ब्रेकिंग न्यूज

शिक्षा

कलेक्टर ने घोड़ादाना प्राथमिक स्कूल का किया निरीक्षण

09-Aug-2024
बिलासपुर।  ( शोर संदेश )  कलेक्टर अवनीश शरण ने आज सवेरे तारबहार स्थित घोड़ादाना प्राथमिक स्कूल का आकस्मिक निरीक्षण किया। स्कूल में कक्षा पहली से पांचवी तक 118 बच्चे पढ़ाई करते हैं। उन्होंने बच्चों से पूछताछ कर पढ़ाई की गुणवत्ता परखी। अपने सामने उन्होंने हिन्दी और अंग्रेजी के कुछ पाठ पढ़ने कहा। पढ़ने की गति संतोषप्रद पाई गई। उन्होंने कम्प्यूटर कक्ष का भी अवलोकन किया। पांचवी की छात्राएं बुनियादी चीजें सीख रही थीं। कुछ सवाल देकर उनका हौसला बढ़ाया। दूसरी के बच्चों का खेल खेल में शिक्षा का अभ्यास कराया जा रहा था। मध्यान्ह भोजन योजना के बारे में भी बच्चों से जानकारी ली। स्कूल की समस्याएं भी सुनी।
बताया गया कि स्कूल में जगह की कमी है। उनका स्वयं का सामने में भवन है। लेकिन टॉयलेट एवं थोड़ी मरम्मत की जरूरत है। कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को इनका मरम्मत करने के निर्देश दिए। उन्होंने चाकलेट बांटकर बच्चों का हौसला भी बढ़ाया। इस अवसर पर संयुक्त संचालक आरपी आदित्य, सहायक संचालक अनिल तिवारी, संकुल समन्वयक एवं सेजेस स्कूल की प्राचार्या उषा चन्द्रा भी उपस्थित थीं।

आचार्य शर्मा ने सरकारी स्कूल जुनवानी में दिया न्यौता भोज

09-Aug-2024
भिलाई। ( शोर संदेश )   शिक्षाविद् एवं वरिष्ठ साहित्यकार आचार्य डॉ.महेश चन्द्र शर्मा ने शासकीय प्राथमिक शाला जुनवानी, स्मृति नगर, भिलाई में विद्यालय में न्योता भोज दिया। डेढ़ सौ से अधिक छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी ससम्मान भोज्य सामग्रियां परोसी गयीं। इस अवसर पर कनकलता गौर, रूखमणी वर्मा, भूमिका वर्मा, हेमलाल केवट, ओमप्रकाश कॅंवर, शैल कैवर्त एवं तिवारी आदि उपस्थित थे।
छात्र -छात्राओं ने भोजन के मजा लेते हुवे गानों का आनंद भी लिया। बच्चों के चेहरों की खुशी देखते ही बनती थी। इस मौके पर लोक कलाकार देवेन्द्र वर्मा ने गीत भी सुनाए , बच्चों ने गायन की मस्ती में झूमते हुये इन्हें दोहराया। शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, जुनवानी, स्मृति नगर, भिलाई की प्रधान पाठिका रजनी शर्मा इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सब ने आचार्य डॉ. महेश चन्द्र शर्मा को बधाईयां, शुभकामनाएं और धन्यवाद भी दी। उल्लेखनीय है कि  इस दिन वरिष्ठ लेखक आचार्य डॉ.महेश चन्द्र शर्मा का जन्मदिन भी था।
 

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुरूद का किया जाएगा कायाकल्प

08-Aug-2024
धमतरी।   ( शोर संदेश ) कुरूद स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का कायाकल्प किया जाएगा। इसके मद्देनजर कलेक्टर नम्रता गांधी ने स्कूल भवन और परिसर का अवलोकन किया। कलेक्टर ने कहा कि स्वयंसेवी संस्था रायपुर कैपिटल राउंड टेबल 241 द्वारा स्कूल मरम्मत एवं रिनोवेशन का कार्य करेगी। इसके लिए उन्होंने कार्यपालन अभियंता ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग को स्कूल भवन का मुआयना कर प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने उन्होंने कहा कि शाला भवन को सुसज्जित व सुन्दर बनाने के लिए उक्त संस्था को प्राक्कलन प्रदाय किया जाए। साथ ही उक्त कार्य में आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र एवं अन्य दस्तावेज प्रदाय करने के निर्देश कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर एसडीएम कुरूद डी.डी.मण्डावी, जिला शिक्षा अधिकारी टी.आर.जगदल्ले, सहायक संचालक शिक्षा एलडी चौधरी, तहसीलदार दुर्गा साहू सहित संबंधित अधिकारी और स्कूल के प्राचार्य उपस्थित रहे।
 

सीएम साय की पहल पर शासकीय स्कूलों में शुरू हुई पालक-शिक्षक बैठक

07-Aug-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश ) मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नई शिक्षा नीति के संबंध में पालकों को जानकारी देने और शिक्षा में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के मद्देनजर राज्य में मेगा पालक-शिक्षक मीटिंग का आयोजन किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री साय द्वारा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में प्राइवेट स्कूल में आयोजित होने वाले पीटीएम की तरह सरकारी स्कूलों में भी पालक शिक्षक बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री साय स्वयं भी पालक-शिक्षक मीटिंग में शामिल हुए। अपने जशपुर जिले के प्रवास के दौरान वे ग्राम बंदरचुंआ में आयोजित पालक-शिक्षक मीटिंग में शामिल हुए थे और स्कूली बच्चों से नई शिक्षा नीति पर चर्चा के  साथ-साथ पढ़ाई को लेकर संवाद किया। बैठक में सचिव स्कूल शिक्षा सिद्धार्थ कोमल परदेशी भी शामिल हुए। संचालक लोक शिक्षण दिव्या मिश्रा भी महासमुंद जिले के 10 संकुलों में आयोजित बैठकों में शामिल हुई।
स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने बताया कि अब तक 5500 संकुलों में पालक शिक्षकों की मीटिंग हो चुकी है। इसमें 7.59 लाख से अधिक पालक शिक्षक शामिल हुए हैं। एक पेड़ मां नाम अभियान के तहत स्कूलों में दो लाख से अधिक पौधों का रोपण पालक एवं शिक्षकों द्वारा किया गया है।उन्होंने बताया कि पालक-शिक्षक बैठक का मुख्य उद्देश्य पढ़ाई लिखाई और स्कूली गतिविधियों में शिक्षकों के साथ पालकों की सहभागिता सुनिश्चित करना है। पालक शिक्षक बैठक चालू शैक्षणिक सत्र में तिमाही और अर्द्धवार्षिक परीक्षा परिणाम के उपरांत पालक शिक्षक बैठक आयोजित करने की योजना है। उन्होंने बताया कि बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सर्वांगीण विकास हेतु विद्यालय और पालकों के मध्य समन्वय स्थापित करने साथ-साथ बच्चों की संपूर्ण गतिविधियों से पालकों को अवगत कराना है।
परदेशी ने बताया कि इन आयोजनों के दौरान शिक्षकों का उन्मुखीकरण कार्यशाला भी आयोजित की जा रही है। इन कार्यशालाओं में संकुल प्राचार्य के साथ पालक, शाला विकास समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, काउंसलर, शिक्षक, शिक्षाविद्, मनोवैज्ञानिक, डॉक्टर आदि शामिल हो रहे हैं। इन बैठकों में 65 हजार से अधिक शिक्षकों का उन्मुखीकरण किया गया। इसके अलावा, 16 हजार से अधिक काउंसलर, मनोवैज्ञानिक, डॉक्टर और शिक्षाविदों ने अपनी सहमति दी।
परदेशी ने बताया कि इन बैठकों में जन प्रतिनिधि, जिला कलेक्टर और पालक उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के लिए शपथ भी ले रहे हैं। बैठक के बाद स्कूलों में न्यौता भोज का भी आयोजन किया जा रहा है। पालक-शिक्षक बैठकों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर पालकों से चर्चा के अलावा बच्चों की शिक्षा के लिए घर में पालकों द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं पर सुझाव दिए जा रहे हैं, इसके अलावा योजनाओं और शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन कार्यक्रमों, प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी और डिजिटल प्लेटफार्म का उपयोग करने के लिए पालकों को एप डाउनलोड करवाए जा रहे हैं।
 

कॉलेज छात्राओं को नई शिक्षा नीति की दी गई जानकारी

06-Aug-2024
बगबुड़ा।    ( शोर संदेश )   शासकीय महाविद्यालय लवन में दीक्षारंभ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सम्मिलित हुए। अतिथियों द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का विषय विद्यार्थियों के बीच रखा गया। नव प्रवेशित छात्रों का गुलाल से तिलक लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस कार्यक्रम में प्रमुख रूप से, प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ अजय राव, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सुलोचना यादव, महाविद्यालय के प्राचार्य,अशोक कुमार उपाध्याय, भाज्युमो जिला महामंत्री प्रशांत यादव, नगर पंचायत लवन के अध्यक्ष मीना बार्वे जी, उपाध्यक्ष रामकुमार साहू, मण्डल अध्यक्ष विजय यादव आदि मौजूद रहे।

सरस्वती साइकिल योजना से बदली छात्राओं की जिंदगी

03-Aug-2024
रायगढ़।   ( शोर संदेश )  छत्तीसगढ़ शासन की सरस्वती सायकल योजना ने कई छात्राओं की जिंदगी में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। इस योजना के तहत शासन द्वारा छात्राओं को मुफ्त साइकिलें वितरित की जा रही हैं ताकि वे स्कूल तक आसानी से पहुंच सकें। इसी कड़ी में आज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गेरवानी, विकासखंड रायगढ़ में सरस्वती सायकल योजना के तहत 27 छात्राओं को साइकिल का वितरण किया गया। सरस्वती सायकल योजना का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज से आने वाले छात्राओं की सुविधाओं और उनके शिक्षा में निरंतर को बढ़ावा देना है। आज यहां सरस्वती सायकल पाकर छात्राओं ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को धन्यवाद ज्ञापित किए। सरस्वती सायकल योजना ने न केवल छात्राओं को स्कूल तक पहुंचने में मदद की है, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ाया है। अब वे स्कूल जाने के लिए उत्साहित हैं और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रयास कर रही हैं। इस योजना के तहत शासन ने अब तक लाखों छात्राओं को मुफ्त साइकिलें वितरित की हैं। यह योजना न केवल छात्राओं को शिक्षा के अवसर प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर भी बना रही है। इस योजना के परिणाम स्वरूप छत्तीसगढ़ में छात्राओं की स्कूल उपस्थिति में वृद्धि हुई है। अब वे स्कूल जाने के लिए उत्साहित हैं और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रयास कर रही हैं।
सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत गेरवानी में अध्यनरत छात्राओं के जीवन में एक नई रोशनी भर दी है, जो उन्हें शिक्षा के मार्ग पर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगी। योजना अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, बीपीएल कार्ड धारी पात्र छात्राओं को साइकिल वितरित किया जाता है। हायर सेकेंडरी स्कूल गेरवानी में आज 27 साइकिलों का वितरण किया गया। साइकिल पाकर छात्राओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। छात्राओं ने कहा अब साइकिल मिलने से स्कूल आने-जाने में अधिक समय और ऊर्जा की बचत होगी, जिससे वह अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। इस योजना का लाभ उठाने वाली एक छात्रा ने कहा मुझे स्कूल आने के लिए 2 किलोमीटर पैदल चलकर आना पड़ता था। लेकिन अब मुझे साइकिल मिल गई है, जिससे मैं आसानी से स्कूल जा सकती हूँ और मैं अब स्कूल में नियमित रूप से उपस्थित हो पाऊंगी और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रयास करूंगी। इसी तरह एक अन्य छात्रा ने कहा घर से स्कूल की दूरी अधिक होने के कारण स्कूल में नियमित उपस्थिति नहीं दे पाती थी, जिसकी वजह से कोर्स में भी पीछे रह जाती थी, लेकिन अब सायकल मिलने से स्कूल में नियमित रूप से उपस्थित हो पाऊंगी और माता-पिता भी खुश होंगे कि मैं अब नियमित स्कूल जा रही हूँ। आयोजित साइकिल वितरण कार्यक्रम में सरपंच चमेली सिदार, विजय डनसेना, सियाराम डनसेना, खुशीराम, अजय, सुरेश अग्रवाल, भोजराम भट्ट, प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ गण तथा बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे।

एएसपी ने स्टूडेंट्स को यातायात नियमों की पढ़ाई पाठ

02-Aug-2024
कांकेर।   ( शोर संदेश )  सेंट माइकल स्कूल कांकेर में छात्र-छात्रों को साइबर अपराध. अभिव्यक्ति ऐप.. कैसे उपयोग करें.एवं यातायात नियमों की जानकारी देते हुए मोटिवेट किया गया। साथ ही सोशल मीडिआ के सही उपयोग..फेसबुक इंस्टाग्राम वाट्सप एवं अन्य एप्लीकेशन के सेफ्टी फीचर्स और कैरियर गैंडेन्स की जानकरी दी गयी। इस दौरान सड़क दुर्घटना में कमी लाने के उद्देश्य से रक्षित निरीक्षक दीपक साव, यातायात प्रभारी द्वारा सड़को पर लगी साइन बोर्ड्स और एज मार्किंग के बारे में बताया गया।
बता दें कि इससे पहले यातायात बल एवं महिला सुरक्षा दल के द्वारा सेंट माइकल स्कूल गोविंदपुर में जाकर स्कूल बसों का चेकिंग किया गया चेकिंग के दौरान बस के पेपर, आर0सी0, फिटनेस, लाइसेंस व अन्य दस्तावेजों को चेक किया गया व बस में जो कमिया पायी गयी उसके बारे में संचालक एवं प्रिंसिपल को बताया गया कि इस पर सुधार किया जाए। साथ ही साथ बच्चों को लाने ले जाने के लिए जहां-जहां पर महिला परिचालकों को कमी थी उसके बारे में बताया गया व महिला परिचालकों को बच्चों को लाने ले जाने के समय बच्चों को किस प्रकार की समस्या होती उसको जानने का प्रयास किया जाए कैसे बच्चों को ठीक से लाया ले जा सके इस संबध में बस चालकों से भी बात किया गया व बस चालकों की समस्याओं को भी यातायात पुलिस द्वारा सुनी गई व इन को दूर किया गया। महिला रक्षा टीम के द्वारा महिलाओं की सुरक्षा संबधी परिचालकों को ट्रेनिंग दिया व बच्चियों को गुड टच- बेड टच के बारे में बाताया गया। साथ ही साथ पूरे सप्ताह भर एसे ही शहर के सभी स्कूली बसों को स्कूलों में जाकर चेक किया जाएगा। साथ ही साथ आगे चलकर बालक/बलिकाओं को स्वयं के सुरक्षा संबधी, यातायात सुरक्षा संबधी एवं साइबर क्राईम ठगी के बारे में स्कूली बच्चो का क्लास लिया जाएगा।

कलेक्टर बने गुरू जी

01-Aug-2024
बालोद ( शोर संदेश )  कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय सिकोसा का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय सिकोसा के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर चन्द्रवाल पूरी तरह कुशल शिक्षक की भूमिका में नजर आ रहे थे। इस दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं में पहुँचकर बच्चों को उनके विषय का अध्यापन कराया। चन्द्रवाल ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय के विद्यार्थियों को गणित, रसायन, अंग्र्रेजी एवं हिन्दी विषय का अध्यापन कराकर बहुत ही रोचक एवं प्रेरणास्पद ढंग से विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी। इस दौरान चन्द्रवाल ने 12वीं कक्षा में पहुँचकर रसायन विषय के अध्यापन कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान में वाहनों के बैटरी में उपयोग की जाने वाली सेल का नाम तथा उसकी रसायनिक प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली।चन्द्रवाल ने बच्चों को हाइड्रोजर्न इंधन आदि के उपयोग एवं उनके रसायनिक प्रक्रिया आदि के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके पश्चात् उन्होंने कक्षा 12वीं के कला एवं वाणिज्य विषय के कक्षाओं में पहुँचकर हिन्दी विषय का अध्यापन कराया। इस दौरान विद्यार्थियों को भाषा के अर्थ, महत्व एवं भाव आदि के संबंध में रोचक ढंग से जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि भाषा का उपयोग करते समय भाव भी अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि भाषा के शुद्ध उच्चारण के साथ-साथ हमें सदैव सभ्य, शालीन एवं नम्रतापूर्वक अपने भावों एवं विचारों को अभिव्यक्त कराना चाहिए।
इस दौरान चन्द्रवाल ने विद्यालय में कक्षा 9वीं के गणित विषय के अध्यापन कार्य का अवलोकन किया। उन्हांने गणित विषय में रूचि रखने वाले बच्चों के संबंध में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने गणित विषय को अत्यंत रोचक बताते हुए कहा कि कोई भी विषय हमारे समझ में आने से वह विषय हमें रूचिकर लगने लगती है। चन्द्रवाल ने बच्चों को गणित विषय के अंतर्गत परिमेय एवं अपरिमेय संख्या के संबंध मं अध्यापन कराकर उसके संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कक्षा 8वीं में पहुँचकर अंग्रेजी विषय के अध्यापन कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों को अंग्रेजी के शब्दार्थ बताने तथा वाक्यों को पढ़कर सुनाने को कहा। इसके पश्चात् उन्होंने कक्षा 7वीं में पहुँचकर विज्ञान विषय के अध्यापन कार्य का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों से आधुनिक आवर्त सारणी के संबंध में जानकारी ली। चन्द्रवाल ने संस्था के प्राचार्य से विद्यालय में कार्यरत् कुल शिक्षकों एवं कर्मचारियों की संख्या तथा आज उनकी उपस्थिति के संबंध में भी जानकारी ली।

कॉलेजों में यूजी और पीजी की सीटें खाली, एडमिशन के लिए 31 जुलाई को अंतिम दिन

31-Jul-2024
रायपुर।   ( शोर संदेश )  शिक्षा सत्र 2024-25 के अनुसार यूजी व पीजी में प्रवेश के लिए बुधवार, 31 जुलाई को आखिरी दिन है। खाली सीटों को भरने के लिए सभी कॉलेजों में ओपन काउंसिलिंग होगी। पहले आओ पहले पाओ के फार्मूले से प्रवेश दिए जाएंगे। राजधानी के टॉप गवर्नमेंट कॉलेज जैसे साइंस कॉलेज में यूजी फर्स्ट ईयर में बायो की सीटें सीटें भर गई है। मैथ्स की कुछ सीटें खाली है।
डिग्री गर्ल्स कॉलेज में बीए, बीकॉम, बायो में प्रवेश हो चुके हैं। छत्तीसगढ़ कॉलेज में बायो व बीकॉम की सीटें फुल हो चुकी है। इन कॉलेजों में पीजी की सीटें खाली है। इसी तरह स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट मॉडल कॉलेज अटारी में भी अलग-अलग कोर्स में सीटें खाली है। इसके लिए कॉलेजों में ओपन काउंसिलिंग होगी। जानकारी के मुताबिक ज्यादातर शासकीय कॉलेजों यूजी व पीजी की 70 फीसदी सीटें भर गई है। प्राइवेट कॉलेजों में आधी सीटें खाली है। इस बार कुलपति की अनुमति से प्रवेश की आखिरी तारीख 31 जुलाई है। पिछले साल की तुलना में 14 दिन कम। इस तरह प्रवेश के लिए आज आखिरी दिन है।
इसे लेकर जानकारों का कहना है कि अभी तक के प्रवेश की स्थिति को देखकर लगता है कि इस बार न सिर्फ प्राइवेट कॉलेज, बल्कि कई शासकीय कॉलेजों की बड़ी संख्या सीटें खाली रह सकती है। इसलिए प्रवेश की तारीख कुछ दिन बढाई जानी चाहिए। गौरतलब है कि रविवि से संबद्ध करीब डेढ़ सौ कॉलेज हैं। इनमें यूजी की करीब 42 हजार सीटें हैं।
गवर्नमेंट नागार्जून पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज ऑफ साइंस (साइंस कॉलेज) रायपुर में आज ओपन काउंसिलिंग होगी। यहां यूजी फर्स्ट ईयर की अधिकांश सीटें भर गई है। मैथ्स ग्रुप में 5 कंबिनेशन हैं। इनमें कुछ सीटें खाली है। जबकि एमएससी में आरक्षित वर्ग की सीटें बची है। यह सीटें कनवर्ट होगी।
गवर्नमेंट जे.योगानंदम छत्तीसगढ़ कॉलेज रायपुर में यूजी फर्स्ट ईयर में जबकि बीएससी बायो में 265 सीटें हैं, सभी फुल हो चुकी है। बीकॉम में भी सभी 265 सीटें भर गई है। बीएससी मैथ्स की कुछ सीटें रिक्त है। इसी तरह यहां पीजीडीसीए, लॉ और पीजी की सीटें खाली है।
गवर्नमेंट दूधाधारी बजरंग गर्ल्स पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज (डिग्री गर्ल्स कॉलेज) रायपुर में यूजी फर्स्ट ईयर की अधिकांश सीटें भर गई है। मैथ्स व होसाइंस में सीटें रिक्त है। इसी तरह पीजी आर्ट्स जैसे हिंदी, इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस, साइकोलॉजी, समाजशासत्र, भूगोल समेत अन्य में सीटें खाली है।

 


शासन की महत्वाकांक्षी योजना से कबीरधाम के स्कूलों का हो रहा उन्नयन

31-Jul-2024
रायपुर।  ( शोर संदेश ) मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता और भवनों की स्थिति को बेहतर बनाने विशेष जोर दिया जा रहा है। कबीरधाम जिले के शासकीय स्कूलों का विशेष प्राथमिकता के साथ मरम्मत एवं जीर्णाेद्धार होने से विद्यार्थियों को शिक्षा का बेहतर वातावरण मिल रहा है। कबीरधाम जिले के स्कूलों के मरम्मत एवं जीर्णाेद्धार के लिए 42 करोड़ 19 लाख 88 हजार रूपए की स्वीकृति प्राप्त हुए है। वर्तमान शिक्षा सत्र में 653 स्कूलों का आवश्कता अनुसार मरम्मत एवं जीर्णाेद्धार किया गया है। इसके साथ ही 203 स्कूलों का कार्य प्रगतिरत हैं।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से कबीरधाम जिले के स्कूलों का उन्नयन कार्य किया जा रहा है। इसके माध्यम से छात्रों को एक सुरक्षित स्वच्छ और प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण भी मिलता है। कलेक्टर द्वारा इन कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है और इसकी मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए है। नवीनीकरण कार्यों के तहत स्कूलों में कई नई सुविधाएं जोड़ी गई है। इनमें स्वच्छ पेयजल की सुविधा, शौचालय, कम्प्यूटर शामिल है। ये सुविधाएं न केवल छात्रों की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करती है बल्कि उनकी पढ़ाई में भी सहायता करती है।
कबीरधाम जिले में स्कूल शिक्षा मद, समग्र शिक्षा मद, सीएसआर और पीएश्री मद से 2022-23 एवं 2023-24 के लिए शाला भवन मरम्मत, नवीनीकरण, आहता, शौचालय, पेयजल, वाटर हारर्वेस्टिंग रैम्प हैंडरेल एवं जीर्णाेद्धार कार्य के साथ अतिरिक्त कक्ष निर्माण कराया जा रहा है, जिसके लिए राज्य शासन से इन कार्यों की स्वीकृति प्राप्त हुई है। स्कूल मरम्मत, जीर्णाेद्धार, अतिरिक्त कक्ष निर्माण के लिए 23 करोड़ 26 लाख 07 हजार रूपए की लागत से 561 कार्य स्वीकृत किए गए है। इसमें 409 कार्य पूर्ण कर लिए गए है और 22 कार्य प्रगतिरत है। इसी तरह स्कूल शिक्षा मद के तहत अतिरिक्त कक्ष, जीर्णाेद्धार, आहता निर्माण के लिए 01 करोड़ 92 लाख 91 हजार रूपए की लागत से 24 कार्य स्वीकृत किए गए है। इसमें 23 कार्य पूर्ण कर लिए गए है और 01 कार्य प्रगतिरत है।
समग्र शिक्षा मद के तहत प्राथमिक, माध्यमिक शाला भवन निर्माण, मरम्मत, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, बालक-बालिका शौचालय, पेयजल के लिए 13 करोड़ 23 लाख 34 हजार रूपए की लागत से 366 कार्य स्वीकृत किए गए है। इसमें 188 कार्य पूर्ण कर लिए गए है और 158 कार्य प्रगतिरत है। समग्र शिक्षा मद के तहत हाई, हायर सेकेंण्डरी स्कूल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, मरम्मत, शौचालय, कम्प्यूटर के लिए 02 करोड़ 06 लाख 78 हजार रूपए की लागत से 28 कार्य स्वीकृत किए गए है। इसमें 14 कार्य पूर्ण कर लिए गए है और 13 कार्य प्रगतिरत है। सीएसआर मद के तहत शाला भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ 14 लाख 80 हजार रूपए की लागत से 10 कार्य स्वीकृत किए गए है। इसमें 10 कार्य पूर्ण कर लिए गए है है। पीएमश्री मद के तहत शौचालय, वाटर हारर्वेस्टिंग रैम्प हैंडरेल, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, मरम्मत के लिए 55 लाख 98 हजार रूपए की लागत से 18 कार्य स्वीकृत किए गए है। इसमें 09 कार्य पूर्ण कर लिए गए है और 09 कार्य प्रगतिरत है।
कलेक्टर द्वारा बैठक लेकर योजनाओं के तहत स्वीकृत प्रगतिरत कार्याे की नियमित समीक्षा की जा रही है और कार्याे को शीघ्रता से पूरा करने के निर्देश दिए है। इसकी नियमित मानिटरिंग भी की जा रही है। कलेक्टर ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य के लिए सतत निगरानी करने निर्देशित किया गया है तथा कार्य एजेंसी विभाग को समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्णता के लिए निर्देश दिए गए है।
उल्लेखनीय है कि स्कूल शिक्षा मद, समग्र शिक्षा मद, सीएसआर और पीएश्री मद से शाला भवन मरम्मत, नवीनीकरण, आहता, शौचालय, पेयजल, वाटर हारर्वेस्टिंग रैम्प हैंडरेल एवं जीर्णाेद्धार कार्य के साथ अतिरिक्त कक्ष निर्माण कराया जा रहा है। जिससे कि बच्चों को शिक्षा के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। गौरतलब है कि स्वीकृत सभी कार्यों को जिला पंचायत, आरईएस, ग्राम पंचायत द्वारा निर्माण कराया जा रहा है जिनमें से बहुत से कार्य पूर्ण होकर स्कूल प्रारंभ किया जा चुका है। शेष बचे कार्य भी लगभग पूर्णता की ओर है। स्कूलों का संचालन नियमित रूप से किया जा रहा है एवं जिन स्थानों में मरम्मत का कार्य प्रगति पर है वहां वैकल्पिक व्यवस्था के तहत स्कूल का संचालन निरंतर जारी है।



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account