ब्रेकिंग न्यूज

शिक्षा

किशोरी बालिकाओं के लिए स्वस्थ नोनी कार्यक्रम का हुआ शुभांरभ

06-Dec-2024

राजनांदगांव ( शोर संदेश )।  जिले में किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य के दृष्टिगत जिला प्रशासन द्वारा स्वस्थ नोनी कार्यक्रम की पहल की गई है। विशेष तौर पर बालिकाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने एवं उनके हिमोग्लोबिन का परीक्षण करते हुए उनके स्वास्थ्य की दिशा में कारगर कदम बढ़ाए गए है। इसी कड़ी में आज कलेक्टर संजय अग्रवाल के मार्गदर्शन में किशोरी बालिकाओं के लिए स्वस्थ नोनी कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विकासखंड स्तर व सेक्टर स्तर पर विकासखंडों में चिरायु टीम व गठित चिकित्सकीय दल द्वारा शासकीय उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में कुल 2937 किशोरी बालिकाओं की जांच की गई, जिसमें 8 ग्राम से कम हिमोग्लोबिन वाले 18 किशोरी बालिकाओं को काऊंसिलिंग कर उपचार किया जा रहा है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि स्वस्थ नोनी कार्यक्रम के तहत शासकीय उच्च और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत किशोरी बालिकाओं को स्वास्थ्य शिक्षा, हाथ धोने की विधि, किशोरी बालिकाओं में होने वाले शारीरिक बदलाव, तनाव प्रबंधक, एचआईव्ही, भावनात्मक स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर चर्चा कर सलाह दी गई। साथ ही समस्त किशोरी बालिकाओं का हिमोग्लोबिन जांच किया गया एवं रक्त अल्पता से होने वाली बीमारियों के बारे में बताया गया। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग को दायित्व सौंपा गया है। जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संदीप ताम्रकार ने बताया कि स्वस्थ नोनी कार्यक्रम किशोरी बालिकाओं के भविष्य हेतु महत्वपूर्ण है। प्रति सप्ताह कार्यक्रम के तहत उच्च एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत किशोरी बालिकाओं की हिमोग्लोबिन जांच सभी विकासखंडों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं मितानिनों की सहायता से चिकित्सकीय दल द्वारा कराया जायेगा। जिससे जिले में हिमोग्लोबिन अल्पता वाली किशोरी बालिकाओं का ईलाज समय पूर्व किया जा सकता है।


कलेक्टर ने किया स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय निपानी का निरीक्षण

05-Dec-2024

बालोद (   शोर संदेश   )। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने आज बालोद विकासखण्ड के ग्राम निपानी में पहुँचकर वहाँ स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय निपानी में आयोजित परख परीक्षा के व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।  चन्द्रवाल ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में पूर्व माध्यमिक शाला के बच्चों से बातचीत कर अध्ययन-अध्यापन व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। चन्द्रवाल ने बच्चों को खूब मन लगाकर पढ़ाई-लिखाई करने तथा अपने जीवन में बड़ी उपलब्धि हासिल कर माता-पिता, परिवार एवं इस संस्थान का नाम रोशन करने को कहा। कलेक्टर ने बच्चों को समझाईश देते हुए कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए पढ़ाई-लिखाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई-लिखाई के बिना जीवन में कोई भी व्यक्ति तरक्की नही कर सकता। इस दौरान स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित थे।


सामर्थ्य विकास मेला में दिव्यांग बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुति

05-Dec-2024

धमतरी ( शोर संदेश    )। अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर बीते दिन स्थानीय शासकीय श्रवण बाधितार्थ बालिका विद्यालय में सामर्थ्य विकास मेला का आयोजन किया गया। उप संचालक, समाज कल्याण ने बताया कि सामर्थ्य विकास मेला में जिले के शासकीय एवं अशासकीय संस्था के 500 से अधिक दिव्यांगजन एवं उनके सहयोगी शामिल हुए।

उन्होंने बताया कि एक एवं दो दिसम्बर को संस्था स्तर पर दिव्यांग बच्चों द्वारा खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न खेल जैसे नीबू-चम्मच दौड़, रस्सीकूद, लम्बी दौड़, ऊंची कूद, गोलाफेंक, मटकाफोड़ आदि आयोजित किया गया। इसमें प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही 36 दिव्यांग बच्चों द्वारा आकर्षक पेंटिंग, ग्रीटिंग कार्ड और सजावटी सामग्री की प्रदर्शनी भी लगाई गई। साथ ही नाटक, गायन और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।


5वीं-8वीं की परीक्षा मार्च 2025 से, फेल होने पर देनी होगी पूरक परीक्षा

04-Dec-2024
रायपुर। (  शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा के स्तर में सुधार लाने के लिए एक बार फिर 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा की शुरुआत की जा रही है। छत्तीसगढ़ सरकार वर्तमान 2024-25 सत्र से ही 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा शुरू करने जा रही है।
सीजी पाठ्यक्रम छत्तीसगढ़ के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस संबंध में मंगलवार को स्कूल शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर दिया। आदेश के मुताबिक परीक्षा मार्च 2025 में आयोजित की जाएगी। इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए है।
5वीं और 8वीं में किसी विषय में अनुत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी की पूरक परीक्षा ली जाएगी। विद्यार्थी को उस कक्षा में रोका नहीं जाएगा। बल्कि अगली कक्षा अर्थात छठवीं और नवमीं में कक्षोन्नत किया जाएगा।
तत्काल तैयारी प्रारंभ करने के निर्देश
स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षा जिला स्तर पर ली जाएगी। सभी जिला शिक्षा अधिकारी को गुणवत्तायुक्त परीक्षा संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। परीक्षा मार्च माह में आयोजित की जाएगी। इसके लिए समय सारिणी लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा जारी की जाएगी।
केंद्रीकृत परीक्षा के लिए विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारी तत्काल प्रारंभ करने के आदेश जारी किए गए हैं। संकुल समन्वयकों व प्रधान पाठकों की बैठक लेकर समस्त निर्देशों की जानकारी से अवगत करने का आदेश दिया गया है।

 


सीजीएमएससी : मैनेजमेंट, अकाउंट, इंजीनियरिंग व आईटी के लिए निकलेगी वैकेंसी

03-Dec-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  स्वास्थ्य विभाग की दवा एवं उपकरण क्रेता कंपनी सीजीएमएससी में करीब दस साल बाद सीधी भर्तियां निकलने वाली है। राज्य शासन ने इसके लिए सोमवार को मंजूरी दे दी है। इसमें मैनेजमेंट, अकाउंट, इंजीनियरिंग व आईटी के लिए भर्तियां निकलेंगी। इसके लिए जल्द विज्ञापन जारी होगा।
जानकारी के अनुसार सीधी भर्तियों के ये पद संविदा के जरिए भरे जाएंगे। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉरपोरेशन के सेटअप के तहत सात विभागीय कार्यालयों में कुल 47 पदों पर भर्तियां होंगी। इनमें प्रधान कार्यालय, गोदाम डिवीजन, उपकरण डिवीजन, प्रधान कार्यालय निर्माण, डिवीजन कार्यालय निर्माण, प्रधान कार्यालय वित्त, प्रधान कार्यालय स्थापना और आईटी जैसे विभाग हैं।
वैकेंसी में 33 पदों पर संविदा के जरिए भरे जाएंगे। वहीं 14 पोस्ट पर नियुक्तियां प्रमोशन के जरिए होगी। सीजीएमएससी की एमडी के अनुसार शासन से मंजूरी मिलने के बाद इन पदों पर भर्ती से जुड़ी प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। जिन पदों पर नियुक्तियां की जानी है।
उनमें स्टोर और पूर्ति अधिकारी, निविदा और खरीद अधिकारी, सहायक प्रबंधक (ड्रग स्टोर) निविदा और खरीद अधिकारी, सहायक अभियंता, उप अभियंता, निविदा खरीद अधिकारी, सहायक लेखाधिकारी, प्रशासनिक प्रबंधक, मानव संसाधन अधिकारी जैसे पद हैं।
सीधी भर्ती के ये 33 पद - स्टोर और पूर्ति अधिकारी 1, निविदा और खरीद अधिकारी 2, गुणवत्ता नियंत्रक अधिकारी 1, सहायक प्रबंधक (ड्रग स्टोर) 3, निविदा और खरीद अधिकारी 2, सहायक अभियंता 2, उप अभियंता 1, निविदा और खरीद अधिकारी ( प्रधान निर्माण कार्यालय) 1, सहायक अभियंता 1, उप अभियंता 12, सहायक लेखा अधिकारी 1, सहायक लेखा परीक्षा सह लेखाधिकारी 1, लेखा सहायक 2, प्रबंधक प्रशासनिक 1,
मानव संसाधन अधिकारी 1, सहायक सिस्टम मैनेजर 1 पद। इसी तरह इन 14 पदों पर प्रमोशन से भर्ती - उप प्रबंधक गुणवत्ता नियंत्रण 1, उप प्रबंधक गुणवत्ता आश्वासन 1, उप प्रबंधक खरीद ऑपरेशन 1, कार्यपालन अभियंता 2, सहायक अभियंता 6, उप प्रबंधक लेखा 1 और सहायक लेखाधिकारी 2 पद।

विशेष लेख : पीएमश्री स्कूल : देश की भावी पीढ़ी को संवारने शासन की पहल

03-Dec-2024
उत्तर बस्तर कांकेर   ( शोर संदेश ) । हम ऐसी शिक्षा चाहते हैं जिससे चरित्र का निर्माण हो, मन की शक्ति बढ़े, बुद्धि का विस्तार हो और व्यक्ति अपने पैरों पर खड़ा हो।“ भारत के महान दार्शनिक, विचारक और समाज सुधारक स्वामी विवेकानंद का यह कथन आज भी प्रासंगिक है, क्योंकि शिक्षा ही वह माध्यम है जिसके बूते मनुष्य स्वयं को स्थापित करते हुए अपने जीवन को सामाजिक, आर्थिक और नैतिक ऊंचाइयों की ओर दिशा और दशा प्रदान करती है। स्वामी विवेकानंद के इन्हीं विचारों को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर में पीएम श्री स्कूल योजना लागू की। इन स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अलावा नवीन एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिनमें स्मार्ट क्लासेज, हाईटेक लाइब्रेरी, कम्प्यूटर लैब, विषयवार सुसज्जित प्रयोगशाला, अटल टिंकरिंग लैब, मीडिया कार्नर, स्वच्छ शौचालय, आकर्षक खेल मैदान एवं सुरक्षित शाला परिसर विकसित किया गया है।
जिले में कुल 15 पीएम श्री स्कूल संचालित हैं, जिनमें 09 प्राथमिक स्तर (कक्षा पहली से पांचवी तक) और 06 उच्चतर माध्यमिक स्तर (नर्सरी से कक्षा 12वीं तक) के स्कूल सम्मिलित हैं।
छात्राओं ने फर्राटेदार इंग्लिश में दिया जवाब
 जिले के भानुप्रतापपुर विकासखण्ड मुख्यालय में पीएम श्री स्कूल संचालित है, जहां कुल 990 विद्यार्थियों को 29 शिक्षकों के द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। इनमें कक्षा पहली से 12वीं तक अंग्रेजी माध्यम के 672 विद्यार्थी और कक्षा 9वीं से 12वीं तक हिन्दी माध्यम के 318 छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इसी स्कूल की कक्षा 11वीं गणित की छात्रा कु. तान्याश्री मढ़रिया ने फर्राटेदार अंग्रेजी में बताया- “पीएम श्री स्कूल प्रोवाइडेड अस क्वालिटी एजुकेशन विद वेल एक्यूप्ड लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब्स, इंफ्रा स्ट्रक्चर एंड सेफ सराउंडेड कैम्पस...!“ इसी स्कूल की कक्षा दसवीं की छात्रा कु. गुनगुन ठाकुर ने पीएम श्री स्कूल के बारे में बताया- “अवर टीचर्स आर वेरी हेल्पफुल, दे ऑलवेज क्लियर डाउट्स, हियर अल्सो प्रोवाइडेड क्लीन ड्रिंकिंग वॉटर एंड नाइस प्लेग्राउंड...! दोनों छात्राओं ने पीएम श्री स्कूल कॉन्सेप्ट के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया कि शासन ने शासकीय शालाओं को निजी स्कूलों से भी बेहतर सुविधाएं पीएम श्री स्कूल में मुहैय्या कराई हैं। इसी तरह स्कूल की छात्रा कु. हर्षिता सोरी, काजल गावड़े, आदित्य श्रीवास्तव, निखिल पांडेय, गुणांक वर्मा, आफताब खान ने भी स्कूल में उपलब्ध शैक्षणिक  और गैर शैक्षणिक सुविधाओं की सराहना की।
दो छात्राओं का हुआ जेईई में चयन
संस्था के प्राचार्य श्री पी.आर. भारद्वाज ने बताया कि पीएम श्री योजना के तहत इस स्कूल का चयन किया गया है, जहां दो पालियों में हिन्दी एवं अंग्रेजी माध्यम में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। पिछले शिक्षा सत्र में यहां के 75 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की थी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023-24 में इस स्कूल की दो छात्रा कुमारी कुमकुम धनेन्द्र और कु. मुस्कान बघेल का चयन जेईई के लिए हुआ है। वर्तमान में कु. कुमकुम एनआईटी रायपुर और कु. मुस्कान ट्रिपल आईटी रायपुर में अध्ययनरत है। उन्होंने यह भी बताया गया कि पूरे स्कूल परिसर में सुरक्षा के दृष्टिकोण से 16 सीसी टीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा नॉलेज कॉर्नर, आईटी जोन आदि स्थापित किए गए हैं।
“परख“ के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जा रहा विद्यार्थियों को
जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार पटेल ने बताया कि जिला प्रशासन के सहयोग से “परख“ कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है जिसके तहत शाला के विद्यार्थियों को जेईई-नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने विषय विशेषज्ञों के द्वारा निःशुल्क कोचिंग दी जाती है तथा प्रति सप्ताह टेस्ट परीक्षा लेकर समय सीमा में ओएमआर शीट भराए जाने की प्रैक्टिस भी कराई जाती है।
उल्लेखनीय है कि जिले के अंतागढ़ के पीएम श्री स्कूल में कक्षा पहली से पांचवी तक की  कक्षाएं संचालित हैं। इसी तरह पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला ऊपरपारा सरण्डी में संचालित है। इसके अलावा भानुप्रतापपुर अंतर्गत प्राथमिक शाला बोगर और संजयपारा भानुप्रतापपुर, चारामा में प्राथमिक शाला दरगहन, दुर्गूकोंदल में प्राथमिक शाला बालक कोड़ेकुर्से, कांकेर ब्लॉक अंतर्गत प्राथमिक शाला केंवटीनटोला, कोयलीबेड़ा अंतर्गत पी.व्ही. 86 और नरहरपुर अंतर्गत पीएम श्री शासकीय प्राथमिक शाला बालक सरोना में स्थापित है। इसी प्रकार नर्सरी से 12वीं तक पीएम श्री स्कूल अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, चारामा, दुर्गूकोंदल, कांकेर और नरहरपुर में पीएम श्री स्कूल स्थापित किए गए हैं जहां निजी स्कूलों की तर्ज पर विषय विशेषज्ञ शिक्षकों के द्वारा उच्च गुणवत्ता शिक्षा दिए जाने के साथ विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 


सीजी बोर्ड ने जारी की 10वी, 12वीं प्रैक्टिकल परीक्षा की समय सारिणी, जानें कब से शुरू होंगी परीक्षाएं...

29-Nov-2024
रायपुर। ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ बोर्ड में पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए काम की खबर है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की प्रैक्टिकल परीक्षा की तारीख जारी कर दी है। अधिक जानकारी के लिए CGBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।
छत्तीसगढ़ बोर्ड द्वारा जारी की समय सारिणी के अनुसार कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 10 जनवरी 2025 से शुरू होकर 31 जनवरी 2025 तक चलेंगी। प्रैक्टिकल परीक्षा में छात्रों का उपस्थित होना आवश्यक है। परीक्षा में अनुपस्थित छात्रों को बाद में विशेष अवसर नहीं दिया जाएगा।
प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए बाहर से एक एग्जामिनर को नियुक्त किया जाएगा। एग्जामिनर प्रैक्टिकल के साथ-साथ प्रैक्टिकल से संबंधित कई और चीजों को देखेंगे। साथ ही स्कूलों को प्रैक्टिकल परीक्षा, प्रोजेक्ट वर्क के नंबर 10 फरवरी 2025 तक बोर्ड के पोर्टल पर सबमिट करने होंगे।
 

स्कूलों में न्योता भोजन: छत्तीसगढ़ में जनसहयोग से 75 हजार से अधिक बार हो चुका है न्योता भोज का आयोजन

28-Nov-2024
रायपुर  ।  ( शोर संदेश )  बिलासपुर जिले के सरकंडा स्थित पंडित रामदुलारे दुबे स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक बालक शाला में पिछले माह रिटायर हुए शिक्षक प्रताप पाटनवार ने अपने जन्मदिन के अवसर पर 700 बच्चों के न्योताभोज का आयोजन किया और कार्यक्रम के बाद उन्होंने रुंधे गले और आंखों में आंसुओं के साथ कहा कि ‘‘जिन बच्चों के कारण मुझे 42 साल तक सरकार वेतन देती रही और जिनके कारण मेरा घर चलता रहा उनके लिए मैं एक दिन कुछ खास कर पाया इसकी मुझे खुशी है।‘‘ उन्होंने कहा कि शासन की यह योजना वास्तव में अपने आप में एक अद्भुत योजना है क्योंकि हम अपनी खुशी ऐसे लोगों के साथ बांटते हैं जिन्हें उसका मोल पता है। सरकारी स्कूल में पलने बढ़ने वाले अधिकांश बच्चे कमजोर आर्थिक स्थिति वाले घर के बच्चे हैं और उनके साथ मिलकर जब आप बैठकर भोजन करते हैं तो उनके चेहरे की खुशी देखकर न्योता भोज करने वाला भाव विभोर ना हो जाए ऐसा हो ही नहीं सकता। इससे न केवल सामुदायिक परस्परता बढ़ रही है बल्कि स्कूलों से आमजन का जुड़ाव भी और अधिक बेहतर तरीके से हो रहा है। साथ ही बड़े अधिकारी जब न्योता भोज के बहाने ही स्कूल पहुंचते हैं तो स्कूल की मॉनिटरिंग भी हो जाती है।

छत्तीसगढ़ के स्कूलों में संचालित की जा रही प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना में समुदाय की भागीदारी से अनूठा नवाचार न्योता भोजन लोगों को काफी पसंद आ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर शुरू किए गए न्योता भोजन के कार्यक्रम से लोग लगातार जुड़ते जा रहे हैं। राज्य के स्कूलों में विभिन्न समुदाय के लोगों के सहयोग से अब तक राज्य के 30 हजार शालाओं में 75 हजार से अधिक बार न्योता भोजन का आयोजन किया जा चुका है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में दान देने की परंपरा रही है, यहां नई फसल की खुशी में छेरछेरा पर्व में दान देने की परंपरा है। यह हमारे समाज की दानशीलता का उदाहरण है। हमारे शास्त्रों में भी अन्नदान को महादान की संज्ञा दी गई है। छत्तीसगढ़ सरकार बच्चों में कुपोषण दूर करने के लिए समाज की इसी परम्परा का सहारा ले रही है। गौरतलब है कि स्कूलों में नन्हे-मुन्हे बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए न्योता भोजन की शुरूआत स्वयं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने गृह ग्राम बगिया से की थी। उन्होंने वहां के आश्रम शाला के बच्चों को अपने जन्मदिवस पर न्योता भोजन कराया था।

क्या है न्योता भोज-
प्रधानमंत्री पोषण शक्ति योजना को सामुदायिक सहयोग से और अधिक पोषक बनाने राज्य शासन द्वारा न्योता भोजन की अभिनव पहल की जा रही है। न्योता भोजन की अवधारणा सामुदायिक भागीदारी पर आधारित है। कोई भी व्यक्ति या सामाजिक संगठन, जन्मदिन, वर्षगांठ या अन्य खास मौकों पर अपने पास के स्कूल, आश्रम या छात्रावास में जाकर बच्चों के लिए न्योता भोजन का कार्यक्रम कर सकता है। इसमें पूर्ण भोजन का योगदान किया जा सकता है या अतिरिक्त पूरक पोषण के रूप में मिठाई, नमकीन, फल या अंकुरित अनाज आदि के रूप में खाद्य सामग्री का योगदान दिया जा सकता है।
राज्य के विभिन्न जिलों में हुए न्योता भोजन इस प्रकार है- खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और कोंडागांव जिले के 99 प्रतिशत स्कूलों में न्योता भोजन किया जा चुका है। इसी प्रकार जांजगीर-चांपा में 98, धमतरी में 96, सुकमा और राजनांदगांव में 95-95, बालोद में 93, दुर्ग में 90, बेमेतरा, कोरिया और कवर्धा में 89-89, जशपुर और कांकेर में 86-86, रायगढ़ में 75, बिलासपुर में 73, दंतेवाड़ा जिले में 70 प्रतिशत स्कूलों में न्योता भोजन का आयोजन किया जा चुका है।

छात्रावास-आश्रमों में हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया संविधान दिवस

28-Nov-2024
रायपुर ।  ( शोर संदेश ) भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश के आश्रम-छात्रावासों में छात्र-छात्राओं द्वारा हर्षोल्लास के साथ संविधान मनाया गया। आदिम जाति कल्याण विभाग अंतर्गत 3357 छात्रावास-आश्रम, 75 एकलव्य विद्यालय एवं 16 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इन सभी संस्थाओं में व्यापक रूप से संविधान दिवस मनाया गया।
गौरतलब है कि भारतीय संविधान के 75 वर्ष पूर्ण होने पर आम लोगों को संविधान में दिए गए प्रवधानों के प्रति जागरूक करने के लिए भारत सरकार द्वारा व्यापक आयोजन किए जा रहे है। इसी कार्यक्रम के तहत प्रदेश के आश्रम-छात्रावासों में भी संविधान दिवस मनाया गया। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा द्वारा जिलों में संचालित सभी विभागीय छात्रावास-आश्रमों, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों एवं प्रयास आवासीय विद्यालयों में संविधान दिवस पूरे उत्साह के साथ मनाने के निर्देश दिए गए थे।
विभागीय छात्रावास आश्रमों में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर संविधान की प्रस्तावना का सामुहिक वाचन किया गया एवं उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। इसके बाद एक जन जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें बच्चों ने अपने हाथ में तख्तियां लेकर संविधान के मूल अधिकारों-कर्तव्यों एवं अन्य प्रावधानों को स्लोगन के माध्यम से प्रदर्शित किया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों-कर्त्तव्यों एवं प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था। इसके अलावा छात्रावास-आश्रमों में भाषण प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इस पूरे आयोजन में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

बेहतर समय प्रबंधन और मेहनत से मिलती है सफलता : नम्रता गांधी

27-Nov-2024
धमतरी।  ( शोर संदेश ) बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धमतरी में 26 नवंबर को एक दिवसीय कैरियर गाईडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर नम्रता गांधी सहित अधिकारियों ने महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को सफलता के मूलमंत्र बताए।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी कार्य को दबाव में अथवा मजबूरी में नहीं करें, बल्कि उस कार्य में स्वयं की दिलचस्पी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ लक्ष्य निर्धारित कर बेहतर समय प्रबंधन और कड़ी मेहनत करनी चाहिए। हर विद्यार्थी को अपने लिए पढ़ाई करनी चाहिए, क्योंकि पढ़ाई ही वह साधन है, जो आपको उच्चस्तर तक ले जाने में मदद करता है। उन्होंने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि जिंदगी में असफलता से घबराएं नहीं और परिस्थितियों का सामना करने डटे रहें। आपका भविष्य उज्जवल है, अच्छा इंसान बने, अधिक से अधिक लोगों की सेवा कर उनके जीवन को बदलें। उन्होंने कहा कि जीवन में खुश रहना एवं रखना महत्वपूर्ण है। जिंदगी खूबसूरत है, जिंदगी में कई परिस्थितियों होती हैं। सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उसमें स्वयं की दिलचस्पी होना जरूरी है। कलेक्टर ने कहा कि यूपीएससी, पीएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रश्नों का अवलोकन करें और उन्हें समझें कि किस क्षेत्र से प्रश्न पूछा गया है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि मैंने 10 वीं क्लास से ही आईएएस बनने की ज़िद कर ली थी और मैं आईएएस बन गई।
कलेक्टर ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यूपीएससी में चयनित अभ्यर्थियों को इंटरव्यू में सबसे सरल सवाल पूछे जाते हैं। सर्वप्रथम अभ्यर्थियों से बेसिक जानकारी ली जाती है और अभ्यर्थियों के व्यक्तित्व के बारे में सवाल किए जाते हैं। साथ ही कलेक्टर ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए। इस अवसर डीएसपी नेहा पवार, सहायक प्राध्यापक नवीन शासकीय महाविद्यालय कंडेल पीतांबर सिन्हा सहित अन्य अतिथियों ने भी बच्चों को करियर के टिप्स दिए। इस अवसर पर प्राचार्य डा विनोद कुमार पाठक, अमित कुमार साहू, गोविंद प्रसाद, प्लेसमेंट प्रभारी आकांक्षा मरकाम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
दृढ़संकल्पित होना जरूरी: कलेक्टर ने कहा कि कोई भी चीज को पाने के लिए लक्ष्य निर्धारित करने के साथ दृढ़संकल्पित होना जरूरी है। साथ ही जज्बा और कड़ी मेहनत से निश्चित ही सकारात्मक परिणाम मिलता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में सीखने, समझने की जिज्ञासा होनी चाहिए। पढ़ाई को बोझ समझने से बेहतर हैं कि खेल की तरह मन लगाकर करें। उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत कर कुछ बड़ा कर गुजरने की चाहत होनी चाहिए। जीवन में कठिनाई के दौर भी आते हैं, लेकिन मेहनत ही सफलता दिलाती है।


Feedback/Enquiry



Log In Your Account