ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

प्रधानमंत्री 25-26 फरवरी को इजराइल दौरे पर, रणनीतिक साझेदारी पर होगी व्यापक चर्चा

24-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर 25-26 फरवरी, 2026 को इजराइल की राजकीय यात्रा पर जाएंगे। यह प्रधानमंत्री की इजराइल की दूसरी यात्रा होगी।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात करेंगे। दोनों नेता भारत-इजराइल रणनीतिक साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा करेंगे और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा एवं सुरक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, व्यापार और अर्थव्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा करेंगे।
दोनों नेताओं के बीच पारस्परिक हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान होने की उम्मीद है। यह बैठक द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान इसहाक हर्जोग से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग के विभिन्न आयामों पर चर्चा होगी।
पीएम नरेंद्र मोदी की यह यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी की पुष्टि करेगी। साथ ही साझा चुनौतियों की समीक्षा और दो लोकतांत्रिक देशों के बीच मजबूत सहयोग के विजन को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी। 





 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ‘जीवन बचाओ और एक स्वस्थ भारत बनाओ’ अभियान का किया उद्घाटन

24-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 24 फरवरी, 2026 को मुंबई के लोक भवन में पीडी हिंदुजा अस्पताल द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी अभियान ‘जीवन बचाओ और एक स्वस्थ भारत बनाओ’ का उद्घाटन किया। राष्ट्रपति ने कहा कि नागरिकों का स्वास्थ्य सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी हितधारकों को मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि सबसे गरीब लोगों तक भी समय पर और समुचित चिकित्सा देखभाल पहुंचे।
राष्ट्रपति ने कहा कि पिछले एक दशक में सरकार ने गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। देशभर में 1,80,000 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत लगभग 12 करोड़ परिवारों को प्रति वर्ष प्रति परिवार 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध है। मिशन इंद्रधनुष, टीबी मुक्त भारत अभियान और सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन जैसे कार्यक्रम नागरिकों को बीमारियों से बचाने में योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी की जान बचाना सबसे बड़ा परोपकार है। समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से अधिकांश जीवन बचाए जा सकते हैं। प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत दुर्घटना पीड़ितों को 1.5 लाख रुपए तक नकद उपचार सुविधा प्रदान की जाती है। एम्बुलेंस, ट्रॉमा सेंटर और जन-जागरूकता आपात स्थितियों में जीवन बचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
मुर्मु ने कहा कि स्वस्थ नागरिक एक मजबूत राष्ट्र की नींव हैं। गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना राष्ट्र निर्माण का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने किफायती और विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता स्वास्थ्य सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और भविष्य में इसका प्रभाव और बढ़ेगा। नवाचार और नई तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है, जिससे एआई आधारित स्वास्थ्य समाधान विकसित हो रहे हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर दवा उत्पादन में अग्रणी है, लेकिन कई चिकित्सा उपकरणों और महत्वपूर्ण दवाओं के लिए आयात पर निर्भरता बनी हुई है। किफायती स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने के लिए देश में दवाओं और उपकरणों का निर्माण बढ़ाना आवश्यक है। मेक इन इंडिया और पीएलआई जैसी पहलें इस दिशा में सहायक हैं।
द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वस्थ नागरिक आवश्यक हैं। समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से भारत वैश्विक स्वास्थ्य सेवा केंद्र के रूप में और अधिक मान्यता प्राप्त करेगा। 
 

पीएम मोदी से मिले मणिपुर सीएम खेमचंद सिंह, शांति और विकास पर चर्चा

24-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) मणिपुर सीएम युमनाम खेमचंद सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के तीन सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए मणिपुर में शांति, समान विकास और महिला सशक्तीकरण के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल में उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन और लोसी दिखो भी शामिल थे। नेमचा किपगेन मणिपुर की पहली महिला उपमुख्यमंत्री हैं और कांगपोकपी जिले की निवासी हैं।
यह मुख्यमंत्री खेमचंद सिंह की पदभार संभालने के बाद प्रधानमंत्री से पहली औपचारिक मुलाकात थी। बैठक में मुख्यमंत्री ने राज्य में शांति, सद्भाव और सामाजिक एकता स्थापित करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार पहाड़ी और घाटी दोनों क्षेत्रों में समान विकास और सामंजस्यपूर्ण वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्रों में केंद्र सरकार से विशेष सहयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से सामाजिक स्थिरता और आर्थिक प्रगति को मजबूती मिलेगी।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों ने प्रधानमंत्री को मणिपुर आने का औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री का दौरा राज्य में शांति और विकास प्रयासों को नई गति देगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक में शांति बहाली, विकास परियोजनाओं और महिला सशक्तीकरण के मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।
हाल के समय में मणिपुर में जातीय तनाव और हिंसा की घटनाओं के बीच नई सरकार ने शांति बहाली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। संवाद, विकास योजनाओं और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से राज्य में स्थिरता बहाल करने के प्रयास तेज किए गए हैं।


 

एआई समिट की सफलता पर पीएम मोदी ने कहा- ‘पूरी दुनिया ने भारत के सामर्थ्य की जमकर सराहना की’

23-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एआई समिट की सफलता को लेकर कहा है कि पूरी दुनिया ने इस ऐतिहासिक समिट में भारत के सामर्थ्य की जमकर सराहना की। इसे लेकर पीएम मोदी ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि दिल्ली में हुए ऐतिहासिक एआई समिट में पूरी दुनिया ने भारत के सामर्थ्य की जमकर सराहना की है। इससे पता चलता है कि टेक्नोलॉजी को लेकर हमारे युवा साथियों की सोच पूरी मानवता के बहुत काम आने वाली है।
पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में 55 सेकंड का एक वीडियो भी शेयर किया। इस वीडियो में बताया गया कि अज्ञात ज्ञान को खोजने के लिए प्रयोग और अनुसंधान आवश्यक है। ज्ञात तथ्यों पर निर्णय और विश्लेषण शोध की शुरुआत है, और अनुभव एवं अवलोकन से ही वह ज्ञान सत्यापित होता है।
बता दें कि रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में पीएम मोदी ने एआई समिट की तारीफ करते हुए कहा कि इसमें दुनिया ने भारत की अद्भुत क्षमताएं देखी हैं। उन्होंने कहा कि एआई की शक्ति के उपयोग की दिशा में यह समिट एक टर्निंग प्वाइंट साबित हुई है।
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली में हुई ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान कई देशों के नेता, उद्योग जगत के लीडर्स, इनोवेटर्स और स्टार्ट-अप सेक्टर से जुड़े लोग इस समिट के लिए भारत मंडपम में एकत्र हुए। आने वाले समय में एआई की शक्ति का उपयोग दुनिया किस प्रकार करेगी, इस दिशा में यह समिट एक टर्निंग पॉइंट साबित हुई है।
पीएम मोदी ने अपने अनुभव शेयर करते हुए कहा, “समिट में मुझे वैश्विक नेताओं और टेक सीईओ से मिलने का भी अवसर मिला। एआई समिट की प्रदर्शनी में मैंने वैश्विक नेताओं को ढेर सारी चीजें दिखाईं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दुनिया भर के लीडर्स ये देखकर हैरत में पड़ गए कि कैसे एआई की मदद से हम हमारे प्राचीन ग्रंथों और हमारे प्राचीन ज्ञान को हमारी पांडुलिपियों को संरक्षित कर रहे हैं और आज की पीढ़ी के अनुरूप ढाल रहे हैं।



 

सी. राजगोपालाचारी की प्रतिमा का आज राष्ट्रपति भवन में होगा अनावरण

23-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) राष्ट्रपति भवन में आज सोमवार को ‘राजाजी उत्सव’ मनाया जाएगा, जिसके तहत स्वतंत्र भारत के पहले भारतीय गवर्नर जनरल सी. राजगोपालाचारी की प्रतिमा का अनावरण राष्ट्रपति परिसर के केंद्रीय प्रांगण में किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 131वें एपिसोड के दौरान बोलते हुए, प्रधानमंत्री ने आजादी का अमृत महोत्सव समारोह के दौरान ‘पंच-प्राण’ के लिए किए गए अपने आह्वान को याद किया।
उन्होंने कहा था कि आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान मैंने लाल किले से ‘पंच-प्राण’ की बात की थी। उनमें से एक है गुलामी की मानसिकता से मुक्ति। आज देश गुलामी के प्रतीकों को पीछे छोड़ते हुए भारतीय संस्कृति से जुड़े प्रतीकों को महत्व देने लगा है। हमारे राष्ट्रपति भवन ने भी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने राजगोपालाचारी के सार्वजनिक जीवन में योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा, “वे स्वतंत्र भारत के पहले भारतीय गवर्नर जनरल थे। वे उन लोगों में से थे जो सत्ता को पद नहीं बल्कि सेवा मानते थे। सार्वजनिक जीवन में उनका आचरण, संयम और स्वतंत्र सोच आज भी हमें प्रेरित करती है।”
आजादी के बाद भी औपनिवेशिक काल के प्रतीकों के बने रहने पर खेद व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ब्रिटिश प्रशासकों की मूर्तियां दशकों तक राष्ट्रपति भवन परिसर में बनी रहीं, जबकि स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रतीकों को वैसी मान्यता नहीं मिली।
उन्होंने कहा, “दुर्भाग्य से, आजादी के बाद भी, ब्रिटिश प्रशासकों की मूर्तियों को राष्ट्रपति भवन में रहने की अनुमति दी गई, लेकिन देश के महानतम सपूतों की मूर्तियों को जगह देने से इनकार कर दिया गया। “प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से ब्रिटिश वास्तुकार एडविन लुटियंस की प्रतिमा का जिक्र करते हुए कहा, “राष्ट्रपति भवन में ब्रिटिश वास्तुकार एडविन लुटियंस की एक प्रतिमा भी थी। अब, इस प्रतिमा के स्थान पर राजाजी की प्रतिमा लगाई जाएगी।”
प्रधानमंत्री मोदी ने श्रोताओं को आगे बताया कि राजजी उत्सव समारोह के अंतर्गत सी. राजगोपालाचारी को समर्पित एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। यह प्रदर्शनी 24 फरवरी से 1 मार्च तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी।
पीएम मोदी ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे राजगोपालाचारी के जीवन और विरासत के बारे में अधिक जानने के लिए जब भी संभव हो प्रदर्शनी का दौरा करें।






 

चुनाव आयोग राज्य चुनाव आयुक्तों के साथ मंगलवार को राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन आयोजित करेगा

23-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) मंगलवार को नई दिल्ली में ईसीआई और राज्य निर्वाचन आयुक्तों (एसईसी) का राष्ट्रीय गोलमेज सम्मेलन आयोजित करेगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। यह गोलमेज सम्मेलन 27 वर्षों के बाद आयोजित किया जा रहा है। पिछला सम्मेलन वर्ष 1999 में हुआ था।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, एसईसी अपने कानूनी और तकनीकी विशेषज्ञों के साथ-साथ सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के साथ सम्मेलन में भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य अपने-अपने कानूनी ढांचे के भीतर चुनावी प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में ईसीआई और एसईसी के कामकाज में तालमेल को बढ़ावा देना है।
दिन भर चलने वाले इस सम्मेलन में चुनावी प्रक्रियाओं को मजबूत करने के साथ-साथ प्रौद्योगिकी, ईवीएम और मतदाता सूची साझा करने पर चर्चा होगी। आयोग के वरिष्ठ अधिकारी ईसीआईएनईटी प्लेटफॉर्म सहित प्रमुख तकनीकी और परिचालन पहलों पर भी प्रस्तुति देंगे। प्रस्तुतियों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की मजबूती, पारदर्शिता और सुरक्षा उपायों पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
इसके अलावा, जन प्रतिनिधि अधिनियम, 1950 के संदर्भ में राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के अनुसार मतदाताओं की पात्रता पर एक तुलनात्मक प्रस्तुति भी दी जाएगी ताकि विभिन्न अधिकार क्षेत्रों में मतदाता सूची तैयार करने को नियंत्रित करने वाले कानूनी ढांचे पर जानकारीपूर्ण विचार-विमर्श को आसान बनाया जा सके। 





 

पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल के मतदाताओं को लिखा पत्र, कहा-सोनार बंगाल का सपना देखने वाला हर व्यक्ति दुखी

23-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के मतदाताओं को पत्र लिखा है। उन्होंने ‘एबार भाजपा सरकार’ का नारा देते हुए ममता बनर्जी को घेरा है। पीएम मोदी ने लिखा कि सोनार बंगाल का सपना देखने वाला हर व्यक्ति दुखी है। पश्चिम बंगाल में माताएं-बहनें आज सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं।
पीएम मोदी ने पत्र में लिखा, “जय मां काली…अब बस कुछ ही महीने में पश्चिम बंगाल का भाग्य सुनिश्चित हो जाएगा। आने वाली पीढ़ी का भविष्य किस दिशा में आगे बढ़ेगा, यह आपके सोचे-समझे फैसले पर निर्भर करता है। मेरे सोनार बंगाल के सपने देखने वाला हर एक जवान, बूढ़ा और महिला आज बहुत पीड़ा में हैं। उनकी पीड़ा से आज मेरा हृदय भी व्यथित है। इसलिए, मैंने मन की गहराइयों से एक संकल्प लिया है, पश्चिम बंगाल को ‘विकसित’ और समृद्ध बनाने का संकल्प। पिछले 11 वर्षों में देशवासियों के आशीर्वाद को ताकत बनाकर मेरी सरकार ने जनकल्याण और समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। किसानों के कल्याण से लेकर युवाओं के सपनों को साकार करने तक, और मातृशक्ति के सशक्तीकरण से लेकर समाज के हर वर्ग तक, हमारी नीतियों और निरंतर प्रयासों के सकारात्मक परिणाम आज साफ दिखाई दे रहे हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे लिखा है, “राज्य सरकार के असहयोग और विरोध के बावजूद, आज पश्चिम बंगाल के करीब 5 करोड़ लोग ‘जन-धन योजना’ के माध्यम से बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े हैं। ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत राज्य में 85 लाख शौचालयों का निर्माण किया गया है। जब राज्य की सत्ताधारी पार्टी गरीबों का निवाला छीन रही है, तब हमने छोटे व्यापारियों और उद्यमियों को 2.82 लाख करोड़ रुपये का लोन देकर मदद का हाथ बढ़ाया है। ‘अटल पेंशन योजना’ के तहत 56 लाख वरिष्ठ नागरिकों को बुढ़ापे में आत्मनिर्भर बनाने का सौभाग्य मुझे मिला है। ‘उज्ज्वला योजना’ के माध्यम से 1 करोड़ से अधिक परिवारों को रसोई गैस देकर माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाकर मैं धन्य हूं। जो किसान पूरे देश का पेट भरते हैं, आज पश्चिम बंगाल में वही अन्नदाता अपने परिवार का पेट पालने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ऐसी कठिन परिस्थिति में ‘किसान सम्मान निधि’ के जरिए 52 लाख से अधिक किसानों को सीधे आर्थिक सहायता देकर उनके चेहरे पर मुस्कान लाकर, मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं।
पीएम मोदी ने आगे लिखा, “स्वतंत्रता के बाद पश्चिम बंगाल देश की अर्थव्यवस्था की दिशा तय करता था और औद्योगिक विकास में अग्रणी था। लेकिन आज इस गौरवशाली राज्य की जर्जर हालत देखकर मेरा मन व्यथित हो उठता है। पिछले छह दशकों के कुशासन और तुष्टिकरण की राजनीति के कारण पश्चिम बंगाल को जो अपूरणीय क्षति हुई है, उसे बयान नहीं किया जा सकता। एक तरफ, रोजगार के अभाव में युवा दूसरे राज्यों में पलायन करने को मजबूर हो रहे हैं, तो दूसरी तरफ, पश्चिम बंगाल में मेरी माताएं और बहनें आज सुरक्षित महसूस नहीं करती हैं।”
प्रधानमंत्री ने लिखा कि स्वामी विवेकानंद और ऋषि अरविंद ने जिस बंगाल का सपना देखा था, वह आज वोट-बैंक की संकीर्ण राजनीति, हिंसा और अराजकता में जकड़ा हुआ है और यह हम सबके लिए अत्यंत पीड़ादायक है। पश्चिम बंगाल की धरती के सपूत नेताजी सुभाष चंद्र बोस के ‘आजादी के ललकार’ ने कभी पूरे देश को प्रेरित किया था, पर आज उनकी ही पवित्र भूमि अवैध घुसपैठ और महिलाओं के खिलाफ हिंसा से कलंकित है। कविगुरु रवींद्रनाथ ठाकुर का सोनार बंगाल पर नकली वोटर हावी हो रहे हैं। अराजकता के अंधेरे में डूबते पश्चिम बंगाल को देखकर आज पूरा देश चिंतित है।
उन्होंने लिखा, “लेकिन कब तक हम चुपचाप यह सब सहते रहेंगे? अब परिवर्तन अनिवार्य है। देश के कई राज्यों में आज जीवन स्तर बेहतर हुआ है, गरीबों के चेहरे पर मुस्कान आई है। ‘आयुष्मान भारत’ से स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है, युवाओं को रोजगार मिला है और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। पश्चिम बंगाल भी इस विकास और प्रगति का पूरा हकदार है।”
 

राष्ट्रपति भवन में एडविन लुटियंस की प्रतिमा हटाकर सी. राजगोपालाचारी को दी गई जगह, द्रौपदी मुर्मु ने किया अनावरण

23-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में ‘राजाजी उत्सव’ में शामिल हुई और राष्ट्रपति भवन में स्वतंत्र भारत के पहले भारतीय गवर्नर-जनरल चक्रवर्ती राजगोपालाचारी की प्रतिमा का अनावरण किया।
राष्ट्रपति के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट एक पोस्ट में लिखा गया है कि अशोक मंडप के पास ग्रैंड ओपन सीढ़ी पर स्थित चक्रवर्ती राजगोपालाचारी की प्रतिमा ने एडविन लुटियंस की प्रतिमा का स्थान ले लिया है। यह पहल औपनिवेशिक मानसिकता के अवशेषों को मिटाने और भारत की समृद्ध संस्कृति, विरासत, शाश्वत परंपराओं को गर्व से अपनाने तथा भारत माता की सेवा में असाधारण योगदान देने वालों को सम्मानित करने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का हिस्सा है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने इस बात पर जोर दिया कि यह कदम औपनिवेशिक काल की विरासत से आगे बढ़ने और देश के इतिहास को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रख्यात भारतीय नेताओं को मान्यता देने के व्यापक राष्ट्रीय प्रयास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राजगोपालाचारी एक प्रमुख स्वतंत्रता सेनानी, राजनेता और विद्वान थे, जिन्होंने 1948 से 1950 तक भारत के अंतिम गवर्नर जनरल के रूप में कार्य किया।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण एवं रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा, विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन और राजाजी के परिवार के सदस्य शामिल थे।
वहीं, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आज राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘राजाजी उत्सव’ में भाग लिया, जहां भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एडविन लुटियंस की प्रतिमा के स्थान पर सी. राजगोपालाचारी की प्रतिमा का अनावरण किया, जो औपनिवेशिक विरासत से मुक्ति की हमारी यात्रा में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।”
इस आयोजन ने राष्ट्रीय प्रतीकों को सम्मानित करने और गणतंत्र की प्रमुख संस्थाओं के भीतर भारत की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को सुदृढ़ करने पर सरकार के निरंतर जोर को रेखांकित किया। 

पीएम मोदी ने मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, छात्रों के साथ किया सफर

22-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इससे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और शहरी परिवहन को मजबूत करने के सरकार के प्रयासों को बड़ा बढ़ावा मिला है।
पीएम मोदी ने मेरठ पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उनका स्वागत किया। इसके बाद, पीएम मोदी शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पहुंचे और मेट्रो व ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। प्रधानमंत्री ने 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित किया। साथ ही आरआरटीएस के शेष खंडों का उद्घाटन भी किया, जिनमें दिल्ली में सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किलोमीटर का हिस्सा और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है।
उन्होंने मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो की सवारी भी की और उसमें सवार यात्रियों व छात्रों से बातचीत की। इसी दौरान, दो छात्रों ने प्रधानमंत्री मोदी को कुछ तस्वीरें भी दिखाईं।
180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार के साथ, नमो भारत भारत की पहली क्षेत्रीय तीव्र पारगमन प्रणाली है। नमो भारत से साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरी केंद्र दिल्ली से अधिक तेजी से जुड़ पाएंगे।
कॉरिडोर की शुरुआती स्टेशन सराय काले खान, इस उद्घाटन के साथ शुरू होने वाले चार नमो भारत स्टेशनों में से एक है। यह रणनीतिक रूप से एक प्रमुख मल्टी-मॉडल हब के रूप में स्थित है, जो हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, वीर हकीकत राय आईएसबीटी और रिंग रोड को सरलता से जोड़ता है। शुरू होने वाले अन्य तीन नमो भारत स्टेशन शताब्दी नगर, बेगमपुल और मोदीपुरम मेरठ में हैं।
एक ही बुनियादी ढांचे पर नमो भारत और मेरठ मेट्रो का यह निर्बाध एकीकरण तेज रफ्तार वाली अंतर-शहरी यात्रा और शहर के भीतर सुगम आवागमन के लिए मददगार साबित होगा, जो भारत में एकीकृत शहरी और क्षेत्रीय परिवहन के लिए एक मिसाल कायम करेगा। इससे सड़क यातायात में भीड़ कम होगी और नतीजतन वाहनों से होने वाले कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में खासी कमी आएगी। 
 

मन की बात: पीएम मोदी ने महाकुंभ के साथ देशवासियों से केरल कुंभ का जिक्र किया

22-Feb-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम के 131वें एपिसोड में पिछले वर्ष प्रयागराज में आयोजित किए गए महाकुंभ की चर्चा के साथ ही केरल कुंभ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि महाकुंभ की अद्भुत तस्वीरें आपको जरूर याद होंगी। संगम के तट पर उमड़ता जन सैलाब आस्था का अथाह प्रवाह और स्नान के उस पावन क्षण में जैसे भारत अपनी सनातन चेतना से साक्षात्कार कर रहा था। उन्होंने कहा कि महाकुंभ की वही धारा, वही माघ का महीना, वही श्रद्धा का स्वर जब उत्तर से दक्षिण की ओर बढ़ता है तो एक नई पहचान ले लेता है। उन्होंने कहा कि केरल की धरती पर भारतप्पुझा नदी के किनारे तिरुनावाया में सदियों पुरानी एक परंपरा रही है- मामंगम।
उन्होंने कहा कि इसे कई लोग महामाघ महोत्सव या केरल कुंभ भी कहते हैं। माघ के महीने में पवित्र नदी में स्नान और उस क्षण को जीवन का अमिट स्मरण बना लेना यह इसकी आत्मा है। समय के साथ यह परंपरा जैसे ओझल हो गई थी। करीब ढाई सौ वर्षों तक यह आयोजन उसी भव्यता में नहीं हुआ था, जैसे पहले हुआ करता था। लेकिन आज अपनी विरासत को फिर से पहचान रहे हमारे देश में इतिहास ने फिर करवट ली है।
इस बार बिना किसी बड़ी घोषणा के केरल कुंभ का सफल आयोजन हुआ। लोगों ने इसके बारे में एक-दूसरे को बताया। कानों-कान बात पहुंचती गई। देखते ही देखते श्रद्धालु तिरुनावाया पहुंचने लगे। पीएम मोदी ने कहा कि महाकुंभ हो ये केरल कुंभ ये केवल स्नान का पर्व नहीं हैं। यह स्मृति का जागरण है। यह संस्कृति का पुर्नस्मरण है। उत्तर से दक्षिण तक नदियां भले अलग हों, किनारे भले अलग हों पर आस्था की धारा एक ही है, यही भारत है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के 131वें एपिसोड में कई और विषयों पर बात की। उन्होंने एआई समिट को लेकर देशवासियों से बात की। इसके अलावा उन्होंने बच्चों से परीक्षा पर बात की। साथ ही डिजिटल अरेस्ट को लेकर पीएम मोदी ने देशवासियों को सतर्क किया। 



 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account