
रायपुर (शोर संदेश)। कर्मचारी चयन आयोग द्वारा कांस्टेबल (जी डी) परीक्षा 2021 16 नवंबर से 15 दिसम्बर तक आयोग द्वारा निर्धारित परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए रायपुर शहर के आई ओ एन डिजिटल जोन सरोना, संत रविदास वार्ड नं 70, डिजिटल स्वागत विहार कामर्शियल कॉपलेक्स, ओल्ड धमतरी रोड डूण्डा और कलिंगा यूनिवर्सिटी कोटनी, नया रायपुर में परीक्षा केन्द्र बनाया गया है।

कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए आवेदन ऑनलाईन 30 नवंबर तक
नारायणपुर (शोर संदेश)। नारायणपुर जिले में संचालित जवाहर नवोदय विद्यालय नारायणपुर में कक्षा छठवीं के लिए वर्ष 2022 में प्रवेश के लिए ऑनलाईन आवेदन 30 नवम्बर तक आमंत्रित किये गये है। इच्छुक छात्र वेबसाईट के माध्यम से आगामी 30 नवंबर तक आवेदन कर सकते है। ऑनलाईन आवेदन करने वाले पात्र आवेदकों की प्रवेश परीक्षा 30 अप्रैल 2022 को निर्धारित केन्द्र पर आयोजित की जायेगी। अधिक जानकारी के लिए वेबसाईट का अवलोकन किया जा सकता है।

कोरिया (शोर संदेश)। जवाहर नवोदय विद्यालय में सत्र 2022-23 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा के लिए ऑनलाईन आवेदन पत्र 30 नवम्बर 2021 तक व कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा के लिए ऑनलाईन आवेदन पत्र 31 अक्टूबर तक आमंत्रित किया गया है। प्राचार्य जवाहर नवोदय विद्यालय बैकुण्ठपुर से मिली जानकारी के अनुसार कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा के लिए जिले के शासकीय या अशासकीय मान्यता प्राप्त विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2021-21 में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत तथा कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा के लिए छात्र जिले के किसी भी शासकीय, अद्र्धशासकीय अथवा मान्यता प्राप्त विद्यालय में सत्र 2021-22 के दौरान कक्षा 8वीं में अध्ययनरत होना चाहिए। ऑनलाईन आवेदन वेबसाईट www.navodaya.gov.in अथवा www.cbseitms.nic.in/registrationclass6/registrationclass6 and www.nvsadmissionclassnine.in पर की जा सकती है। इस बारे में विस्तृत जानकारी के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय बैकुण्ठपुर से संपर्क किया जा सकता है।

29 सितंबर से जमा होंगे ऑनलाइन आवेदन
छत्तीसगढ़ के मूल निवासी कर सकेंगे आवेदन
रायपुर (शोर संदेश)। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी में जूनियर इंजीनियर (जेई) समेत डाटा एंट्री ऑपरेटर के कुल 707 पदों पर नई भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किये गए हैं। इसमें डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, जनरेशन कंपनी और ट्रांसमिशन कंपनी के लिए जेई के 307 पद हैं तथा डाटा एंट्री ऑपरेटर के 400 पद हैं। इसके लिए 29 सितंबर को दोपहर 12 बजे से ऑनलाइन आवेदन जमा किये जा सकेंगे। इसके लिए अभ्यर्थी को पॉवर कंपनी की वेबसाइट www.cspc.co.in पर लॉग-इन कर आवेदन सहित अन्य दस्तावेज अपलोड करना होगा।छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनी के अध्यक्ष अंकित आनंद ने बताया कि डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी, जनरेशन कंपनी और ट्रांसमिशन कंपनी में जेई के 307 पदों पर भर्ती की जाएगी। साथ ही डाटा एंट्री आपरेटर के 400 पदों पर भर्ती होगी। इसमें डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में जेई के 193 पद, जनरेशन कंपनी में 62 और ट्रांसमिशन कंपनी में 12 पदों के लिए आवेदन मंगाए गए हैं। इनमें इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मेकेनिकल, कंप्यूटर साइंस, इंफरमेशन टेक्नालॉजी संकाय के पद हैं।तीनों पॉवर कंपनी में सिविल संकाय के 40 पद हैं, जिनके लिए भी आवेदन मंगाए गए हैं।इसी तरह डाटा एंट्री ऑपरेटर के लिए ट्रांसमिशन कंपनी में 50 पद और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में 350 पदों के लिए आवेदन मंगाए गए हैं। डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अंतर्गत बस्तर (जगदलपुर) क्षेत्र में 68 और सरगुजा (अंबिकापुर) क्षेत्र में 44 पदों पर भर्ती होगी। बस्तर और सरगुजा क्षेत्र के लिए वहीं के स्थानीय निवासी ही आवेदन कर सकेंगे। रायपुर, बिलासपुर, रायगढ़, दुर्ग और राजनांदगांव क्षेत्र के लिए डाटा एंट्री ऑपरेटर के 238 पद हैं, जिनमें पूरे प्रदेश के मूल निवासी आवेदन कर सकेंगे।जूनियर इंजीनियर एवं डाटा एंट्री आपरेटर पदों के स्टायपेंड, दायित्व, भर्ती के लिए वांछित अर्हता, आयुसीमा, शैक्षणिक योग्यता, आवेदन शुल्क व चयन प्रकिया की विस्तृत जानकारी पॉवर कंपनी की वेबसाइट में देखी जा सकती है।





00 पहले नंबर पर 18 विद्यार्थी, 4 टॉपर आंध्रप्रदेश से
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने मंगलवार को संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मेन 2021 सत्र 4 का परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में 44 अभ्यर्थियों ने 100 पर्सेंटाइल हासिल किए हैं। वहीं 18 उम्मीदवारों को पहला रैंक मिला है। यह जानकारी शिक्षा मंत्रालय की ओर से मंगलवार देर रात दी गई। परीक्षा के पहली रैंक लाने वाले 18 उम्मीदवारों मे आंध्र प्रदेश के चार और राजस्थान से तीन, दिल्ली, यूपी और तेलंगाना से दो, बिहार, कर्नाटक, पंजाब, चंडीगढ़, महाराष्ट्र से एक-एक शामिल हैं। इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अपने एनटीए जेईई मेन 2021 के स्कोर आधिकारिक वेबसाइट – jeemain.nta.nic.in पर देख सकते हैं।
00 जेईई मेन 2021 में पहला स्थान हासिल करने वाले अभ्यर्थियों में गौरब दास (कर्नाटक),
वैभव विशाल (बिहार), दुग्गीनेनी वेंकट पनीश (आंध्र प्रदेश), पसला वीरा शिवा (आंध्र प्रदेश), कंचनपल्ली राहुल नायडू (आंध्र प्रदेश), कर्णम लोकेश (आंध्र प्रदेश), सिद्धांत मुखर्जी (राजस्थान), मृदुल अग्रवाल (राजस्थान), अंशुल वर्मा (राजस्थान), कोम्मा शरन्या (तेलंगाना), जोस्युला वेंकट आदित्य (तेलंगाना), रुचीर बंसल (दिल्ली(एनसीटी)), काव्य चोपड़ा (दिल्ली (एनसीटी)), अमैया सिंघल (उत्तर प्रदेश), पाल अग्रवाल (उत्तर प्रदेश), अथर्व अभिजीत तांबट (महाराष्ट्र), पुलकित गोयल (पंजाब) और गुरअमृत सिंह (चंडीगढ़) शमिल हैं।इस साल से ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई)- मेन परीक्षा साल में चार बार आयोजित करवाई जा रही है ताकि छात्रों को सुविधा रहे और स्कोर में सुधार करने का अवसर उन्हें मिल सके। इसका पहला चरण फरवरी, दूसरा मार्च में आयोजित किया गया था। परीक्षा का अगला चरण अप्रैल और मई में होना था, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर के कारण उसका आयोजन नहीं किया जा सका। परीक्षा का तीसरा चरण 20-25 जुलाई के बीच और चौथा चरण 26 अगस्त से दो सितंबर के बीच आयोजित किया गया था। जेईई मेन परीक्षा में छात्रों को ये रैंक एनटीए स्कोर के बेस्ट फॉर पर विचार करने के बाद मौजूदा नीति के अंतर्गत दिया गया है। यह परीक्षा 13 भाषाओं में आयोजित हुई थी। इसके चार चरणों में 9.34 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी।
00 ऐसे देखें अपना परिणाम
आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर लॉगिन करें।
जेईई मेन 2021 रिजल्ट` लिंक पर क्लिक करें।
आवेदन संख्या और पूछे गए अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करें।
आपका जेईई मेन 2021 का परिणाम स्क्रीन पर प्रदर्शित होगा।
परिणाम डाउनलोड करें और भविष्य में आने वाले इस्तेमाल के लिए इसका प्रिंट लेकर सुरक्षित रख लें।




00 एससी,एसटी और ओबीसी अभ्यर्थियों को निःशुल्क कोचिंग की सुविधा
रायपुर (शोर संदेश)। युवा कैरियर निर्माण योजना के अन्तर्गत संघ एवं राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा की कोचिंग के लिए अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग अभ्यर्थियों के लिए आवेदन 13 सितम्बर तक आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। अभ्यर्थियों का चयन प्राक्चयन परीक्षा के मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। अभ्यर्थियो को रायपुर में स्थित शासन द्वारा निर्धारित कोचिंग संस्था में निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध करायी जाती है।सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास ने बताया कि इस योजना के तहत कुल 100 सीट स्वीकृत किए गए है। इसमें अनुसूचित जनजाति के 50, अनुसूचित जाति के 30 तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के 20 सीट होंगे। इन सभी में महिलाओ के लिए 33 प्रतिशत सीट आरक्षित होगी। इस योजना के तहत अभ्यर्थी की आयु- 1 जनवरी को 20 वर्ष से 30 वर्ष के बीच होना चाहिए। इसके लिए अभ्यर्थी की शैक्षणिक योग्यता मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से या कॉलेज से स्नातक की डिग्री में कम से कम 50 प्रतिशत अंक या समतुल्य ग्रेड से उत्तीर्ण किया हो। आवेदक को छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य है।उन्होंने बताया कि आवेदक अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग से हो तथा स्थायी जाति प्रमाण पत्र धारक हो। पालक या अभिभावक का समस्त स्त्रोतों से आय 3 लाख रूपये से अधिक नहीं होना चाहिए। इसके लिए 10 रूपये के स्टाम्प पेपर पर नोटरी से प्रमाणित स्वघोषणा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। इस संदर्भ में अधिक जानकारी के लिए विभागीय वेबसाइड www.tribal.cg.gov.in एवं कार्यालय सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, रायपुर के कमरा नंबर 40 में संपर्क कर सकते हैं।


00 आरटीई के इतिहास में बना रिकॉर्ड
लखनऊ (शोर संदेश)। निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा का अधिकार कानून (आरटीई) के तहत प्रदेश में पहली बार 99,188 बच्चों को निजी स्कूलों में निशुल्क शिक्षा के लिए प्रवेश मिला है। आरटीई के 12 साल के इतिहास में यूपी में शैक्षिक सत्र 2021-22 में सबसे अधिक बच्चों को प्रवेश मिला है। आरटीई के तहत स्कूलों में प्रवेश के लिए प्रदेश में तीन चरणों में 2,00,099 आवेदन मिले थे। इनमें से 1,64,405 आवेदन लॉटरी योग्य पाए गए। तीन चरणों में कुल 99,188 बच्चों को निजी स्कूलों में दाखिला दिलाया गया है।
पहले चरण में 1,01,783 आवेदन मिले थे इनमें से 79,853 आवेदकों की लॉटरी निकाली गई और 54727 विद्यार्थियों को प्रवेश मिला। दूसरे चरण में 76,190 आवेदन मिले इनमें से 56,703 आवेदक लॉटरी योग्य पाए गए और 31,512 विद्यार्थियों को प्रवेश मिला। तीसरे चरण में 22,126 विद्यार्थियों के आवेदन मिले इनमें से 16,492 आवेदक योग्य पाए गए और लॉटरी के बाद 12,949 बच्चों को स्कूलों में दाखिला मिला है। आरटीई के क्षेत्र में काम करने वाली स्वयं सेवी संस्था राइट वॉक की समीना बानो का मानना है कि बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस वर्ष आरटीई के तहत प्रवेश दिलाने के लिए पूरी मेहनत के साथ काम किया। उसी का नतीजा है इस वर्ष रिकार्ड प्रवेश मिला है।



लखनऊ (शोर संदेश)। यूपी में कोरोना संक्रमण के चलते बंद स्कूल खुल गए हैं। प्रदेश में आज से पहली से पांचवीं कक्षा तक के स्कूलों में कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया। प्रदेश सरकार ने स्कूलों में बच्चों को कोरोना से बचाने के लिए कोविड प्रोटोकाल का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं, वहीं बच्चों के लिए स्कूलों में स्वच्छता से लेकर सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। आज बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, जबकि अभिभावकों में अभी भी भय का माहौल है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि कोरोना महामारी के कारण पिछले सात माह से बंद विद्यालय आज एक सितंबर से पुनः प्रारम्भ हो रहे हैं। सभी बच्चों को ढेर सारी शुभकामनाएं। उन्होंने सभी गुरुजनों से विनम्र आग्रह किया कि सभी बच्चों का ध्यान रखें। हर हाल में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित कराने में अपना योगदान दें।
बेसिक शिक्षा परिषद के करीब 1 करोड़ 80 लाख विद्यार्थियों को इस वर्ष स्कूल बैग, स्कूल यूनिफार्म, जूता-मोजा और स्वेटर के लिए नकद राशि दी जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों के विधिवत संचालन की पूरी व्यवस्थाएं करने का दावा किया है। गौरतलब है कि कोरोना की पहली लहर के बाद एक मार्च से स्कूलों का संचालन शुरू किया गया था, लेकिन मार्च के दूसरे सप्ताह से ही कोरोना की दूसरी लहर की आहट शुरू होते ही स्कूलों को बंद कर दिया गया था। प्रदेश में कोरोना की स्थिति नियंत्रण में होने पर मुख्यमंत्री ने सभी विद्यालयों में 23 अगस्त से कक्षा 6 से 8 और एक सितंबर पहली से पांचवीं कक्षाओं का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए थे। प्रदेश में 24 अगस्त से 6वीं से 8वीं तक कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया था।
बेसिक शिक्षा निदेशक सर्वेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि एक सितंबर से सभी विद्यालयों में पहली से पांचवीं तक की कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। विद्यार्थियों और शिक्षिकों को कोविड से बचाने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने, सैनिटाइजर, मास्क और थर्मल स्कैनिंग के साथ स्वच्छता रखने के निर्देश दिए है। स्कूलों में समय-समय पर सैनिटाइजेशन कराया जाएगा, किसी भी बच्चे या शिक्षक में लक्षण मिलने पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र को सूचित कर इलाज की उचित व्यवस्था की जाएगी।

00 बच्चों में उत्साह, तो अभिभावकों में भय...
बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों ने घर घर पहुंचकर अभिभावकों से बच्चों को स्कूल भेजने की अपील की है। शिक्षक अभिभावकों को समझाने का प्रयास कर रहे है कि बच्चों को स्कूल में सुरक्षित महौल दिया जाएगा और कोविड प्रोटोकाल का पूरा पालन किया जाएगा लिहाजा वे अपने बच्चों को स्कूल भेजे। विभाग को फीड बैक मिला है बच्चे तो स्कूल आने के लिए उत्साहित है लेकिन अभिभावकों में अभी भी कोविड का भय है। विभाग के अधिकारियों का मानना है कि जैसे-जैसे स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ेगी वैसे वैसे अभिभावकों का भय कम होगा।
00 हर बच्चे को मिलेंगे करीब 1100 रूपये
बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को इस वर्ष जूते मोजे, स्कूल बैग, स्कूल यूनिफार्म और स्वेटर की नकद राशि का भुगतान किया जाएगा। हर विद्यार्थी के अभिभावक के खाते में करीब 1100 रुपये ट्रांसफर किए जाएंगे। विभाग के अधिकारी के मुताबिक प्रत्येक विद्यार्थी को दो जोड़ी यूनिफार्म के 600 रुपये, 200 रुपये स्वेटर, 150 रुपये जूता मोजा और 150 रुपये स्कूल बैग के दिए जाएंगे।

दुर्ग (शोर संदेश)। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा राज्य के अनुसूचित जनजाति एवं अनुसूचित जाति वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग एवं मेडिकल में प्रवेश परीक्षा की तैयारी करना चाहते है, ऐसे इच्छुक विद्यार्थियों से 17 सितंबर तक सहायक आयुक्त आदिवासी विभाग में आवेदन आमंत्रित किया गया है। परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। विस्तृत जानकारी के लिए विभाग की वेबसाइट www.tribal.cg.gov.in का अवलोकन किया जा सकता है।

00 10 हजार से अधिक विद्यार्थी हुए शामिल
रायपुर (शोर संदेश)। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रदेश में संचालित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की उपलब्धियों का ऑनलाइन आंकलन का आयोजन किया जा रहा है। यह मूल्यांकन विज्ञान, गणित और अंग्रेजी विषय के ऑलम्पियाड के माध्यम से किया जा रहा है। गणित विषय के ऑलम्पियाड में आज 10 हजार 466 विद्यार्थी शामिल हुए। इसमें प्राथमिक स्तर के 2411, माध्यमिक स्तर के 3860, हाई स्कूल स्तर के 3045 और हायर सेकेण्डरी स्तर के 1149 विद्यार्थी शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व 19 अगस्त को विज्ञान विषय के ऑलम्पियाड में 7 हजार 232 विद्यार्थी शामिल हुए थे। ऑलम्पियाड के दूसरे चरण में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि हुई है, जो कि विद्यार्थियों में प्रतियोगिता में भाग लेने के उत्साह को दर्शाता है और आंकलन तथा परीक्षा से डर की कमी को प्रदर्शित कर रहा है।ऑलम्पियाड में प्रत्येक आंकलन के पूर्व ऑनलाइन परीक्षा के लिए प्रत्येक विषय का मॉक टेस्ट विद्यार्थियों को अभ्यास कराया जा रहा है। आंकलन को चार स्तर प्राथमिक स्तर कक्षा तीसरी से पांचवी तक, माध्यमिक स्तर कक्षा 6वीं से 8वीं तक, हाई स्कूल स्तर कक्षा 9वीं एवं 10वीं और हायर सेकेण्डरी स्तर कक्षा 11 एवं 12वीं में विभाजित किया गया है। विद्यार्थी आंकलन के लिए अपने एनरॉयड मोबाइल, कम्प्यूटर या लैपटॉप का उपयोग कर सकते हैं। बच्चों से ऑलम्पिया डमें सभी प्रश्न बहुविक्लपीय पूछे गए। इसमें आंकलन कार्य पूर्ण होते ही विद्यार्थी अपने प्राप्तांक तत्काल देख सकेंगे। विद्यार्थियों के प्राप्तांक के आधार पर विद्यालय, जिला एवं राज्य स्तर पर विद्यार्थियों की रैंकिग कर विद्यार्थियों का प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अंग्रेजी विषय का ऑलम्पियाड 31 अगस्त को आयोजित होेगा। इसमें प्राथमिक एवं हाई स्कूल के विद्यार्थी दोपहर डेढ़ बजे से ढाई बजे तक और माध्यमिक एवं हायर सेकेण्डरी स्तर के विद्यार्थी दोपहर 2.30 बजे से 3.30 बजे तक ऑनलाइन शामिल हो सकते हैं।