर्दिष्ट नो-फ्लाई जोन में आरपीएएस को संचालित नहीं करेगा।
15 - सीएआर के प्रावधानों के अनुसार आरपीएएस को हवाई अड्डों के आसपास के क्षेत्र में संचालित नहीं किया जाएगा। यदि हवाई अड्डे के पास संचालित किया जाता है, तो भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) से आरपीएएस के संचालन के समय और क्षेत्र के बारे में अग्रिम अनुमोदन लिया जाएगा।
16 - एनटीपीसी यह सुनिश्चित करेगा कि केवल प्रशिक्षित/अनुभवी योग्य कर्मी ही आरपीएएस का संचालन करें।
17 - यह पत्र अन्य सरकारी एजेंसियों द्वारा आरपीएएस सिस्टम के संबंध में लागू प्रतिबंधों/एसओपी का उल्लंघन नहीं करेगा।
18 - संचालन के किसी भी चरण के दौरान घटना/दुर्घटना होने पर डीजीसीए के हवाई सुरक्षा निदेशालय को रिपोर्ट किया जाएगा।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। एयर इंडिया में विनिवेश को देख रहे मंत्रियों के शीर्ष समूह की आज यानि शनिवार को बैठक होने की संभावना है, जिसमें कर्ज के रिस्ट्रक्चर के साथ प्रक्रिया को आगे बढ़ाने पर विचार किया जाएगा। ये मुख्य निर्णय ऐसे समय में आ सकते हैं जब विनिवेश की 31 अक्टूबर 2020 की समय सीमा तेजी से खत्म होने के करीब है। गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में एआईएसएएम (एयर इंडिया स्पेसिफिक ऑल्टरनेटिव मैकेनिज्म) की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शनिवार को आयोजित की जाएगी।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल सहित अन्य इसमें भाग लेंगे। सूत्रों के अनुसार, दिसंबर तक प्रारंभिक बोली या `एक्सप्रेशन ऑफ इंट्रेस्ट` (ईओआई) जमा करने की समय सीमा बढ़ा दी गई है। एक महत्वपूर्ण बदलाव जो एआईएसएएम की मंजूरी के लिए रखा जा सकता है, वह सौदे के वित्तीय ढांचे के संबंध में होगा, जिसमें बदलाव हो सकता है, विशेष रूप से एयरलाइन के कर्ज के संबंध में। एयर इंडिया 2007 के बाद से सरकारी स्वामित्व वाली घरेलू ऑपरेटर इंडियन एयरलाइंस लिमिटेड के साथ विलय के बाद से घाटे में चल रही है, तब से केंद्रीय संसाधनों पर दबाव डालते हुए सरकारी बजटीय सहायता पर उड़ान भर रही है।
00 सरकार 15 दिसंबर तक बढ़ा सकती है एयर इंडिया की बोली की तारीख
केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार संभावित बोलीदाताओं को आकर्षित करने के लिए एयर इंडिया के परिसंपत्ति मूल्यांकन नियमों को आसान बनाते हुए बोलीदाताओं को उद्यम मूल्य के आधार पर पेशकश करने की इजाजात देगी। एक सूत्र ने यह जानकारी साझी की है। इस क्रम में सरकार घाटे में चल रही इस सार्वजनिक विमानन कंपनी के लिए आरंभिक अभिरुचि पत्र दाखिल करने की तारीख को 15 दिसंबर तक बढ़ा सकती है। सूत्र ने कहा कि उद्यम मूल्य के आधार पर बोली आमंत्रित की जाएगी, जो अधिग्रहण सौदों के लिए एक लोकप्रिय मूल्यांकन पद्धति है। उद्यम मूल्य (ईवी) कंपनी की कुल कीमत का मूल्यांकन करने का तरीका है, जिसका इस्तेमाल अक्सर इक्विटी बाजार पूंजीकरण के अधिक व्यापक विकल्प के रूप में किया जाता है।
ईवी की गणना में कंपनी का बाजार पूंजीकरण शामिल होता है, लेकिन साथ ही इसमें छोटी या लंबी अवधि के किसी ऋण के साथ ही कंपनी के बहीखातों में नकदी को भी शामिल किया जाता है। सूत्रों ने कहा कि सरकार प्रारंभिक सूचना ज्ञापन (पीआईएम) से बोलीदाता द्वारा एक निश्चत ऋण राशि का दायित्व लेन करने की शर्त को हटा देगी।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। कभी अरबपतियों में गिने जाने वाले स्टील किंग लक्ष्मी मित्तल के छोटे भाई प्रमोद मित्तल ब्रिटेन में दिवालिया हो गए हैं। उन्होंने हाल ही में जानकारी दी है कि उनके ऊपर 254 करोड़ पाउंड का कर्ज है। वह पत्नी के खर्चों पर पल रहे हैं। अब वह ब्रिटेन के सबसे बड़े दिवालिया हो गए हैं।
प्रमोद मित्तल को इस साल लंदन की इनसॉल्वेंसी और कंपनीज कोर्ट ने दिवालिया घोषित किया है। 64 साल के प्रमोद पर 17 करोड़ पाउंड का कर्ज भी शामिल हैं। यह राशि उन्होंने अपने 94 साल के पिता से लिया है। इसके अतिरिक्त उन्होंने अपनी पत्नी संगीता से 11 लाख पाउंड, बेटे दिव्येश से 24 लाख पाउंड और एक रिश्तेदार अमित लोहिया से 11 लाख पाउंड भी उधार लिए हैं।
उनका कहना है कि उनके पास सिर्फ 1.10 लाख पाउंड का एसेट बचा है और उनकी कोई आमदनी नहीं रह गई है। उन्हें उम्मीद है कि वह इस समस्या से जल्द ही उबर जाएंगे। उन्होंने सबसे ज्यादा ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड की कंपनी डायरेक्ट इनवेस्टमेंट लिमिटेड से उधार लिया है, जिसका उन्हें करीब 100 करोड़ पाउंड चुकाना है।
प्रमोद मित्तल साल 2013 में तब चर्चा में आए थे, जब उन्होंने अपनी बेटी सृष्टि की शादी एक इनवेस्टमेंट बैंकर गुलराज बहल के साथ की थी। इसमें उन्होंने करीब 485 करोड़ रुपये खर्च किए थे। ये राशि उनके भाई लक्ष्मी मित्तल की बेटी वनिशा की शादी में खर्च की गई राशि से भी ज्यादा थी।
कोर्ट में मित्तल ने कहा, मेरी अब कोई आमदनी नहीं रह गई है। मेरी पत्नी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हैं। हमारे बैंक खाते अलग हैं। पत्नी की आमदनी के बारे में भी बहुत सीमित जानकारी है। मेरा हर महीने का करीब 2 हजार से 3 हजार पाउंड का खर्च है, जिसे पत्नी और परिवार के दूसरे सदस्य चला रहे हैं। मेरे दिवालिया प्रक्रिया का कानूनी खर्च भी कोई और वहन कर रहा है।
.jpg)
नई दिल्ली (शोर सन्देश)। भारत में कोरोना की रफ्तार कमजोर होने के साथ-साथ मरीजों के ठीक होने की दर में भी तेजी देखी जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा प्रकाशित नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को भारत में कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों की तादाद 7 मिलियन यानि 70 लाख के पार पहुंच गई है। इसके साथ ही देश में वसूली दर लगभग 89.78 प्रतिशत हो गया है।
सरकार के आंकड़ों के अनुसार, अब तक देश में कोरोना से 70,16,046 लोग उबर चुके हैं। पिछले 24 घंटों में लगभग 67,549 संक्रमित लोग इस महामारी से ठीक हुए हैं, जबकि लगभग 53,370 नए मामले दर्ज किए गए हैं। कुल मिलाकर देश में अबतक कोरोना के करीब 78,14,682 मामले सामने आए हैं। पिछले 24 घंटों में वायरस से 650 लोगों की मौत हो गई है। कोरोना बीमारी के कारण देश में कुल 1,17,956 लोगों की जान जा चुकी है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में अब कुल कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 6,80,680 है। सक्रिय मामलों में गिरावट को कोविड-19 के खिलाफ भारत में चल रही जंग में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश के 24 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 20,000 से कम सक्रिय मामले हैं। इस सूची में दमन और दीव, दादरा और नगर हवेली, मिजोरम, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, सिक्किम, छत्तीसगढ़, लद्दाख, मेघालय, नागालैंड, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, पुदुचेरी, मणिपुर, पंजाब, उत्तराखंड, झारखंड, शामिल हैं। जम्मू और कश्मीर, हरियाणा, बिहार, मध्य प्रदेश, गुजरात, ओडिशा और राजस्थान।
शुक्रवार को जारी स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, ओडिशा में नए कोरोना संक्रमण में टॉप पर बने हुए हैं।
महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश में नए बरामद कुल मामलों के 81 प्रतिशत हिस्सा हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने राज्य में कोविड-19 स्थिति की समीक्षा करने के लिए उत्तर प्रदेश के अधिकारियों के साथ बातचीत की और कहा कि अगले तीन महीने देश में स्थिति का निर्धारण करने में निर्णायक होंगे।
.jpg)
रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने आज प्रदेशवासियों को दुर्गाष्टमी और महानवमी की बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर भूपेश बघेल ने मां दुर्गा से प्रदेशवासियों की सुख,समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की है।
अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने कहा है कि शक्ति की उपासना का महापर्व नवरात्रि पूरे देश में नौ दिनों तक भक्तिभाव से मनाया जाता है। देवी के नौ स्वरूपों की पूजा अर्चना की जाती है और घरों, मंदिरों में कन्या भोज कराया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शक्ति का यह पर्व हमें हमें सिखाता है कि नारी का सम्मान हमारी परम्परा और संस्कृति का हिस्सा होने के साथ ही हमारे मूल्यों का हिस्सा है, इन मूल्यों को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सबकी महती जिम्मेदारी है।

अयोध्या (शोर सन्देश)। रामनगरी अयोध्या में धारा 144 की अवधि 17 दिसंबर तक बढ़ाई गई है । अयोध्या में अगले माह होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम सहित कई महत्वपूर्ण पर्व त्योहार के मद्देनजर जनपद में धारा 144 लागू हर दी गई है। बिना अनुमति के किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम पर रोक लगा दी गई है। अयोध्या में हनुमान जयंती दीपावली और उसके बाद कार्तिक कार्तिक पूर्णिमा स्नान और परिक्रमा मेले के मद्देनजर निषेधाज्ञा लागू हुई। बिना अनुमति के किसी भी प्रकार के जुलूस सभा और धरना प्रदर्शन पर रोक लगाने जिलाधिकारी ने पुलिस प्रशासन को निर्देशित कर सख्ती से धारा 144 का पालन कराने के निर्देश दिए है। । 22 अक्टूबर से 17 दिसंबर के बीच जनपद में निषेधाज्ञा जारी रहेगी ।

मिशन शक्ति के तहत सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ
पीड़ित महिलाएं महिला पुलिस कर्मियों से बिना संकोच बता सकेंगी आप बीती
लखनऊ (शोर सन्देश)। मिशन शक्ति अभियान काे एक कदम और आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हर थाने में एक सीक्रेट रूम बनवाने के निर्देश दिए। पूरी तरह पारदर्शी ये रूम सभी बुनियादी सुविधाओं से लैस होंगे। इसमें पीड़ित महिला, महिला पुलिस कर्मी से बिना संकोच अपनी बात कह सकेंगी। यही नहीं महिला हेल्प डेस्क या सीक्रेट रूम में दिखने वाली किसी जगह पर वह सारे नंबर ( 1090, 181, 112,1076,1098, और 102) लिखें रहेंगे जिन पर कोई महिला जरूरत पर मदद के लिए कॉल कर सके। नंबरों के साथ इनका दुरुपयोग करने वालों के लिए चेतावनी भी अनिवार्य रूप से अंकित की जाएगी।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को यहां अपने सरकारी आवास पर `मिशन शक्ति` अभियान के तहत प्रदेश के सभी 1535 थानों पर स्थापित होने वाले महिला हेल्प डेस्क का वर्चुअल शुभारंभ कर रहे थे। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाअों के सम्मान को संस्कार बनाना होगा। इसके लिए मिशन शक्ति के इस कार्यक्रम को स्कूलों, कॉलेजों और अन्य संस्थाओं तक भी ले जाएं। सुबह की प्रार्थना और किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान भी लोगों को इस बाबत जागरूक करें। इसके लिए प्रबुद्ध वर्ग खासकर जागरूक महिलाएं आगे आएं तो नतीजे और बेहतर निकलेंगे।
00 तिल का ताड़ बनाने वाले आज खुद कटघरे में
सीएम योगी ने कहा कि हफ्ते भर के मिशन शक्ति कार्यक्रम के दौरान बहुत कुछ बदला है। पिछले दिनों कुछ घटनाओं को तिल का ताड़ बनाने वाले आज खुद कटघरे में हैं। पुलिस विभाग ने इस दौरान बेहतर काम किया है। अभियान से जुड़े अन्य विभागों की गतिविधियों, भावी कार्ययोजना की समीक्षा मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री कार्यालय करे। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति के इस कार्यक्रम को व्यापक संदर्भों में लें। यह महिलाओं के प्रति लोगों की सोच और संस्कार बदलने वाला अभियान है। ऐसा तभी होगा जब अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ेंगे। किसी भी अभियान से जब शासन एवं प्रशासन के साथ समाज भी जुड़ता है तो नतीजे बेहतर होते हैं।
00 महिलाओं से सरकार के कदमों को सराहा
इस दौरान मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्ध नगर, लखनऊ, वाराणसी, मेरठ और अागरा में बने महिला हेल्प डेस्क में मौजूद कुछ जागरूक महिलाओं और जनप्रतिनिधियों से बात भी की। महिला प्रतिनिधियों ने कहा कि बहू बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए सरकार शुरू से ही प्रतिबद्ध रही है। सरकार के इन कदमों में महिलाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास का भाव आया है। मिशन शक्ति से यह प्रक्रिया और आगे बढ़ेगी।
कार्यक्रम के शुरुआत में डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी ने कहा कि हमारा पूरा प्रयास `मित्र पुलिस` की अवधारणा को साकार करना है। उत्तर प्रदेश को सुरक्षित प्रदेश बनाने में हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने अभियान की अब तक की प्रगति से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने किया।कार्यक्रम में एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत वर्मा व शासन स्तर के विभिन्न पुलिस अधिकारी, अभियान में शामिल शासन के सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जिला स्तर पर वहां के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
.jpg)
रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री आज बिहार दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बिहार में दो चुनावी सभा और एक रोड शो में शामिल होंगे। बघेल छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के प्रभारी सचिव और बेलदौर से कांग्रेस प्रत्याशी डॉक्टर चंदन यादव के पक्ष में प्रचार करेंगे।
भूपेश बघेल खलगांव में शुभआनंद मुकेश के पक्ष में भी चुनावी सभा लेंगे, वही नालंदा में गुंजन पटेल के समर्थन में रोड शो करेंगे।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि 27 अक्टूबर को होने वाली तीसरी भारत- अमरीका टू प्लस टू मंत्रिस्तरीय वार्ता में परस्पर हित के द्विपक्षीय मुद्दों पर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। यह वार्ता नई दिल्ली में होगी। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों देश क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। अमरीका के विदेश मंत्री माइक पोम्पियो, विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ और अमरीका के रक्षा मंत्री मार्क टी एस्पर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इनका प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बातचीत का भी कार्यक्रम है। प्रवक्ता ने बताया कि भारत और अमरीका के बीच व्यापक वैश्विक महत्वपूर्ण भागीदारी है। भागीदारी के इन क्षेत्रों में राजनीतिक, वाणिज्यिक, आर्थिक, सुरक्षा तथा रक्षा संबंधी क्षेत्र और लोगों के बीच संपर्क शामिल हैं। भारत और अमरीका के बीच पहली टू प्लस टू मंत्रिस्तरीय बैठक नई दिल्ली में सितंबर 2018 में और दूसरी वाशिंगटन डी सी में दिसंबर 2019 में हुई थी।

नई दिल्ली (शोर सन्देश)। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड- सीबीएसई ने चेहरा पहचान प्रणाली शुरू की है जिसके माध्यम से कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थी अपने डिजिटल शैक्षिक दस्तावेज डाउनलोड कर पाएंगे। इस कम्प्यूटर एप्लिकेशन में पहले से ही सुरक्षित डिजिटल इमेज का चेहरे से मिलान हो पाएगा। इसी तरह से डाटाबेस में पहले से ही सुरक्षित विद्यार्थी की इमेज का सीबीएसई के प्रवेश पत्र पर लगे फोटोग्राफ से मिलान हो सकेगा। फोटो का मिलान सफल होने पर प्रमाण पत्र विद्यार्थियों को ई-मेल कर दिये जाएंगे। सीबीएसई ने डिजी लॉकर में 12 करोड़ डिजिटल शैक्षिक रिकार्ड डाले हैं जिसे कोई भी विद्यार्थी खोल सकता है और अपनी मार्कशीट, पास और माइग्रेशन सर्टिफिकेट देख सकता है। इस नई चेहरा पहचान प्रणाली से विदेशी विद्यार्थियों को काफी मदद मिलेगी। इस प्रणाली से उन विद्यार्थियों को भी फायदा होगा जो आधार कार्ड या गलत मोबाइल नंबरों से डिजी लॉकर खोल नहीं पाते हैं।