ब्रेकिंग न्यूज

ब्रेकिंग न्यूज

देश में 24 घंटे में करीब 11 हजार नए मामले, 396 लोगों की मौत

12-Jun-2020

दिल्ली (शोर सन्देश) देश में कोरोना मरीजों के आंकड़े में जबरदस्त उछाल दर्ज की गई है. शुक्रवार को करीब 11 हजार नए मामले सामने आए और करीब 400 लोगों की मौत हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार सुबह जारी अपडेट के मुताबिक, अब देश में कुल मरीजों की संख्या 2 लाख 97 हजार 535 हो गई है, जिसमें 8498 लोग जान गंवा चुके हैं।

पिछले 24 घंटे में 10 हजार 956 नए मामले सामने आए हैं और 396 लोगों की मौत हो चुकी है. एक दिन में कंफर्म केस और मौत का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है. कोरोना से अब तक 1 लाख 47 हजार 195 लोग ठीक हो चुके हैं। अब देश में एक्टिव केस की संख्या 1 लाख 41 हजार 842 है।
कोरोना के सबसे अधिक केस महाराष्ट्र से सामने आए हैं. यहां कुल मरीजों का आंकड़ा 97 हजार 648 हो गया है। जिसमें से 3590 लोगों की मौत हो चुकी है. महाराष्ट्र में कोरोना से अब तक 46 हजार से अधिक लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि करीब 48 हजार एक्टिव केस है।
देश में कोरोना का कहर दिनों-दिन बढ़ता ही जा रहा है। प्रदेश छत्तीसगढ़ में अब तक कोरोना के कुल 96 हजार 230 संभावित व्यक्तियों की सेंपल जांच की गई है। अभी तक के 93 हजार 903 लोगों के परिणाम निगेटिव प्राप्त हुए हैं। 1 हजार 520 की जांच जारी है।


एक पति की दर्द भरी दास्ता,आखिर में चली गई जान

11-Jun-2020

दिल्ली में कोरोना से 8 माह की गर्भवती महिला की मौत, पढिए पूरी कहानी कोरोना मृतक के पति राजीव की जुबानी
दिल्ली (शोर सन्देश) लापरवाही ने सिर्फ मेरी पत्नी की जान ही नहीं ली, बल्कि उसके पेट में आठ महीने से सांस ले रहे मेरे बच्चे की भी जान ले ली। बीते 9 दिनों ने मेरी पूरी जिंदगी बदलकर रख दी है। सबकुछ खत्म हो गया।यह कहते-कहते राजीव का गला भर आया। कुछ देर के लिए फोन पर दोनों ओर से चुप्पी रही। फिर बोले, 28 मई को पता चला कि मोनिका को टाइफाइड हो गया है। हीमोग्लोबिन भी कम हो गया था। तब आठ महीने की प्रेग्नेंट थी। राजीव दिल्ली के शहादरा में रहते हैं और पत्नी का इलाज गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में चल रहा था। राजीव कहते हैं कि डॉक्टर के कहने पर मैंने 29 मई को उसका कोरोना टेस्ट करवाया। 30 मई की शाम रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। अस्पताल वालों ने कहा कि हमारे यहां कोरोना का इलाज नहीं होता, आप किसी और अस्पताल में चले जाइए। मैंने एक-एक अस्पताल में फोन लगाना शुरू किया। दिल्ली सरकार ने जो लिस्ट दी थी, उसमें सभी अस्पताल के नंबर थे।
रात में 1 बजे तक मैं फोन लगाता रहा, लेकिन सभी अस्पताल एडमिट करने से मना करते रहे। जहां फोन लगाता, सिर्फ यही जवाब मिल रहा था कि हमारे यहां बेड फुल हो चुके हैं, आप कहीं और भर्ती करवा दीजिए। कहीं कुछ बात नहीं बनी तो 30 तारीख की रात 1 बजे मैं अपने छोटे भाई के साथ पत्नी को लेकर गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी) पहुंचा।
अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टर बोले सैम्पल दीजिए यहां फिर से कोरोना की जांच होगी। सैम्पल के लिए हम दूसरे वॉर्ड में गए। वहां जाकर पता चला अभी तो तीन दिन के सैम्पल पेंडिंग हैं। सैम्पल लेने वाले ने कहा अभी सैम्पल लेकर रखने की भी जगह नहीं बची है। मैंने कहा कि आप ये लिखकर दे दो ताकि मैं डॉक्टर को दिखा दूं और वे मेरी पत्नी को एडमिट कर लें। उनका लिखा कागज लेकर हम दोबारा वार्ड में पहुंचे तो डॉक्टर ने कहा कि आप पेशेंट को एलएनजेपी अस्पताल ले जाइए, क्योंकि यहां तो जगह नहीं है।
ये करीब रात 3 बजे के की बात है। थक हारकर हम पत्नी को लेकर वापस घर गए। रात साढ़े तीन से सुबह 7 बजे तक मैं अलग-अलग प्राइवेट अस्पतालों में फोन लगाता रहा। लगा कि कोशिश करूं तो कहीं जगह मिल जाए। लेकिन हर जगह यही जवाब मिला कि बेड खाली नहीं है। किसी किसी अस्पताल ने तो ये भी कहा कि अभी हमें कोरोना के इलाज करने का अप्रूवल सरकार से नहीं मिला। एक अस्पताल से पूछा तो बोले कि आपने पहले हमारे यहां इलाज नहीं करवाया है, इसलिए अब यहां भर्ती नहीं कर पाएंगे।
मैक्स अस्पताल से पता चला कि एक बेड खाली हुआ है। कहा कि आप जाइए। तारीख थी 31 मई, सुबह साढ़े नौ बजे थे। पत्नी को लेकर मैं वहां पहुंचा। उन्होंने सारी जानकारी ली। मैंने बताया कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हीमोग्लोबिन भी कम है। आठ महीने का गर्भ है। यह सब सुनने के बाद एक सीनियर डॉक्टर आए और बोले, सॉरी हम आपके पेशेंट को नहीं ले सकते, क्योंकि बेड नहीं है। जब मैंने बोला कि मुझे फोन पर बताया था कि बेड है, इसलिए ही मैं आया। तो उन्होंने मानने से इनकार कर दिया।
यहां से हम मोनिका को एलएनजीपी अस्पताल ले आए। दो घंटे औपचारिकताएं चलती रहीं। फिर कुछ देर बाद उसे कॉमन रूम में शिफ्ट कर दिया। हैरानी की बात ये थी कि अगले चौबीस घंटे पत्नी का कोई ट्रीटमेंट ही नहीं हुआ। हां, रात में एक बार कोई आया उसने बच्चे के दिल की धड़कन देखी और चला गया।
मैंने डॉक्टर से कहा भी कि पत्नी को कोई देखने नहीं आया। उसका इलाज नहीं हो रहा। तो बोले कि हम प्रोसीजर के हिसाब से काम कर रहे हैं। आप हमें मत बताइए। उसे दो बार एक से दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया, इस दौरान वह अपना सामान खुद यहां से वहां ले जा रही थी। कॉमन वार्ड में पंखा नहीं था और काफी गंदगी थी। इसी बीच मैंने एक दूसरे प्राइवेट हॉस्पिटल में दस हजार रुपए एडवांस जमा कर दिए और उन्हें कहा कि एक भी बेड खाली हो तो प्लीज मुझे बताइएगा।
एक जून की रात को उसकी तबीयत बहुत ज्यादा खराब हो गई। फिर उसे आईसीयू में शिफ्ट कर दिया। वहां एसी लगा था तो उसे थोड़ी राहत मिली। अगले दिन उसकी तबियत थोड़ी ठीक हुई। रात को उसका फोन आया की बहुत तेज प्यास लगी है और कोई पानी नहीं दे रहा। वह कह रही थी कि उससे बेड से उठा नहीं जा रहा। तब मैं घर पर था। अस्पताल को फोन किया तो किसी ने बात नहीं सुनी। रात को दस बजे मैं पत्नी को पानी देने अस्पताल पहुंचा।
अस्पताल जाकर इन्चार्ज को बताया भी कि मैं शहादरा से वहां सिर्फ पत्नी को पानी पिलाने आया हूं। उन्होंने मुझे तो अंदर नहीं जाने दिया, लेकिन पत्नी के पलंग तक पानी पहुंचा दिया। तब तक उसे प्यास से तड़पते तीन घंटे हो चुके थे। 3 तारीख का दिन यूं ही निकल गया। उसके अगले दिन यानी 4 जून को शाम को डॉक्टर ने उसे एक इंजेक्शन लगाया। मैंने उससे वीडियो कॉल पर बात की तो वो ठीक लग रही थी।
12 बजे मैं घर लौट आया। रात को 3 बजे मेरे पास फोन आया कि आपकी पत्नी की हालत बहुत बिगड़ गई है, उसे वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर रहे हैं। 4 बजे तक मैं अस्पताल पहुंच गया। अस्पताल वाले बोले कि कितनी देर की जिंदगी है कह नहीं सकते। सुबह आठ बजे बताया कि हम आपकी वाइफ को बचा नहीं सके। मैंने पूछा मेरा बच्चा? तो बोले मां और बच्चे दोनों की मौत हो गई। दोपहर 12 बजे मेरी पत्नी की बॉडी एम्बुलेंस में रखकर अस्पताल वाले श्मशान घाट ले गए।
राजीव और मोनिका की ढाई साल पहले ही शादी हुई थी। ये उनका पहला बच्चा था। बच्चे को लेकर कई सपने देखे थे, लेकिन अस्पताल की इस लापरवाही ने उनका सबकुछ खत्म कर दिया। फिलहाल राजीव और उनका परिवार क्वारैंटाइन है। उनके सैम्पल जांच के लिए गए हैं। अब तक रिपोर्ट नहीं आई है।


डॉ त्रेहान के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में केस दर्ज

11-Jun-2020

दिल्ली (शोर सन्देश) गुरुग्राम स्थित मेदांता मेडिसिटी अस्पताल के प्रबंध निर्देशक और मशहूर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. नरेश त्रेहान की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय ईडी ने डॉ. नरेश त्रेहान के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में केस दर्ज किया है। ईडी ने डॉ. त्रेहान और 15 अन्य लोगों के खिलाफ मेदांता अस्पताल के लिए जमीन आवंटन के संबंध में पीएमएलए के तहत प्रवर्तन मामले की सूचना रिपोर्ट दर्ज की है। 


देश में पिछले 24 घंटे में 9985 कोरोना के नए मामले

10-Jun-2020

दिल्ली (शोर सन्देश) देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा दिन--दिन बढ़ता जा रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर 9985 नए मामले सामने आए हैं और 274 लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार को अपडेट के मुताबिक, कुल मरीजों का आंकड़ा 2 लाख 76 हजार को पार कर गया है और 7745 लोगों की मौत हो चुकी है।
खास बात है कि एक्टिव मरीजों की संख्या से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अधिक हो गई है. कोरोना से अब तक 1 लाख 35 से अधिक लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि देश में एक्टिव केस की संख्या 1 लाख 33 हजार 632 है. कोरोना से सबसे अधिक महाराष्ट्र और दिल्ली प्रभावित हैं। इन दोनों प्रदेशों में कुल मरीजों की संख्या 1 लाख 20 हजार से अधिक है।
दिल्ली में कोरोना के मामले अब 31 हजार के पार हो गए. इस वायरस ने राजधानी में कुल 905 लोगों की जान ले ली. 24 घंटे में ही दिल्ली में साढ़े 13 सौ से ज्यादा नए केस गए, जबकि एक दिन में 7 लोगों की कोरोना ने ले ली जान। वहीं मुंबई में कोरोना के मामले 51 हजार से ज्यादा हो गए. यहां अब तक 17 सौ से ज्यादा की मौत हो चुकी है।  


SBI के ग्राहकों को होगा ये फायदा

09-Jun-2020

दिल्ली (शोर सन्देश) अगर आप भारतीय स्टेट बैंक यानी एसबीआई के ग्राहक हैं तो ये खबर आपके लिए है। 10 जून से एसबीआई का एक नया नियम लागू होने जा रहा है. इसका फायदा करोड़ों ग्राहक ले सकते हैं। दरअसल, एसबीआई ने 10 जून से अपनी कोष की सीमांत लागत आधारित ब्याज दर (एमसीएलआर) में 0.25 प्रतिशत की कटौती करने का ऐलान किया है। इस कटौती के बाद एक साल की अवधि की एमसीएलआर दर 7.25 प्रतिशत से घटाकर 7 प्रतिशत हो गई है।
यहां आपको बता दें कि बैंक की ओर से लगातार 13वीं बार एमसीएलआर दर में कटौती की गई है. इससे पहले एसबीआई ने बाहरी बेंचमार्क से जुड़ी ब्‍याज दर (ईबीआर) को 7.05 प्रतिशत से घटाकर 6.65 प्रतिशत सालाना कर दिया था।
वहीं रेपो दर से जुड़ी ब्याज दर को 6.65 प्रतिशत से घटाकर 6.25 प्रतिशत कर दिया है. हालांकि, ये नई दरें जुलाई में लागू होंगी।  


हाईअलर्ट - एमपी और छत्तीसगढ़ की सीमा में नक्सलियों की मौजूदगी

08-Jun-2020

मंडला(शोर सन्देश) मोतीनाला थाना क्षेत्र अंतर्गत नक्सली पुलिस के बीच आमना-सामना हो गया। मिली जानकारी अनुसार मोतीनाला थाना क्षेत्र के जंगलों में नक्सली आहट की जानकारी मिलने पर शनिवार 6 जून को खुदराही नेवसा के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच आमना-सामना हो गया। पुलिस ने फायरिंग की, लेकिन नक्सली घने जंगलो की ओर भाग निकले पुलिस ने कुछ समान बरामद किया है जिसमें नक्सलियों की संख्या तीन बताई गई। तो वहीं रविवार 7 जून को ग्राम टटमा के जंगलों में फिर एक बार पुलिस और नक्सलियों की मुड-भेड़ हुई जिसमें नक्सलियों की संख्या 2 से 11 बताई जा रही है। नक्सली घने जंगलों की ओर भाग निकले पुलिस लगातार जंगल में सर्चिंग कर रही है। मवई, मोतीनाला थाना क्षेत्र को हाई अलर्ट किया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला ने दोनो दिनों की घटना की पुष्टि करते हुए शीघ्र सम्पूर्ण जानकारी देने की बात कहीं है। पुलिस अधीक्षक ने खुद मोर्चा संभालते हुए मण्डला और बालाघाट जिले की पुलिस फोर्स और एंटी नक्सल हॉक फोर्स से चर्चा करते हुए एक्सन प्लान तैयार किया है। पुलिस अधीक्षक लगातार दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं।  


दुनियाभर में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 70 लाख के पार, 4 लाख से अधिक मौतें

08-Jun-2020

दिल्ली (शोर सन्देश) दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 70 लाख को पार कर गया है और अब तक 4 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह तक दुनियाभर में कुल कोरोना मरीजों का आंकड़ा 70 लाख 6 हजार 436 रहा, जिसमें से 4 लाख 2 हजार 699 लोगों की मौत हो चुकी है।
दुनिया भर में कोरोना से अब तक 31 लाख 40 हजार 718 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना से सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका है. यहां अब तक 19 लाख 42 हजार 363 केस सामने चुके हैं, जिसमें 1 लाख 10 हजार 513 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 5 लाख 6 हजार 367 लोग ठीक हो चुके हैं। अमेरिका में कुछ दिनों से नए मरीजों के आने का सिलसिला थमा है।

 


महाराष्ट्र-झारखंड-राजस्थान में नहीं खुलेंगे धार्मिक स्थल

08-Jun-2020

दिल्ली (शोर सन्देश) देश के कई हिस्सों में धार्मिक स्थल, मॉल और रेस्त्रां आज से खोले जा रहे हैं। लेकिन हर राज्य ने अपनी-अपनी गाइडलाइन जारी की है. महाराष्ट्र और झारखंड में धार्मिक स्थल और मॉल फिलहाल बंद रहेंगे। जम्मू-कश्मीर में भी धार्मिल स्थल नहीं खोले जा रहे हैं। हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मॉल बंद रहेंगे।
आज से देश के कई हिस्सों में होटलों, रेस्त्राओं, और शॉपिंग मॉल को खोलने की अनुमति दे दी गई है। वहीं 60 से ज्यादा दिनों के बाद श्रद्धालु एक बार फिर धार्मिक स्थल में दर्शन कर सकेंगे. तमाम धार्मिक स्थलों को आज से खोलने की इजाजत दी गई है, लेकिन ये छूट सख्त नियमों के तहत है. सरकार ने स्पष्ट गाइलाइन जारी कर दी है।उत्तर प्रदेश में कंटेनमेंट जोन को छोड़कर धर्मस्थल खोले जाएंगे, हालांकि प्रतिमा या धार्मिक ग्रन्थों को स्पर्श नहीं करना होगा. उज्जैन का महाकाल मंदिर खोल दिया गया है. हरिद्वार में श्रद्धालु हर की पैड़ी में स्नान कर सकेंगे. राजधानी दिल्ली में ज्यादातर धार्मिक स्थल खुल गए हैं।
अहमदाबाद में मंदिर खोले गए हैं। वहीं सोमनाथ मंदिर में आज सिर्फ स्थानीय लोग ही दर्शन कर सकेंगे. बनासकांठा का अंबाजी मंदिर 12 जून से खोला जाएगा, यहां शिफ्ट में श्रद्धालु दर्शन कर सकते हैं, लेकिन ये छूट अभी देश में हर जगह नहीं है. कुछ जगह धीरे-धीरे रियायत देने का फैसला लिया गया  


देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या ढाई लाख के करीब, 7 हज़ार की मौत

07-Jun-2020

दिल्ली (शोर सन्देश) कोरोना के प्रसार में कमी लाने के लिए देश में लॉकडाउन की घोषणा की गई थी. जून महीने से लॉकडाउन को खोलने की योजना पर काम चल रहा है। लेकिन हाल के दिनों में कोरोना के मामले और भी तेजी से बढ़ रहे हैं. रविवार के आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 2,46,628 हो गई है। हालांकि 1,19,293 मरीज उपचार के बाद ठीक होकर घर लौट चुके हैं। भारत में रविवार सुबह तक कोरोना वायरस के कारण 6,929 मरीजों ने दम तोड़ दिया है. भारत इटली को पीछे छोड़कर कोरोना वायरस वैश्विक महामारी से सबसे बुरी तरह से प्रभावित दुनिया का छठा देश बन गया है। अमेरिका की जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालयों के आंकड़ों के मुताबिक, अमेरिका, ब्राजील, रूस, स्पेन और ब्रिटेन के बाद कोरोना वायरस से सर्वाधिक प्रभावित देशों की सूची में भारत अब छठे स्थान पर गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 1,20,406 संक्रमित मरीजों का उपचार चल रहा है जबकि 1,19,293 लोग स्वस्थ हो चुके हैं और एक मरीज देश से बाहर जा चुका है।

 


बॉलीवुड फिल्मकार अनिल सूरी का कोरोना वायरस संक्रमण से निधन

06-Jun-2020

मुंबई (शोर सन्देश) बॉलीवुड फिल्मकार अनिल सूरी उम्र 77 वर्ष का कोरोना वायरस संक्रमण से निधन हो गया।
अनिल सूरी के निधन की पुष्टि उनके भाई राजीव सूरी ने की। अनिल सूरी ने अपने फिल्मी करियर मे कर्मयोगी और राज तिलक जैसी सुपर हिट और यादगार फिल्मों का निर्देशन किया। फिल्म कर्मयोगी में राज कुमार, जीतेंद्र, रेखा, माला सिन्हा और रीना राय ने काम किया था। राजकुमार ने फिल्म में दोहरी भूमिका निभायी थी। वहीं मल्टीस्टारर राज तिलक में सुनील दत्त, राज कुमार, हेमा मालिनी, धर्मेद्र, रीना रॉय, सारिका, कमल हासन, प्राण और अजित जैसे कई सितारों ने काम किया था।
राजीव सूरी ने बताया कि उनके भाई अनिल सूरी की तबीयत ज्यादा बिगडऩे पर उन्हें पहले लीलावती, फिर हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया। लेकिन दोनों चिकित्सा संस्थानों में उन्हें बेड देने से मना किया गया। इसके बाद अनिल को आखिर में एडवांस मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ले गया, जहां उनका निधन हो गया।  




kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account