
रायपुर (शोर संदेश)।छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने आज 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के नतीजे जारी किए। परीक्षा में सफल होने वाले छात्रों को सीएम भूपेश बघेल ने बढ़ाए दी। उन्होंने ट्वीट कर बताया, कक्षा 10वीं में टॉप 10 में 48 छात्रों में से 10 छात्र स्वामी आत्मानंद स्कूल से हैं, रैंक 1 और रैंक 2 पर आने वाले छात्र भी स्वामी आत्मानंद स्कूल से हैं। साथ ही कक्षा बारहवीं में टॉप 10 में 30 छात्रों में से 5 छात्र स्वामी आत्मानंद स्कूल से हैं।

रायपुर (शोर संदेश)। प्रदेश के डेढ़ लाख छात्र रविवार को नेट की परीक्षा देंगे. इसके लिए प्रदेश के 13 जिलों में केंद्र बनाए गए हैं । इस परीक्षा के बाद प्रदेश के 13 मेडिकल कॉलेज में छात्र-छात्राएं प्रवेश ले सकेंगे । रायपुर के लगभग 15 हजार छात्र समेत प्रदेशभर के करीब डेढ़ लाख स्टूडेंट्स नीट का पेपर देंगे. जानकारी के मुताबिक दोपहर साढ़े 12 बजे ही छात्रों को प्रवेश देना शुरू हो जाएगा. दोपहर 1:30 बजे के बाद एंट्री बंद हो जाएगी। परीक्षा हॉल में पहुंचने का समय 1 बजे तक है। 1:30 छात्रों को परीक्षा से संबंधित नियम बताए जाएंगे। 1:45 बजे प्रवेश पत्रों की जांच की जाएगी और बुकलेट दी जाएगी। बुकलेट में डिटेल्स भरनी होगी. इसके बाद ठीक 2:00 बजे ऐग्जाम शुरू हो जाएगा।

रायपुर (शोर संदेश)।प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा चौबे कालोनी में आयोजित समर कैम्प के दूसरे दिन अन्र्तजगत की यात्रा विषय पर बोलते हुए ब्रह्माकुमारी रूचिका दीदी ने कहा कि यदि हम अपने जीवन में आगे बढऩा चाहते हैं तो यह जानना निहायत जरूरी है कि मैं कौन हूॅं? उन्होंने बतलाया कि इस दुनिया में जितने भी जड़ पदार्थ हैं, वह स्वयं अपने ही उपयोग के लिए नही बने हैं। सभी जड़ पदार्थों का उपभोग करने वाला उससे भिन्न कोई चैतन्य प्राणी होता है। हमारा यह शरीर भी जड़ पदार्थों से बना पांच तत्वों का पुतला है तो जरूर इसका उपयोग करने वाला इससे भिन्न कोई चैतन्य शक्ति होनी चाहिए। ब्रह्माकुमारी रूचिका दीदी ने आगे कहा कि जब हम कहते हैं कि मुझे शान्ति चाहिए? तो यह कौन है जो कहता है कि मुझे शान्ति चाहिए? शरीर शान्ति नही चाहता। आत्मा कहती है कि मुझे शान्ति चाहिए। उन्होने आगे कहा कि आत्मा एक चैतन्य शक्ति है। शक्ति को स्थूल नेत्रों से देखा नही जा सकता लेकिन मन और बुद्घि से उसका अनुभव किया जाता है। जैसे बिजली एक शक्ति है, वह दिखाई नही देती किन्तु बल्ब जल रहा है, पंखा चल रहा है, तो हम कहेंगे किबिजली है। इसी प्रकार आत्मा के गुणों का अनुभव करके उसकी उपस्थिति का अहसास होता है। आत्मा का स्वरूप अतिसूक्ष्म ज्योतिबिन्दु के समान है। ब्रह्माकुमारी रूचिका दीदी ने आगे कहा कि आत्मा तीन शक्तियों के द्वारा अपना कार्य करती है। वह किसी भी कार्य को करने से पहले मन के द्वारा विचार करती है, फिर बुद्घि के द्वारा यह निर्णय करती है कि उसके लिए क्या उचित है और क्या अनुचित? तत्पश्चात किसी भी कार्य की बार-बार पुनरावृत्ति करने पर वह उस आत्मा का संस्कार बन जाता है। उन्होंने कहा कि हमारा मन किसी न किसी व्यक्ति, वस्तु या पदार्थ की स्मृति में भटकता रहता है, अब उसे इन सबसे निकालकर एक परमात्मा की याद में एकाग्र करना है। इसी से आत्मा में आत्मविश्वास और शक्ति आएगी।
स्वस्थ रहने के लिए रोजाना करें योग ...ज्योति गुप्ता, अन्तर्राष्ट्रीय योग प्रशिक्षिका
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए विश्व शान्ति भवन चौबे कालोनी रायपुर में आयोजित समर कैम्प के दूसरे दिन अन्तर्राष्ट्रीय योग प्रशिक्षिका ज्योति गुप्ता एवं उनकी सहयोगी कु. काजल मानिकपुरी ने स्वस्थ रहने के लिए बच्चों को सुख आसन, ताड़ासन, वृक्षासन, नटराजासन, सूर्य नमस्कार, तितली आसन कुछ उपयोगी आसन सिखाए। योग प्रशिक्षिका ज्योति गुप्ता ने बतलाया कि रोजाना वृक्षासन करने से परीक्षा में अच्छे अंक हासिल करने में मदद मिलेगी। उन्होंने श्वांस पर नियंत्रण के साथ ही सही रीति से श्वांस लेना भी सिखाया। श्वांस छोडऩे पर पेट अन्दर और श्वांस लेने पर पेट बाहर निकलना चाहिए। बच्चों को प्रतिदिन समय निकालकर खाली पेट चार से पांच मिनट सूर्य तक नमस्कार जरूर करना चाहिए। यह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को सूर्य नमस्कार के बारह आसन सिखाए।

रायगढ़ (शोर संदेश)। पिछले साढ़े 4 सालों में शिक्षा के गिरते हुए स्तर ने छत्तीसगढ़ प्रदेश को देश में 34 वें स्थान पर ला दिया है। छत्तीसगढ़ में शिक्षा के गिरते स्तर पर प्रदेश भाजपा महामंत्री ओपी बेहद चितित है। ओपी चौधरी ने एक प्रादेशिक अखबार के सर्वे रिपोर्ट के हवाले से कहा बच्चों के हाथो से कलम छीनकर सरकार सिर्फ नशे और अपराध को बढ़ावा दे रही है। यह स्थिति चिंताजनक है। भाजपा नेता ने बताया अखबार के महासर्वे के अनुसार पूरे प्रदेश में कहीं जर्जर भवनों की वजह से खुले आसमान में कक्षाएं लग रहीं है, तो कहीं एक ही शिक्षक के भरोसे पूरे स्कूल का संचालन कर रहा है। प्रदेश में शिक्षा का सुधार बड़ा मुद्दा है। बहुत से स्कूल ऐसे हैं, जहां शिक्षक की कमी बनी हुई है। भाजपा नेता ओपी चौधरी ने कहा मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वर्तमान में प्रदेश में शिक्षकों के 56,232 पद रिक्त हैं। इसमें मिडिल स्कूल में 19,619 हाई स्कूल में 2515 और हायर सेकेंडरी में 6948 शिक्षकों की कमी है। सबसे ज्यादा कमी बायो, मैथ, फिजिक्स जैसे विषयों के शिक्षकों की है, जो पूरी नहीं हो पा रही है। ओपी ने यह भी बताया नक्सल क्षेत्रों में व्यक्तिगत प्रयासों से शिक्षा के आलोक के जरिए अज्ञानता के गहन अंधकार को दूर करने में सफलता पाई। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सुधारों को प्राथमिकता देने की आवश्यकता जताई है।

नारायणपुर (शोर संदेश)।स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सिंगोडीतरई, छोटेडोंगर, बखरूपारा तथा जिले में सत्र 2023-24 में प्रारंभ किये जाने वाले स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी हिन्दी माध्यम विद्यालय बेनूर एवं ओरछा के विद्यालयों में कक्षा 1 से 12वीं तक के छात्र छात्राओं का एडमिशन लिया जाना है। इसके लिए सेजेस पोर्टल का 10 अपै्रल से प्रारंभ किया जा रहा है। इच्छुक अभ्यर्थी स्वामी आत्मानंद विद्यालय के पोर्टल https://cgschool.in/saems/ मे जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में प्रवेश हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 5 मई तक तथा अधिक आवेदन की स्थिति मे 5 मई से 10 मई तक निर्धारित किया गया है। आवेदक ऑनलाईन तथा ऑफलाईन दोनो माध्यम से एडमिशन हेतु पंजीयन करवा सकते है। एडमिशन से संबंधित विस्तृत जानकारी स्वामी आत्मानंद उत्कृश्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सिंगोड़ीतराई के संस्था प्रमुख कल्याण कुमार मिस्त्री (प्राचार्य, 7723848645), स्वामी आत्मानंद उत्कृश्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय बखरूपारा के संस्था प्रमुख एस.पी.रामटेके (प्राचार्य, 9424287191), स्वामी आत्मानंद उत्कृश्ट अंग्रेजी, हिन्दी माध्यम विद्यालय छोटेडोंगर के संस्था प्रमुख लवन कुमार बंजारा (प्राचार्य, 9406151055), स्वामी आत्मानंद उत्कृश्ट अंग्रेजी, हिन्दी माध्यम विद्यालय बेनूर के संस्था प्रमुख दीनदयाल शोरी (प्राचार्य, 7999644121) और स्वामी आत्मानंद उत्कृश्ट अंग्रेजी, हिन्दी माध्यम विद्यालय ओरछा के संस्था प्रमुख सामसाय नाग (प्राचार्य, 9406256691) से संपर्क कर प्राप्त कर सकते है।

दंतेवाडा (शोर संदेश)।एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में सत्र 2023-24 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा रविवार 23 अप्रैल 2023 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिले में 5 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की गई थी। प्रवेश परीक्षा में जिले से 1 हजार 128 विद्यार्थी शामिल हुए। जिसमें जिले के 4 विकासखंड के परीक्षा केंद्र में शा.क.उ.मा.विद्यालय दन्तेवाड़ा में बालक 130, बालिका 150, कन्या शिक्षा परिसर जावंगा गीदम में बालक 155 बालिका 122, डी.ए.व्ही. विद्यालय कुआकोंडा में बालक 183 बालिका 109, पोटा केबिन क.-2 कुआकोंडा में बालक 39, बालिका 27, शा.उ.मा. विद्यालय कटेकल्याण बालक 66 बालिका 67 उपस्थित थे जिसमें से 90 बच्चे अनुपस्थिति रहे।


रायपुर (शोर संदेश)। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शुक्रवार को दुर्ग के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में करीब 45 बरस बाद एक बार फिर दसवीं के छात्र बने। स्कूल के नवनिर्मित स्मार्ट क्लास रुम में छात्राओं के बीच बैठकर उन्होंने वन मंत्री मोहम्मद अकबर, दुर्ग शहर के विधायक अरूण वोरा और महापौर धीरज बाकलीवाल के साथ रसायन शास्त्र की क्लास अटेंड की। दसवीं की छात्रा भूमिका यादव ने 'केमिकल बॉन्ड' वाला चैप्टर पढ़ाया। मुख्यमंत्री बघेल सहित कक्षा के सभी विद्यार्थियों को उसने 'ऑक्टेव रुल' सिखाया। इस बार मुख्यमंत्री अंग्रेजी माध्यम में पढ़े। दुर्ग के दीपक नगर के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आज यह नजारा दिखा। भेंट-मुलाकात के लिए दुर्ग पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस स्कूल के नवनिर्मित भवन का भी लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद उन्होंने वहां छोटे बच्चों के लिए बनाए गए एक्टिविटी रुम, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास रुम तथा भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र व जीव विज्ञान की सर्वसुविधायुक्त, सुसज्जित प्रयोगशाला का अवलोकन कर छात्र-छात्राओं से बातचीत भी की। स्मार्ट क्लास रुम के अवलोकन के दौरान दसवीं की छात्रा भूमिका यादव ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों को स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से स्मार्ट क्लास रुम में अध्यापन का डेमो दिया। अपनी सरकार द्वारा हर वर्ग के बच्चों तक अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई की पहुंच सुनिश्चित करने शुरू किए गए स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल के आधुनिक स्मार्ट क्लास रुम में पढ़ाई का अनुभव महसूस करना और एक सरकारी स्कूल की कक्षा दसवीं की छात्रा को धाराप्रवाह अंग्रेजी में पढ़ाते देखना मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी बेहद संतोष प्रदान कर रहा था। उनके चेहरे पर इसकी खुशी देखते ही बन रही थी।

कोंडागांव (शोर संदेश)।मंगलवार को जवाहर नवोदय विद्यालय कोण्डगांव में वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कलेक्टर व नवोदय विद्यालय प्रबंधन समिति के चेयरमैन दीपक सोनी भी सपरिवार शामिल हुए। इस अवसर पर स्कूली छात्रों की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, साथ ही कलेक्टर ने शैक्षणिक सत्र के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र देकर सम्मान किया। इस अवसर पर कलेक्टर ने सभी छात्र-छात्राओं को छात्र जीवन के महत्व को बताते हुए इस स्वर्णिम समय को अपने भविष्य के निर्माण के लिए उचित तरीके से प्रयोग करते हुए बेहतर व्यक्तित्व के निर्माण के लिए प्रेरित करने के साथ सभी का उत्साहवर्धन भी किया, साथ ही उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों व पूरे स्टॉफ को बच्चों तक गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए बधाई भी दी। इस अवसर पर प्राचार्य नवोदय विद्यालय एसके सिंह, शिक्षक भावना मेहलवात, रेखा गुप्ता सहित विद्यार्थियों के अभिभावक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

राजनांदगांव (शोर संदेश)। कलेक्टर डोमन सिंह ने शुक्रवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर सिंह ने कहा कि शिक्षा के अधिकार से संबंधित कोई शिकायत नहीं आनी चाहिए। किसी तरह की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा के अधिकार के अंतर्गत पारदर्शिता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार विद्यालयों में विगत वर्ष दर्ज संख्या के 25 प्रतिशत सीट में शिक्षा के अधिकार के अंतर्गत विद्यार्थियों की भर्ती की जानी है। निर्धारित नियमों का पालन करते हुए सभी कार्य करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के अधिकार की वे स्वयं समीक्षा करेंगे तथा इसके लिए उन्होंने डिप्टी कलेक्टर अमीय श्रीवास्तव को आरटीई के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया। कलेक्टर ने समर कैम्प के लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मोर संगवारी अभियान के अंतर्गत कम्प्यूटर से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य के साथ ही विभिन्न खेलों की जानकारी, शैक्षणिक प्रतियोगिता, इंग्लिश स्पीकिंग के साथ अच्छी प्रेरणादायक फिल्म भी बच्चों को दिखाएं तथा पहाड़ा याद कराएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े सभी अधिकारी कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें। साथ ही नियमित कार्य के अलावा नवाचार को बढ़ावा दें। उन्होंने कहा कि ऐसे भवन जो ग्राम पंचायतों में अधूरे पड़े हैं उन्हें चिन्हांकित कर जानकारी भेंजे ताकि जीर्णोद्धार किया जा सके और भवन का उपयोग किया जा सके। कलेक्टर सिंह ने कहा कि सभी बीईओ एवं बीआरसी अपने स्कूल को आदर्श स्कूल बनाने की दिशा में विशेष पहल करें। इसमें जनसहभागिता बढ़ाने की जरूरत है। आदर्श स्कूल मापदण्ड के अनुरूप होना चाहिए जहां अधोसंरचना के साथ ही अन्य सुविधाएं उपलब्ध रहें। उन्होंने जिले में सुग्घर पढ़वैया कार्यक्रम में प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के बच्चों में अपेक्षित दक्षताओं का आंकलन करने हेतु प्रदेश में पहले स्थान पर रहने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिले में नवाचार करते हुए सभी विकासखंडों में हट बनाए जा रहे हैं। इसके लिए विशेष रूप से रूचि लेकर कार्य करें। उन्होंने प्राथमिक शाला चवेली, करमरी, डुमरडीह, माथलडबरी, आरी, माड़ीतराई सहित अन्य स्कूलों में बन रहे हट के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता को बढ़ाने के लिए स्मार्ट टीवी के लिए जनसहभागिता से अभियान चलाया गया। छोटे बच्चों को पाठ समझाने के दृष्टिकोण से यह बहुत उपयोगी है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट टीवी को सुरक्षित रखें। बच्चों के पाठ्यक्रम से संबंधित कोर्स पेनड्राइव के माध्यम से सभी स्कूलों में लगातार चलते रहे। उन्होंने कहा कि बॉउंड्रीवाल में ड्राईंग और एक्टीविटी प्रारंभ करवायें। उन्होंने बताया कि जिले के गंभीर कुपोषित बच्चों को लक्षित करते हुए बच्चों को गोद लिया जा रहा है और उन्हें नि:शुल्क पौष्टिक आहार दिया जा रहा है। स्वयं सेवी संस्थाओं की इसमें भरपूर मदद मिल रही है। सभी नागरिक तथा अधिकारी-कर्मचारी बच्चों को पौष्टिक आहार किट देने के लिए गोद ले सकते हैं। उन्होंने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल, बालवाड़ी, जाति, निवास, मध्यान्ह भोजन, छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना सहित अन्य योजना की समीक्षा की। जिला शिक्षा अधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि जिले में शिक्षा के अधिकार के अंतर्गत नि:शुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा हेतु शासन के निर्धारित मापदण्डों के अनुरूप शैक्षणिक सत्र 2022-23 की दर्ज संख्या के अनुपात में कुल 2 हजार 431 सीट आबंटित हुई है। निजी विद्यालयों के आरटीई संबंधित प्रक्रिया, दस्तावेजों के सत्यापन के लिए शासकीय स्कूल के प्राचार्यों को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इस अवसर पर जिला परियोजना अधिकारी साक्षरता रश्मि सिंह, डीएमसी सतीष ब्यौहरे सहित सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।