ब्रेकिंग न्यूज

शिक्षा

*वेद ने सुनाया पहाड़ा, कलेक्टर ने खुश होकर उपहार में दिया अपना पेन*

16-Mar-2023

रायगढ़ (शोर संदेश)। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा घरघोड़ा विकासखण्ड के विभिन्न ग्रामों के दौरे पर रहे। जिसके तहत उन्होंने यूथ सेंटर का निरीक्षण किया। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थिंयों से चर्चा की। कलेक्टर सिन्हा ने यूथ सेंटर को बेहतर रूप से डेवलप करने एवं 15 जून तक अवकाश के दरम्यिान स्पेशल क्लास संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वोकेशनल कोर्स के साथ व्यापम, स्पोकन, जेईई, नीट जैसे प्रतियोगिता परीक्षाओं के तैयारी हेतु शिक्षक व्यवस्था के निर्देश दिए। जिससे विद्यार्थी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। इस दौरान वे प्राथमिक स्कूल पहुंचे, यहां उन्होंने डिजिटल बोर्ड के माध्यम से पढ़ रहे बच्चों से चर्चा की। उन्होंने पांचवी क्लास के छात्र वेद कुमार यादव से 14 का पहाड़ा पढ़ने को कहा, जिस पर वेद ने पहाड़ा सुनाया। कलेक्टर सिन्हा खुश होकर छात्र वेद को अपना पेन उपहार स्वरुप दिया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत अबिनाश मिश्रा भी उपस्थित रहे। कलेक्टर सिन्हा घरघोड़ा स्थित आदिवासी बालक एवं बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। वहां उपस्थित वार्डन ने बताया कि नवनिर्मित बालिका छात्रावास पोस्ट मैट्रिक छात्रावास है, जो आगामी जून से प्रारंभ हो जायेगी। वर्तमान में हॉस्टल प्री-मैट्रिक बालिका छात्रावास में संचालित हो रही है। जिसके पश्चात कलेक्टर सिन्हा बालक छात्रावास पहुंचे एवं बच्चों से चर्चा की। उन्होंने वर्तमान में बच्चों के संख्या की जानकारी ली, हॉस्टल वार्डन द्वारा बताया गया कि उक्त बालक छात्रावास में कुल 145 बच्चे हैं। इस दौरान कलेक्टर सिन्हा ने नवनिर्मित अतिरिक्त कक्ष में बच्चों को शिफ्ट करने के निर्देश दिए

लाईवलीहुड कालेज में बेहतर कोर्स के साथ संचालन हेतु बनायें कार्ययोजना
कलेक्टर सिन्हा ने आज पूंजीपथरा स्थित ओपी जिंदल कम्युनिटी कॉलेज का विजिट किया, यहां उन्होंने दिए जा रहे रीटेल ट्रेनी, ब्यूटी थेरिस्ट जैसे वोकेशनल ट्रेनिंग विजिट कर मैकेनिकल वर्कशॉप का अवलोकन किया। उन्होंने मैनेजमेंट, आवश्यक उपकरण एवं संसाधन की जानकारी ली। उन्होंने लाइवलीहुड कॉलेज को बेहतर बनाने जिला पंचायत सीईओ एवं रोजगार अधिकारी को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। जिससे लाइवलीवुड कॉलेज में बेहतर संसाधनों के साथ मार्केट अनुरूप स्किल डेवलपमेंट के कोर्स संचालित किया जा सके।

 


*क्विज प्रतियोगिता में 9 छात्र पुरस्कृत*

15-Mar-2023

नारायणपुर (शोर संदेश)राष्ट्रीय अविष्कार अभियान (समग्र शिक्षा) के तहत जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन विगत 14 मार्च को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) गरांजी में किया गया। इस कार्यक्रम में शासकीय शालाओं के छात्र छात्राओं ने भाग लिये। कार्यक्रम में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 9 प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को जी.आर. मण्डवी, प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था (डाईट) गरांजी, की अध्यक्षता में बच्चों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्राफी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान महेन्द्र कुमार देहारी, सहायक जिला परियोजना अधिकारी उमेश रावत, सहायक कार्यक्रम समन्वयक समग्र शिक्षा, निर्णायक दल एवं संबंधित संस्था के शिक्षक, शिक्षिका कार्यालयीन कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। पुरस्कार प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं में शासकीय बुनयादी कन्या शिक्षा परिसर गरांजी की कुमारी जयमती नेताम, कुमारी मोनिका सलाम, कुमारी चांदनी शांडिल्य को प्रथम स्थान, शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी बंगलापारा नारायणपुर की छात्रा कुमारी जिया हीरा, कुमारी कल्पना ठाकुर, कुमारी चांदनी बघेल को द्वितीय स्थान और सेजेस बखरूपारा नारायणपुर की छात्रा कुमारी कोमेश्वरी राणा, दिनेश उसेण्डी और नमन देवांगन को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।


*स्कूलों में जाति प्रमाण-पत्र बनाने के काम में लाएं तेजी : कलेक्टर*

14-Mar-2023

धमतरी (शोर संदेश)। समय-सीमा की साप्ताहिक समीक्षा बैठक कलेक्टर ऋतुराज रघुवंशी की अध्यक्षता में मंगलवार सुबह आयोजित की गई, जिसमें उन्होंने विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्रता से निराकरण करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्कूलों में बनाए जाने वाले जाति प्रमाण-पत्र के संबंध में कहा कि बचे हुए लंबित प्रकरणों की व्यावहारिक दिक्कतें दूर करते हुए जल्द से जल्द बनवाने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि 65 हजार 331 के लक्ष्य के विरूद्ध अब तक 59 हजार 473 जाति प्रमाण पत्र तैयार कर विद्यार्थियों को वितरित किया जा चुका है जबकि 5 हजार 858 आवेदन लंबित हैं। कलेक्टर ने ग्रामसभा के अनुमोदन पश्चात् निराकरण करते हुए सभी अनुविभागीय अधिकारियों को इसे प्राथमिकता से निष्पादित करने के लिए निर्देशित किया। आज सुबह 11.00 बजे से आयोजित बैठक में कलेक्टर ने मनरेगा मजदूरों की संख्या में वृद्धि करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित किया। बताया गया कि जिले की 326 ग्राम पंचायतों में प्रतिदिन औसतन 52 हजार श्रमिक नियोजित हैं। कलेक्टर ने शेष पंचायतों में काम प्रारम्भ कराकर मजदूरों को काम देने के निर्देश दिए, साथ ही लक्षित मानव श्रम दिवस आगामी 30 मार्च तक पूर्ण करने के लिए भी निर्देशित किया। इसके अलावा कलेक्टर ने आश्रम छात्रावासों में किचन गार्डन तैयार कर ग्रीष्मकालीन सब्जियों की पैदावार लेने, आंगनबाड़ी केन्द्रों के स्वीकृत भवनों का शीघ्रता से निर्माण कार्य पूर्ण कराने, जर्जर हो चुके स्कूलों का सुधार कार्य कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। इसी तरह स्वास्थ्य विभाग की हाट बाजार क्लीनिक योजना, आयुष्मान भारत योजना, एनआरसी में दर्ज बच्चों की जानकारी भी ली। कतिपय स्वास्थ्य केन्द्रों में चिकित्सकों की अनुपस्थिति की शिकायत मिलने के संबंध में कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारियों को केन्द्रों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले के ग्रामीण औद्योगिक पार्क (रीपा) गौठानों में बहुआयामी गतिविधियां शीघ्रता से प्रारम्भ करने के भी निर्देश सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को दिए। गोधन न्याय योजना की बैठक हुई- इसके पहले, कलेक्टर रघुवंशी ने गोधन न्याय योजना की बैठक लेकर जिले के गौठानों में गोबर की खरीदी, खाद निर्माण तथा उसके विक्रय की वस्तुस्थिति से अवगत होने अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान कलेक्टर ने सभी सक्रिय गौठानों में खाद निर्माण के कन्वर्जन दर को बढ़ाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई और ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए गौठानों में पर्याप्त मात्रा में पानी और पैरादान से प्राप्त पैरा संग्रहित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार अप्रारम्भ गौठानों को जल्द शुरू कराने और आजीविकामूलक गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश कलेक्टर ने आज सुबह आयोजित बैठक में दिए। बताया गया कि जिले के 357 सक्रिय गौठान हैं जहां अब तक 5 लाख 30 हजार 655 क्विंटल गोबर की खरीदी कर 95 हजार 938 क्विंटल खाद तैयार की गई है। इसी तरह जिले के भटगांव और सारंगपुरी गौठान में गौमूत्र से कीट नियंत्रक तैयार कर उसका विक्रय, पैरादान, नरवा विकास, अमृत सरोवर आदि के संबंध में कलेक्टर ने समीक्षा की। बैठक में कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 


*छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग राष्ट्रीय स्तर पर फिर स्कॉच अवार्ड से पुरस्कृत*

13-Mar-2023

रायपुर (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग को एक बार पुनः अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार लेने का अवसर प्राप्त हुआ है। कड़ी प्रतियोगिता के बाद राज्य में समग्र शिक्षा द्वारा संचालित “अंगना म शिक्षा” कार्यक्रम के तहत वर्ष 2022 में किए गए कार्य के लिए स्कॉच अवार्ड 2022 प्राप्त हुआ है। यह पूरा कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की महिला शिक्षिकाओं के समूह द्वारा संचालित की जा रही है। इस वर्ष इस कार्यक्रम का तीसरा वर्ष होगा और प्रतिवर्ष इसमें महिला नेतृत्व द्वारा कुछ नया डिजाइन शामिल किया जाता है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने इस अवार्ड के लिए विभाग एवं राज्य की शिक्षिकाओं को बधाई दी है। उल्लेखनीय है कि स्कॉच अवार्ड एक स्वतंत्र संगठन द्वारा प्रदत्त देश का सर्वाेच्च नागरिक सम्मान है, जो लोगों, परियोजनाओं और संस्थानों की पहचान करता है जो भारत को एक बेहतर राष्ट्र बनाने के लिए अतिरिक्त प्रयास करते है। इस अवार्ड को वर्ष 2003 में स्थापित किया गया था। यह अवार्ड डिजिटल, वित्तीय और सामाजिक समावेश के क्षेत्र में सर्वाेत्तम प्रयासों के लिए प्रदाय किया जाता है। कोरोना के समय जब स्कूल शिक्षा विभाग का पूरा अमला बच्चों की पढ़ाई को जारी रखने के लिए निरंतर प्रयासरत था और शिक्षकों को इस कार्य के लिए प्रोत्साहित करते हुए नए-नए तरीकों से बच्चों की पढाई को जारी रखने की कोशिश सतत् की जा रही थी। उसी समय राज्य के कुछ महिला शिक्षिकाओं ने इस राज्यव्यापी कार्यक्रम “पढ़ई तुंहर दुआर” में अपने योगदान का प्रस्ताव रखा। उन्होंने माताओं को प्रशिक्षित कर उनके माध्यम से घर पर रहते हुए ही बच्चों को सिखाने के प्रयास को “अंगना म शिक्षा” के रूप में प्रारंभ किया। ‘अंगना म शिक्षा‘ कार्यक्रम के माध्यम से माताओं में अपने बच्चों की पढ़ाई के प्रति अलख जगाने में सफलता पाई। माताओं एवं छोटे बच्चों को गाँव-गाँव में मेलों का आयोजन कर, मेले में माताओं एवं बच्चों को आमंत्रित कर घर में उपलब्ध सामग्री जैसे बर्तन, सब्जी, फल, कपडे़ आदि का उपयोग कर सिखाया जाए, इस पर कार्य किया गया। ग्राम स्तर पर बेहतर कार्य कर रही माताओं को स्मार्ट माता के रूप में चयन कर सम्मानित किया गया। स्मार्ट माता अन्य माताओं को भी इस कार्यक्रम में जोड़े रखने एवं सीखने में सहयोग के साथ-साथ समय-समय पर बालवाड़ी एवं प्राथमिक शालाओं में जाकर बच्चों की शिक्षा में सहयोग एवं शिक्षकों से अपने बच्चों के सीखने के कार्य संबंधी जानकारी लेने का कार्य भी करती थीं। इस कार्यक्रम के माध्यम से माताओं में बच्चों को घर पर पढ़ाने की संस्कृति विकसित करने में सफलता मिली है। बच्चों ने जो कुछ सीखा, उसे रिपोर्ट कार्ड के बदले एक सपोर्ट कार्ड डिजाइन कर माताओं के हस्ताक्षर से माताओं द्वारा अपने बच्चों के शिक्षकों को देना सुनिश्चित किया गया। माताओं को बहुत आसान तरीकों से सरल चिन्ह्नों का उपयोग कर बच्चों की विभिन्न दक्षताओं में स्थिति को दर्शाने का प्रयास किया गया। शिक्षिकाओं के समूहों द्वारा संकुल, विकासखंड, जिले एवं राज्य स्तर पर कोर ग्रुप के माध्यम से पूरे कार्यक्रम की मानिटरिंग की व्यवस्था की गयी।


*कबीरधाम : स्कूल भवनों के मरम्मत के लिए 12 करोड़ रुपए की मिली स्वीकृति*

13-Mar-2023

कबीरधाम (शोर संदेश)। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय के तर्ज पर अब सभी स्कूल भवनों को बेहतर और अच्छा बनाने की दिशा में काम शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप स्कूली शिक्षा विभाग द्वारा कबीरधाम जिले के 370 मरम्मत एवं सुधार योग्य स्कूल भवन के लिए लगभग 12 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति मिली है। जिले के सभी शासकीय स्कूल भवनों की पोताई भी गोबर से बने प्राकृतिक पेन्ट की कराई जाएगी। कलेक्टर जनमेजय महोबे ने सोमवार को समय सीमा की बैठक में स्कूल भवनों के जिणोद्धार एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने स्कूल भवनों के मरम्मत एवं सुधार कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा पर पूरा करने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी विभाग एवं जिला शिक्षा अधिकारी से इस योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यों की प्रगति की स्थिति की फोटो विभागीय पोर्टल पर अपलोड करें। समीक्षा में यह बात भी सामने आई की स्वीकृत कार्यों में स्कूलों के संधारण, जिर्णोद्धार के कार्यों में प्रगति आई है। कलेक्टर ने कहा कि शासन के निर्देशों को पालन करें और प्रगतिरत कार्यों की फोटो अपलोड कराएं। कलेक्टर ने कहा कि इस कार्यों की सप्ताहिक समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ को मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर इन्द्रजीत बर्मन, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित समस्त एसडीएम व जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने इसी तरह आंगनबाड़ी, आश्रम-छात्रावास भवनों की स्थिति की जानकारी ली। दो दिवस के भीतर रिपार्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ सार्वभौम पीडीएस योजना की समीक्षा करते हुए अप्रैल माह के भण्डारण एवं वितरण सुनिश्चित करने के लिए खाद्य अधिकारी को निर्देशित किया। कलेक्टर ने राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजनाओं की क्रियान्वयन में और सुधार करने के लिए कृषि विभाग के अधिकारी निर्देश दिए। कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना के क्रियान्वयन की रैटिंग में सुधार करने के कड़े निर्देश दिए। जिले के सभी गौठानों में पशुधन संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कृषि एवं पशुधन विभाग के साझा से शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने किसान क्रेडिट कार्ड के प्रगति की समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के लिए बैकर्स द्वारा रूचि नहीं ली जा रही है। कलेक्टर ने लीड बैंक आफिसर को इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने बैठक में राजस्व विभाग के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

 

 

रीपा के तहत स्वीकृत सभी कार्य 15 मार्च तक करने दिए निर्देश 

 

 

कलेक्टर महोबे ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में स्वीकृत रीपा के कार्यो की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने इस योजना के तहत स्वीकृत सभी कार्यों को 15 मार्च तक सर्वप्राथमिकता में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी जनपद सीईओ को सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि जिले के सभी विकासखण्डों में दो-दो ग्राम पंचायतों में ’महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क योजना’ के तहत रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का निर्माण किया जा रहा है।

*कलेक्टर ने ग्रीष्म कालीन पेयजल की स्थिति की समीक्षा की*

कलेक्टर महोबे ने ग्रीष्म कालीन पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। कलेक्टर ने जिले के मैदानी क्षेत्र सहित वनांचल क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी को निर्देशित करते हुए जिले में हैण्ड पंप की स्थिति सर्वाजनिक बोर पम्प की स्थिति,वनांचल क्षेत्रों के प्राकृतिक जल स्त्रोत झिरिया की स्थिति की रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

 

 

कलेक्टर ने श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर योजना की समीक्षा की

कलेक्टर  महोबे ने श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। कलेक्टर ने सीएमएचओ और सीविल सर्जन को निर्देशित करते हुए कहा इस दवा दुकानों के माध्यम से लोगों को 50 से 70 फीसद तक के रियायती दरों पर उच्च गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाइ उपलब्ध कराई जा रही है। इसके लिए जिला अस्पताल से सभी चिकित्सकों को इस दवाई दुकानों में मिलने वाली सभी उच्चगुणवत्ता के दवाइयों को लिखने के निर्देश दिए है, ताकि आमजनों को 50 से 70 फीसद दर पर दवाईयां मिल सके। कलेक्टर ने पंडरिया के शिशु मातृत्व अस्पताल परिसर में श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर्स प्रांरभ कराने के लिए सीएमएचओ और एसडीएम को निर्देशित किया है।  


*स्कूल शिक्षा विभाग को मिला एमबिलियंथ अवार्ड, मुख्यमंत्री-स्कूल शिक्षा मंत्री ने दी बधाई*

07-Mar-2023

रायपुर (शोर संदेश) ।छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में ‘निकलर एप्प’ द्वारा पढ़ाई कराने के लिये  स्कूल शिक्षा विभाग को एमबिलियंथ पुरस्कार से नवाजा गया है है। छत्तीसगढ़ को यह अवार्ड 6 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित  कार्यक्रम में प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने शिक्षा के क्षेत्र में इस उपलब्धि के लिए प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. आलोक शुक्ला, सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. एस. भारतीदासन, संचालक लोक शिक्षण सुनील जैन, महाप्रबंधक समग्र शिक्षा नरेन्द्र दुग्गा, एन.आई.सी. रायपुर के वैज्ञानिक सोमशेखर और स्कूल शिक्षा विभाग की पूरी टीम को बधाई दी है। मुख्यमंत्री बघेल द्वारा 14 नवंबर 2022 को लांच किए गए सुघ्घर पढ़वैया कार्यक्रम में भी स्कूलों का आंकलन निकलर एप्प के माध्यम से बहुत कम समय में किया जा सकेगा। इसके लिए भी शिक्षकों को तैयार किया जा रहा है। गौरतलब है कि साउथ एशिया में एमबिलियंथ अवार्ड मोबाइल के माध्यम से आम जनता तक तकनीकी का उपयोग कर जीवन सुगम बनाने की दिशा में किए जा रहे नवाचारों को सम्मानित करता है। जिसकी शुरुआत 2010 से की गई थी, सम्मान देने की यह 12 वीं श्रृंखला है। 

 

निकलर एप्प

कक्षा में सीखने-सिखाने की प्रक्रिया में बच्चे सीख रहे हैं अथवा नहीं, यह देखने के लिए आंकलन एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, पर हमारी कक्षाओं में बच्चों के कार्यों का आंकलन बहुत समय लेने वाली प्रक्रिया है। कभी शिक्षक को अपने कक्षा में एक एक बच्चे को बुला कर उनके कार्यों को ध्यान से देखना पड़ता है। कभी बच्चों की कापी एकत्र कर स्कूल में या फिर घर में समय निकलकर कॉपी जांचनी पड़ती है। आजकल पालक जागरूक हैं इसलिए कॉपी जांचते समय काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। इस टेक्नोलॉजी का उपयोग शिक्षकों के कार्यों को आसान करने हेतु किया जाता है। छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग और एन आई सी ने भी शिक्षकों के आंकलन संबंधी कार्य को आसान करने के लिए लंबी रिसर्च करते हुए निकलर एप्प का निर्माण किया है। एप्प के उपयोग के लिए सबसे पहले हमें गूगल प्ले स्टोर में जाकर निकलर एप्प को डाउनलोड करना होता है। स्कूल के यू-डाइस के आधार पर पोर्टल से विद्यार्थियों के लिए क्यू आर कोड वाले कार्ड डाउनलोड कर उसे एक पुठ्ठे में चिपकाना पड़ता है। प्रत्येक विद्यार्थी के लिए इस प्रकार से एक यूनिक कार्ड उनके नाम से देना होता है। इसे आपस में बदलना नहीं चाहिए। यह उस बच्चे के नाम से उसके पास पूरे सत्र में रहना चाहिए। किसी टॉपिक को पढ़ाने के बाद प्रश्न पूछना हो तो आप निकलर एप्प में उस पाठ से संबंधित उपलब्ध प्रश्न निकालकर पूछ सकते हैं या फिर स्वयं अपने प्रश्न दे सकते हैं। पूछे जाने वाले प्रश्न के चार विकल्प होने चाहिए। बच्चों को सही विकल्प के आधार पर कैसे कार्ड को पकड़ना है यह सिखाना होगा। निकलर एप्प का उपयोग कर बच्चों की उपस्थिति भी ली जा सकती है। इस एप्प के माध्यम से पूछे जाने वाले विभिन्न प्रश्नों के ऑडियो भी बनाकर प्रश्न पूछ सकते हैं। एप्प के उपयोग में कुछ भी दिक्कत आई है तो शिक्षकों के बीच से ही तकनीकी रूप से विशेषज्ञ शिक्षक साथियों ने उनके हेल्प वीडियो बनाकर हमारी सहायता करते हैं। जिससे कक्षा में इसका क्रियान्वित करना आसान हो गया है। समग्र शिक्षा की ओर से इस एप्प के उपयोग हेतु निरन्तर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इस वर्ष सभी स्कूलों को इंटरनेट के लिए बजट भी उपलब्ध करवाया गया है। शिक्षकों को निकलर एप्प के उपयोग के लिए प्रशिक्षित भी किया गया है।


*स्वामी आत्मानंद विद्यालय के रिक्त पदों पर वॉक-इन-इंटरव्यू 12 ,13 मार्च को*

06-Mar-2023

जगदलपुर (शोर संदेश)। जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में  संविदा व्याख्याता अंग्रेजी और संविदा प्रयोगशाला सहायक के रिक्त पदो की वाॅक-इन-इन्टरव्यू 12 व 13 मार्च को सुबह 10.30 बजे से निर्मल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जगदलपुर में किया जाएगा। दरभा, तोकापाल, बास्तानार, बस्तर, करपावण्ड एवं लोहण्डीगुड़ा तथा स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जगदलपुर में संविदा सहायक शिक्षक कला, सहायक शिक्षक विज्ञान, प्रधान अध्यापक माध्यमिक शाला, संविदा शिक्षक गणित, विज्ञान, संविदा व्याख्याता वाणिज्य, संविदा व्याख्याता जीव विज्ञान, संविदा व्याख्याता गणित, संविदा व्याख्याता अंग्रेजी और संविदा प्रयोगशाला सहायक के रिक्त पदो भर्ती की जायेगा। साक्षात्कार हेतु छत्तीसगढ़ राज्य के इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी संलग्न निर्धारित प्रारूप में अपने भरे हुए आवेदन पत्र व मूल प्रमाण पत्र एवं अभिलेखों तथा उनकी स्वप्रमाणित छायाप्रतियों के साथ निर्धारित वॉक-इन-इन्टरव्यू तिथि एवं समय में आयोजन स्थल में उपस्थित हो सकते हैं। स्पीड पोस्ट, रजिस्टर डाक, साधारण पोस्ट या अन्य किसी माध्यम से प्राप्त आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जायेंगा। संविदा सहायक शिक्षक कला, सहायक शिक्षक विज्ञान, प्रधान अध्यापक माध्यमिक शाला, संविदा शिक्षक गणित, विज्ञान का साक्षात्कार 12 मार्च को होगा। संविदा व्याख्याता वाणिज्य, संविदा व्याख्याता जीव विज्ञान, संविदा व्याख्याता गणित, संविदा व्याख्याता अंग्रेजी और संविदा प्रयोगशाला सहायक का साक्षात्कार 13 मार्च को होगा। पदों की भर्ती हेतु नियम-शर्तें, आवेदन का प्रारूप और सूचना के संबंध में बस्तर जिले के आधिकारिक शासकीय वेबसाईट पर अवलोकन कर सकते हैं। 


*रायपुर के जसराज ने सबसे तेज जवाब देकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड...*

05-Mar-2023

रायपुर (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ का नाम एक बार फिर दुनिया के नक्शे में रोशन हुआ है। रायपुर के जसराज सिंह ने यह कारनामा किया है। जसराज सिंह ने 2 मिनट में किसी भी 3 अंकों  को 1 से 9 तक के अंक से 100 से भी ज्यादा सवालों के उत्तर देकर वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में देश के पहले सबसे तेज सवालों का जवाब देने के ग्रुप में अपना नाम दर्ज कराया है। उसी प्रकार एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में 1 मिनट 11 सेकंड में 50 सवालों का जवाब देकर उपलब्धि हासिल की है जसराज सिंह को उनकी इस उपलब्धि के लिए मेडल और सर्टिफिकेट भी प्राप्त हुए हैं।

सवाल पूछने वालों से तेज जवाब देते हैं जसराज सिंह
जसराज सिंह की खासियत है कि मैथ्स के सवाल जितनी तेजी से पूछे जाएं उतनी ही तेजी से वह उनके जवाब देता है इसके लिए उसे चंद सेकंड लगते हैं गणित  के सवालों के तुरंत और तेज गति से जवाब देने के अलावा जसराज सिंह क्लास में भी टॉपर है
जसराज सिंह को विभिन्न गतिविधियों में उनके टेलेंट के लिए 100 से भी ज्यादा प्रमाण पत्र मिले हैं |
जसराज सिंह की मां जसप्रीत कौर की दिली इच्छा थी कि वह स्वयं इस तरह की पढ़ाई कर टैलेंटेड बने परंतु उनकी उम्र ज्यादा होने के कारण वे क्लासेस जॉइन नहीं कर पाई और उनके मन की इच्छा मन में ही रह गई। शादी के बाद अपने बेटे को वही पढ़ाई करवा कर मां जसप्रीत कौर ने अपने बरसों पुरानी मन की इच्छा को अपने बेटे के माध्यम से पूरा किया।

जसराज सिंह के पिता तरसेम सिंह यूं तो व्यवसायी है, परंतु अपने बच्चों के लिए समय निकालकर उनकी इच्छा अनुसार उन्हें पढ़ाई में सहयोग करते हैं। उन्हें समय-समय पर खेलने के लिए भी प्रेरित करते हैं। माता पिता के संस्कारों, उचित लालन-पालन और शिक्षा का ही परिणाम है कि जसराज सिंह का नाम वर्ल्ड वाइड बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड एवं एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में सबसे तेज सवालों का जवाब देने के लिए दर्ज हुआ है। जसराज की इस उपलब्धि मैं उनके नाना देवेंद्र सिंह ढिल्लन  एवं नानी बलविंदर कौर के  संस्कारों का ध्यान रखना भी महत्वपूर्ण है। जसराज सिंह की मां जसप्रीत कौर ने बताया कि जसराज सिंह ने वर्ल्ड रिकॉर्ड हासिल करने के दौरान अपने संस्कारों को नहीं छोड़ा। जसराज नियमित रूप से गुरुद्वारे जाता है, पाठ करता है, शब्द-कीर्तन सुनता है। जसराज सिंह की दिली इच्छा है कि वह बड़े होकर अपने नाना देवेंद्र सिंह ढिल्लों की तरह समाज सेवा करें एवं देश की सेवा के लिए बड़े होकर आर्मी में शामिल हो। 3-3 वर्ल्ड रिकॉर्ड एवं अनेकों अवार्ड प्राप्त करने वाले जसराज सिंह का कहना है कि अपने प्रदेश एवं देश का नाम रौशन करने के लिए और भी रिकॉर्ड बनाते रहेंगे। मात्र 9 साल के जसराज सिंह जीडी गोयंका इंटरनेशनल स्कूल मैथ क्लास फोर्थ के स्टूडेंट है उनके वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने से स्कूल का भी नाम रोशन हुआ है।
UC MAS  और  Abacus की मेंटल अर्थमैटिक क्लासेस से भी जसराज को यह महारत हासिल करने में बहुत सहयोग मिला है। कोचिंग टीचर वंदना टांगसे का कहना है की क्लास में यूं तो हम सभी बच्चों पर पूरा ध्यान देते हैं परंतु बावजूद इसके जसराज हर सवाल को हल करने में सबसे आगे रहता है जिसके कारण इसे वर्ल्ड रिकॉर्ड प्राप्त हुआ है जसराज को प्राप्त होने वाले वर्ल्ड रिकॉर्ड से हम भी बहुत खुश हैं।
आंखों, दिमाग और उंगलियों के बीच तालमेल
मास्टर जसराज सिंह सवालों के जवाब देते समय अपने दिमाग और याददाश्त का तो उपयोग करते ही हैं साथ ही साथ सवालों का तेजी से जवाब देने के लिए जसराज अपनी उंगलियों का भी सहयोग लेते हैं। ऐसा लगता है कि सवालों का जवाब देते समय जसराज सिंह की आंखों, दिमाग और उंगलियों के बीच कोई तालमेल है।

 

 


*छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल सचिव गोयल ने किया विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण*

04-Mar-2023

सूरजपुर (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से आज आयोजित कक्षा 10वीं के अंग्रेजी विषय की परीक्षा सफलतापूवर्क संपन्न हुई। सूरजपुर जिले के दौरे में आए छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव वी के गोयल ने परीक्षा केंद्र शासकीय स्तर माध्यमिक विद्यालय गणेशपुर, शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामानुजनगर तथा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केन्द्र में आवश्यक व्यवस्थाएं देखी। परीक्षा शान्ति पूर्ण संचालित होते पाया। सचिव गोयल ने परीक्षा नकल रोकने व बेहतर संचालन के लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने केन्द्राध्यक्ष को निर्देशित किया। उन्होंने जिले में परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के लिये बनाई गई टीमों द्वारा भी परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण नियमित करने के निर्देश दिए। नकल का कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया गया। बोर्ड परीक्षाओं को लेकर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव वीके गोयल ने जिला शिक्षा अधिकारी सहित केंद्राध्यक्षों को व्यवस्थित संचालन के निर्देश दिए है। उन्होंने परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था के अलावा पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने और किसी प्रकार की आपात परिस्थितयों से निपटने के लिये स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट रहने कहा है। परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को रोकने और निर्धारित समय-सीमा में उपयोग करने के भी निर्देश है। इसके साथ ही प्रश्नपत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा के साथ सावधानी बरतने के निर्देश सचिव द्वारा दिए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी पटेल ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर जिले में गठित उडऩदस्तें की टीम और एसडीएम, तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारियों की ओर से अलग-अलग परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया जा रहा है। आज निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गणेशपुर में दर्ज 311 उपस्थित 292 व अनुपस्थित 19, बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुजनगर में दर्ज 167 उपस्थित 166 अनुपस्थित 01 कन्या उत्तर माध्यमिक विद्यालय रामानुजनगर में दर्ज 117 उपस्थित 109 अनुपस्थित 08, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल भुवनेश्वरपुर में दर्ज 278 उपस्थित 274 व अनुपस्थित 04 तथा कन्या उत्तर माध्यमिक विद्यालय सूरजपुर विकासखंड सूरजपुर में दर्ज 332 उपस्थित 329 और अनुपस्थित 03 परीक्षार्थी छात्र-छात्राएं पाए गए। निरीक्षण के दौरान शांतिपूर्ण व व्यवस्थित परीक्षा का संचालन पाया गया। नकल के प्रकरण नहीं पाया गया। निरीक्षण दल में सहायक संचालक रविंद्र सिंहदेव, विकास खंड शिक्षा अधिकारी पंडित भारद्वाज, सहायक विकास खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार साहू, ममता परस्ते पर्यवेक्षक महिला बाल विकास विभाग, रामानुजनगर व नीलम ग्रेस मिंज फूड इंस्पेक्टर की ओर से भी निरीक्षण किया गया।


*कलेक्टर ने परीक्षा केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, दिए निर्देश*

01-Mar-2023

कोरिया (शोर संदेश) छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा संचालित की जाने वाली हायर सेकंडरी बोर्ड परीक्षा वर्ष 2023 मंगलवार से शुरू हो गयी हैं। 2 मार्च से हाईस्कूल यानी 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होंगी। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने विकासखण्ड बैकुण्ठपुर के परीक्षा केंद्र शासकीय रामानुज हायर सेकंडरी स्कूल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्ष में बैठक व्यवस्था, पर्याप्त रोशनी, पंखे, बैंच आदि सभी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने केन्द्राध्यक्षों से परीक्षार्थियों हेतु पेयजल व्यवस्था, शौचालय आदि सुविधाओं की जानकारी ली तथा परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की समस्या ना हो। उन्होंने केन्द्राध्यक्षों को परीक्षा अनुकूल वातावरण बनाए रखने तथा परीक्षार्थियों के किसी भी प्रकार की समस्या के त्वरित निवारण हेतु सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर लंगेह ने परीक्षा केंद्रों तक गोपनीय सामग्री लाने तथा उत्तरपुस्तिका जमा करने की व्यवस्था के संबंध में चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गत दिवस साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में भी कलेक्टर लंगेह ने परीक्षाओं की निगरानी हेतु गठित उड़नदस्ता दल को बेहतर निगरानी के निर्देश दिए हैं।

12वीं में 7273 परीक्षार्थी दे रहे परीक्षा, 10वीं बोर्ड में शामिल होंगे 7591

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं और 2 मार्च से 10वीं को बोर्ड परीक्षा शुरू होगी। जिले में कुल 69 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बुधवार से शुरू हुई 12वीं की परीक्षा में 7273 परीक्षार्थी शामिल हुए। 10वीं की परीक्षा हेतु 7591 बच्चे परीक्षा में शामिल होंगे।



Feedback/Enquiry



Log In Your Account