ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

फोर्ब्स रिच लिस्ट- इस साल 200 भारतीयों के नाम; इनकी संपत्ति 954 अरब डॉलर; अदाणी या अंबानी

03-Apr-2024
नई दिल्ली  ( शोर सन्देश )  । फोर्ब्स की विश्व के अरबपतियों की 2024 की सूची में इस बार 200 भारतीयों के नाम शामिल हैं। पिछले साल इसमें 169 भारतीयों का नाम था। इन भारतीयों की कुल संपत्ति 954 अरब डॉलर है, जो पिछले साल के 675 अरब डॉलर से 41 फीसदी अधिक है। 
फोब्र्स की भारतीय अरबपतियों की सूची में सबसे ऊपर मुकेश अंबानी का नाम है, जिनकी कुल संपत्ति 83 अरब डॉलर से बढक़र 116 अरब डॉलर हो गई, जिससे वह 100 अरब डॉलर क्लब में प्रवेश करने वाले पहले एशियाई बन गए। मुकेश अंबानी ने दुनिया के नौवें सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में अपना स्थान बरकरार रखा और भारत और एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति  हैं।
गौतम अदाणी सूची के अनुसार दूसरे सबसे अमीर भारतीय हैं। उनकी संपत्ति में 36.8 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। वे 84 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ सूची में 17वें स्थान पर हैं। सावित्री जिंदल भारत की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं। भारत के सबसे अमीर लोगों की सूची में उनका नाम चौथे स्थान पर है। एक साल पहले वह छठे स्थान पर थीं। उनकी कुल संपत्ति 33.5 अरब डॉलर है।
सूची में पच्चीस नए भारतीय अरबपतियों ने डेब्यू किया है। इनमें नरेश त्रेहन, रमेश कुन्हीकन्नन और रेणुका जगतियानी का नाम शामिल हैं। वहीं, बायजू रवींद्रन और रोहिका मिस्त्री का नाम सूची से बाहर हो गया है।
ये हैं भारत के 10 सबसे अमीर लोग
मुकेश अंबानी- नेट वर्थ 116 अरब डॉलर
गौतम अदाणी- कुल संपत्ति 84 अरब डॉलर
शिव नादर- कुल संपत्ति 36.9 अरब डॉलर
सावित्री जिंदल- नेट वर्थ 33.5 अरब डॉलर
दिलीप सांघवी- नेट वर्थ 26.7 अरब डॉलर
साइरस पूनावाला- कुल संपत्ति 21.3 अरब डॉलर
कुशल पाल सिंह- नेट वर्थ 20.9 अरब डॉलर
कुमारमंगलम बिड़ला - कुल संपत्ति 19.7 अरब डॉलर
राधाकिशन दमानी-कुल संपत्ति 17.6 अरब डॉलर
लक्ष्मी मित्तल- कुल संपत्ति 16.4 अरब डॉलर

'मेरी याददाश्त कमजोर तो क्या ये गिरफ्तारी की वजह होगी', कोर्ट में ED की कार्रवाई पर बोले केजरीवाल

27-Mar-2024
दिल्ली   ( शोर सन्देश )  आबकारी नीति में कथित घोटाले के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के मामले की आज बुधवार (27 मार्च) को हाई कोर्ट में सुनवाई हुई. ट्रायल कोर्ट की ओर से अरविंद केजरीवाल को 28 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेजे जाने के आदेश को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी गई है.
मामले पर केजरीवाल के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने पक्ष रखते हुए कहा, "पूरे मामले में मेरी भूमिका साफ नहीं. ईडी कहती है कि मैंने सहयोग नहीं किया. 'असहयोग' शब्द का एजेंसी लगातार दुरुपयोग करती है. किसी को अपने खिलाफ बयान देने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता. अगर मैं यह कहूं कि मुझे कुछ याद नहीं। मेरी यादाश्त कमज़ोर है तो क्या यह गिरफ्तारी का आधार बन जाएगा."
उन्होंने आगे कहा, "चुनाव से ठीक पहले क्या मेरी गिरफ्तारी ज़रूरी थी? मैं कहीं भागा नहीं जा रहा था. मैंने कहा कि मुझे सवाल दीजिए. वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेश होने का प्रस्ताव दिया. अब गिरफ्तार कर कहते हैं कि मैं सबूतों से छेड़छाड़ कर सकता था. अगर ऐसा है तो क्या मैं इससे पहले ही ऐसा नहीं कर सकता था. असल में गिरफ्तारी की ज़रूरत थी ही नहीं."
वरिष्ठ वकील सिंघवी ने कहा कि यह गिरफ्तारी संविधान के खिलाफ है. यह कार्रवाई मौलिक ढांचे के विरुद्ध है. एक सीएम को चुनाव से ठीक पहले गिरफ्तार किया गया. स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संविधान के मूलभूत ढांचे का हिस्सा है. आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद गिरफ्तारी हुई. प्रचार से रोक दिया गया. एक सीएम को भी गिरफ्तार किया जा सकता है लेकिन सवाल उस गिरफ्तारी के समय का है.
वहीं हाई कोर्ट के जज ने कहा, “मुझे समझना है कि दलील किस बात पर दी जा रही है. सुबह मैंने कहा था कि मुख्य मामले (गिरफ्तारी को चुनौती) पर नोटिस जारी कर विस्तार से सुनना होगा. तब कहा गया कि जो रिमांड कल खत्म हो रही है. उस मसले पर आपको जिरह करनी है.”
इस पर केजरीवाल के वकील सिंघवी ने कहा कि दोनों बातों का एक ही परिणाम होगा कि मुझे आज ही अंतरिम जमानत पर रिहा कीजिए. गिरफ्तारी और रिमांड दोनों गलत हैं. फिर जज ने कहा कि लेकिन मुझे दूसरे पक्ष को भी सुनना होगा.
कोर्ट में जिरह करते हुए अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा, “पीएमएलए सेक्शन 50 का पालन नहीं हुआ. सुप्रीम कोर्ट का अरनेश कुमार फैसला जांच के दौरान बिना उचित कारण गिरफ्तारी से मना करता है. मैं समझता हूं कि यह सिद्धांत एक मौजूदा सीएम के लिए 10 हजार गुना ज्यादा लागू होता है. प्रोसिड्स ऑफ क्राइम पर ध्यान नहीं दिया जा रहा. बिना बयान दर्ज किए गिरफ्तारी हो गई. एक मौजूदा सीएम की गिरफ्तारी चुनाव को प्रभावित करने के लिए की गई है. इस तरह लोकतंत्र को चोट पहुंचाई जा रही है.”
उन्होंने आगे कहा, “गिरफ्तारी की शक्ति होने का मतलब गिरफ्तार कर लेना ही नहीं हो सकता. यह तभी होनी चाहिए जब इसकी वाकई जरूरत हो. क्या PMLA सेक्शन 19 (गिरफ्तारी) की ज़रूरतों का पालन हुआ या उसके बिना गिरफ्तारी की गई. मेरे खिलाफ किसी का बयान नहीं था. एक आरोपी ने ED के मुताबिक बातें कहीं, उसकी जमानत का विरोध नहीं किया गया. सिर्फ एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए ED ने मनचाहे बयान लिए.”

बीजेपी ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, वसुंधरा राजे का नाम नहीं, राजस्थान से सिर्फ एक नाम

27-Mar-2024
जयपुर  ( शोर सन्देश ) । बीजेपी ने लोकसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। सूची में राजस्थान से सिर्फ भजनलाल शर्मा को जगह मिली है। जबकि पूर्व सीएम वसुंधरा राजे को जगह नहीं मिल पाई है।मध्यप्रदेश के लिए जारी स्टार प्रचारकों की सूची में वसुंधरा राजे का नाम नहीं है। राजस्थान से सिर्फ सीएम भजनलाल शर्मा का नाम है। जबकि राजस्थान के लिए जारी स्टार प्रचारकों की सूची में वसुंधरा राजे का नाम शामिल है। स्टार प्रचारकों की सूची में पीएम मोदी सबसे आगे है।  स्टार प्रचारकों में 40 नेताओं को जगह मिली है। इनमें पीएम नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा, अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, शिवप्रकाश, मोहन यावद, विष्णु दत्त शर्मा, महेंद्र सिंह, सतीश उपाध्याय, सत्यनारायण जटिया, जगदीश देवड़ा, राजेंद्र सिंह शुक्ला, शिवराज सिंह चौहान, भूपेंद्र पटेल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, वीरेंद्र कुमार खटीक, फग्गन सिंह कुलस्ते, स्मृति ईरानी, योगी आदित्यनाथ, भजनलाल शर्मा, देवेंद फड़नवीस, केशव प्रसाद मौर्य, हिमंता विश्वा सरमा, विष्णुदेव सहाय, हिमंता, प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय,जयभान सिंह पवैया, राकेश सिंह,लाल सिंह आर्य, नारायण कुशवाह, तुलसी सिलावट, अदैल सिंह कंसाना, निर्मला भूरिया, गोपाल भार्गव, नरोत्तम मिश्रा,सुरेश पचौरी, कविता पाटीदार और गौरीशंकर बिशेन को स्टार प्रचारों की सूची में जगह मिली है। 
उल्लेखनीय है कि राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे इन दिनों कम सक्रिय है। राजस्थान में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही वसुंधरा राजे पार्टी से जुड़े कार्यक्रमों में कम दिखाई दे रही हैं। हालांकि, इसके पीछे वजह का पता नहीं है। लेकिन सियासी जानकारों का कहना है कि वसुंधरा राजे सीएम नहीं बनाए जाने से नाराज चल रहीं है। राजे की जगह इस बार भजनलाल शर्मा ने ले ली है। वसुंधरा राजे की नाराजगी की यहीं वजह हो सकती है। हालांकि, वसुंधरा राजे ने खुलकर कभी अपनी नाराजगी का इजहार नहीं किया है। 

वरुण गांधी नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव, मां मेनका गांधी के लिए करेंगे प्रचार

27-Mar-2024
  ( शोर सन्देश )  उत्तर प्रदेश की पीलीभीत लोकसभा सीट से सांसद और भारतीय जनता पार्टी के नेता वरुण गांधी को इस बार टिकट नहीं मिला है। इसके बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि वह निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं। यह भी कहा जा रहा था कि वह समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। हालांकि, अब इसे लेकर स्थिति एकदम साफ हो गई है। वरुण ने इस बार चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। वह अपनी मां मेनका गांधी के लिए सुल्तानपुर में चुनाव प्रचार पर फोकस करेंगे।
बता दें कि वरुण गांधी ने नॉमिनेशन पत्र भी खरीदा था। इसके बाद चर्चाएं थी कि वह भारतीय जनता पार्टी से बगावत करके पीलीभीत से निर्दलीय लोकसभा का चुनाव लड़ सकते हैं। लेकिन उनकी टीम ने बयान जारी कर इन कयासो पर विराम कर दिया है। इससे पहले बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने वरुण गांधी के टिकट काटे जाने पर कहा था कि पार्टी ने उन्हें चुनाव लड़ने का मौका नहीं दिया है लेकिन वह हमारे साथ हैं। उनके बारे में बीजेपी ने कुछ अच्छा ही सोच के रखा होगा।
पीलीभीत सीट गांधी परिवार की परंपरागत सीट रही है। वरुण गांधी की मां मेनका गांधी इस सीट से 6 बार सांसद चुनी गईं, तो वहीं वरुण गांधी यहां से 2 बार सांसद चुने गए, यानी कि वह पिछले 10 सालों से इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। लेकिन बीजेपी ने इस बार वरुण की जगह जितिन प्रसाद को टिकट दिया है। वरुण को बीजेपी ने इस चुनाव दरकिनार क्या किया कि कांग्रेस इस मौके को भुनाने का कोई मौका नहीं छोड़ ही है। कांग्रेस पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी ने मंगलवार को वरुण गांधी को ऑफर दिया कि उनको कांग्रेस पार्टी के साथ आ जाना चाहिए। बीजेपी ने उन्हें इसलिए टिकट नहीं दिया है क्योंकि वह गांधी परिवार से संबंध रखते हैं।

सपा ने रामपुर लोकसभा सीट पर दिल्ली की जामा मस्जिद के इमाम को दिया टिकट

27-Mar-2024
रामपुर  ( शोर सन्देश ) । समाजवादी पार्टी ने रामपुर लोकसभा सीट से अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। सूत्रों के मुताबिक सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सपा-कांग्रेस गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में दिल्ली की जामा मस्जिद के इमाम मुहिब्बुलाह को रामपुर से टिकट दिया है।
रामपुर लोकसभा सीट से एसटी हसन को उम्मीदवार बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही थी लेकिन मुहिब्बुलाह के नाम के एलान के बाद सभी अटकलों पर विराम लग गया है। सपा प्रत्याशी मुहिब्बुलाह आज लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन भरेंगे। दिल्ली से वह देर रात रामपुर पहुंच गए थे। हालांकि टिकट मिलने की आधिकारिक घोषणा अभी बाकि है, कुछ ही देर में घोषणा की जा सकती है।
बता दें वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में रामपुर से आजम खां ने जीत हासिल की थी, किंतु बाद में विधानसभा चुनाव जीतने के बाद उन्होंने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद हुए उपचुनाव में भाजपा के घनश्याम लोधी ने यहां से जीते थे। इस बार भी भाजपा ने घनश्याम लोधी को ही रामपुर से टिकट दिया है।

राम मंदिर परिसर में PAC जवान को लगी गोली, बंदूक साफ करते समय हुआ हादसा

27-Mar-2024
( शोर सन्देश )  अयोध्या के राम मंदिर परिसर में गोली चलने की घटना सामने आई है। मंगलवार को रामजन्मभूमि परिसर में तैनात प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) के एक जवान को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगी है। सीने में गोली लगने से घायल जवान को इलाज के लिए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही आईजी अयोध्या रेंज प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे। घटना के समय वह राम जन्मभूमि परिसर में स्थित चौकी के ऊपर मौजूद थे। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। पुलिस ने कहा कि PAC कमांडो मंगलवार शाम राम जन्मभूमि परिसर में अपनी चौकी पर हथियार की सफाई करते समय ''आकस्मिक गोलीबारी'' में घायल हो गए।
53 वर्षीय राम प्रसाद मंदिर परिसर में तैनात थे, मंगलवार शाम अचानक उन्हें गोली लगी जिससे राम मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। उनके साथियों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस इलाके में तैनात अन्य पुलिसकर्मियों से पूछताछ कर रही है।
राम प्रसाद 32वीं वाहिनी PAC में तैनात है। वह अमेठी के रहने वाले हैं और उनका परिवार लखनऊ में रहता है। फिलहाल उनकी स्थिति नाजुक है और इलाज किया जा रहा है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया विभागों का बंटवारा, गृह विभाग अपने पास रखा

23-Mar-2024
नई दिल्ली ( शोर संदेश )। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को विभागों का बंटवारा कर दिया. मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के एक सप्ताह से अधिक समय के बाद और मंत्रिपरिषद का विस्तार होने के कुछ दिन बाद शुक्रवार रात मंत्रियों को विभागों का आवंटन किया गया. सैनी ने प्रमुख गृह विभाग अपने पास ही रखा है.
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, मुख्यमंत्री सैनी के पास गृह, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, युवा सशक्तीकरण, सूचना एवं जनसंपर्क और भाषा एवं संस्कृति, खान एवं भूविज्ञान तथा विदेश सहयोग विभाग रहेंगे. मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली पिछली सरकार में गृह विभाग अनिल विज के पास था. विज को मंत्रिपरिषद में जगह नहीं मिली है. 
कैबिनेट मंत्री कंवरपाल को कृषि और किसान कल्याण, पशुपालन, मत्स्य पालन, विरासत और पर्यटन और संसदीय कार्य विभाग मिले हैं. खट्टर के नेतृत्व वाली पिछली सरकार में कृषि विभाग जे पी दलाल के पास था. वहीं, एक अन्य कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा को उद्योग और वाणिज्य, श्रम, खाद्य नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता मामले विभाग दिए गए हैं. उनके पास पिछली सरकार में परिवहन विभाग था. रणजीत सिंह को ऊर्जा और जेल विभाग मिला है जो खट्टर सरकार में भी उनके पास ही था.
सैनी को ष्टरू बना भाजपा ने चौंका दिया था 
भाजपा ने लोकसभा चुनाव से कुछ हफ्ते पहले मनोहर लाल खट्टर की जगह ओबीसी नेता सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाकर सभी को चौंका दिया था. सैनी ने 12 मार्च को हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. उसी दिन सैनी के साथ चार भाजपा विधायकों और एक निर्दलीय विधायक ने भी नई मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में शपथ ली थी. उन्होंने कार्यभार संभालने के एक सप्ताह बाद 19 मार्च को अपने पहले मंत्रिपरिषद विस्तार में आठ भाजपा विधायकों को शामिल किया था जिनमें से सात नए चेहरे थे. 

केजरीवाल की गिरफ्तारी पर जर्मन विदेश मंत्रालय की टिप्पणी, भारत ने जताया कड़ा विरोध

23-Mar-2024
नई दिल्ली ( शोर संदेश ) । दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी ने गिरफ्तार किया है. फिलहाल वह सात दिन की ईडी रिमांड पर हैं. केजरीवाल की गिरफ्तारी पर जर्मन विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने की टिप्पणी की. भारत ने जर्मन विदेश मंत्रालय की इस टिप्पणी का कड़ा विरोध किया है. भारत का मानना है कि यह हमारे देश का आंतरिक मामला है, जर्मनी को इस मामले से दूर रहना चाहिए. जर्मन विदेश मंत्रालय की तरह से कहा गया है कि भारत में विपक्ष के एक बड़े राजनीतिक चेहरे को चुनाव से कुछ दिन पहले गिरफ्तार कर लिया गया है. विपक्ष इसे राजनीतिक प्रतिशोध के रूप में देख रहा है. इस मामले को जर्मन सरकार ने संज्ञान में लिया है. उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतंत्रिक देश है. हम उन मानकों में विश्वास रखते हैं और उम्मीद करते हैं कि न्यायपालिका की स्वतंत्रता और बुनियादी लोकतांत्रिक मूल्य से संबंधित सिद्धांत भी इस केस में मामले में लागू किए जाएंगे. जर्मन विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया कि इस मामले में अरविंद केजरीवाल निष्पक्ष सुनवाई के हकदार हैं, उनको बिना किसी प्रतिबंध के सभी कानूनी रास्तों के उपयोग का हक मिलने चाहिए. उन्होंने कहा कि निर्दोष होने की संभावना कानून के नियमों का अहम हिस्सा है, इसीलिए इसे केजरीवाल के मामले में भी लागू होना चाहिए.

मॉस्को में हुए आतंकी हमले की पीएम मोदी ने की निंदा, बोले- रूस के साथ खड़ा है भारत

23-Mar-2024
नई दिल्ली. ( शोर संदेश ) । रूस की राजधानी मॉस्को में शुक्रवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ। बंदूकधारियों ने ईसाइयों के एक बड़े समारोह स्थल पर लोगों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस हमले में 90 से अधिक लोगों की जान चली गई है। 145 से अधिक लोग घायल भी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले की निंदा की है। उन्होंने रूस के प्रति प्रतिबद्धता प्रकट की है। आपको बता दें कि आतंकी समारोह स्थल पर सेना की वर्दी पहनकर अंदर घुसे थे।  पीएम मोदी ने कहा, ‘हम मॉस्को में हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं पीडि़त परिवारों के साथ हैं। दुख की इस घड़ी में भारत रूसी संघ की सरकार और लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।’
कुछ दिन पहले ही रूस में हुए चुनाव में जीत हासिल कर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सत्ता पर अपनी पकड़ को और मजबूत किया था। ऐसे में यह घटना उनके लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकती है।

महुआ मोइत्रा के खिलाफ सीबीआई का बड़ा ऐक्शन, कोलकाता सहित कई ठिकानों पर सुबह-सुबह रेड

23-Mar-2024
नई दिल्ली. ( शोर संदेश )  तृणमूल कांग्रेस की नेता और पूर्व लोकसभा सांसद महुआ मोइत्रा के ठिकानों पर सीबीआई ने सुबह-सुबह छापेमारी की है. कैश फॉर क्वेरी से जुड़े मामले में सीबीआई ने हाल ही में केस दर्ज किया था, जिसके बाद आज ये छापे मारे गए हैं. प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सीबीआई अधिकारियों ने रविवार को महुआ से जुड़े कोलकाता सहित कई अन्य लोकेशन में रेड की. कोलकाता के अलीपुर इलाके में स्थित महुआ के पिता दीपेन्द्रलाल मोइत्रा के फ्लैट पर भी सीबीआई की टीम पहुंची. सीबीआई अधिकारियों ने कहा कि सीबीआई ने शनिवार को कथित कैश-फॉर-क्वेरी मामले में कोलकाता सहित कई स्थानों पर पूर्व टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा के परिसरों की तलाशी ली गई. उन्होंने बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी की टीमें शनिवार तडक़े कोलकाता और अन्य शहरों में मोइत्रा के आवास पर पहुंचीं, तलाशी कार्यवाही की जानकारी दी और ऑपरेशन शुरू किया. बता दें कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने लोकपाल के निर्देश पर गुरुवार को टीएमसी की पूर्व सांसद मोइत्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी. लोकपाल ने सीबीआई को छह महीने के भीतर रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है. दरअसल लोकपाल ने बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे द्वारा मोइत्रा के खिलाफ लगाए गए आरोपों की प्रारंभिक जांच के निष्कर्ष प्राप्त करने के बाद सीबीआई को ये निर्देश जारी किए है. 
 


Feedback/Enquiry



Log In Your Account