ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

एक साथ दिखेगी भारतीय नौसेना, थलसेना और वायुसेना की ताकत

03-Nov-2025

नई  दिल्ली (शोर संदेश)। भारतीय नौसेना, भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना के सहयोग से नवंबर 2025 की शुरुआत में त्रि-सेवा अभ्यास (TSE-2025) 'त्रिशूल' आयोजित करने के लिए तैयार है। इस अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त परिचालन तत्परता को मजबूत करना और थल, जल और वायु क्षेत्रों में एकीकृत क्षमताओं का प्रदर्शन करना है।

पश्चिमी नौसेना कमान मुख्यालय, तीनों सेनाओं के साथ घनिष्ठ समन्वय स्थापित करते हुए, इस अभ्यास की देखरेख करेगा, जिसमें राजस्थान और गुजरात के खाड़ी और रेगिस्तानी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अभियान शामिल होंगे। समुद्री घटक में उत्तरी अरब सागर में जल-थलचर अभियान शामिल होंगे, जिससे व्यापक बहु-क्षेत्रीय संलग्नता सुनिश्चित होगी।

सेना की प्रमुख टुकड़ियों को सौंपी गई ये कमान

इसमें भाग लेने वाली प्रमुख टुकड़ियां सेना की दक्षिणी कमान, पश्चिमी नौसेना कमान और दक्षिण-पश्चिमी वायु कमान हैं। भारतीय तटरक्षक बल, सीमा सुरक्षा बल और अन्य केंद्रीय एजेंसियां भी बड़ी संख्या में भाग लेंगी, जिससे अंतर-एजेंसी समन्वय और एकीकृत अभियानों पर जोर दिया जाएगा।




जानिए क्या है इस अभ्यास का उद्देश्य?

तीनों सेवाओं में परिचालन प्रक्रियाओं को मान्य और समन्वित करना

प्लेटफार्मों और बुनियादी ढांचे की अंतर-संचालनीयता को बढ़ाना

सेवाओं के बीच नेटवर्क एकीकरण को मजबूत करना

कई डोमेन में संयुक्त संचालन को आगे बढ़ाना

TSE-2025 में शामिल होंगे ये दल

भारतीय नौसेना के युद्धपोतों और भारतीय वायु सेना के लड़ाकू और सहायक विमानों की बड़े पैमाने पर तैनाती की जाएगी।

भारतीय सेना और नौसेना के घटकों के साथ जलस्थलीय अभियान, जिनमें आईएनएस जलाश्व और लैंडिंग क्राफ्ट यूटिलिटी पोत (LCU) शामिल हैं।

संयुक्त खुफिया, निगरानी और टोही (ISR), इलेक्ट्रॉनिक युद्ध (EW) और साइबर युद्ध अभ्यास शामिल हैं।

भारतीय नौसेना ने तट-स्थित भारतीय वायुसेना की परिसंपत्तियों के साथ मिलकर विमानवाहक पोतों का संचालन किया जाएगा।

स्वदेशी प्रणालियों और 'आत्मनिर्भर भारत' का प्रदर्शन

यह अभ्यास स्वदेशी प्लेटफार्मों और तकनीकों के उपयोग पर जोर डालेगा, जो आत्मनिर्भर भारत पहल के तहत आत्मनिर्भरता के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उभरते खतरों से निपटने और बदलते युद्ध परिदृश्यों के अनुकूल होने के लिए प्रक्रियाओं और तकनीकों को भी परिष्कृत किया जाएगा।

राष्ट्रीय सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करना

टीएसई-2025 'त्रिशूल' भारतीय सशस्त्र बलों के पूर्णतः एकीकृत तरीके से कार्य करने, संयुक्त परिचालन तत्परता को बढ़ाने और राष्ट्रीय सुरक्षा तैयारियों को सुदृढ़ करने के सामूहिक संकल्प को रेखांकित करता है।

फर्जी पासपोर्ट घोटाले में ईडी की बड़ी कार्रवाई, नदिया में बढ़ई के घर छापा

03-Nov-2025
पश्चिम बंगाल (शोर संदेश)।  नदिया जिले के चकदह इलाके में प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार को एक बढ़ई के घर पर छापा मारा। यह कार्रवाई फर्जी पासपोर्ट घोटाले से जुड़ी जांच के सिलसिले में की गई। ईडी अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी बढ़ई फर्जी पासपोर्ट तैयार करने में शामिल था और इनमें से कई पासपोर्ट विदेश भेजे गए थे। अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए गए हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा हमने इस व्यक्ति के घर पर तलाशी ली है और उससे पूछताछ की जाएगी। यह मामला एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है।
पाकिस्तानी कनेक्शन की जांच
बता दें कि इसी मामले में ईडी ने अक्टूबर में चकदह के ही इंदुभूषण हल्दर नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। उस पर आरोप था कि उसने एक पाकिस्तानी ऑपरेटिव की मदद से बांग्लादेशी नागरिकों के लिए अवैध पासपोर्ट तैयार करवाए थे। अधिकारियों के अनुसार, इंदुभूषण हल्दर से पूछताछ के दौरान इस बढ़ई का नाम सामने आया।
जांच एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस रैकेट का संचालन किन लोगों द्वारा किया जा रहा था और इन फर्जी पासपोर्टों का इस्तेमाल किन देशों में हुआ। ईडी सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उन्हें भेजने का संदेह है। फिलहाल, एजेंसी इस पूरे नेटवर्क के तारों को जोड़ने में लगी है।

ये लौहपुरुष का भारत है: सुरक्षा और सम्मान पर कभी समझौता नहीं होगा — पीएम मोदी

31-Oct-2025
केवड़िया ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के मौके पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ये लौहपुरुष सरदार पटेल का भारत है, जो सुरक्षा और सम्मान से कभी समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि यह गर्व और प्रेरणा का पल है। हमने संकल्प लिया है कि हम ऐसे कार्यों को बढ़ावा देंगे, जो देश की एकता को मजबूती दें।
पीएम मोदी ने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती के ऐतिहासिक अवसर पर एकता नगर में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान हम सभी एक महान क्षण के साक्षी बन रहे हैं। देशभर में हो रही ‘रन फॉर यूनिटी’ में कोटि-कोटि भारतीयों का उत्साह है। हम नए भारत की संकल्प शक्ति को महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज सरदार पटेल की जयंती का दिन स्वाभाविक रूप से राष्ट्रीय एकता का महापर्व बन गया है। जिस तरह हम 140 करोड़ देशवासी 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस और 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाते हैं, वैसे ही एकता दिवस का महत्व हमारे लिए प्रेरणा और गर्व का पल है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरदार पटेल मानते थे कि इतिहास लिखने में समय नहीं गंवाना चाहिए, हमें तो इतिहास बनाने के लिए मेहनत करनी चाहिए। उनकी ये भावना हमें उनकी जीवनगाथा में दिखाई देती है। सरदार साहब ने जो नीतियां बनाई, जो निर्णय लिए, उन्होंने नया इतिहास रचा। आजादी के बाद 562 रियासतों को साथ जोड़ने के असंभव कार्य को सरदार साहब ने संभव करके दिखाया। एक भारत-श्रेष्ठ भारत का विचार उनके लिए सर्वोपरि था।
पीएम मोदी ने देशवासियों से आग्रह किया कि हर ऐसी बात जो देश की एकता को कमजोर करती है, हर देशवासी को उससे दूर रहना है। उन्होंने कहा, “ये राष्ट्रीय कर्तव्य है, ये सरदार साहब को सच्ची श्रद्धांजलि है। यही आज देश की जरूरत है। यही आज एकता दिवस का हर भारतीय के लिए संदेश भी है, संकल्प भी है।”
कश्मीर का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “सरदार साहब ने देश की संप्रभुता को सबसे ऊपर रखा, लेकिन दुर्भाग्य से सरदार साहब के निधन के बाद के वर्षों में देश की संप्रभुता को लेकर तब की सरकारों में उतनी गंभीरता नहीं रही। एक ओर कश्मीर में हुई गलतियां, दूसरी ओर पूर्वोत्तर में पैदा हुई समस्याएं और देश में जगह-जगह पनपा नक्सलवाद-माओवादी आतंक, ये देश की संप्रभुता को सीधी चुनौतियां थीं, लेकिन उस समय की सरकारों ने सरदार साहब की नीतियों पर चलने की जगह रीढ़विहीन रवैये को चुना। इसका परिणाम देश ने हिंसा और रक्तपात के रूप में झेला।”
उन्होंने कहा कि सरदार साहब चाहते थे कि जैसे उन्होंने बाकी रियासतों का विलय किया, वैसे ही कश्मीर का विलय हो, लेकिन, नेहरू जी ने उनकी वह इच्छा पूरी नहीं होने दी। कश्मीर को अलग संविधान और अलग निशान से बांट दिया गया। कश्मीर पर कांग्रेस ने जो गलती की थी, उसकी आग में देश दशकों तक जलता रहा।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की लचर नीतियों के कारण कश्मीर का एक हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में चला गया। पाकिस्तान ने आतंकवाद को हवा दी। राज्य प्रायोजित आतंकवाद की कश्मीर और देश को बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ी, लेकिन फिर भी कांग्रेस हमेशा आतंकवाद के आगे नतमस्तक रही।
पीएम मोदी ने कहा कि अब देश ने पहली बार इस बड़े खतरे के खिलाफ भी निर्णायक लड़ाई लड़ने की ठानी है। लाल किले से मैंने ‘डेमोग्राफी मिशन’ का ऐलान किया। उन्होंने यह भी कहा कि ये लौहपुरुष सरदार पटेल का भारत है। ये अपनी सुरक्षा और सम्मान से कभी समझौता नहीं करेगा। राष्ट्रीय एकता दिवस पर संकल्प यह भी है कि हम भारत में रह रहे हर घुसपैठिए को निकालकर ही रहेंगे। 

पीएम मोदी शनिवार को छत्तीसगढ़ जाएंगे, विधानसभा के नए भवन का करेंगे उद्घाटन

31-Oct-2025
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार, एक नवंबर को छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे। इस दौरान वे छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का उद्घाटन करेंगे। इसे ग्रीन बिल्डिंग अवधारणा पर बनाया गया है। 
इसके अलावा प्रधानमंत्री सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य सेवा और ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों को कवर करते हुए 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकासात्मक और परिवर्तनकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार कल शनिवार प्रधानमंत्री दिन में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का दौरा करेंगे और उसका उद्घाटन करेंगे। वे नवा रायपुर अटल नगर स्थित छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। यह भवन हरित भवन अवधारणा पर बनाया गया है, जिसे पूरी तरह सौर ऊर्जा से संचालित और वर्षा जल संचयन प्रणाली से सुसज्जित करने की योजना है। इस अवसर पर वह उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य सेवा और ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों को कवर करते हुए 14,260 करोड़ रुपये से अधिक की विकासात्मक और परिवर्तनकारी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
इससे पहले दोपहर में प्रधानमंत्री शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय का उद्घाटन और दौरा करेंगे। यह संग्रहालय राज्य के जनजातीय समुदायों के साहस, बलिदान और देशभक्ति की विरासत को संरक्षित और प्रदर्शित करेगा। प्रधानमंत्री स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में संग्रहालय पोर्टल और ई-बुक ‘आदि शौर्य’ का शुभारंभ करेंगे और स्मारक स्थल पर शहीद वीर नारायण सिंह की घुड़सवार प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
प्रधानमंत्री कल सुबह पहले ‘दिल की बात’ कार्यक्रम के तहत नवा रायपुर अटल नगर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में ‘जीवनदान’ समारोह में जन्मजात हृदय रोगों का सफलतापूर्वक इलाज करा चुके 2500 बच्चों से बातचीत करेंगे। वे ब्रह्माकुमारीज़ के ‘शांति शिखर’ का उद्घाटन करेंगे, जो आध्यात्मिक शिक्षा, शांति और ध्यान का एक आधुनिक केंद्र है।
विकास परियोजना से जुड़े कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए छत्तीसगढ़ के नौ जिलों में 12 नए स्टार्टअप ग्राम उद्यमिता कार्यक्रम (एसवीईपी) ब्लॉकों का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री 3.51 लाख पूर्ण हो चुके घरों के गृह प्रवेश में शामिल होंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 3 लाख लाभार्थियों को 1200 करोड़ रुपये की किश्त जारी करेंगे, जिससे राज्य भर के ग्रामीण परिवारों के लिए सम्मानजनक आवास और सुरक्षा सुनिश्चित होगी। 
 

जातिवाद, परिवारवाद या छुआछूत के आधार पर समाज को बांटने वालों का करें विरोध : सीएम योगी

31-Oct-2025
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में ‘भारत रत्न’ सरदार वल्लभभाई पटेल जी की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि हमें उन सभी कुत्सित प्रयासों का विरोध करना चाहिए, जो जातिवाद, परिवारवाद या छुआछूत के आधार पर समाज को बांटने का काम करते हैं। राष्ट्रीय एकता दिवस का यही संदेश है कि हम सब मिलकर भारत की अखंडता को सशक्त बनाएं और सामाजिक एकता को मजबूत करें।
योगी ने कहा कि सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर हमें हर उस शक्ति का विरोध करना चाहिए जो राष्ट्र की एकता को कमजोर करने का प्रयास करती है। उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और कहा कि भारत की अखंडता और एकता के लिए जिन्होंने अपना जीवन समर्पित किया, उन लौह पुरुष सरदार पटेल को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी जब हम उनके आदर्शों को अपने आचरण में उतारें।
सीएम योगी ने कहा कि भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन, समर्पण और त्याग आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। आइए, इस राष्ट्रीय एकता दिवस पर हम संकल्प लें कि जाति, भाषा, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर भारत की एकता और अखंडता को सुदृढ़ बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से ही देश में उन महान सपूतों को सम्मान देने की परंपरा शुरू हुई है, जिन्होंने भारत को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया।
उन्होंने बताया कि आज पूरे देश में 600 से अधिक स्थानों पर ‘रन फॉर यूनिटी’ के माध्यम से युवाओं में राष्ट्रभक्ति और एकता की भावना को प्रबल करने का यह अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी भारतीय परंपरा में कहा गया है कि “शिवो भूत्वा शिवं यजेत,” अर्थात जिसे हम पूजते हैं, उसके अनुरूप हमें स्वयं को ढालना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केवल भाषणों में नहीं, बल्कि व्यवहार में भी एकता और अखंडता के मूल्यों को अपनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केवड़िया (गुजरात) में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के रूप में सरदार पटेल की स्मृति को जीवंत बनाया गया है, जो आज राष्ट्रीय प्रेरणास्थली बन चुकी है।
सीएम योगी ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद ब्रिटिश साजिशों को नाकाम करते हुए 563 रियासतों को भारत गणराज्य में शामिल कर अखंड भारत का निर्माण किया। जब हैदराबाद और जूनागढ़ की रियासतों ने भारत में विलय से इनकार किया, तब लौह पुरुष ने पहले संवाद का रास्ता अपनाया, लेकिन जब राष्ट्र की अखंडता पर संकट आया, तब उन्होंने कठोर निर्णय लेकर भारत की एकता को सुरक्षित किया।
उन्होंने स्पष्ट कहा था कि भारत की अखंडता के साथ कोई खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर अखंड भारत के उस संकल्प को साकार किया, जो सरदार पटेल ने देखा था। यह उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश से एक सांस्कृतिक दल और हस्तशिल्पियों का प्रतिनिधिमंडल केवड़िया जाएगा। राज्यपाल महोदया के नेतृत्व में 12 नवंबर को केवड़िया में सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करने का कार्यक्रम आयोजित होगा।
उन्होंने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘स्वदेशी अभियान’ को मज़बूती देने के साथ उत्तर प्रदेश के कारीगरों को आत्मनिर्भर बनाने का यह अवसर भी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी 75 जनपदों में आज ‘रन फॉर यूनिटी’ के कार्यक्रम आयोजित हुए, जिनमें लाखों युवाओं, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, प्रशासनिक अधिकारियों और नागरिकों ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। यह केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। 
 

राष्ट्रीय एकता दिवस: परेड मार्ग पर पीएम मोदी का पैदल सफर, लोगों का किया अभिवादन

31-Oct-2025
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) एकता दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य ‘एकता परेड’ का समापन जैसे ही हुआ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी का दिल जीत लिया। परेड खत्म होते ही पीएम मोदी स्वयं मंच से उतरे और पूरे परेड मार्ग पर पैदल चलते हुए वहां मौजूद लोगों का उत्साहपूर्वक अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री मोदी जब आगे बढ़े तो वहां मौजूद लोगों ने ‘मोदी-मोदी, भारत माता की जय, जय श्री राम’ के नारे लगाते दिखे। परेड स्थल के दोनों ओर खड़े लोग पीएम मोदी को पास देखकर बेहद उत्साहित नजर आए। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी ने हाथ हिलाकर और मुस्कुराकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पीएम मोदी ने भी सभी को हाथ जोड़कर नमस्कार किया।
पीएम मोदी की मौजूदगी में, देश ने भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया। इस मौके पर एक शानदार परेड हुई जिसमें भारत की अनेकता में एकता और महिला सशक्तीकरण को दिखाया गया। इस कार्यक्रम की खास बात महिला अधिकारियों की एक्टिव लीडरशिप थी।
परेड में बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) और उसका बैंड, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (सीआईएसएफ) और सीआईएसएफ बैंड और आंध्र प्रदेश, असम, छत्तीसगढ़, जम्मू और कश्मीर, पंजाब, मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, केरल और त्रिपुरा की पुलिस टुकड़ियां शामिल थीं।
अन्य हिस्सा लेने वाली यूनिट्स में सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (सीआरपीएफ) बैंड, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) बैंड, दिल्ली पुलिस बैंड, एनसीसी फुट टुकड़ी, घुड़सवार और डॉग यूनिट, ऊंट टुकड़ी और ऊंट पर सवार बैंड, साथ ही नागरिक जिम्मेदारी और आधुनिकता का प्रतीक एक सफाई मशीन टुकड़ी भी शामिल थी। हर यूनिट ने अनुशासन, तालमेल और राष्ट्रीय गौरव का शानदार प्रदर्शन किया – जो एकता, शांति, सद्भाव और महिला सशक्तीकरण के विषयों को दिखाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सभी टुकड़ियों से सलामी ली और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को दिखाने के उनके प्रयासों की तारीफ की। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास एकता नगर में हुई यह परेड सरदार पटेल की स्थायी विरासत को दिखाती है, जिन्होंने 562 रियासतों को मिलाकर एक एकीकृत भारत बनाया था।

राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के लिए पीएम मोदी आज गुजरात दौरे पर

30-Oct-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में हिस्सा लेने के लिए आज गुरुवार को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। यहां वह कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और केवड़िया के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में एकता समारोह का नेतृत्व करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के पहले चरण के लिए गुरुवार को एकता नगर पहुंचेंगे। वह इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाएंगे और लगभग 1,140 करोड़ रुपए की विभिन्न विकास और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं पर्यटन को बढ़ावा देने, टिकाऊ बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने और दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा (स्टैच्यू ऑफ यूनिटी) के आसपास पर्यावरण के अनुकूल गतिशीलता को बढ़ाने के लिए डिजाइन की गई हैं।
प्रधानमंत्री कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे, जैसे भारत के शाही राज्यों का संग्रहालय, वीर बालक उद्यान, एक खेल परिसर, एक वर्षावन परियोजना, शूलपनेश्वर घाट के पास जेटी विकास और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में ट्रैवलेटर्स। इन सभी का उद्देश्य आगंतुकों के अनुभव को समृद्ध बनाना और क्षेत्र में समग्र विकास को बढ़ावा देना है।
इस कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 150 रुपए का एक विशेष स्मारक सिक्का और एक डाक टिकट जारी करेंगे। यह 560 से ज्यादा रियासतों को एकजुट करने और आधुनिक भारत की नींव रखने में पटेल के अद्वितीय योगदान के प्रति एक प्रतीकात्मक श्रद्धांजलि होगी।
गुरुवार को, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे। वह दिन की शुरुआत स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार वल्लभभाई पटेल को पुष्पांजलि अर्पित करके और एकता दिवस की शपथ दिलाकर करेंगे, जिससे राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के प्रति भारत की सामूहिक प्रतिबद्धता की पुष्टि होगी।
इस दिन का मुख्य आकर्षण एकता दिवस परेड होगी, जिसमें बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी और एसएसबी के साथ-साथ विभिन्न राज्य पुलिस बलों की टुकड़ियां शामिल होंगी।
इस वर्ष की परेड में कई अनूठी प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें रामपुर हाउंड्स और मुधोल हाउंड्स जैसी देशी भारतीय नस्लों के कुत्तों की बीएसएफ टुकड़ी, गुजरात पुलिस का घुड़सवार दस्ता, असम पुलिस मोटरसाइकिल डेयरडेविल शो और अपने प्रसिद्ध ऊंट सवार बैंड के साथ बीएसएफ ऊंट दस्ता शामिल हैं।
वीरता और बलिदान के सम्मान में, इस कार्यक्रम में सीआरपीएफ के पांच शौर्य चक्र विजेताओं और बीएसएफ के 16 वीरता पदक विजेताओं को झारखंड में नक्सल विरोधी अभियानों और जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान उनके साहसिक कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अनुकरणीय वीरता का प्रदर्शन करने वाले बीएसएफ कर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा। 
 

मुंबई समेत दस जिलों में येलो अलर्ट, तीन घंटे तक हल्की-मध्यम बारिश के आसार

30-Oct-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) भारतीय मौसम विभाग ने आज गुरुवार को महाराष्ट्र के दस जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट अगले तीन घंटे यानी सुबह दस बजकर बीस मिनट तक लागू रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, रायगढ़, रत्नागिरी, मुंबई शहर, मुंबई उपनगर, ठाणे, पालघर, पुणे, नासिक, सतारा और नांदेड़ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाएं और स्थानीय प्रणाली के कारण बादल छा गए हैं। सुबह से ही मुंबई, ठाणे और पालघर में आसमान पर घने बादल मंडरा रहे हैं और कई जगह हल्की बूंदाबांदी शुरू हो चुकी है। पुणे और नासिक में भी मौसम बदला हुआ नजर आ रहा है। रायगढ़ तथा रत्नागिरी के तटीय इलाकों में समुद्री लहरें ऊंची हो सकती हैं, इसलिए मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पुलिस और नगर निगम की टीमें सतर्क हैं। मुंबई महानगर पालिका ने जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि निचले इलाकों में पानी न भरे। लोकल ट्रेन अभी सामान्य गति से चल रही हैं, लेकिन बारिश तेज हुई तो देरी संभव है। सड़क यातायात में फिसलन की आशंका को देखते हुए वाहन चालकों से धीरे चलने को कहा गया है।
स्कूल जाने वाले बच्चों के अभिभावक सुबह 10:30 तक मौसम का जायजा लेकर ही बच्चों को बाहर निकालें। दफ्तर जाने वाले लोग थोड़ा जल्दी घर से निकलें, ताकि बारिश की वजह से देर न हो। किसानों से अपील की गई है कि अगर खेत में फसल कटाई का काम चल रहा है, तो उसे कुछ घंटे टाल दें।
मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक, यह बारिश का दौर अस्थायी है और दोपहर बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है। फिर भी येलो अलर्ट के समय सतर्क रहना जरूरी है। विभाग दोपहर एक बजे अगले चौबीस घंटे का पूरा पूर्वानुमान जारी करेगा। बारिश से तापमान में गिरावट आएगी और उमस कम होगी, जो लोगों के लिए राहत की बात है। 

मुजफ्फरपुर की लीची जितनी मीठी, उतनी ही मीठी यहां की जनता की बोली: पीएम मोदी

30-Oct-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज गुरुवार को मुजफ्फरपुर रैली में जबरदस्त हुजूम उमड़ा है। इसे देखकर प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद हुजूम लगातार आ रहा है। छठ महापर्व के बाद बिहार में अपनी पहली रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब मैं मुजफ्फरपुर आता हूं तो सबसे पहले यहां की मिठास ध्यान खींच लेती है। यहां की लीची जितनी मीठी होती है, उतनी ही यहां की जनता की बोली मीठी है। उन्होंने कहा, “आपका यह प्यार मैं देख रहा हूं। लगातार रैली में हुजूम आ रहा है।”
उन्होंने कहा, “मैं बिहार की जनता का कर्जदार हूं। रैली में बड़ी संख्या में युवा आए हैं। माता-बहनों का भी दर्शन कर रहा हूं। यह विशाल जन-सागर बता रहा है कि ‘फिर एक बार, एनडीए सरकार’।”
आपको बता दें, प्रधानमंत्री मोदी की रैली को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। उनकी नजदीक से झलक पाने के लिए सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर हुजूम उमड़ने लगा। मुजफ्फरपुर की महिलाएं भी प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचीं।
एक महिला कार्यकर्ताओं ने न्यूज़ एजेंसी से बातचीत में कहा, “प्रधानमंत्री हमारे मुजफ्फरपुर की धरती पर कदम रखने आ रहे हैं। हम सभी बहनें और कार्यकर्ता बहुत खुश और उत्साहित हैं। प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, वह धरती धन्य हो जाती है।” उन्होंने बिहार में सरकार की तरफ से किए गए कामों की प्रशंसा की। एक महिला कार्यकर्ता ने कहा, “बिहार में बहुत विकास हुआ है। राज्य विकास की रफ्तार पकड़ चुका है। आज सड़कों और हाईवे पर गाड़ियां फर्राटे भरती हैं। राज्य में हर तरह विकास ही विकास दिख रहा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन है।”
एक युवक ने कहा, “बिहार बहुत तेजी से विकास कर रहा है। इसने जबरदस्त गति पकड़ी है। एक बार फिर, एनडीए सरकार के साथ, हम एक विकसित भारत और एक विकसित बिहार देखेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है, और हम सभी इस सपने को पूरा करने के लिए बहुत उत्साहित हैं।”
 



 

भारत के निर्यात को बेहतर बनाने के लिए हम सस्टेनेबल ग्रोथ के नए रास्ते खोलने के लिए प्रतिबद्ध : पीयूष गोयल

30-Oct-2025
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )  केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अलग-अलग सेक्टर्स के एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल और इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में भारत की निर्यात को बढ़ाने से जुड़ी रणनीतियों पर चर्चा की गई।
इसकी जानकारी देते हुए बुधवार को पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मैंने अलग-अलग सेक्टर के एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (ईपीसी) और इंडस्ट्री एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ एक मीटिंग की अध्यक्षता की, जिसका फोकस भारत के एक्सपोर्ट ग्रोथ को बढ़ाने की रणनीतियों पर था।”
केंद्रीय मंत्री गोयल ने आगे जानकारी देते हुए कहा कि चर्चा के मुख्य बिंदुओं में अधिक मार्केट एक्सेस के लिए एफटीए का इस्तेमाल करना, वैल्यू एडिशन बढ़ाना, मार्केट डाइवर्सिफिकेशन का विस्तार करना और सेक्टोरल तालमेल को मजबूत करना शामिल था। उन्होंने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा, “हम भारत के निर्यात को बेहतर बनाने के लिए क्वालिटी-ड्रिवन और सस्टेनेबल ग्रोथ के नए रास्ते खोलने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
इसी कड़ी में, वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच इस वर्ष अप्रैल-सितंबर के दौरान कुल निर्यात (मर्चेंडाइस और सर्विस) 413.30 बिलियन डॉलर होने का अनुमान है, जबकि बीते वर्ष 2024 की अप्रैल-सितंबर अवधि में यह 395.71 बिलियन डॉलर था। वहीं, सितंबर में भारत का कुल निर्यात (मर्चेंडाइस और सर्विस) 67.20 बिलियन डॉलर होने का अनुमान है, जो सितंबर 2024 की तुलना में 0.78 प्रतिशत की सकारात्मक बढ़त को दिखाता है।
इससे पहले केंद्रीय मंत्री गोयल ने न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले के साथ एक प्रोडक्टिव वर्चुअल मीटिंग की। उन्होंने मैक्ले के साथ हुई इस मीटिंग को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने एक दूसरे पोस्ट में लिखा, “हमने अपने व्यापार संबंधों को मजबूत करने और एफटीए पर बातचीत को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।”
केंद्रीय मंत्री गोयल ने बताया कि इस मीटिंग में दोनों देशों के लिए लाभदायक और दूरदर्शी फ्रेमवर्क बनाने पर फोकस किया गया। उन्होंने कहा, “मैं हमारी पार्टनरशिप को मजबूत करने और अहम सेक्टरों में आपसी ग्रोथ के लिए नए मौकों को तलाशने के लिए उत्सुक हूं।”



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account