
रायपुर (शोर संदेश)।भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी ने जेईई एडवांस- 2023 का रिजल्ट जारी कर दिया है। रायपुर के टाटीबंध में रहने वाले अखिलेश अग्रवाल ने 275 अंक के साथ आल इंडिया रैंक-155 हासिल कर छत्तीसगढ़ टापर बने हैं। वहीं विराज विजय कुमार लिल्हारे ने 459 रैंक, नमन शर्मा ने 518 रैंक और नीलाक्ष मलिक ने 1080 रैंक हासिल करने में कामयाब रहे हैं। इनके अलावा चैतन्य धवन, लक्ष्य खिलवानी, जसमीत सिं, स्वपनिल मदान, ताहेर हुसैन भी जेईई परीक्षा क्रैक में सफल हुए हैं। सफल छात्रों ने पढ़ाई करने में मन लगे और एकाग्रता बढ़े इसके लिए मेडिटेशन का सहारा लिया। 10 से 12 घंटे की प्रतिदिन पढ़ाई करने बाद सफलता मिली हैं। टापर्स ने बताया कि बिना हार्डवर्क के जेईई जैसी परीक्षा में सफल होना बहुत मुश्किल है।छत्तीसगढ़ से जेईई एडवांस परीक्षा में हजारों छात्रों ने हिस्सा लिया है।
सफल उम्मीदवारों के लिए कांउसलिंग आज से
जिन उम्मीदवारों को जेईई एडवांस्ड 2023 के कट-ऑफ अंक के बराबर या उससे अधिक अंक मिले हैं, वे जोसा द्वारा आयोजित होने वाली आईआईटी प्रवेश काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन प्रोसेस कल 19 जून से josaa.nic.in पर शुरू होगी।
फाइनल आंसर-की भी जारी
आईआईटी गुवाहाटी ने जेईई एडवांस्ड 2023 परीक्षा की फाइनल आंसर की भी आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जारी कर दी है। उम्मीदवार इसे चेक कर सकते हैं।
प्रैक्टिस से मिली अच्छी रैंक
न्यू राजेंद्र नगर में रहने वाले विराज विजय कुमार लिल्हारे ने 244 अंकों के साथ देशभर में 459 रैंक हासिल किया है। उन्होंने बताया कि 11वीं से ही जेईई की प्रवेश परीक्षा की तैयारी शुरू कर दिया था। शुरू में तो बहुत अच्छे अंक नहीं आते थे, लेकिन थ्योरी पर ध्यान दिया। प्रैक्टिस बहुत किया। इससे सुधार हुआ। प्रतिदिन 10 से 12 घंटे पढ़ाई करता था, कोचिंग में जो भी पढ़ाया जाता था, उसे घर जाकर अच्छे से रिवीजन करता था। बिना कोचिंग के भी सफल हो सकते है लेकिन उसके लिए बहुत हार्डवर्क की जरूरत है। पढ़ाई में जब मन नहीं लगता था तो साइक्लिंग किया।पापा विजय कुमार लिल्हारे बीएसएनएल में जनरल मैनेजर है। मम्मी रत्ना लिल्हारे गृहणी हैं।
एकाग्रता बढ़ाने मेडिटेशन किया, माक टेस्ट दिए
हास्टल में रहकर जेईई की तैयारी करने वाले नमन शर्मा ने बताया कि 11वीं कक्षा से ही तैयारी शुरू कर दिया था। रात में पढ़ने के बजाय दिन में ही पढ़ाई किया। सुबह प्रतिदिन 10 से 15 मिनट तक मेडिटेशन करता था। कोचिंग में जो भी पढ़ाया जाता था, उसे उसी दिन ही पूरा कर लेता था।बाद के लिए कुछ नहीं छोड़ता था। चैप्टर के हिसाब से टारगेट सेट किया। उसी के आधार पर तैयारी की। माक टेस्ट बहुत ज्यादा साल्व किया। पढ़ाई में जब भी मन नहीं लगता था तो बैडमिंटन खेलता था।बिना मेहनत के सफलता हासिल करना बहुत मुश्किल है। पिता कौशल शर्मा जिंदल में यूनिट हेड है। मां सुमन शर्मा गृहणी हैं।
डाउट क्लियर करने में पैरेट्स ने किया सहयोग
आनंद वर्ल्ड सिटी में रहने वाले नीलाक्ष मलिक ने भी 11वीं कक्षा से ही जेईई की तैयारी शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि 10 से 11 घंटे पढ़ाई किया। जो भी डाउट होते थे तो सर से क्लियर करता था, कई बार सर से संपर्क नहीं होने पर पैरेंट्स ने इंटरनेट से ढूंढ़ कर हल करवाया। कोचिंग में जो भी पढ़ाया जाता था, उसको उसी दिन ही पढ़ लेता था। रात में पढ़ने के बजाय दिन पर ही पढ़ता था। टीचर्स की गाइडेंस में अच्छी तैयारी होती है। बिना गाइडेंस के तैयारी करने में बहुत मुश्किल होता है। सुबह प्रतिदिन आधे घंटे मेडिटेशन किया, जिसका भी बहुत लाभ मिला। कोचिंग के लिए क्रिकेट खेलना और संगीत सीखना छोड़ना पड़ा। पिता नितिन मलिक और मां शर्मिष्ठा मलिक दोनों डाक्टर हैं।

बलौदाबाजार (शोर संदेश)। नये शैक्षणिक सत्र 2023-24 के तैयारियों के संबंध में विद्यालय प्रारंभ होने के पूर्व शिक्षा विभाग द्वारा जिले के सभी प्राचार्यों, विकासखंड एवं सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों की बैठक कलेक्टर चंदन कुमार की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में हुई। इस दौरान कलेक्टर चंदन कुमार ने नवीन शिक्षा सत्र में शाला संचालन के संबंध में जिला स्तर एवं विकासखंड स्तर के सभी अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय प्रारंभ होने के पूर्व शालाओं में रंगरोगन, साफ-सफाई, पाठ्य पुस्तक की उपलब्धता सहित सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही समय सीमा के भीतर गणवेश, पाठ्यपुस्तक वितरण, निःशुल्क सरस्वती साइकिल, मुख्यमंत्री जतन योजना, विभागीय पोर्टल में शिक्षकों की अपडेट जानकारी मध्यान्ह भोजन की शत प्रतिशत तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आगामी सत्र में कक्षा 9वीं से 12वीं तक मासिक परीक्षा लेना एवं तथा मुल्यांकन कर कमजोर बच्चों को पहचान कर उपचरात्मक शिक्षा प्रदान करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि नवीन शिक्षा सत्र की शुरुआत को सभी विद्यार्थियों के मध्य अविस्मरणीय एवं यादगार बनाने की दृष्टि से इस वर्ष भी शाला प्रवेश को एक उत्सव के रुप में आयोजित किया जाए। इस हेतु सभी आवश्यक तैयारी सुनिश्चित कर लें। उन्होंने शाला प्रवेशोत्सव में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण को आमंत्रित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर चंदन कुमार ने आगे कहा कि नवीन शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के पहले शाला प्रबंधन समिति की विशेष बैठक का आयोजन कर लिया जाये एवं प्राप्त निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने हेतु हम सबको मिलकर कार्य करना होगा। कलेक्टर ने सभी प्राचार्यों को शिक्षा की गुणवत्ता पर ध्यान देने व स्वयं को आदर्श बनाते हुए अपने अधीनस्थ शिक्षकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नम्रता जैन ने सभी प्राचार्यों को नवीन सत्र में कक्षा 6 से 12 के समस्त बच्चों के जाति प्रमाण पत्र समय-सीमा में बनाने के निर्देश दिए है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी सी एस ध्रुव, डीएमसी मनीलाल ब्राम्हनी, सहायक संचालक केएस मरावी, बीआर पटेल, केके गुप्ता सहित समस्त शासकीय संस्थाओं के प्राचार्य एवं प्रभारी प्राचार्य, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

संस्कार स्कूल में हुई टीचर्स ट्रेनिंग
रायगढ़ (शोर संदेश)। जिले की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था संस्कार पब्लिक स्कूल में तीन दिवसीय टीचर्स प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। संस्था की प्राचार्या रश्मि शर्मा ने बताया कि प्रसिद्ध शिक्षाविद एवं मोटिवेटर रामचन्द्र शर्मा के द्वारा सभी शिक्षकों को आनेवाले सत्र में छात्र-छात्राओं को किस प्रकार की शिक्षा एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम चलाकर सफल होने का उपाय बताने हेतु प्रशिक्षण दिया गया
प्रशिक्षण के दौरान रामचन्द्र शर्मा ने शिक्षकों को बताया कि किताबी ज्ञान देने के साथ-साथ पढ़ाई कैसे की जाती है, किसी भी विषय पर कैसे फोकस किया जाना चाहिए, प्रतियोगी परिक्षाओं में पढ़ाई के दौरान किन तकनीक का उपयोग किया जाना चाहिए, शैक्षणिक प्रणाली के साथ-साथ सिखाते समय अन्य व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम चलाकर बच्चों में आत्म विश्वास जागृत करने आदि के उपाय बताए गए।
संस्कार पब्लिक स्कूल में प्रशिक्षण के दौरान स्मार्ट बोर्ड का उपयोग भी सिखाया गया। इस प्रशिक्षण में पीरीयड के दौरान टीचर्स से पढ़ाई के दौरान कक्षा में आने वाली परेशानियों के बारे में भी विचार-विमर्श किया गया।
पैरेन्ट्स को जागरूक करने के तरीके, विद्यार्थियों को होमवर्क देने संबंधी जानकारी, खेलकूद के लिए प्रेरित करने की जरूरत, ड्रॉईंग एवं नृत्य संगीत का व्यक्तित्व विकास में योगदान का महत्व, असेम्बली के दौरान बच्चों में लीडरशिप का विकास, एमबीबीएस एवं आईआईटी के लिए विशेष कक्षाएं एवं नोट्स आदि उपलब्ध कराने, लाईब्रेरी को ज्ञानवर्धन हेतु किस प्रकार उपयोग किया जाए आदि बातों पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में गहन चर्चा हुई। प्राचार्या रश्मि शर्मा ने इस प्रकार के शिविर की उपयोगिता को बताते हुए कहा कि इससे सभी टीचर्स का ज्ञानवर्धन एवं तकनीक का विकास अनिवार्य रूप से होता है। अत: आनेवाले समय में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर आयोजित होते रहेंगे।

रायपुर (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ राज्य ओपन स्कूल के हाई स्कूल एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा के नतीजे आज घोषित किए गए। छात्र अपने परीक्षा परिणाम वेबसाईट http://www.sos.cg.nic.in और http://www.result.cg.nic.in में प्राप्त कर सकते हैं एवं अनुत्तीर्ण छात्र आगामी परीक्षा के आवेदन फार्म अपने अध्ययन केन्द्र में जमा कर परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं।
हाई स्कूल का परीक्षाफल प्रतिशत 54.09 तथा हायर सेकेण्डरी परीक्षा का परीक्षाफल प्रतिशत 65.46 रहा। हाई स्कूल परीक्षा में कुल 37 हजार 471 छात्रों का पंजीयन हुआ था। इस 34 हजार 161 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। 34 हजार 132 परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम जारी किया गया। कुल उत्तीर्ण परीक्षार्थी 18 हजार 465 रहे। 29 परीक्षार्थियों का परीक्षाफल विभिन्न कारणों से रोका गया है। हाई स्कूल परीक्षाओं में प्रथम श्रेणी में 4 हजार 13 परीक्षार्थी, द्वितीय श्रेणी में 7 हजार 320 विद्यार्थी तथा तृतीय श्रेणी 6 हजार 923 विद्यार्थी से उत्तीर्ण हुए। कुल 18 हजार 465 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।
इसी प्रकार हायर सेकेण्डरी परीक्षा में 65 हजार 557 विद्यार्थियों का पंजीयन हुआ था। इसमें 62 हजार 51 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इनमें से 57 हजार 105 परीक्षार्थियों को परीक्षा परिणाम जारी किया गया। इनमें 9 हजार 653 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी, 15 हजार 180 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी से तथा 11 हजार 801 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुए। कुल 37 हजार 383 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। परीक्षा में 4 हजार 883 विद्यार्थी आरटीडी योजनांतर्गत अवसर परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। 63 परीक्षार्थियों का परीक्षाफल विभिन्न कारणों से रोका गया है।
.jpg)
बालोद (शोर संदेश) कलेक्टर शर्मा ने आज गुण्डरदेही विकासखंड के स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सिकोसा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्कूल के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण कर इसे समय-सीमा में कार्य को पूरा कराने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर शर्मा ने निर्माण कार्य में शत प्रतिशत गुणवत्ता का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। इस दौरान कलेक्टर ने लोक निर्माण व शिक्षा विभाग के अधिकारियों से स्कूल में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी ली। कलेक्टर शर्मा ने स्कूल में प्रवेश द्वार का निर्माण तथा पानी, बिजली की समूचित उपलब्धता के अलावा शाला भवन के रंग-रोगन तथा फर्नीचर आदि की उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेते हुए इसकी समूचित उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय के पुराने फर्नीचर को आवश्यकतानुसार अन्य स्कूलों में भेजने तथा विद्यालय के प्रयोगशाला व लाइब्रेरी में आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि सिकोसा में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय को आकर्षक व सर्व सुविधायुक्त होनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने विद्यालय के अधोसंरचना से जुड़े सभी कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, एस.डी.एम. रश्मि वर्मा, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अश्वन कुमार पुसाम, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के नोडल रूपेश कश्यप सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

महासमुंद (शोर संदेश)।कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने मगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में हालही में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल की कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में जिले के पांच विद्यार्थियों को टॉप 10 में जगह बनाने पर सम्मानित किया। उन्हाेंने छात्र-छात्राओं को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने और आगे भी बेहतर परीक्षा परिणाम हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दी। मालूम हो कि कक्षा 10वीं परीक्षा-2023 के परीक्षा परिणाम में महासमुंद जिले की पांच विद्यार्थियों ने टॉप 10 में स्थान प्राप्त किया। इनमें शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल किसड़ी की छात्रा कुमारी बिंदिया प्रधान ने 97.17 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया है। सम्मानित अवसर पर छात्र-छात्राओं के अभिभावक, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस. आलोक, अपर कलेक्टर दुर्गेश वर्मा समेत जिला शिक्षा अधिकारी मीता मुखर्जी, सहायक संचालक शिक्षा हिमांशु भारतीय एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

रायपुर (शोर संदेश)। मुख्यमंत्री बघेल से शुक्रवार को बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के दौरान बेलतरा में विभिन्न सामाजिक संगठनों और प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात के दौरान सरपंच और ग्रामीणों की मांग पर बेलतरा में महाविद्यालय और स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का प्रयास है कि समाज के हर वर्ग को स्थानीय स्तर पर बेहतर शिक्षा उपलब्ध हो और वे सक्षम तथा आत्मनिर्भर बनें। मुख्यमंत्री बघेल ने भेंट-मुलाकात एवं शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत देखने के बाद सामाजिक प्रतिनिधियों से सामाजिक सरोकार के कामों एवं समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कई समाज के प्रतिनिधियों की मांग पर सामाजिक भवन के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत किए जाने के साथ ही उनकी समस्याओं के निदान के लिए निर्देश स्थानीय प्रशासन को दिए हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि मंडल से चर्चा करते हुए कहा कि हमारी सरकार ने समाज को न्यूनतम दर पर शासकीय जमीन आबंटित करने के लिए नीति बनाई है। मुख्यमंत्री ने भेंट-मुलाकात के दौरान केंवट समाज के प्रतिनिधि मंडल की मांग पर चाटीडीह में भवन निर्माण के लिए 25 लाख रूपए, ढिमर समाज को बिलासपुर में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रूपए, मुस्लिम समाज के सामाजिक भवन विस्तार के लिए 25 लाख रूपए, मानिकपुरी समाज को सामाजिक भवन निर्माण के लिए 25 लाख रूपए, शिकारी समाज की मांग पर रतनपुर में सामाजिक भवन के लिए 25 लाख रूपए, जायसवाल समाज को बेलतरा में सामाजिक भवन के निर्माण के लिए 25 लाख रूपए, गुप्ता समाज को लखराम गांव में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 10 लाख रूपए, सेंदरी गंधर्व महिला समाज को सिंदरी में मंगल भवन के लिए 10 लाख रूपए की मंजूरी प्रदान की। मुख्यमंत्री ने ठाकुर समाज के साहित्य परिषद के विकास के लिए प्रतिनिधि मंडल की मांग पर स्वेच्छानुदान मद से 5 लाख रूपए, बेलतरा निवासी मानिकपुरी समाज के 22 वर्षीय विवेक मानिकपुरी को कमर के इलाज के लिए 2 लाख रूपए की मंजूरी प्रदान की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात के दौरान केंवट समाज के प्रतिनिधि मंडल को समाज के नाम पर जमीन की रजिस्ट्री करने की बात कही। अघऱिया समाज के प्रतिनिधि मंडल को समाज के नाम से जमीन लेने के लिए विधिवत आवेदन करने कहा। इसी प्रकार राजपूत क्षत्रिय समाज, रजत समाज, कनौजिया सूर्यवंशी समाज, अघरिया समाज, पटेल समाज, भोसले समाज के प्रतिनिधि मंडल को समाज के नाम पर जमीन लेकर उसकी रजिस्ट्री कराने के बाद विधिवत सामाजिक भवन निर्माण के लिए राशि देने की बात कही। मुख्यमंत्री बघेल द्वारा सेंदरी के किशन प्रजापति द्वारा समाज के लिए भवन की मांग पर स्वीकृति प्रदान की। साहू समाज के प्रतिनिधि मंडल ने अगले खरीफ सीजन में 20 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। इसी प्रकार धोबी समाज के प्रतिनिधि मंडल की ओर से रजक समाज बोर्ड बनाने के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। पटेल समाज के प्रतिनिधि मंडल द्वारा भी शाकंभरी बोर्ड संचालन के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया गया।

कोरबा ( शोर संदेश ) दसवीं और बारहवी बोर्ड के नतीजे आने के साथ खुशियों में समाएं प्रतीक और ग्रेसी के लिए गुरुवार का दिन भी खुशियों से भरा रहा। जिले के गौरव इन दोनों होनहार विद्यार्थियों से मिलते ही कलेक्टर संजीव कुमार झा ने न सिर्फ उनकी पीठ थपथपाई, अपितु मिठाई खिलाकर लैपटॉप दिया। कलेक्टर ने दोनों को लक्ष्य हासिल करने और सफलता की राह में आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर के हाथों लैपटॉप और उनसे मिले सम्मान पर खुद को बहुत गौरवान्वित महसूस कर रहे विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए यह लैपटॉप उनके बहुत काम आएगा। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षा 2023 परिणाम में कोरबा जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का कलेक्टर संजीव कुमार झा ने सम्मान किया। उन्होंने हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतीक शर्मा अंक प्रतिशत 96.67 एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल परीक्षा में 95 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्रा ग्रेसी पोर्ते को लैपटॉप प्रदान कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी। कलेक्टर झा ने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा के प्रति जागरूक होकर आगे भी इसी तरह सफलता अर्जित करें और जो लक्ष्य है उसे प्राप्त करें। उन्होंने विद्यार्थियों के माताओं के योगदान की सराहना करते हुए उनके पालकों को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी जीपी भारद्वाज उपस्थित थे।
संभाग में प्रथम और द्वितीय स्थान पर रहा कोरबा का रैंक
जिला शिक्षा अधिकारी भारद्वाज ने बताया कि बिलासपुर संभाग में कोरबा जिले का परीक्षाफल हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा में 74.27 प्रतिशत के साथ प्रथम स्थान पर एवं हायर सेकेण्डरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा में 78 प्रतिशत के साथ द्वितीय स्थान पर रहा। उन्होंने बताया कि कोरबा जिले का परिणाम पहले की तुलना में बेहतर है।
बैंक अफसर एवं आईएएस बनना चाहते हैं ग्रेसी और प्रतीक
हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी परीक्षा 2023 परिणाम में कोरबा जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों ने कलेक्टर झा से मुलाकात के दौरान अपनी-अपनी अध्ययन तथा लक्ष्य और रूचियों को साझा किया। कलेक्टर ने उन्हें कैरियर संबंधी मार्गदर्शन भी दिए। इस दौरान दसवीं कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जिले के होनहार छात्र प्रतीक शर्मा ने कहा कि वह प्रशासनिक सेवा में जाना चाहता है और आईएएस बनकर देश की सेवा करना चाहता है। कक्षा बारहवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्रा ग्रेसी पोर्ते ने बताया कि वह बैंक अफसर बनना चाहती है।

रायगढ़ (शोर संदेश)।छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के कल घोषित परिणाम में रायगढ़ की बेटियों ने सफलता का परचम लहराया है। 10 वीं और 12 वीं के मेरिट लिस्ट में रायगढ़ की 6 बेटियों ने अपना स्थान बनाया है। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने गुरुवार को सभी मेरिट होल्डर्स से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने सभी टॉपर्स के पालकों और शिक्षकों का भी सम्मान किया। कलेक्टर सिन्हा ने कक्षा 12 वीं में पूरे प्रदेश में अव्वल आने वाली छात्रा विधि भोसले, 12 वीं की मेरिट में संयुक्त रूप से नवें स्थान पर रहने वाली दीपिक पटेल व रानी महाना, कक्षा 10 वीं के मेरिट लिस्ट में चौथे स्थान पर आने वाली अदिति भगत, 7 वें स्थान पर रही श्रद्धांशी अग्रवाल तथा आठवीं पोजिशन पर रही खुशी पटेल को सम्मानित किया। कलेक्टर सिन्हा ने इस दौरान सभी बच्चियों से कहा कि आपकी सफलता से पूरा रायगढ़ जिला गौरवान्वित है। हमें उम्मीद ही नही पूरा विश्वास है कि आपकी सफलता का सफर यूं ही जारी रहेगा। जीवन में अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कई चुनौतियों और परीक्षाओं से गुजरना पड़ता है। ऐसी सफलता उन लक्ष्यों को पाने के लिए दुगुनी मेहनत करने का जोश भरती हैं। उन्होंने सभी टॉपर्स बच्चों के पालकों और शिक्षकों को भी सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे की सफलता में उसके माता-पिता और शिक्षक का बराबर का योगदान होता है। पालक पढ़ाई के लिए सही माहौल उपलब्ध कराते हैं और शिक्षक मार्गदर्शन करते हैं, जिससे छात्र की मेहनत सफलता के स्वर्णिम रूप में चमकती है। इस मौके पर उन्होंने सभी बच्चों से एक-एक कर बात की। उनके लक्ष्य जाने और उसे पाने के लिए जरूरी टिप्स भी दिए। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी बी.के.बाखला, डीएमसी नरेन्द्र चौधरी, सीईओ जनपद पुसौर महेश पटेल, बीईओ पुसौर दिनेश पटेल, शिक्षा विभाग से आलोक स्वर्णकार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, टॉपर बच्चों के पालक व शिक्षक उपस्थित रहे।

रायपुर (शोर संदेश)।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा ली गई 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में सफल सभी परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए, उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि कक्षा दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में टॉप टेन में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को हेलीकॉप्टर राइड कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन बच्चों को आशा अनुरूप परिणाम प्राप्त नहीं हुआ है उन्हें सीख लेते हुए आगे और मेहनत करना चाहिए। असफलता ही सफलता की सीढ़ी है, इसको ध्यान में रखते हुए वे निराश न हों और पुनः मेहनत से पढ़ाई करके सफलता प्राप्त करें। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल की दसवीं की परीक्षा में राहुल यादव और बारहवीं की परीक्षा में विधि भोसले ने टॉप किया है। स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने दसवीं और बारहवीं के मुख्य परीक्षा के रिजल्ट जारी किया। दसवीं की परीक्षा में 75.05 प्रतिशत और बारहवीं में 79.96 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए हैं।