ब्रेकिंग न्यूज

शिक्षा

विश्वविद्यालय में एडमिशन शुरू, यहां जानें आवेदन की पूरी प्रक्रिया

02-Jul-2024
भिलाई।  ( शोर संदेश )  प्रदेश के एकमात्र ए+ ग्रेड प्राप्त राजकीय पं. सुन्दर लाल शर्मा (मुक्त) विश्वविधालय छग. बिलासपुर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में जून-जुलाई 2024-25 के लिए ऑनलाईन प्रवेश 1 जुलाई से आरंभ होगें। गत वर्षों में उच्चतर माध्यमिक परीक्षा उत्तीर्ण प्रवेशार्थी स्नातक स्तर पर बीए, बी.कॉम., बीबीए, बीएससी (गणित) तथा बी. लिब. एंड आईएससी. पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकते हैं।
स्नातक उपाधि प्राप्त अभ्यर्थी स्नातकोत्तर स्तर पर हिन्दी साहित्य, संस्कृत साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, समाजशास्त्र, राजनीति, छत्तीसगढ़ी व शिक्षा जैसे विषयों में एमए. पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकेंगे। एमकॉम, एमएससी (कम्प्यूटर साइंस) व एमए, एमएससी (गणित) जैसे स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में विद्यार्थी प्रवेश ले सकेंगे। रोजगार मूलक दो वर्षीय पाठ्यक्रम एमएस डब्ल्यू व पीजीडीसीए में भी प्रवेश आरंभ रहेगा।

विश्वविद्यालय द्वारा संचालित डिप्लोमा इन योग साइॅस, डिप्लोमा इन साइकलोजिकल गाइडेन्स एण्ड काउन्सलिंग व रामचरितमानस में विज्ञान से सामाजिक उत्थान में एक वर्षीय डिप्लोमा में भी विद्यार्थी प्रवेश ले सकेंगे। वाणिज्य के स्नातक के लिए विशेष रूप से संचालित छ: माह के जीएसटी सर्टिफिकेट कोर्स में भी शिक्षार्थी प्रवेश ले सकते है।
क्षेत्रीय समन्वयक डॉ. डीएन. शर्मा ने बतलाया कि विश्वविद्यालय द्वारा दूरवर्ती शिक्षा प्रणाली अंतर्गत संचालित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए उम्र की कोई अधिकतम सीमा नहीं है तथा कोई भी अहर्ता प्राप्त विद्यार्थी, गृहणी और सेवारत या व्यवसायी अपनी रूचि व आवश्यकता के अनुसार प्रवेश ले सकता है। प्रवेश ऑनलाइन ही होंगे तथा शुल्क भी ऑनलाइन जमा करना होगा । प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर विस्तृत विवरण देखा जा सकता है।

शाला प्रवेश उत्सव के दिन बी ई ओ ने किया आकस्मिक निरीक्षण

27-Jun-2024
तुलेश्वर सेन राजनांदगांव  (शोर संदेश) छुईखदान जिला केसीजी के कलेक्टर चंद्रकांत वर्मा और जिला शिक्षा अधिकारी लाल जी द्विवेदी सर जी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ सरकार के मंशानुरूप 26 जून 2024 से प्रदेश की सभी शासकीय और निजी शालाओं को भीषण गर्मी के बाद खोला गया ।खैरागढ़ छुई खदान गंडई जिले में पहले दिन से ही सुपर विजन पार्टी तैयार करते हुए रोड मैप बना दिया गया की कौन अधिकारी कहां पर जाकर निरीक्षण करेंगे और शाला प्रवेश उत्सव में शामिल होते हुए स्थानीय पालकों और बच्चों के साथ वार्तालाप करेगे ।शाला प्रवेश उत्सव में शामिल होते हुए बच्चों को मिलने वाली पाठयपुस्तक,गणवेश आदि की वितरण की समीक्षा करेंगे।सरकार के मंशानूरूप न्योता भोज, शौचालय,किचन,  कक्षा कक्ष,खेल मैदान आदि की साफ सफाई का निरीक्षण करेंगे।मध्यान्ह भोजन योजनान्तर्गत मीनू का ध्यान रखना है।
          इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए विकास खंड शिक्षा अधिकारी आर के डडसेना ने शाला प्रवेश उत्सव निरीक्षण करने अचानक विभिन्न शालाओं में पहुंचे सर्व प्रथम शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला घिरघोली में प्रवेश उत्सव का निरीक्षण किया।उसके बाद शासकीय प्राथमिक शाला पुरेना पहुंचे और खेल मैदान में उगे हुए घास को लेकर नाराजकी जाहिर की तुरंत ही साफ सफाई का निर्देश दिए।उसके बाद शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मुरई में पहुंचकर कक्षा छठवीं में बच्चों की शाला प्रवेश की जानकारी ली।पूर्व माध्यमिक शाला सीताडबरी , प्राथमिक /माध्यमिक /हाई स्कूल बुन्देली/प्राथमिक शाला भरदागोड़ का निरीक्षण किया जहां भी कुछ कमी दिखे वहां के प्रधान पाठक और स्टाप को समझाइश दी गई समय रहते सभी लोग अपनी कार्यशैली में सुधार लाए।प्रतिदिन शाला में उपस्थित  रहकर पढ़ाई लिखाई में गति लाना है।पूर्व माध्यमिक शाला बुंदेली में बच्चो के साथ न्योता भोज किया आज सभी शालाओं में शाला प्रवेश उत्सव मनाया गया ।जनप्रतिनिधियों को भी अपने शाला के प्रत्येक गतिविधियों में आमंत्रित किया कीजिए।पालकों को शाला परिवार में शामिल करेंगे तभी शाला का बेहतरीन परिणाम आ पाएगा कहीं कोई गंभीर समस्या नजर नहीं आई हम सब को इस वर्ष मिलकर शिक्षा गुणवत्ता पर विशेष कार्य करना है।
 

नेवता भोज के साथ प्रारंभ हुआ बच्चों का स्कूल

27-Jun-2024
सारंगढ़ बिलाईगढ़।( शोर संदेश ) जिले के स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल बरमकेला में हर्षोल्लास के साथ शाला प्रवेश उत्सव मनाया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष हेमसागर नायक, विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत उपाध्यक्ष रामकुमार नायक एवं जिला शिक्षा अधिकारी एस.एन.भगत, सीएमओ अनिल सोनवानी, पार्षद सहित पालक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। अतिथियों का पुष्प गुछ से स्वागत किया गया। सर्वप्रथम नन्हे-मुन्ने बच्चों विद्यार्थियों को आरती उतारकर तिलक लगाकर स्वागत किया गया। शाला प्रवेशोत्सव का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना, उनकी आत्मविश्वास को बढ़ाना और उन्हें नए सत्र में सफलता की कामना करना होता है। यह उत्सव छात्रों के बीच एक मेलजोल वातावरण है। हमारे जीवन का यादगार पलों में से एक यह भी है कि दो माह की छुट्टी के बाद बच्चों को विद्यालय में आने की उत्सुकता देखी गई। इस शाला प्रवेश उत्सव में अतिथियों द्वारा किताब , सायकल का भी वितरण किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा सभी बच्चों को नेवता भोज के तहत खाना खिलाया गया जिसमें विद्यार्थियों में भी काफी उत्साह देखा गया वही पालक अपने बच्चों को स्कूल शाला प्रवेश उत्सव के दौरान छोड़ने के लिए आए हुए थे जिससे स्कूल के वातावरण एवं वहां के शिक्षकों को देखकर उत्साहित नजर आए। एस.एन.भगत जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि भाग्य नहीं कड़ी मेहनत पक्का इरादा सफलता की कुंजी होती है।परीक्षा में सफल होने के लिए उचित कार्य योजना बनाकर , समय प्रबंधन के साथ-साथ सही दिशा में मेहनत की आवश्यकता होती है। विद्यार्थियों को सफलता के गुर सिखाते हुए उचित मार्गदर्शन प्रदान किया। नव प्रवेशी विद्यार्थियों को तिलक लगाकर तथा मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष हेमसागर नायक ने नए शैक्षणिक सत्र के शुरू होने पर छात्र छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने परिवार बरमकेला सहित पूरे छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।
प्राचार्य नरेश कुमार चौहान ने सभी विद्यार्थियों को नए सत्र 2024-25 में प्रवेश के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्कूल शिक्षा का मंदिर होता है और इस मंदिर को भी हमेशा साफ-सुथरा रखना है, बच्चे हमारा भविष्य हैं। इन बच्चों को शिक्षा का उचित वातावरण देना हमारी जिम्मेदारी है, ताकि उनका पढ़ाई में मन लगा रहे। इस अवसर पर हेमसागर नायक अध्यक्ष नगर पंचायत, राम कुमार नायक उपाध्यक्ष नगर पंचायत, मनीष नायक पार्षद, कमल चौहान, दादु भारती, देवांगन सहित सभी स्कूल के स्टाफ, पालक और प्रबुद्ध जन उपस्थित थे।

 

विद्यार्थियों, अभिभावकों व शिक्षकों के प्रश्नों व समस्याओं का हो रहा समाधान

26-Jun-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा इस वर्ष द्वितीय मुख्य परीक्षा 2024 का आयोजन किया जा रहा है। द्वितीय मुख्य परीक्षा में ऐसे विद्यार्थी सम्मिलित हो सकते है जो प्रथम मुख्य परीक्षा में पंजीकृत हो ऐसे समस्त विद्यार्थी जो पूरक श्रेणी में है, अनुत्तीर्ण है अथवा उत्तीर्ण है, वे सभी द्वितीय मुख्य परीक्षा में शामिल होने आवेदन कर सकते है।
विद्यार्थी/पालक/शिक्षक द्वितीय मुख्य परीक्षा के संबंध में दिशा निर्देश समस्या समाधान के लिए मण्डल के टोल फ्री नंबर में प्रातः 10:30 बजे से सायं 5 बजे तक 24 जून से 2 जुलाई तक संपर्क स्थापित कर सकते है। इस हेतु हेल्पलाईन नम्बर 18002334363 संचालित किया जा रहा है। उपसचिव जे0के0 अग्रवाल के मार्गदर्शन, हेल्पलाइन नोडल अधिकारी डॉ0 प्रदीप कुमार साहू के नेतृत्व मण्डल के सहायक प्राध्यापक प्रीति शुक्ला, राजेन्द्र दुबे,मनीषी सिंह, गीता मिश्रा, प्रभात पाण्डे द्वारा विभिन्न प्रकार के प्रश्नों/समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया।
हेल्पलाईन के द्वितीय दिवस में टोल फ्री नंबर पर जांजगीर, रायपुर, बलौदाबाजार, खैरागढ़, बलरामपुर, कवर्धा, बिलासपुर, राजनांदगांव, दुर्ग, कांकेर, जशपुर, कोरबा, मानपुर मोहला, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, मुंगेली, जगदलपुर, गरियाबंद जिलो से विभिन्न प्रश्न पूछे जा रहे है। इन प्रश्नों में जो प्रमुखता से बात पूछी जा रही वे इस प्रकार हैं। द्वितीय मुख्य परीक्षा संबंधी फार्म भरने की तिथि जो बच्चे सभी विषयों में उत्तीर्ण हो गये है वे भी शामिल हो सकते है क्या फार्म भरने के लिए क्या-क्या दस्तावेज लगेगा। ऑनलाईन फार्म भर रहा हूं, तो पेमेंट सक्सेस नही दिखा रहा है जबकि पैसा कट गया है। दसवी पूनर्गणना, पुनर्मूल्यांकन का रिजल्ट कब आयेगा, विद्यालय से फार्म कैसे भरना है, यदि द्वितीय मुख्य परीक्षा में अंक कम हो गया तो कैसे करेंगे? द्वितीय परीक्षा का केंद्र कहां मिलेगा? द्वितीय मुख्य परीक्षा का फीस कितना है? प्रवेश पत्र कब मिलेगा? जैसे प्रश्न हेल्पलाईन में पूछे गए।
 

आरटीई अंतर्गत प्रवेशित विद्यार्थियों के साथ भेदभाव का व्यवहार नहीं होना चाहिए- कलेक्टर

26-Jun-2024
राजनांदगांव ।   ( शोर संदेश )  कलेक्टर संजय अग्रवाल ने नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 अंतर्गत प्रवेशित विद्यार्थियों की अच्छी शिक्षा के लिए मेंटॉर नियुक्त करने के संबंध में अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालयों के प्रारंभिक कक्षाओं में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर कमजोर वर्ग के बच्चों को प्रवेश हेतु चयनित किया गया है। प्रवेश लेने के बाद नये विद्यालय के वातावरण से सामंजस्य स्थापित नहीं कर पाने के कारण शाला का त्याग कर ड्राप आऊट हो गए हैं। विद्यार्थियों का ड्राप आऊट होना चिंता का विषय । उन्होंने कहा कि भेदभाव होने जैसी स्थिति अच्छी नहीं है। स्कूलों में बच्चों के साथ सबका व्यवहार अच्छा होना चाहिए। इसके लिए विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को सहायता प्रदान करने तथा अभिभावक, स्कूल प्रबंधन एवं प्रशासन के मध्य समन्वय कर विद्यार्थी को उसकी शिक्षा निरंतर रखने में आने वाली बाधा को दूर करने के लिए मेंटॉर की नियुक्ति की जानी है। जिले में शिक्षा का अधिकार अंतर्गत 175 स्कूलों में 1703 सीट है तथा प्रथम चरण में 1471 विद्यार्थी चयनित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मेंटॉर बच्चों से सतत संपर्क में रहते हुए अभिभावकों से बात करते रहेंगे। विद्यालयों में बच्चों को यदि कोई समस्या आती है, तो उसका समाधान करेंगे। कलेक्टर अग्रवाल ने कहा कि जिले के प्रशासनिक अमला मेंटॉर के रूप में सक्रिय रहते हुए आरटीई के सुचारू क्रियान्वयन के लिए कार्य करेंगे। यदि विद्यार्थी स्कूल में नियमित रूप से उपस्थित नहीं हो रहे हं, तो पालक एवं विद्यार्थी को पे्रेरित कर नियमित उपस्थिति की दिशा में कार्य करेंगे। इस बात पर विशेष ध्यान देना है कि विद्यार्थी ड्राप आऊट नहीं हो। मेंटॉर यह भी सुनिश्चित करेंगे कि स्कूल के सामान्य विद्यार्थी एवं आरटीई अंतर्गत प्रवेशित विद्यार्थियों के मध्य शाला प्रबंधन द्वारा किसी भी प्रकार की असमानता का व्यवहार नहीं किया जा रहा हो। मेंटार यह मानिटरिंग करेंगे कि विद्यार्थियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध हो तथा विद्यालय द्वारा अधिनियम के प्रावधानों का किसी भी रूप में उल्लंघन नहीं किया जाए।
उन्होंने कहा कि आरटीई के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु शासन द्वारा जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। जिसमें कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत सीईओ, नगर निगम आयुक्त, सहायक आयुक्त अनुसूचित जाति-जनजाति विभाग, जिला समन्वयक मिशन संचालक समग्र शिक्षा, जिला शिक्षा अधिकारी, एक प्रचार्य, एक पालक होंगे। जिला स्तरीय समिति द्वारा नि:शुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनिमय 2009 अंतर्गत भर्ती किए गए विद्यार्थियों को उनकी शिक्षा पूरी होने तक विद्यालयों में बनाए रखने के लिए सतत प्रयास किया जाएगा। समिति द्वारा आरटीई पोर्टल में लाटरी के माध्यम से चयनित विद्यार्थी का प्रवेश सुनिश्चित करवाना एवं विद्यालयों में विद्यार्थियों के साथ भेदभाव नहीं हो यह सुनिश्चित करना होगा।
आईटीई अंतर्गत विद्यालयों द्वारा विद्यार्थियों को स्कूल पाठ्यपुस्तकें, गणवेश एवं लेखन सामग्री नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। जिला स्तरीय समिति द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि जिलों में संचालित गैर अनुदान प्राप्त अशासकीय विद्यालय आरटीई पोर्टल पर पंजीकृत हो। इस दौरान वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन प्रताप सिंह तोमर, नगर निगम आयुक्श्र अभिषेक गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर खेमलाल वर्मा, एसडीएम राजनांदगांव अतुल विश्वकर्मा, एसडीएम डोंगरगांव मनोज मरकाम, एसडीएम डोंगरगढ़ उमेश पटेल, जिला शिक्षा अधिकरारी अभय जायसवाल, जिला मिशन समन्वयक सतीश ब्यौहारे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।  

कलेक्टर ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा सेंटर का किया निरीक्षण

24-Jun-2024
जगदलपुर। ( शोर संदेश ) कलेक्टर विजय दयाराम के. ने लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2023 के लिए शासकीय काकतीय महाविद्यालय में बनाए गए परीक्षा सेंटर का निरीक्षण किए। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया, इस दौरान एक परीक्षार्थी का तबियत ठीक नहीं होने पर स्वास्थ्य जांच करवाने के निर्देश दिए।
संभागीय मुख्यालय में आयोजित इस परीक्षा सेंटर में लगभग 202 परीक्षार्थी मुख्य परीक्षा में शामिल हो रहे है। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी सुनील शर्मा, पीजी कॉलेज की प्राचार्य भी उपस्थित थे। ज्ञात हो कि लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा सोमवार 24 जून से शुरू हो गई है प्रथम पाली में भाषा का पेपर, द्वितीय पाली में निबंध का पेपर है।
 

साल में दो बार होगी बोर्ड परीक्षा : 10-12वीं व अवसर परीक्षा फार्म भरने की तिथि जारी

22-Jun-2024
रायपुर ।  (  शोर संदेश  ) राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत् अब विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में दो अवसर प्रदान किया जाएगा। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल, रायपुर राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की इसी अनुशंसा के तहत् इस वर्ष 2024 में द्वितीय मुख्य परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। इसमें वे समस्त विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं जो प्रथम मुख्य परीक्षा में पंजीकृत हों। ऐसे समस्त विद्यार्थी जो पूरक श्रेणी हैं, अनुत्तीर्ण है अथवा उत्तीर्ण हैं, श्रेणी सुधार हेतु इस द्वितीय मुख्य परीक्षा में आवेदन कर सकते हैं।
मण्डल की द्वितीय मुख्य परीक्षा हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी मुख्य नियमित/अवसर के विद्यार्थियों के परीक्षा आवेदन पत्र भरने के लिये सामान्य शुल्क के साथ 21 से 30 जून तक तथा विलम्ब शुल्क के साथ 1 से 2 जुलाई तक तिथि निर्धारित की गई है।
जो छात्र उक्त परीक्षा में सम्मिलित होना चाहते हैं, वे निर्धारित तिथि तक नियमित परीक्षार्थी अपने विद्यालय से तथा अवसर परीक्षार्थी समन्वय संस्थाओं के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। परीक्षा एवं परीक्षा संबंधी निर्देश आदि की विस्तृत जानकारी मण्डल की वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर उपलब्ध है।
 

अग्रसेन महाविद्यालय में हुआ योग-अभ्यास का आयोजन

21-Jun-2024
रायपुर ।  (  शोर संदेश  ) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अग्रसेन महाविद्यालय में आज योग-अभ्यास शिविर का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर योग प्रशिक्षक शिखा इंगले  ने सभी प्राध्यापकों, विद्यार्थियों और अन्य आमंत्रित अभ्यागतों को विभिन्न प्रकार के आसनों की जानकारी देते हुए इनका अभ्यास कराया. साथ ही बन्ध, मुद्रा और प्राणायामों के महत्व के बारे में विस्तार से चर्चा करते हुए उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण प्राणायाम भी कराए।   
इस आयोजन में छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज की केन्द्रीय इकाई के अध्यक्ष तथा महाविद्यालय के तकनीकी सलाहकार अनुराग अग्रवाल, महाराजाधिराज अग्रसेन शिक्षण समिति के अध्यक्ष एवं महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ वी.के. अग्रवाल, समिति के सचिव एवं महाविद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर डॉ अमित अग्रवाल, प्राचार्य डॉ युलेन्द्र कुमार राजपूत एवं वरिष्ठ समाजसेवी सुनील अग्रवाल सहित अन्य छत्तीसगढ़ी अग्रवाल समाज के सदस्य भी इस कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित हुए. इन सभी ने योग अभ्यास में भाग लिया और महाविद्यालय के आयोजन को सभी के लिए लाभकारी बताया।
इस अवसर पर महाराजाधिराज अग्रसेन शिक्षण समिति के अध्यक्ष एवं महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ वी.के. अग्रवाल, ने कहा कि योग जीवन को अनुशासन  में रखने में सहायक होता है।
इसलिए हर व्यक्ति को दिन में काम से काम एक बार दस मिनट के लिए  योग अभ्यास अवश्य करना चाहिए. उन्होंने  सभी आगंतुकों  के प्रति  आभार भी व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय की एन.एस.एस. प्रभारी प्रो. दीपिका अवधिया के नेतृत्व में योग-अभ्यास कि तथा सभी को नशा  मुक्त जीवन जीने का संकल्प  दिलाया।

 


आईपीएस डांगी को मिली डॉक्टर की उपाधि

20-Jun-2024
रायपुर।  (  शोर संदेश  ) आईपीएस रतन लाल डांगी को दुर्ग के हेमचंद यादव विश्वविद्यालय ने डॉक्टर की उपाधि प्रदान की है। इसके लिए शोधार्थी रतन लाल डांगी ने विश्वविद्यालय के टैगोर हॉल में अपने शोध-प्रबंध का प्रस्तुतिकरण दिया। डांगी ने अपना शोध कार्य निर्देशक डॉ. सुनीता मिश्रा, विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान शासकीय नवीन महाविद्यालय, खुर्सीपार, भिलाई एवं सहायक निर्देशक डॉ. प्रमोद यादव विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान, सेठ आरसीएस कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, दुर्ग के निर्देशन में पूर्ण किया है।
आईपीएस डांगी के शोध का टॉपिक था "छत्तीसगढ़ में माओवादी समस्या के उन्मूलन में सहायक पुलिस आरक्षकों की भूमिका (जिला बीजापुर के संदर्भ में)" रही। उल्लेखनीय है कि, रतन डांगी ने अपने कैरियर की शुरुआत देश के सबसे अधिक नक्सल प्रभावित क्षेत्र बस्तर संभाग से ही की थी। वे एसडीओपी उत्तर बस्तर कांकेर, एसपी पश्चिम बस्तर बीजापुर, एसपी उत्तर बस्तर कांकेर, एसपी बस्तर, डीआईजी उत्तर बस्तर कांकेर एवं दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा में पदस्थ रहे हैं। इन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए सबसे बड़े खतरे के रूप में उभरी समस्या माओवाद को नजदीक से देखा है एवं इसका मुकाबला भी किया है। जिला बीजापुर में पुलिस अधीक्षक रहते हुए नक्सलियों के विरुद्ध अभियानों का नेतृत्व करने से उनको महामहिम राष्ट्रपति के द्वारा दो बार पुलिस वीरता पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।
माओवादियों के विरुद्ध आदिवासियों के स्वस्फूर्त जन आंदोलन सलवा जुडूम के समय डांगी बीजापुर जिले के पुलिस अधीक्षक थे। उस दौरान माओवादियों द्वारा आदिवासियों के राहत शिविरों एवं सलवा- जुडूम नेताओं पर लगातार हमले किए जा रहे थे। उनकी सुरक्षा के लिए सरकार ने स्थानीय युवाओं को विशेष पुलिस अधिकारी नियुक्त किया। इन युवाओं (एसपीओ) के सहयोग से पुलिस ने सघन नक्सल विरोधी अभियान चलाए जिससे नक्सलियों के बस्तर से पैर उखड़ने लगे।
आईपीएस डांगी ने अपने शोध में भी यह पाया कि 99 प्रतिशत युवाओं ने एसपीओ/सहायक पुलिस आरक्षक बनने के पीछे नक्सलियों को खत्म करने एवं क्षेत्र के विकास करने को बताया है। 90 प्रतिशत युवाओं ने यह माना कि उनके सहायक पुलिस आरक्षक बनने से स्वयं के साथ ही परिवार ने प्रगति की है। 85 प्रतिशत युवाओं ने माना कि उनके सहायक पुलिस आरक्षक बनने के बाद से उनके गाँव में विकास कार्य हुए है। 92 प्रतिशत युवाओं ने माना है कि उनके सहायक पुलिस आरक्षक बनने से नक्सली वारदातों में कमी आई है। 94 प्रतिशत का कहना है कि नक्सल विरोधी अभियानों में तेजी आई है। शोध के दौरान 96 प्रतिशत युवाओं ने बताया कि उनके पारिवारिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक पृष्ठभूमि में भी सुधार आया है। 91 प्रतिशत सहायक पुलिस आरक्षकों का कहना है कि उनके इस पद पर नियुक्ति से क्षेत्र के युवाओं का नक्सलियों से मोहभंग हुआ है। साथ ही 91 प्रतिशत का कहना है कि इससे उनके क्षेत्र में रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
रतन लाल डांगी वर्तमान में राज्य पुलिस अकादमी में निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। शोध प्रस्तुतीकरण कर समय दुर्ग विश्वविद्यालय की कुलपति पलटा मेडम, भूपेन्द्र कुलदीप कुलसचिव, डॉ. सुनीता मिश्रा, डॉ. प्रमोद यादव एवं विश्वविद्यालय के स्टाफ के साथ-साथ बड़ी संख्या में शोधार्थी भी उपस्थित रहे।

छात्रों ने दिया संदेश : करो योग रहो निरोग

20-Jun-2024
कोण्डागांव।   (  शोर संदेश  ) स्वामी आत्मानंद स्कूल महात्मा गांधी वार्ड कोंडागांव में चार दिनों तक चले आ रहे योग प्रशिक्षण शिविर का समापन गुरुवार को हुआ।
योग प्रशिक्षक कांतिलाल पटेल ने योग प्रोटोकॉल का विशेष अभ्यास कराया। छात्रों अभिभावकों एवं शिक्षकों ने मिलकर अनुलोम विलोम भ्रामरी प्राणायाम के साथ भुजंगासन दीक्षासन वृक्षासन आदि का अभ्यास किया। इस अवसर पर पटेल ने कहा कि योग जीवन का आध्यात्मिक अनुशासन है, जो मन और शरीर के बीच सामंजस्य लाने पर केंद्रित है। यह स्वस्थ जीवन जीने की एक कला और विज्ञान है। ‘योग‘ शब्द का अर्थ है ‘जुड़ना‘ या ‘जोड़ना‘ या ‘एकजुट होना‘।
प्राचार्य दिनेश शुक्ला ने सभी प्रतिभागियों एवं अभिभावकों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अभिभावक छात्रों को प्रतिदिन योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित करें। दिन की शुरुआत सकारात्मक ऊर्जा के साथ की जानी चाहिए। सुबह जल्दी उठने से अनेक शारीरिक समस्याएं कम हो जाती है ।
कार्यक्रम के संयोजक अखिलेश गायधने ने जानकारी देते हुए कहा कि इस वर्ष की थीम है ‘योगा फॉर वुमेन इंपावरमेंट’ यानी महिला सशक्तिकरण के लिए योग। महिलाओं के मानसिक   शारीरिक स्वास्थ्य को केंद्र में रखते हुए इस साल के योग दिवस की थीम बनाई गई है। भुजंगासन, धनुरासन, तितली आसन, चक्की चालनासन, बालासन आदि महिलाओं के लिए विशेष उपयोगी हैं। हर साल 21 जून के दिन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।
जिला शिक्षा अधिकारी कोंडागांव आदित्य चांडक ने योग शिविर की सराहना की और भविष्य में ऐसे शिविर हर स्कूल में लगाने का आश्वासन दिया ताकि हर छात्र इससे लाभ प्राप्त कर सके और अपने स्वास्थ को, जीवन को समाज को बेहतर बनाने में अपना योगदान दे सकें।
 


Feedback/Enquiry



Log In Your Account