ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

*ईद से पहले राजधानी में बम धमाका : 25 की मौत दर्जनों घायल*

20-Jul-2021

00 आईएस ने ली हमले की जिम्मेदारी
बग़दाद/नई दिल्ली (शोर संदेश)। इराक की राजधानी बगदाद के उपनगर में ईद से पहले बड़ा धमाका हुआ है। बम धमाके में कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई जबकि दर्जनों अन्य घायल हो गए। इराकी सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस हमले की जिम्मेदारी आईएस ने ली है। धमाका सद्र शहर में एक भीड़भाड़ वाले बाजार में हुआ। यह विस्फोट ईद-उल-अजहा से एक दिन पहले हुआ है जब लोग बाजार में खरीदारी में व्यस्त थे। इससे पहले अप्रैल में सद्र शहर में हुए कार बम धमाके में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई थी।इराकी सेना के बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मुस्तफा अल-कदीमी ने बाजार के क्षेत्र के लिए जिम्मेदार संघीय पुलिस रेजिमेंट के कमांडर को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। बयान में यह भी कहा गया है कि इसकी जांच की जा रही है। इस साल यह तीसरा मौका है जब बाजार में धमाका हुआ है।बयान के अनुसार, प्रधान मंत्री मुस्तफा अल-कदीमी ने बाजार के क्षेत्र के लिए जिम्मेदार संघीय पुलिस रेजिमेंट के कमांडर को गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। बयान में यह भी कहा गया है कि इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर है। मरने वालों में महिलाएं बच्चे भी शामिल हैं। विस्फोट के कारण कुछ दुकानें जलकर खाक हो गईं। इराकी सेना ने एक बयान में कहा कि हमला सदर शहर के वहैलत बाजार में हुआ।


*पुलित्ज्र पुरस्कार विजेता भारतीय पत्रकार की अफगानिस्तान में हत्या*

17-Jul-2021

 00 तालिबान ने अपनी भूमिका से किया इनकार, रेसक्रॉस को सौंपा शव

कंधार/नई दिल्ली (शोर संदेश)। अफगानिस्तान के कंधार में तालिबानियों और अफगान सैनिकों के बीच जारी खूनी संघर्ष को कवर करने के दौरान भारतीय फोटो पत्रकार दानिश सिद्दीकी की हत्या हो गई है। दानिश की हत्या के पीछे तालिबानियों का हाथ होने की आशंका जताई जा रही थी। इसी बीच तालिबान ने इससे साफ इनकार कर दिया है। सिद्दीकी की हत्या के मामले में प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने कहा, `हमें नहीं पता कि पत्रकार किसके फायरिंग के दौरान मारा गया था। हम नहीं जानते कि उसकी मौत कैसे हुई।`सिद्दीकी की हत्या पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने शुक्रवार को अफगानिस्तान दुख व्यक्त किया है। इसके साथ ही युद्धग्रस्त देश में संयुक्त राष्ट्र मिशन ने उनकी हत्या के साथ-साथ अन्य पत्रकारों की भी जांच की मांग भी की है।सूत्रों के अनुसार मुजाहिद ने कहा, `युद्ध क्षेत्र में प्रवेश करने वाले किसी भी पत्रकार को हमें सूचित करना चाहिए। हम उस व्यक्ति विशेष की उचित देखभाल करेंगे।` सिद्दीकी की मौत पर खेद व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें भारतीय पत्रकार दानिश सिद्दीकी की मौत के लिए खेद है। उन्होंने आगे कहा कि उन्हें खेद है कि पत्रकार हमें सूचित किए बिना युद्ध क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं। दानिश का शव रेड क्रॉस की अंतर्राष्ट्रीय समिति (ICRC) को सौंप दिया गया है। उनके शव को अब भारत लाने की तैयारी की जा रही है।दानिश की मौत पर दुःख जताते गए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि दानिश अपने पीछे असाधारण काम अंजाम देकर गए हैं। उन्होंने दानिश की एक तस्वीर भी साझा की।प्रेस क्लब ऑफ इंडिया ने उनकी मौत को सदमा बताते हुए कहा कि सच्ची पत्रकारिता के लिए साहस की जरूरत होती है, दानिश का काम इसे साबित करता है। इसे व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं।अफगानिस्तान में अमेरिकी उपराजदूत रोज विल्सन ने दानिश की हत्या की खबर को दुखद और दिल दुखाने वाली त्रासदी बताया। साथ ही पूर्ण युद्धबंदी की मांग भी की है।बता दें कि पुलित्जर पुरस्कार विजेता भारतीय फोटो पत्रकार दानिश सिद्दीकी अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी के लिए काम करते थे। अफगानिस्तान के समाचार चैनल ने सूत्रों के हवाले से बताया है, सिद्दीकी की मौत स्पिन बोल्डक इलाके में हुई है, जो कंधार प्रांत में स्थित है। यहां इस समय भीषण हिंसा हो रही है। सिद्दिकी बीते कुछ दिनों से कंधार में जारी हालात की कवरेज कर रहे थे।

 


*यात्री बस में धमाका : 6 चीनी इंजीनियर और 2 जवानों समेत 10 लोगों की मौत*

14-Jul-2021

लाहौर/नई दिल्ली (शोर संदेश)। पाकिस्तान के उत्तरी राज्य खैबर पख्तूख्वा में एक बस में बम धमाका हुआ है, जिसमें 10 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में चीन के भी 6 नागरिक शामिल हैं। ये सभी इंजीनियर थे, जो चाइना-पाकिस्तान इकनॉमिक कॉरिडोर से जुड़े एक प्रोजेक्ट के लिए काम कर रहे थे। इसके अलावा एक पाकिस्तानी सैनिक की भी मौत हुई है। बुधवार को एक बस को निशाना बनाते हुए आतंकियों ने धमाका किया था। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोटक रोड पर कहीं रखा था या फिर बस में ही बम प्लांट किया गया था। बम धमाके के बाद बस एक गहरे नाले में जा गिरी, जिसके चलते बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ।शुरुआत में 8 लोगों के ही मरने की जानकारी मिली थी, लेकिन बाद में लापता एक चीनी इंजीनियर और एक पाकिस्तानी सैनिक का शव मिला। इस तरह से मरने वालों का आंकड़ा बढ़ते हुए 10 हो गया। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और घायलों को एयर एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है। इस बम धमाके में बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं। हजारा क्षेत्र के एक प्रशासनिक अधिकारी ने कहा कि जिस बस को निशाना बनाते हुए धमाका किया गया था, उसमें करीब 30 चीनी इंजीनियर भी सवार थे। ये लोग ऊपरी कोहिस्तान इलाके में स्थित दासू डैम पर जा रहे थे।
यह दासू डैम चाइना पाकिस्तान इकनॉमिक कॉरिडोर का हिस्सा है। चीन के 65 अरब डॉलर के बेल्ट एंड रोड प्रोजेक्ट के तहत ही चाइना पाकिस्तान इकनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इसके तहत चीन ने अपने पश्चिमी हिस्से को पाकिस्तान के ग्वादर पोर्ट से जोड़ने का लक्ष्य तय किया है। ऐसा होने पर चीन की मध्य और पश्चिम एशिया के देशों तक सीधे तौर पर कारोबारी पहुंच होगी। चाइना पाकिस्तान इकनॉमिक कॉरिडोर के तमाम प्रोजेक्ट्स पर काम के लिए चीन ने बड़ी संख्या में अपने इंजीनियरों को भेजा है। ये लोग प्रोजेक्ट के निर्माण में इंजीनियरिंग का काम कर रहे हैं, जबकि पाकिस्तान के मजदूर निर्माण में लगे हुए हैं।

 


*20 जुलाई को उड़ान भरेगा ब्ल्यू ओरिजन अंतरिक्ष यात्रा की मिली मंजूरी*

14-Jul-2021

न्यूयॉर्क/नई दिल्ली (शोर सन्देश)। अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) ने सोमवार को ब्ल्यू ओरिजन कंपनी को अपने अंतरिक्ष मिशन `न्यू शेफर्ड` की अंतरिक्ष यात्रा का लाइसेंस जारी कर दिया। इस मिशन के जरिए कंपनी मानव को अंतरिक्ष में ले जाएगी। अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस ने ब्ल्यू ओरिजन का पहला मिशन 20 जुलाई को यात्रियों को लेकर अंतरिक्ष को रवाना होगा। जेफ बेजोस की ब्ल्यू ओरिजन की पहली यात्रा सफल रही तो ऐसा करने वाली विश्व की दूसरी कंपनी होगी। मिशन से पहले कंपनी को अपने लांन्च व्हीकल रॉकेट के हार्डवेयर व सॉफ्टवेयर को सुरक्षा मानकों के लिए एफएए से प्रमाणित करवाने की जरूरत थी। इसे अनुमति दे दी गई है। 2 दिन पहले ही उसकी प्रतियोगी कंपनी वर्जिन गैलेक्टिक अपने मालिक रिचर्ड ब्रेनसन और पांच अन्य को अंतरिक्ष की सैर करा चुकी है। इन दोनों के अलावा अमेरिकी अरबपति एलन मस्क की कंपनी स्पेस एक्स भी जल्द ही नागरिकों को अंतरिक्ष यात्रा करवाने का काम शुरू कर रही है।
00 अंतरिक्ष में कारोबारी खींचतान शुरू, बेजोस की कंपनी ने कहा, ब्रेनसन अंतरिक्ष तक नहीं पहुंचे
अंतरिक्ष के कारोबार में गलाकाट स्पर्धा रहने वाली है। अंतरिक्ष की सैर कराने में पीछे रह गई ब्ल्यू ओरिजन कंपनी ने कहा है कि वर्जिन गैलेक्टिक के मालिक रिचर्ड ब्रेनसन अंतरिक्ष तक पहुंचने वाले पहले अरबपति हैं। कंपनी ने कहा, अंतरिक्ष कारमान लाइन यानी धरती की सतह से 100 किमी ऊंचाई से शुरू होता है, जबकि ब्रेनसन को लेकर गया वीएसएस यूनिटी यान 89 किमी की ऊंचाई तक ही गया था। अंतरिक्ष को कुछ खगोल विज्ञानी कारमान लाइन यानी 100 किमी के बाद शुरू मानते हैं। हालांकि अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का मानना है कि धरती की सतह से 80 किमी ऊंचाई पर अंतरिक्ष शुरू होता है।

 


*कोविड अस्पताल में आग लगने से 50 लोगों की मौत कई घायल*

13-Jul-2021

नसीरिया/नई दिल्ली (शोर सन्देश)। इराक के नासिरिया में एक कोविड-19 अस्पताल में दर्दनाक हादसा हुआ है। इस अस्पताल में भीषण आग लगने से 50 लोगों की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि नासिरया शहर के इस अस्पताल में कम से कम 50 लोगों की मौत हुई है तथा अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है। मरने वाले लोग बुरी तरह झुलस गए थे। उन्होंने बताया कि आग इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। एक अन्य अधिकारी ने कहा कि आग ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की वजह से लगी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने आग लगने के कारण के बारे में कुछ नहीं कहा है। दो चिकित्सा अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में यह वार्ड तीन महीने पहले खुला था और इसमें 70 बेड थे। स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता अम्मार अल जामिली ने बताया कि जब आग लगी तब कम से कम 63 मरीज वार्ड के भीतर थे। इराक के किसी अस्पताल में इस वर्ष आग लगने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले, अप्रैल में बगदाद के एक अस्पताल में ऑक्सीजन टैंक फटने की वजह से आग लगी थी और तब कम से कम 82 लोगों की मौत हो गई थी। स्वास्थ्य कर्मचारियों ने जलते हुए अस्पताल से शवों को बाहर निकाला, जबकि कई मरीज धुएं के बीच खांस रहे थे। 
नासिरिया के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि आग पर काबू पाने के बाद अल-हुसैन कोरोना वायरस अस्पताल में राहत व बचाव अभियान जारी था, लेकिन घने धुएं के कारण कुछ वार्डों में घुसना मुश्किल हो रहा था। प्रारंभिक पुलिस रिपोर्ट में बताया गया है कि अस्पताल के कोविड 19 वार्डों के अंदर एक ऑक्सीजन टैंक फटने से ये आग लगी थी। अस्पताल के एक गार्ड अली मुहसिन ने कहा कि मैंने कोविड वार्ड के अंदर एक बड़ा विस्फोट सुना और फिर आग बहुत तेजी से भड़की। 


*कोपा अमेरिका : तीन दशक बाद ब्राजील को हराकर अर्जेंटीना बना चैंपियन*

11-Jul-2021

00 मेसी के दम पर जीता खिताब, बनाया इतिहास
रियो डी जेनेरियो/नई दिल्ली (शोर सन्देश)। अर्जंटीना ने कोपा अमेरिका 2021 के फाइनल मुकाबले में ब्राजील को हराकर इतिहास रच दिया है। मेसी के शानदार प्रदर्शन पर अर्जेंटीना इंटरनेशनल लेवल पर पहला बड़ा खिताब जीता। अर्जेंटीना ने 1993 के बाद पहली बार कोपा अमेरिका का खिताब जीता है। अर्जेंटीना ने फाइनल में ब्राजील को 1-0 से शिकस्त दी है। अर्जेंटीना के साथ लियोनेल मेसी की यह पहली बड़ी ट्रॉफी है। 
मैच खत्म होने के बाद मेसी की आंखों में आंसू थे। वह घुटने के बल बैठ गए और हाथों से अपने चेहरे को ढक लिया। इसके बाद टीम के अधिकतर साथी जश्न मनाने के लिए उनकी ओर दौड़े और उन्हें हवा में उछाल दिया। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान मेसी ने ट्रॉफी को चूमा और फिर हवा में उठा दिया।रियो दि जिनेरियो के मराकाना स्टेडियम में मैच का एकमात्र गोल 22वें मिनट में एंजेल डि मारिया ने दागा। रोड्रिगो डि पॉल ने मारिया की तरफ लंबा पास दिया। तैंतीस 33 साल के इस अनुभवी स्ट्राइकर ने लेफ्ट बैक रेना लोडी की खराब डिफेंडिंग का फायदा उठाते हुए गेंद को अपने कब्जे में लिया और गोलकीपर एडरसन को छकाते हुए अर्जेन्टीना को बढ़त दिला दी जो निर्णायक साबित हुई। अर्जेन्टीना ने इस तरह 1993 से चले आ रहे खिताब के सूखे को खत्म किया।टूर्नामेंट में ब्राजील के खिलाफ यह सिर्फ तीसरा गोल था। नेमार ने खूबसूरत ड्रिबल और पास का नजारा पेश करके ब्राजील को बराबरी दिलाने की कोशिश की लेकिन मेजबान टीम के स्ट्राइकर अर्जेन्टीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज को बामुश्किल परेशान कर पाए। कोच टिटे की ब्राजील टीम ने कोपा अमेरिका के पिछले पांच मुकाबले जीते थे और सभी में गोल दागे थे।

 
 

मेसी को मलाल रहेगा कि टूर्नामेंट में पिछले मुकाबलों की तरह फाइनल में भी वह प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्होंने हालांकि टूर्नामेंट के दौरान चार गोल किए और पांच गोल करने में मदद की। मेसी को 88वें मिनट में गोल करने का शानदार मौका मिला। उन्हें सिर्फ ब्राजील के गोलकीपर को छकाना था लेकिन एडरसन ने उन्हें रोक दिया।
अर्जेन्टीना के कोच लियोन स्केलोनी ने हैरान करते हुए सेमीफाइनल में कोलंबिया को पेनल्टी शूट आउट में हराने वाली टीम की शुरुआती एकादश में पांच बदलाव किए। उन्होंने गोंजेलो मोंटिएल, क्रिस्टियन रोमेरो, मार्कोस एकुना, लिएंड्रो पेरेडेस और डि मारिया को शुरुआत एकादश में नाहुएल मोलिना, निकोलस टेगलियाफिको, गुइडो रोड्रिग्ज और निकोलस गोंजालेज की जगह मौका दिया।
00 ब्राजील ने हालांकि अपनी शुरुआती एकादश में कोई बदलाव नहीं किया।
यह खिताब अर्जेन्टीना के लिए राहत है जिसने अपना पिछला बड़ा खिताब तब जीता था जब मेसी सिर्फ छह साल के थे। रियो में शनिवार का खिताब अर्जेन्टीना का 15वां कोपा अमेरिका खिताब है। अर्जेन्टीना की टीम टूर्नामेंट में अजेय रही और उसने उरूग्वे के रिकॉर्ड की बराबरी की। ब्राजील ने नौ बार यह खिताब जीता है।
मेसी ने बार्सीलोना के साथ कई खिताब जीते लेकिन 2007, 2015 और 2016 में कोपा अमेरिका के फाइनल में पहुंचने के बावजूद उनकी टीम को हर बार हार का सामना करना पड़ा। अब टीम के पास मराकाना स्टेडियम की अच्छी यादें हैं जहां अर्जेन्टीना को 2014 विश्व कप के फाइनल में जर्मनी के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी थी।

 


*एरिक गार्सेटी भारत के लिए अमेरिका के राजदूत नामांकित*

10-Jul-2021

वाशिंगटन (शोर सन्देश)। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा भारत के लिए देश का राजदूत नामांकित किए जाने पर लॉस एंजिलिस के महापौर एरिक गार्सेटी ने कहा है कि वह नामांकन स्वीकार कर सम्मानित महसूस कर रहे हैं और जिस तरह उन्होंने शहर की सेवा की, वह उसी जोश, प्रतिबद्धता और प्रेम के साथ अपनी नयी भूमिका भी निभाएंगे। सीनेट से उनके नाम की पुष्टि होने पर गार्सेटी (50) पूर्ववर्ती राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में भारत के लिए अमेरिका के राजदूत रहे केनेथ जस्टर का स्थान लेंगे। इस सप्ताह के शुरू में जस्टर को विदेश मामलों पर परिषद में प्रतिष्ठित सदस्य के तौर पर नियुक्त किया गया। बाइडन प्रशासन द्वारा नामांकित किए जाने की घोषणा के बाद गार्सेटी ने शुक्रवार को एक बयान में कहा, आज राष्ट्रपति ने भारत के लिए अमेरिका के राजदूत के तौर पर सेवा के वास्ते मेरे नाम की घोषणा की। नयी भूमिका में सेवा के लिए उनके नामांकन प्रस्ताव को स्वीकार कर मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं। गार्सेटी के अलावा व्हाइट हाउस ने कई अन्य राजदूतों के नामांकन की भी घोषणा की। व्हाइट हाउस ने कहा कि एरिक एम गार्सेटी 2013 से लॉस एंजिलिस शहर के महापौर रहे हैं। इसके अलावा वह 12 साल नगर परिषद के सदस्य तथा परिषद अध्यक्ष भी रहे हैं। बाइडन ने डेनिस कैम्पबेल बाउर को मोनाको के लिए दूत, पीटर डी हास को बांग्लादेश के लिए और बर्नाडेट एम. मीहान को चिली के लिए शीर्ष राजनयिक के तौर पर नामांकित किया।


*वैक्सीन की तीसरी खुराक देने की तैयारी कंपनी ने मांगी मंजूरी*

09-Jul-2021

 00 कोरोना के बदलते स्वरुप के देखते हुए पड़ सकती है तीसरे डोज़ की जरुरत

न्यूयॉर्क/नई दिल्ली (शोर सन्देश)। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका और वायरस के बदलते स्वरूप को देखते हुए अमेरीकी वैक्सीन निर्माता कंपनी तीसरी खुराक देने की तैयारी कर रही है। अमेरिकी दवा कंपनी फाइजर-बायोएनटेक तीसरे डोज की मंजूरी पाने की कोशिश में है। कंपनी का दावा है कि कोरोना को मात देने के लिए तीसरी डोज की जरूरत पड़ सकती है। कंपनी ने गुरुवार को घोषणा की है कि वे अपनी कोविड-19 वैक्सीन के लिए रेग्युलेटरी अप्रूवल की मांग करेंगे। कंपनी अंतरिम ट्रायल के डेटा के मद्देनजर मंजूरी प्राप्त करने की कोशिश करेगी, जिसमें पता चला था कि पहले दो डोज की तुलना में तीसरा डोज एंटीबॉडी लेवल को पांच से दस गुना बढ़ा सकता है। 
दरअसल, इस तीसरे कोविड -19 खुराक से कोरोना के बीटा वैरिएंट के खिलाफ बेहतर सुरक्षा की उम्मीद की जा रही है। बीटा वैरिएंट सबसे पहले दक्षिण अफ्रीका में पाया गया था। यह वैरिएंट अबतक का सबसे शक्तिशाली है। यह डेल्टा वैरिएंट से भी ज्यादा असरदार है।
00
डेल्टा वैरिएंट पर फाइजर वैक्सीन की दो डोज कारगर नहीं
दरअसल, कोरोना के डेल्टा वैरिएंट से बचाव में फाइजर वैक्सीन कम प्रभावी है। एक अध्ययन में खुलासा हुआ कि जिन्हें पहले कोरोना वायरस नहीं हुआ है और अगर वो कोरोना के डेल्टा वैरिएंट से संक्रमित होते हैं तो ऐसे लोगों के शरीर में एंटीबॉडी बनाने में यह वैक्सीन ज्यादा कारगर नहीं है। `जरनल नेचर` में प्रकाशित एक स्टडी में दावा किया गया है कि कोविड-19 के डेल्टा वैरिएंट पर फाइजर टीका का असर ज्यादा नहीं दिखा। रिपोर्ट के मुताबिक, डेल्टा वैरिएंट के असर को रोकने में फाइजर 64 फीसदी तक प्रभावी है। इससे पहले कोरोना के अन्य वैरिएंट्स में यह वैक्सीन 94 फीसदी तक प्रभावी थी। ऐसे में फाइजर तीसरे डोज देने की अनुमति मांग रही है।

 


*विश्व में अब तक 18.4 करोड़ लोग संक्रमण की चपेट में 39.8 लाख से ज्यादा मौत*

06-Jul-2021

बाल्टिमोर/नई दिल्ली (शोर सन्देश)। वैश्विक स्तर पर 18.4 करोड़ लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं, वहीं 39.8 लाख से ज्यादा संक्रमित लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा संक्रमण के मामलों के साथ अमेरिका सबसे ज्यादा प्रभावित देश बना हुआ है। कोरोना संक्रमण के मामले में भारत दूसरे स्थान पर है। जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी ने मंगलवार को महामारी के नए आंकड़े साझा किए।
यूनिवर्सिटी के सेंटर फॉर सिस्टम साइंस एंड इंजीनियरिंग (सीएसएसई) ने खुलासा किया कि वर्तमान वैश्विक मामले, मरने वालों की संख्या और प्रशासित टीके की कुल संख्या क्रमश: 184,104,804, 3,983,508 और 3,220,930,100 है। सीएसएसई के अनुसार, दुनिया में सबसे ज्यादा मामलों और मौतों की संख्या क्रमश: 33,722,994 और 605,567 के साथ अमेरिका सबसे ज्यादा प्रभावित देश बना हुआ है।कोरोना संक्रमण के मामले में भारत 30,585,229 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है। सीएसएसई के आंकड़े के अनुसार 30 लाख से ज्यादा मामलों वाले अन्य सबसे खराब देश ब्राजील (18,792,511), फ्रांस (5,848,973), रूस (5,568,104), तुर्की (5,440,368), यूके (4,947,274), अर्जेंटीना (4,552,750), कोलंबिया (4,375,861), इटली (4,263,797) , स्पेन (3,866,475), जर्मनी (3,738,862) और ईरान (3,270,843) हैं।कोरोना से हुई मौतों के मामले में ब्राजील 525,112 मामलों के साथ दूसरे नंबर पर है। भारत (402,728), मैक्सिको (233,689), पेरू (193,230), रूस (136,279), यूके (128,495, इटली (127,680)), फ्रांस (111,360) और कोलंबिया (109,466) से मरने वालों की संख्या 100,000 से ज्यादा है।

 


*अदालत ने ब्राजील के राष्ट्रपति बोलसोनारो के खिलाफ जांच की अनुमति दी*

05-Jul-2021

रियो डी जेनेरियो (शोर सन्देश)। ब्राजील में कोविड-19 टीके संबंधी एक सौदे में भ्रष्टाचार के आरोपों पर कथित रूप से कार्रवाई नहीं करने को लेकर सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश ने राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो के खिलाफ आधिकारिक जांच की मंजूरी दी है, जिसके एक दिन बाद शनिवार को देशभर में बोलसोनारो के खिलाफ प्रदर्शन हुए।देश के 40 से अधिक शहरों में सैकड़ों-हजारों प्रदर्शनकारियों ने बोलसोनारो के खिलाफ महाभियोग चलाने या कोविड-19 टीकों तक पहुंच मुहैया कराए जाने की मांग की। पारा की राजधानी बेलेम में एक प्रदर्शनकारी ने पोस्टर थाम रखा था, जिस पर लिखा था, यदि हम कोविड-19 के कारण हर मौत के लिए एक मिनट का मौन रखें, तो हम जून 2022 तक मौन ही रहेंगे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार ब्राजील में संक्रमण से पांच लाख लोगों की मौत हो चुकी है।सुप्रीम कोर्ट की न्यायाधीश रोसा वेबर ने शुक्रवार को कहा कि कोविड-19 से निपटने के सरकार के तरीके की जांच कर रही सीनेट की एक समिति के समक्ष हाल में जो गवाही दी गई है, उसी के आधार पर जांच शुरू करने की अनुमति दी जाती है।अभियोजक इस बात की जांच करेंगे कि क्या बोलसोनारो ने एक सरकारी अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई में व्यक्तिगत हितों के कारण देरी की है या ऐसा करने से परहेज किया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आयात विभाग के प्रमुख लुइस रिकार्डो मिरांडा ने कहा कि उन पर भारतीय दवा कंपनी भारत बायोटेक से दो करोड़ टीकों के आयात को मंजूरी देने के लिए हस्ताक्षर करने का अनुचित दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा कि बिल में सिंगापुर स्थित एक कंपनी को चार करोड़ 50 लाख डॉलर का अग्रिम भुगतान करने समेत कई अनियमितताएं थीं। मिरांडा ने सांसद एवं अपने भाई लुइस मिरांडा के साथ 25 जून को सीनेट समिति के सामने गवाही दी थी। इससे पहले लुइस बोलसोनारो से समर्थक थे। मिरांडा भाइयों ने कहा कि उन्होंने बोलसोनारो को अपनी चिंताओं से अवगत कराया था और उन्होंने आश्वासन दिया था कि वह संघीय पुलिस से अनियमितताओं की शिकायत करेंगे, लेकिन संघीय पुलिस के एक सूत्र ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि ऐसा नहीं किया गया।




kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account