ब्रेकिंग न्यूज

शिक्षा

मुख्यमंत्री अपने बचपन के स्कूली शिक्षक से मिलकर हुए भाव विभोर

26-Sep-2024
रायपुर।    ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने बचपन के स्कूली शिक्षक राजेश्वर पाठक से मुलाकात कर भाव विभोर हो गए। उन्होंने अपने स्कूल के दिनों को याद किया और अपने शिक्षक का चरण स्पर्श कर अभिवादन किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरूजनों का ही आशीर्वाद है कि मैं यहां तक पहुंच पाया हूँ ऐसा कहते हुए उन्होंने अपने शिक्षक से फिर से आशीर्वाद मांगा और उनके शिक्षक ने भी पूरे दिल से आशीर्वाद दिया। 
मुख्यमंत्री साय को स्कूल पढ़ाने वाले 94 वर्षीय शिक्षक राजेश्वर पाठक ने बताया कि जब वे लोयला उच्चतर माध्यमिक शाला कुनकुरी में पढ़ाया करते थे तब मुख्यमंत्री  साय छात्र हुआ करते थे। वे बचपन से ही बहुत प्रतिभावान, आज्ञाकारी और विनम्र स्वाभाव के थे। सौम्यता और सरलता उनकी विशिष्ट पहचान थी। जब वे सांसद थे तब भी और मुख्यमंत्री बनने के बाद, जब भी वे मिले तो उनमें वही विनम्रता और वही सम्मान का भाव दिखा जो अद्भुत है। 

कलेक्टर ने प्राथमिक शाला भिंभौरी का निरीक्षण कर बच्चों से की बात

26-Sep-2024
बेमेतरा।  ( शोर संदेश )   कलेक्टर रणबीर शर्मा ने प्राथमिक शाला स्कूल भिंभौरी का निरीक्षण किया और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान, उन्होंने कक्षाओं में जाकर बच्चों से बातचीत की और उनकी शिक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की। शर्मा ने बच्चों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर उनकी शैक्षिक प्रगति का आकलन किया और शिक्षकों से भी उनकी पढ़ाई के तरीकों के बारे में चर्चा की। इस मौके पर उनके साथ एसडीएम बेरला पिंकी मनहर, डिप्टी कलेक्टर दिव्या पोटाई और तहसीलदार भी उपस्थित थे। ’कलेक्टर ने बच्चों के साथ घुल-मिलकर समय बिताया और उनके उत्साह और जिज्ञासा की सराहना की। उन्होंने बच्चों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं, जिससे स्कूल में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा। स्कूल की व्यवस्था और शैक्षणिक माहौल से कलेक्टर संतुष्ट नजर आए और स्कूल के शिक्षकों को सराहनीय कार्य के लिए प्रोत्साहित किया।
इसके अलावा, कलेक्टर ने स्कूल के विकास और बुनियादी सुविधाओं में सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा के गुणवत्ता स्तर को और अधिक सशक्त बनाने के लिए शिक्षकों से नियमित प्रयास करने पर जोर दिया। इस अवसर पर स्कूल के प्रबंधन और स्टाफ ने कलेक्टर के निर्देशों का पालन करने का भरोसा दिया।

एसडीएम आशुतोष देवांगन ने नाना के याद में किया स्कूल में न्यौता भोज का आयोजन

24-Sep-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश एवं कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में जिले के स्कूलों में बच्चों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने की दिशा में न्यौता भोज का आयोजन किया जा रहा है। आज तिल्दा-नेवरा एसडीएम आशुतोष कुमार देवांगन ने अपने नाना स्वर्गीय रतिराम देवांगन की पुण्यतिथि के अवसर पर शासकीय प्राथमिक माध्यमिक शाला ग्राम छतौद में न्यौता भोज का आयोजन किया। इस अवसर पर सीईओ जनपद पंचायत विवेक गोस्वामी, जनपद सदस्य स्वाति वर्मा, सरपंच, जनप्रतिनिधि, संकुल समन्वयक, प्रधान पाठक, परिवारजन एवं स्कूल के अन्य शिक्षक गण उपस्थित थे ।
 

सहायक मार्शल की भर्ती परीक्षा 6 अक्टूबर को होगी

23-Sep-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )   छत्तीसगढ़ विधानसभा सचिवालय के तहत सहायक मार्शल पदों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन 6 अक्टूबर को किया जाएगा। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) इस परीक्षा का संचालन करेगी। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.45 बजे तक होगी।
सचिवालय की वेबसाइट पर पहले ही ऑनलाइन आवेदन जमा किया गया था, जिसमें विभागीय शारीरिक नाप-जोख और दक्षता परीक्षण के पात्र अभ्यर्थियों को अब व्यापमं की वेबसाइट पर जाकर पंजीयन करना होगा।
पंजीयन प्रक्रिया 9 सितंबर शुरू हुई थी, जिसका 22 सितंबर को आखिरी दिन था है।
नियंत्रक छत्तीसगढ़ व्यावसायिक शिक्षा मंडल के अनुसार, व्यापम पंजीयन नंबर और परीक्षा जिला के चयन के आधार पर ही लिखित परीक्षा के लिए अभ्यर्थी को 30 सितंबर को प्रवेश पत्र जारी किया जाएगा। जिसे अभ्यर्थी व्यापमं की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं।
पंजीयन नहीं करने वाले अभ्यर्थी नहीं दे सकेंगे परीक्षा 
जिस अभ्यर्थी ने छत्तीसगढ़ व्यापमं के वेबसाइट में पंजीयन नहीं किया होगा, उन्हें संचालक, छत्तीसगढ़ विधान सभा सचिवालय के निर्देशानुसार लिखित परीक्षा से वंचित माना जाएगा या जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी अभ्यर्थी के स्वयं की होगी।
इस सम्बंध में कोई पत्राचार स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थी के पहले से जमा किए गए ऑनलाइन आवेदन पत्र में किसी भी तरह का सुधार या संशोधन करने की अनुमति नहीं होगी।

दोबारा मूल्यांकन में 4 हजार 284 बच्चों का बदला रिजल्ट, छात्रों के 20-50 नंबर तक बढ़े

23-Sep-2024
रायपुर।    ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने आंसर शीट मूल्यांकन में लापरवाही बरतने वाले 68 शिक्षकों को ब्लैक लिस्टेड कर दिया है। इसका असर इन शिक्षकों की वार्षिक वेतन वृद्धि पर भी पड़ेगा। 68 शिक्षकों में से 61 शिक्षकों को 3 साल और 7 शिक्षकों को 5 साल के लिए मंडल के काम से बाहर कर दिया गया है। प्रदेशभर से लगभग 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने पुनर्गणना और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। पुनर्गणना में छात्रों के आंसर में बहुत फर्क मिला है। छात्रों के अंकों में 20 से लेकर 50 अंक से अधिक की बढ़ोतरी हुई। दोबारा मूल्यांकन में 4 हजार 284 बच्चों के रिजल्ट बदल गए हैं।
61 शिक्षकों के किए गए मूल्यांकन में दोबारा जांच कराए जाने पर 20 से 40 नंबर हिंदी में बढ़े हैं। इनमें 12 शिक्षक हिन्दी विषय के हैं। इसके अलावा अंग्रेजी 8, इतिहास 1, भूगोल 3. राजनीति विज्ञान भौतिक 5, रसायन 7, जीव विज्ञान 7, लेखाशास्त्र 1, व्यवसाय अध्ययन 2, अर्थशास्त्र 6, फसल उत्पादन के शिक्षकों पर कार्रवाई की गई है।
इसके अलावा पशुपालन विषय के 2 शिक्षक, अकाउंटेंसी और अर्थशास्त्र के 3 शिक्षक ऐसे हैं, जिनकी उत्तर पुस्तिकाओं में 49 अंकों का अंतर है। साथ ही इतिहास, बिजनेस स्टडीज, अर्थशास्त्र, कृषि विज्ञान और गणित के 4 शिक्षकों द्वारा किए गए मूल्यांकन की दोबारा जांच की गई। इसमें 50 से अधिक अंकों की बढ़ोतरी हुई है। पहली मुख्य परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद मिले नंबरों में संतुष्ट नहीं होने पर दोबारा मूल्यांकन की व्यवस्था की गई। 12वीं के 10 हजार 960 विद्यार्थियों ने दोबारा मूल्यांकन के लिए आवेदन किया था। इनमें से कुछ विद्यार्थियों ने उत्तर पुस्तिका की फोटो कॉपी भी मांगी थी।

हाईस्कूल और हायर सेकण्डरी परीक्षा 2024 की प्रावीण्य सूची जारी

20-Sep-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने हाईस्कूल एवं हायर सेकण्डरी मुख्य परीक्षा वर्ष 2024 की अंतिम प्रावीण्य सूची जारी कर दी है। यह सूची मण्डल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर अपलोड कर दी गई है। छात्र अब अपने परीक्षा परिणाम और मेरिट सूची को मण्डल की वेबसाइट पर देख सकते हैं।

छात्रावास अधीक्षक श्रेणी द की भर्ती परीक्षा संपन्न

16-Sep-2024
बेमेतरा । ( शोर संदेश )   छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल रायपुर द्वारा रविवार 15 सितंबर को दोपहर 12:00 बजे से अपरान्ह 02:15 तक छात्रावास अधीक्षक श्रेणी "द" (TIIS24) भर्ती परीक्षा 2024 आयोजित हुई। जिसमें बेमेतरा जिला अंतर्गत 16514 परीक्षार्थी शामिल होने थे। जिसमें से 7800 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा में 8714 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उक्त परीक्षा के सफल संचालन एवं परीक्षार्थियों के सुविधा की दृष्टि से ज़िले में 64 परीक्षा केन्द्र बनाये गये थे। ज़िला प्रशासन ने सभी केंद्रों पर तैयारी पूरी कर ली है। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने सभी केंद्रों पर अधिकारियों की नामज़द ड्यूटी लगायी है। परीक्षा के दौरान असामाजिक तत्वों एवं नकल आदि को रोकने हेतु सक्षम अधिकारियों के नेतृत्व में उड़नदस्ता दल गठित किया गया है। साथ ही प्रत्येक परीक्षा केन्द्रों में गोपनीय सामग्री पहुंचाने व परीक्षा पश्चात् पुनः सुरक्षित जमा करने हेतु पर्यवेक्षक की नियुक्ति करते हुए पर्याप्त मात्रा में परीक्षा केन्द्रवार पुलिस बल की व्यवस्था भी की गई थी।

सरकार का बड़ा तोहफा : अब स्टूडेंट्स के खातों में सीधे क्रेडिट होंगे 1,11000 रुपए

15-Sep-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  स्टूडेंट्स को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई योजना का लाभ आज लाखों विद्यार्थियों को मिल रहा है. जी हां यदि आप भी इस राज्य के स्टूडेंट्स हैं तो आप भी मेधावी छात्र योजना में आवेदन कर सकते हैं. जिसके तहत मेधावी छात्रों को 1,11000 रुपए की मिलेंगे. ताकि राज्य के मेधावी छात्र आर्थिक तंगी के चलते पढ़ाई न छोड़ें. आपको बता दें कि योजना का लाभ सीधे स्टूडेंट्स के अकाउंट्स में पहुंचेगा. इसके पीछे सरकार की मंसा यह भी  है कि स्टूडेंट्स के पैसे बंदरबांट होने से बच जाएं. स्कॅालरशिप का लाभ लेने के लिए पात्र स्टूडेंट्स को कुछ जरूरी डॅाक्यूमेंटेशन करना होता है..
अगर आप भी हरियाणा राज्य के निवासी हैं, साथ ही अनुसूचित वर्ग से आते हैं तो आप योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं. मुख्यमंत्री मेधावी छात्र योजना का लाभ प्रदेश में अनुसूचित वर्ग के छात्रों को दिया जाएगा. योजना के तहत सरकार की ओर से 1,11,000 रुपये की आर्थिक सहायता अनुसूचित वर्ग के छात्रों को दी जाएगी. आपको बता दें कि  यह योजना छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में सहायता देने के लिए है. योजना के तहत जो छात्र 12वीं क्लास के एग्जाम्स में 90% से ज्यादा मार्क्स लेकर आता है. उस छात्र को 1,11,000 रुपये दिए जाएंगे.
इन दस्तावेजों की जरूरत
जरूरी डॅाक्यूमेंटेशन  की बात करें तो मुख्यमंत्री मेधावी छात्र योजना के तहत अनुसूचित वर्ग के छात्रों को आवेदन करने के लिए कुछ दस्तावेज जमा करने जरूरी होंगे. इनमें 12वीं की मार्कशीट, आधार कार्ड, राशन कार्ड, परिवार पहचान पत्र, हरियाणा जाति प्रमाण पत्र, परिवार की वार्षिक इनकम का सर्टिफिकेट, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक खाता डीटेल्स और हरियाणा का निवासी प्रमाण पत्र शामिल है. साथ ही आवेदन का तरीका भी बेहद आसान है. स्टूडेंट्स सीधे ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. इसके बाद लॉगइन आईडी और पासवर्ड दर्ज करके लॉगइन कर करना होगा. इसके बाद आपको सर्च बार में जाकर 'Mukhyamantri Medhavi Chhatra Yojana' नाम लिख कर सर्च करना होगा.

मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना से स्कूल में पढ़ाई की सुविधा बढ़ी

14-Sep-2024
रायपुर ।  ( शोर संदेश )  अब जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बरगवां में बच्चों को पढ़ाई करने में सहुलियत होगी। मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत यहां कुल 16.10 लाख रूपये की लागत से दो नए कमरे बनकर तैयार हो गए है। दरअसल इस स्कूल में बच्चों के लिए पढ़ने हेतु कक्षों की कमी हो रही थी।
स्कूल में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने के कारण उन्हें एक ही कक्ष में बैठकर पढ़ना पड़ता था, जिससे उन्हें परेशानी होती थी। तीन बने हुए कक्षों में एक कक्ष का सात साल पहले जीर्णोद्धार हुआ था। बाकी जर्जर स्थिति में थे। मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के माध्यम से इस समस्या का समाधान निकालने के लिए अतिरिक्त कक्ष निर्माण का निर्णय लिया गया।
जांजगीर-चांपा के जनपद पंचायत अकलतरा के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बरगवाँ में मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के माध्यम से ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग जांजगीर के द्वारा 02 नग अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य कराया गया है। शाला में अतिरिक्त कक्ष निर्माण हो जाने से विद्यार्थियों को बैठक व्यवस्था मं सुविधा होने लगी। कक्षावार विद्यार्थियों की बैठक व्यवस्था होेने से उनके अध्ययन कार्य और शिक्षकों के अध्यापन कार्य में सहजता हुई है। विद्यार्थियों को अब पढ़ने के लिए आरामदायक वातावरण मिल गया है, विद्यार्थी अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित कर पा रहे हैं। यहां 6वीं, 7वीं और 8वीं में कुल 102 बच्चे अध्ययनरत हैं। तीन कक्ष में एक ही हाल में दो नए कमरे बनने से अब कक्षों में विद्यार्थियों की कम भीड़ है, जिससे शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के विद्यार्थियों, शिक्षकों ने मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत कक्ष बनने के बाद मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए खुशी जाहिर की है।

गुरु शिक्षा देकर हमारे जीवन के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते है: टंक राम वर्मा

11-Sep-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश )  बच्चे शिक्षकों के मार्गदर्शन से भविष्य में देश के बेहतर नागरिक बनते हैं। हमारे देश मे गुरु पूजन की परम्परा है। गुरु का जीवन मे बहुत महत्व है। गुरु शिक्षा देकर हमारे जीवन के अंधकार को दूर कर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते है। गुरु को भगवान और माता-पिता से ऊपर का स्थान दिया गया है। उन्होंने शिक्षक को मानव जीवन निर्माण के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक बताया। शिक्षक भविष्य निर्माता होते हैं। वे समाज का दर्पण बनकर वास्तविक हालातों से अवगत कराते हैं। व्यक्ति के जीवन के सफलता में शिक्षक का अहम भूमिका होती है। उपरोक्त बातें राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने आज तिल्दा विकासखंड के बी.एन. बी. हायर सेकंडरी स्कूल और कुंदरू स्कूल में आयोजित विकासखंड स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में कहा।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, शिक्षक हमेशा अपने ज्ञान और अनुभव से समाज की दशा बदलने और सकारात्मक दिशा देने में महती भूमिका निभाता है। शिक्षक नैतिकता का पाठ पढ़ाते है। बच्चों के जीवन को संस्कारवान करने का कार्य शिक्षक का है। कार्यक्रम को धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने भी संबोधित किया।
कुंदरू हाईस्कूल में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने 97 शिक्षकों का प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया। इस दौरान कुंदरू के उड़ान महिला संगठन को 50 हज़ार रुपए प्रदान करने की घोषणा की। शिक्षक सम्मान समारोह के बाद मंत्री श्री वर्मा ने गुजरा (भुरसुदा) में 75 लाख रुपए की लागत से निर्मित शाला भवन का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर जनपद उपाध्यक्ष टिकेश्वर मनहरे अध्यक्ष नगर पालिका लेमिक्षा गुरू डहरिया, उपाध्यक्ष नगर पालिका विकास सुखवानी, अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्राचार्य बी.एन.बी. राजेश चंदानी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, पालकगण और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


Feedback/Enquiry



Log In Your Account