ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

अब 'हम 2 हमारे दो' से भी बच रहे लोग, 2050 तक भारत में घटने लगेगी आबादी

21-Mar-2024
नई दिल्ली ( शोर संदेश)  । देश में अब 'हम दो हमारे दो' का प्रचलन भी तेजी से कम हो रहा है। इसकी बजाय एक बड़ी संख्या ऐसी है, जो एक ही बच्चा चाहते हैं। इसके चलते भारत में जन्मदर में 2050 तक गिरावट देखने को मिलेगी। लैंसेट की एक रिपोर्ट में यह चेतावनी दी गई है। भारत में कुल जन्मदर 1950 में 6.18 थी, जो 1980 में घटकर 4.6 पर आ गई थी। यही नहीं 2021 में यह तेजी से घटते हुए 1.91 पर ही आकर ठहर गई। यह रिप्लेसमेंट लेवल से भी कम है। जनसंख्या विज्ञानी मानते हैं कि रिप्लेसमेंट लेवल के लिए जन्मदर कम से कम 2.1 होनी चाहिए। ऐसे में यह बड़े संकट की आहट भी है। अनुमान है कि 2050 तक भारत में जन्मदर 1.29 ही रह जाएगी। इससे आबादी एकदम से कम नहीं होगी, लेकिन उसमें युवाओं का अनुपात कम होता जाएगा। फिर 2100 तक यह संकट और गहरा जाएगा।
यदि लैंसेट की यह रिपोर्ट सही साबित होती है तो फिर आने वाले दशकों में भारत के आगे बड़ी चुनौती होगी। जन्मदर में तेजी से कमी आएगी तो वर्कफोर्स में भी कमी की स्थिति होगी और अर्थव्यवस्था को इससे झटका लगेगा। इसके अलावा युवाओं से अधिक आबादी बुजुर्गों की हो जाएगी, जिनकी देखभाल करना भी एक चैलेंज होगा। यही नहीं स्वास्थ्य सेवाओं पर भी बड़ा बोझ पड़ेगा। यही नहीं लैंगिक असमानता का संकट भी आएगा। इसकी वजह एक नया ट्रेंड भी है।  पहली संतान लड़का होने के बाद लोग दूसरा बच्चा नहीं पैदा कर रहे हैं। 
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि कम बच्चे पैदा करने की एक वजह यह भी है कि देश के विकास के साथ लोगों की आकांक्षाएं भी बढ़ी हैं। बच्चों पर लोग काफी खर्च कर रहे हैं। ऐसे में ज्यादा बच्चे होने पर खर्च अधिक होगा। इससे बचने के लिए लोग कम बच्चों को ही महत्व दे रहे हैं। इसके अलावा महिलाओं के बड़े पैमाने पर शिक्षित होने और उनके करियर पर फोकस करने से भी बच्चे पैदा होने की संभावनाओं पर असर पड़ा है। देरी से शादी भी इसका एक कारण बन रही है। तेजी से शहरीकरण और गर्भनिरोधक तक लोगों की आसान पहुंच ने भी चीजों को बदला है।
जानकार मानते हैं कि भले ही भारत के आगे यह चुनौती आने में कुछ दशक बचे हैं, लेकिन अभी से प्लानिंग करनी होगी। सरकारों को मातृत्व को कम खर्चीला बनाने का प्रयास करना चाहिए। इससे भी लोग कुछ हद तक कम से कम दो बच्चों के लिए प्रेरित होंगे। बता दें कि इटली, जापान, रूस जैसे कई देश ऐसे हैं, जो पहले ही इस तरह के संकट से गुजर रहे हैं। इन देशों में आबादी लगातार कम हो रही है और सरकारें इसे लेकर चिंतित हैं। इनमें से ही एक देश दक्षिण कोरिया भी है। पिछले दिनों दक्षिण कोरिया के एक नेता ने कहा कि यदि यही हाल रहा तो फिर हमारे अस्तित्व पर ही संकट होगा।

सब चुप, देख रहे ड्रामा, खाते फ्रीज होने पर भड़के राहुल गांधी

21-Mar-2024
नई दिल्ली( शोर संदेश),  । राहुल गांधी ने कांग्रेस के खाते फ्रीज करने के मामले में सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि आज हम 2 रुपये खर्च करने के लिए भी मोहताज हैं। कांग्रेस की मीटिंग के दौरान उन्होंने मीडिया से बात की और तीखा हमला बोला। यही नहीं सोनिया गांधी ने भी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को पंगु करने की कोशिश हो रही है। सोनिया गांधी ने कहा कि खुद प्रधानमंत्री यह कोशिश कर रहे हैं कि आर्थिक तौर पर काांग्रेस को खत्म कर दिया जाए।
वहीं राहुल गांधी ने कहा कि एक महीने पहले कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया। यदि किसी संस्था, कंपनी या परिवार के साथ ऐसा हो जाए तो वह खत्म हो जाएगा। लेकिन हमारे साथ यही हुआ। इसके बाद भी कोई अदालत, संस्था या चुनाव आयोग इस पर बात करने को तैयार नहीं है। सभी चुप हैं और ड्रामा देख रहे हैं। ऐसा भारत में लोकतंत्र है। एक ऐसी पार्टी अपने नेता को कहीं भेज नहीं सकती, रेल टिकट नहीं खरीद सकती, जिसे भारत के 20 फीसदी लोग वोट करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां कोई भी लोकतंत्र नहीं है, जहां मुख्य विपक्षी दल के खाते ही बंद कर दिए गए हों। 
इस मामले में सभी कोर्ट और चुनाव आयोग की भी भूमिका हो सकती है, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि मेरा सवाल है कि आखिर चुनाव आयोग इस मसले पर क्यों चुप है। उन्होंने कहा कि ऐसे कदम से भाजपा ने सिर्फ कांग्रेस के खाते को फ्रीज नहीं किया बल्कि पूरे लोकतंत्र को फ्रीज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आयकर कानून कहता है कि ज्यादा से ज्यादा 10 हजार रुपये का फाइन लगाया जा सकता है। लेकिन कांग्रेस से करोड़ों रुपये की वसूली की गई और उसके खाते भी बंद कर दिए गए।

भूकंप का डबल अटैक! सुबह-सुबह तेज झटकों से हिले महाराष्ट्र-अरुणाचल प्रदेश

21-Mar-2024
महाराष्ट्र ( शोर संदेश)  और अरुणाचल प्रदेश गुरुवार (21 मार्च) सुबह भूकंप के झटकों से हिल उठे. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया है कि देश के पश्चिमी राज्य महाराष्ट्र में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई है, जबकि पूर्वोत्तर के अरुणाचल में आया भूकंप 3.7 की तीव्रता वाला था. सुबह-सुबह आए भूकंप की वजह से अभी तक किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है. 
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, महाराष्ट्र के हिंगोली में 10 किमी की गहराई पर भूकंप का केंद्र रहा है. भूकंप के झटकों को सुबह 6.08 बजे महसूस किया गया. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.5 मापी गई. 4 से लेकर 4.9 की तीव्रता वाले भूकंप को हल्के भूकंप के तौर पर परिभाषित किया जाता है. ऐसे में महाराष्ट्र में आया भूकंप हल्की तीव्रता वाला रहा, लेकिन इसकी वजह से लोगों के मन में डर जरूर पैदा हुआ. कुछ लोग झटके महसूस करने के बाद घर से बाहर निकल आए.

दो घंटे में भूकंप के दो झटकों से हिला अरुणाचल प्रदेश
भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप का पहला झटका अरुणाचल प्रदेश में रिपोर्ट किया गया. देश के पूर्वोत्तर राज्य में कुछ घंटों के अंतराल पर भूकंप के दो झटके महसूस किए गए. भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि सबसे पहला झटका गुरुवार तड़के 1.49 बजे रिकॉर्ड किया गया. राज्य के पश्चिमी कामेंग में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए. इसका केंद्र 10 किमी की गहराई में था. रिक्टर स्केल पर भूकंप के झटकों की तीव्रता 3.7 मापी गई. 
वहीं, दो घंटों बाद अरुणाचल प्रदेश एक बार फिर से भूकंप के झटकों से हिल उठा. सुबह 3.40 बजे राज्य में धरती के हिलने की जानकारी मिली. इस भूकंप की तीव्रता 3.4 मापी गई. भूकंप का केंद्र पश्चिमी कामेंग रहा. इस भूकंप के केंद्र की गहराई 5 किमी थी. रिक्टर स्केल पर 3 से 3.9 की तीव्रता के बीच रहने वाले भूकंप के झटकों को मामूली भूकंप के तौर पर जाना जाता है. यही वजह है कि अभी तक जान माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है. 

लोगों के वॉट्सऐप पर 'विकसित भारत' वाला मैसेज भेजना तुरंत बंद करें, चुनाव आयोग का सरकार को निर्देश

21-Mar-2024
नई दिल्ली( शोर संदेश),  । ‘विकसित भारत संपर्क’ के बैनर तले केंद्र सरकार की ‘‘उपलब्धियों’’ को बताने वाले वॉट्सऐप मैसेज पर चुनाव आयोग ने रोक लगा दी है। चुनाव आयोग को कई शिकायतें मिली थीं कि आम चुनाव 2024 की घोषणा और आदर्श आचार संहिता एमसीसी के लागू होने के बावजूद सरकार की उपलब्धियों वाले मैसेज अभी भी नागरिकों के फोन पर भेजे जा रहे हैं। इसके बाद चुनाव आयोग ने इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को निर्देश दिया कि वह इन वॉट्सऐप मैसेजेस पर तत्काल रोक लगाए।

बता दें कि 'विकसित भारत संकल्प' नाम के वेरीफाइड वॉट्सऐप अकाउंट से बड़ी संख्या में लोगों को पीएम मोदी का पत्र भेजा गया है। इसमें लिखा है, "यह पत्र प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की अगुवाई वाली भारत सरकार के विकसित भारत संपर्क केंद्र द्वारा भेजा गया है। पिछले दस सालों में भारत सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ देश के 80 करोड़ से ज्यादा नागरिकों को मिला है एवं भविष्य में भी मिलता रहेगा। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए आपका साथ एवं आपका सुझाव बहुत महत्वपूर्ण है। अतः आपसे अनुरोध है कि योजनाओं को लेकर आपके विचार अवश्य लिखें।"

चुनाव आयोग से निर्देश मिलने के बाद इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने आयोग को बताया कि यह पत्र आदर्श आचार संहिता के लागू होने से पहले भेजे गए थे। हालांकि उनमें से कुछ मैसेजेस सिस्टम और नेटवर्क की समस्याओं के कारण लोगों को देरी से डिलीवर हुए हैं। आयोग ने इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से इस मामले पर तुरंत अनुपालन रिपोर्ट सौंपने को कहा है। यह कदम समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए आयोग द्वारा उठाए जा रहे कदमों के बीच आया है। 

19 मार्च को चंडीगढ़ के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ‘‘विकसित भारत संपर्क’’ के बैनर तले केंद्र सरकार की ‘‘उपलब्धियों’’ को प्रदर्शित करने वाले वॉट्सऐप संदेश बड़ी संख्या में भेजे जाने के संबंध में शिकायत को ‘‘उचित कार्रवाई’’ के लिए निर्वाचन आयोग के पास भेजा था। शिकायत की जांच के बाद जिला मीडिया प्रमाणन और निगरानी समिति ने आदर्श आचार संहिता के प्रथम दृष्टया उल्लंघन का सबूत पाया था। आदर्श आचार संहिता पिछले सप्ताह लोकसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ लागू हो गई है। यह शिकायत पोल पैनल की ‘सीविजिल’ मोबाइल ऐप्लिकेशन के माध्यम से प्राप्त हुई थी और मामले पर आधिकारिक बयान में शिकायतकर्ता का उल्लेख नहीं था।

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद को जहर देने की आशंका, पूरे पाकिस्तान में इंटरनेट बंद

18-Dec-2023

इस्लामाबाद (शोर सन्देश)। भारत और पाकिस्तान में राजनीतिक प्रतिष्ठान, खुफिया विभाग और मीडिया में अटकलेें हैं कि भगोड़े आतंकवादी दाऊद इब्राहिम कास्कर को 26 दिसंबर को उसके 68वें जन्मदिन से लगभग एक सप्‍ताह पहले कथित तौर पर कराची के एक अस्पताल में जहर दिया गया है और उसकी हालत गंभीर है। सबसे पहले चर्चा रविवार शाम को मुंबई में शुरू हुई, लेकिन पुलिस और खुफिया हलकों ने ऐसी किसी भी बात से इनकार किया, हालांकि उन्होंने आश्वासन दिया कि पड़ोसी देश से आने वाली इस तरह की सभी प्रकार की रिपोर्टों पर लगातार नजर रखी जा रही है। सोमवार की सुबह, पाकिस्तान के कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि रविवार को दाउद के कराची के एक अस्पताल में भर्ती होने की रिपोर्ट आने के बाद इंटरनेट, फेसबुक, एक्स आदि कथित तौर पर बंद हो गए। मुंबई और नई दिल्ली में पुलिस और खुफिया अधिकारियों ने अब तक स्थिति पर चुप्पी साध रखी है और दावा किया है कि ऐसी कई रिपोर्टें हैं, जो नियमित रूप से सामने आती रहती हैं, लेकिन उनमें से ज्यादातर झूठी अफवाहें हैं। मोस्‍ट वांटेड आतंकवादी माने जाने वाले दाउद पर भारत मुंबई और अन्य जगहों पर कई अपराधों, आतंकवादी कृत्यों, नशीले पदार्थों की तस्‍करी में शामिल होने का आरोप है। जिन प्रमुख मामलों में भारत उसे चाहता है, उनमें 12 मार्च, 1993 का मुंबई सिलसिलेवार विस्फोट शामिल है - जिसे भारत में अब तक का सबसे भयानक आतंकवादी हमला माना जाता है। इसमें 267 लोग मारे गए थे। महाराष्ट्र पुलिस को उसके गिरफ्तार भाइयों के बयानों के अनुसार, लगभग सात साल पहले इसकी पुष्टि हुई थी कि दाऊद कराची का स्थायी निवासी हो गया है, जो उच्च सुरक्षा के बीच पॉश सदर उपनगर में एक आलीशान बंगले में रहता था। हालांकि, वह कुछ वर्षों से अवसाद में था, जब उसका एकमात्र बेटा मोइन नवाज (37) ने मौलाना-सह-उपदेशक बनने के लिए आध्यात्मिकता का जीवन चुना, इससे उनके कुख्यात पिता दाऊद के साम्राज्य और विरासत पर सवालिया निशान लग गए। .


ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने हिंदू समुदाय के साथ दिवाली मनाई

09-Nov-2023

लंदन (शोर संदेश) दिवाली से पहले, ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और पत्नी अक्षता मूर्ति ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट में अपने आधिकारिक आवास पर हिंदू समुदाय के सदस्यों के साथ मिलकर प्रकाश पर्व मनाया।  सुनक के कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, आज रात प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने अंधकार पर प्रकाश की विजय के उत्‍सव दिवाली से पहले डाउनिंग स्ट्रीट में हिंदू समुदाय के मेहमानों का स्वागत किया। इस सप्ताह के अंत में पूरे ब्रिटेन और दुनिया भर में मना रहे सभी लोगों के लिए शुभ दिवाली! प्रधानमंत्री कार्यालय ने कार्यक्रम की तस्वीरें भी साझा कीं, जिसमें सुनक को अपनी पत्नी के साथ पारंपरिक दीपक जलाते और बाद में मेहमानों का स्वागत करते और शुभकामनाएं देते दिखाया गया। पिछले साल सुनक भारतीय मूल और हिंदू समुदाय के ब्रिटेन के पहले प्रधानमंत्री बने थे। उन्‍होंने "एक ऐसा ब्रिटेन बनाने, जहां हमारे बच्चे और हमारे पोते-पोतियां अपने दीये जला सकें, इस काम में मैं जो कुछ भी कर सकता हूं" करने का संकल्प लिया। मूल रूप से पंजाब से संबंध रखने वाले सुनक ने कहा है कि उनकी हिंदू आस्था बहुत महत्वपूर्ण है क्योंकि यह तनाव के दौरान ताकत और लचीलापन देती है। इस साल सितंबर में नई दिल्ली में जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान उन्होंने संवाददाताओं से कहा, मैं एक गौरवान्वित हिंदू हूं। इसी तरह मेरा पालन-पोषण हुआ, मैं ऐसा ही हूं। महामारी के दौरान 2020 में ब्रिटेन के वित्‍त मंत्री के रूप में सुनक ने डाउनिंग स्ट्रीट को दीयों से रोशन किया था।


*हिजबुल्ला की धमकी के बाद इजरायल का वेस्ट बैंक की मस्जिद पर हमला*

22-Oct-2023

दिल्ली (शोर संदेशइजरायली सेना जहां जमीनी हमला करने के लिए गाजा पट्टी में घुसने की तैयारी कर रही है, वहीं दूसरी ओर ईरान समर्थित लेबनान के अतिवादी संगठन हिजबुल्ला के उप प्रमुख शेख नईम कासेम ने खुली धमकी दी है कि इजरायल ने यदि गाजा में हमास के खिलाफ जमीनी लड़ाई छेड़ी तो उसे बड़ी कीमत चुकानी होगी। शेख नईम कासेम ने कहा कि बीते 15 दिनों से इजरायली सेना से लड़कर हम इजरायली सेना को कमजोर कर रहे हैं। भविष्य में हमें इसका पूरा लाभ मिलेगा। हिजबुल्ला ने इजरायल से युद्ध के लिए तैयार होने का ऐलान किया है।

मिस्र के रास्ते पहुंची 20 ट्रक राहत सामग्री
मिस्र से फिलिस्तीनी क्षेत्र में सहायता की पहली खेप शनिवार को प्रवेश करने के बाद इजरायल ने एक बार फिर हमले तेज कर दिए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, 20 ट्रकों को पार करने की अनुमति को 2.4 मिलियन निवासियों की जरूरतों को देखते हुए बहुत कम बताया जा रहा है। यह समुद्र में एक बूंद के समान बताया जा रहा है। इस बीच इजरायल की सेना ने वेस्ट बैंक के जेनिन में एक मस्जिद पर हवाई हमले के साथ कई आतंकियों को ढेर कर दिया है। इजरायली सेना ने कहा है कि इस मस्जिद में हमास और इस्लामिक जिहाद आतंकवादियों का एक समूह नए हमलों की योजना बना रहा था। इससे पहले हिजबुल्ला की ओर से दावा किया गया था कि शनिवार को इजराइल के साथ सीमा पर हमारे 4 लड़ाके मारे गए थे। इसके बाद सीमांत क्षेत्र में बढ़ती हिंसा के बाद से अभी तक उनके 17 लोगों की मौत हो चुकी है। हिजबुल्ला ने यह भी दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने इजरायली सेना को भी भारी जानमाल का नुकसान पहुंचाया है।


*पाक ने 3 हजार से अधिक अफगान शरणार्थियों को देश से बाहर निकाला*

22-Oct-2023

काबुल (शोर संदेश)। पाकिस्तान ने एक ही दिन में 3,248 अफगान शरणार्थियों को अफगानिस्तान लौटा दिया। पाकिस्तानी अधिकारियों के अनुसार, अब तक बिना दस्तावेज वाले 51,000 से अधिक अफगानों को निर्वासित किया गया है। बलूचिस्तान प्रांत के सूचना मंत्री जॉन अचकजई ने कहा, अवैध आप्रवासन की समस्या ने निपटने के लिए पाकिस्तान कड़े प्रयास कर रहा है। अवैध शरणार्थियों को बाहर निकालने के लिए पाकिस्तान के अभियान की समय सीमा एक नवंबर है। इधर, देश के इस फैसले की आलोचना की गई है। एमनेस्टी और यूएन समेत कई वैश्विक संगठनों ने निंदा की है और सरकार से इसपर पुनर्विचार करने को कहा है। वहीं काबुल में तालिबान सरकार ने भी इस कदम पर आपत्ति जताई है। 


*इजरायल से भारतीयों को लाने शुरू हुआ आपरेशन अजय*

12-Oct-2023

दिल्ली (शोर संदेशसरकार ने इजरायल में फंसे भारतीय नागरिकों को स्वदेश लौटने में मदद के लिए ऑपरेशन अजय शुरु करने की बुधवार को घोषणा की। विदेश मंत्री डा़ एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक टिव्ट पोस्ट में कहा 'विशेष चार्टर उड़ानों और अन्य व्यवस्थाओं का प्रबंध किया जा रहा है।' डा़ जयशंकर ने कहा कि सरकार विदेश में रह रहे हमारे नागरिकों की सुरक्षा और भलाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्व है। गौरतलब है कि दक्षिणी इजरायल में गाजा पट्टी क्षेत्र से गत सप्ताह हमास संगठन के भीषण आतंकवादी हमलों और उसके बाद इजरायल की जवाबी कार्रवाई में दोनों पक्षों की ओर से कुल मिलाकर हजारों लोग हताहत हुए है। इजरायल ने अपने यहां से फिलहाल नियमित उड़ानों पर रोक लगा रखी है। एयर इंडिया ने वहां संघर्ष छिड़ने के बाद अपनी नियमित उड़ाने निलंबित कर रखी है। इस बीच इजरायल में भारतीय दूतावास ने एक ईमेल में कहा है कि यहां से भारतीय नागरिकों का पहला दल एक विशेष विमान से कल वापस भारत जाएगा। इन नागरिकों ने वापसी के लिए अपना नाम लिखवा रखा था। दूतावास ने उन्हें ईमेल से वापसी के प्रबंध की सूचना दी है। ऐसे अन्य पंजीकृत भारतीय नागरिकों को बाद में दूसरी विशेष उड़ानों से भारत भेजा जाएगा।

 

*इजरायल पर दागे जा रहे रॉकेट, 300 इजरायलियों की मौत, मचा हाहाकार*

08-Oct-2023

जेरूसलम  (शोर सन्देश)। इजराइल रक्षा बल शनिवार की रात से बड़े पैमाने पर बलों के निर्माण में जुटे हुए हैं। वह बड़ी संख्या में आरक्षित सैनिकों को बुला रहे है और युद्ध की तैयारी कर रहे हैं। फिलिस्तीनी आतंकी संगठन हमास के हमले में सैकड़ों इजराइली मारे गए हैं, वहीं 1,500 से अधिक घायल हुए हैं। इसके अलावा, दर्जनों लोगों का अपहरण कर लिया गया। हमास के बंदूकधारियों ने गाजा सीमा से 15 मील (24 किमी) दूर के कस्बों और अन्य समुदायों सहित दक्षिणी इजराइल में 22 ठिकानों पर हमला किया। कुछ ठिकानों पर वे घंटों तक घूमते रहे, नागरिकों और सैनिकों को गोलियों से भूनते रहे। रात को भी गोलीबारी जारी रही और आतंकवादियों ने कम से कम दो शहरों में लोगों को बंधक बना लिया। हमले में मरने वालों की संख्या लगातार तेजी से बढ़ती जा रही है और रविवार की सुबह तक 300 इजरायली मारे गए, उनमें से कई नागरिकों ने घरों और सड़कों पर दम तोड़ा। साथ ही आतंकवादियों द्वारा लक्षित एक बड़ी आउटडोर पार्टी में भी लोगों को मौत के घाट उतारा गया। रिपोर्ट के अनुसार, अस्पतालों में घायलों की भर्ती के आंकड़े बढ़ते गए। ताजा संख्या 1,590 है, जिनमें से लगभग 300 गंभीर रूप से घायल हैं और 19 की हालत गंभीर है। समन्वित हमले शुरू होने के 18 घंटे बाद, इजरायली सुरक्षा बल अभी भी आतंकवादियों को हटाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आतंकवादियों के डर से कई नागरिक अभी भी अपने घरों में छुपे हुए हैं। इस बीच, फिलिस्तीनी फोटो और वीडियो की सोशल मीडिया पर बाढ़ आ गई, जिसमें नरसंहार के दृश्यों के साथ-साथ कई दर्दनाक फुटेज दिखाई गई। आईडीएफ ने पुष्टि की कि सैनिकों और नागरिकों को बंधक बना लिया गया है लेकिन संख्या नहीं बताई गई है। दक्षिणी और मध्य इजराइल पर रॉकेट दागे जा रहे हैं। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा कि यहां कम से कम 230 लोग मारे गए और सैकड़ों घायल हो गए।सेना ने कहा कि रिजर्व की चार डिवीजनों को गाजा सीमा पर तैनात किया जा रहा है, जो पहले से ही वहां मौजूद 35 बटालियनों में शामिल हो जाएंगी।

 

 



Feedback/Enquiry



Log In Your Account