ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

गोवा में भारतीय नौसेना की पनडुब्बी मछली पकड़ने वाली नाव से टकराई, 2 मछुआरे लापता

22-Nov-2024
गोवा ( शोर संदेश ) गोवा के करीब एक सबमरीन हादसे का शिकार हुई है. गोवा तट से लगभग 70 समुद्री मील दूर 13 सदस्यीय चालक दल वाले मछली पकड़ने के एक जहाज के भारतीय नौसेना की पनडुब्बी से टकराने के बाद चालक दल के दो लापता सदस्यों की तलाश जारी है. अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि घटना बृहस्पतिवार की है. नौसेना ने बताया कि मछली पकड़ने के जहाज ‘मर्थोमा' में चालक दल के 13 सदस्य थे और इनमें से 11 को तलाश एवं बचाव अभियान के दौरान बचा लिया गया.
नौसेना ने बचाव अभियान के लिए छह जहाज और निगरानी विमान तैनात किये हैं. भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने कहा, ‘13 चालक दल के सदस्यों वाला मछली पकड़ने का भारतीय जहाज ‘मार्थोमा' 21 नवंबर को गोवा से लगभग 70 समुद्री मील उत्तर-पश्चिम में भारतीय नौसेना की एक पनडुब्बी से टकरा गया.' उन्होंने बताया, ‘घटना के तुरंत बाद भारतीय नौसेना ने छह जहाजों एवं विमान की मदद से व्यापक तलाश एवं बचाव अभियान शुरू किया और अब तक चालक दल के 11 सदस्यों को बचा लिया गया है.'
मछली पकड़ने के जहाज के चालक दल के शेष दो सदस्यों की तलाश एवं बचाव के लिए प्रयास प्रयास जारी हैं और इसका समन्वय मुंबई स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) के साथ किया जा रहा है. नौसेना ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. प्रवक्ता ने कहा कि बचाव प्रयासों को बढ़ाने के लिए तटरक्षक बल सहित अतिरिक्त संसाधनों को घटनास्थल की ओर भेज दिया गया है.

दिल्ली चुनाव के लिए आप की पहली लिस्ट जारी, 11 में से 6 प्रत्याशी कांग्रेस-बीजेपी से आए नेता

21-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  दिल्ली चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 11 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में 6 ऐसे उम्मीदवारों के नाम हैं, जो हाल ही में कांग्रेस या बीजेपी छोड़कर आप में शामिल हुए हैं.
बता दें कि दूसरी पार्टियों से आप में शामिल हुए जिन 6 नेताओं को टिकट मिला है, उन्हें खुद अरविंद केजरीवाल ने पार्टी में शामिल कराया था. इनमें 2 ऐसे नेता भी शामिल हैं, जो बीजेपी से विधायक रह चुके हैं.
किसे कहां से टिकट?
1. छतरपुर से ब्रह्म सिंह तंवर चुनाव लड़ेंगे.
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी के सीनियर लीडर रहे और तीन बार के विधायक ब्रह्म सिंह तंवर ने हाल ही में 31 अक्तूबर को आप का दामन थाम लिया था. तंवर ने ठीक दिपावली के दिन दिल्ली के पूर्व सीएम और APP चीफ अरविंद केजरीवाल की उपस्थिति में आप जॉइन की थी.
2. किराड़ी से अनिल झा आप उम्मीदवार होंगे.
> 17 नवंबर को बीजेपी के दिग्गज नेता रहे और किराड़ी से दो बार के विधायक रहे अनिल झा ने AAP की सदस्यता ले ली थी. इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने अनिल झा को पूर्वांचल का सबसे बड़ा नेता बताते हुए उनका पार्टी में स्वागत किया था.
3. विश्वास नगर से दीपक सिंघला चुनाव लड़ेंगे.
4. रोहतास नगर से सरिता सिंह आप उम्मीदवार होंगी.
5. लक्ष्मी नगर से बीबी त्यागी आप उम्मीदवार होंगे.
> बीजेपी को दिल्ली में एक बड़ा झटका 4 नवंबर को लगा था, जब बीजेपी नेता रहे और दो बार के पार्षद बीबी त्यागी आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे. त्यागी ने मनीष सिसोदिया की मौजूदगी में आप का दामन थामा था.
6. बदरपुर से राम सिंह (नेता जी) उम्मीदवार होंगे.
7. सीलमपुर से जुबैर चौधरी आप उम्मीदवार होंगे.
> सिर्फ बीजेपी ही नहीं, बल्कि कांग्रेस से आप में आने वाले नेताओं को भी टिकट मिला है. कांग्रेस से 5 बार विधायक रहे मतीन अहमद के बेटे चौधरी जुबैर अहमद ने अपनी पत्नी और कांग्रेस पार्षद शगुफ्ता चौधरी के साथ 29 अक्टूबर को आम आदमी पार्टी जॉइन कर ली थी.
8. सीमापुरी से वीर सिंह धींगान चुनाव लड़ेंगे.
> कांग्रेस नेता रहे वीर सिंह धींगान ने 15 नवंबर को आप का दामन थाम लिया था. धींगान सीमापुरी से 3 बार विधायक रह चुके हैं. 2020 का विधानसभा चुनाव उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था. 
9. घोंडा से गौरव शर्मा चुनाव लड़ेंगे.
10. करावल नगर से मनोज त्यागी आप प्रत्याशी होंगे.
11. मटियाला से सुमेश शौकीन आप के उम्मीदवार होंगे.
> दिल्ली चुनाव से पहले मटियाला विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व विधायक रहे सुमेश शौकीन ने कांग्रेस का साथ छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया लिया था. उन्होंने हाल ही में 18 नवंबर को आप की सदस्यता ली थी.
 

 


रूस के S-400 का कमाल, यूक्रेन की लंबी दूरी के मिसाइल हमलों को किया नाकाम

21-Nov-2024
मॉस्को।   ( शोर संदेश )  अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने यूक्रेन को लंबी दूरी की मिसाइलों से रूस के अंदर तक हमले करने की इजाजत दी थी। इस मंजूरी के बाद यूक्रेन ने रूस के ब्रांस्क क्षेत्र में सेना की एक फैसिलिटी को निशाना बनाने के लिए इसका इस्तेमाल किया। रूस ने मंगलवार को कहा कि छह अमेरिकी निर्मित ATACMS मिसाइलों से यूक्रेन ने हमला किया। उनमें से पांच को उसने अपने S400 एयर डिफेंस सिस्टम और पैंटसिर मिसाइल सिस्टम से तबाह कर दिया। एक मिसाइल क्षतिग्रस्त हो गई, जिसका मलबा क्षेत्र में गिरा।
द गार्जियन ने रूसी सरकार के मीडिया तास की रिपोर्ट के हवाले से कहा कि मलबा ब्रांस्क क्षेत्र में एक मिलिट्री फैसिलिटी पर गिरा और इससे छोटी आग लग गई। रूस के रक्षा मंत्रालय का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया कि हमले से कोई हताहत नहीं हुआ न ही कोई नुकसान हुआ है। यूक्रेन ने इस रिपोर्ट पर कोई टिप्पणी नहीं की है। इसके अलावा अमेरिका और अन्य पश्चिमी देश भी लंबी दूरी की मिसाइलों से रूस में हुए हमले पर चुप हैं।
रूस ने दी धमकी
इस बीच रूस ने कहा है कि उसके क्षेत्र के खिलाफ यूक्रेन का नवीनतम हमला मॉस्को के खिलाफ पश्चिमी युद्ध का एक नया चरण है। उसने इसके जवाबी कार्रवाई की कसम खाई। न्यूज एजेंसी एएफपी से ब्राजील के जी-20 समिट में बात करते हुए रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा, 'हम इसे रूस के खिलाफ पश्चिमी युद्ध का नया चरण मानेंगे और उसी के हिसाब से प्रतिक्रिया देंगे।' उन्होंने अमेरिका पर यूक्रेन को मिसाइल ऑपरेट करने में मदद का आरोप लगाया।
बाइडन प्रशासन ने यूक्रेन को रूस के कुर्स्क क्षेत्र में हमले के लिए लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल की इजाजत दी है। लंबे समय से यूक्रेन लंबी दूरी की मिसाइलों के इस्तेमाल की इजाजत मांग रहा था। रूस के कुर्स्क इलाके पर यूक्रेन ने कब्जा कर लिया है। रूस इसे फिर से हासिल करने के लिए उत्तर कोरिया की मदद ले रहा है। यूक्रेन की न्यूज एजेंसी RBC ने एक सूत्र के हवाले से कहा कि पहली बार यूक्रेनी सेना ने ATACMS के इस्तेमाल से रूसी क्षेत्र में हमला किया है।

स्मॉग के चलते ट्रेन हो गई कैंसिल तो कैसे मिलेगा रिफंड?

20-Nov-2024
भारतीय रेलवे में रोजाना तकरीबन ढ़ाई करोड़ लोग सफर करते हैं. भारत में रेलवे लोगों के आवाजाही के लिए सबसे अहम साधनों में एक है, लेकिन आपने अक्सर सुना होगा कि किसी कारणवश ट्रेन कैंसिल हो रही हैं? खासकर, इस समय घने कोहरे की वजह से लगातार ट्रेनों को लगातार कैंसिल करना पड़ रहा है. अब सवाल है कि अगर आपने ट्रेन में अपना रिजर्वेशन करवाया है, लेकिन ट्रेन कैंसिल हो गई तो रिफंड कैसे मिलेगा?
ट्रेन कैंसिल होने पर रिफंड की प्रक्रिया है?
दरअसल, अगर आपने ऑनलाइन टिकट बुक किया है तो फिर ज्यादा परेशान होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि जैसे ही ट्रेन कैंसिल होती है. वैसे ही आपके रिफंड की प्रक्रिया शुरू हो जाती है. आपके अकाउंट में पैसा 7-8 दिनों के अंदर आ जाता है. हालांकि, इसमें अधिकतर समय महज 3-4 से दिनों का वक्त लगता है. अब सवाल है कि अगर आपने काउंटर पर जाकर टिकट बुक करवाया है तो कैसे रिफंड मिलेगा?
अगर आपने टिकट काउंटर से जाकर अपना रिजर्वेशन करवाया और ट्रेन कैंसिल हो गया तो रिफंड की प्रक्रिया है? दरअसल अगर आपने काउंटर से टिकट करवाया है तो फिर आपको थोड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. साथ ही इसका रिफंड आपके अकाउंट में नहीं आएगा. इसके लिए आपको टीडीआर फाइल करना पड़ेगा यानी टिकट डिपॉजिट रिफंड. इसके बाद ही आपको इसका रिफंड मिल पाएंगा.
टीडीआर फाइल कैसे कर सकते हैं?
टीडीआर फाइल करने के लिए आपको आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाना होगा. जहां आपको अपना अकाउंट बनाना होगा. इसके बाद टीडी लिंक पर जाकर पीएनआर नंबर ट्रेन नंबर बाकी सारी जानकारी डाल करके ओटीपी डाली होगी फिर PNR की पूरी जानकारी दिखाई देगी. रिफंड के ऑप्शन पर क्लिक करने के बाद आपको मोबाइल की स्क्रीन पर एक कंफर्मेशन मैसेज आएगा कि आप किस अकाउंट में रिफंड लेना चाहते हैं उसकी डिटेल आपको वहां देनी होगी. इस तरह आपको अपने पैसे मिल जाएंगे.
 

बॉलीवुड के इन सेलेब्स ने डाला सुबह-सुबह वोट, डैशिंग अंदाज में पहुंचे अक्षय कुमार

20-Nov-2024
मुंबई। ( शोर संदेश )  महाराष्ट्र के सभी 288 विधानसभा क्षेत्रों में आज यानी बुधवार को मतदान हो रहा है. विधानसभा की सभी 288 सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया है और शाम 6 बजे ये समाप्त होगा. विधानसभा चुनाव में कई बॉलीवुड सितारे वोट डालने के लिए पहुंचे। वोटिंग के लिए सुबह-सुबह सबसे पहले अक्षय कुमार पहुंचे है. अक्षय कुमार सुबर जल्दी उठने के लिए जाने जाते हैं और उसी का परिचय आज सुबह उन्होंने दे दिया है. अक्षय के अलावा राजकुमाकर राव और अली फजल भी वोट डालने के लिए पहुंचे है. वोट डालने के बाद उनकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. 

कैलाश खेर पहुंचे वोट डालने
सिंगर कैलाश खेर भी वोट डालने के लिए पहुंच गए है. वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा- आज बहुत ही शुभ दिन है. वोटिंग भारत का सबसे बड़ा पर्व है. हर भारतीय को वोट देने का गर्व है. इस धरती पर जितनी बुराइयां हैं, उसे एक वोट के जरिए खत्म किया जा सकता है. लोगों को पता नहीं है कि वोट की चोट कितने लोगों को सही कर सकती है.
अनुपम खेर पहुंचे वोट डालने
अनुपम खेर भी वोट डालने के लिए पहुंच गए है. वोट डालने के बाद अनुपम खेर ने कहा- जितने भी लोग घरों में बैठे हैं, उन्हें वोट डालने जरूर आना चाहिए. ताकि हम खुद को दोषी न ठहराएं कि हमने जो मांगा था, वो हुआ नहीं.
सुनीता आहूजा पहुंची वोट देने
गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा पहुंची वोट देने के लिए. उन्होंने कहा- 'मैं चाहती हूं कि सभी लोग घर से बाहर आएं और वोट करें. जो भी बने वो अच्छा काम करें और लोगों की सेवा करें.'  वोट देने के बाद एक्ट्रेस ने पोज दिया. 
सुभाष घई पहुंचे वोट डालने
वरिष्ठ फिल्म निर्माता सुभाष घई ने मुंबई के बांद्रा पश्चिम में अपना वोट डाला. मताधिकार का प्रयोग करने के बाद उन्होंने कहा,"मैं सभी से वोट देने की अपील करना चाहूंगा, यह हमारा अधिकार और कर्तव्य है. वे जिसे भी वोट दें, लेकिन वोट दें. मेरा मुख्य मुद्दा शिक्षा है. मैं ऐसे उम्मीदवार को वोट दूंगा जो महाराष्ट्र के विकास और बच्चों के कल्याण की बात करता हो. मैं लोगों से कहूंगा कि वे टालमटोल न करें, फिर आपको सोशल मीडिया पर जाने (लिखने) का अधिकार नहीं रहेगा, अपने राज्य महाराष्ट्र को धोखा न दें, कुछ समय के लिए बाहर आएं."  
उर्मिला मातोंडकर ने दिया वोट
अपने दौर की टॉप एक्ट्रेसेज में से एक रहीं उर्मिला मातोंडकर ने भी वोट डालने के बाद उंगली पर इंक लगी फोटो शेयर की. उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों से वोट करने की अपील भी की. उन्होंने लिखा, 'प्लेज वोट करें. अपने लिए, अपने बच्चों के लिए, अपने समाज के लिए और अपने महाराष्ट्र के लिए. जय जय महाराष्ट्र माझा.'
कंगना रनौत ने वोट डालने के लिए की अपील
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत तो हिमाचल के मंडी से सासंद हैं मगर उन्होंने वोटिंग के लिए सभी लोगों को प्रेरित किया. उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार चैनसुख मदनलाल के साथ वीडियो शेयर की.

राजस्थान में पहली बार अग्निवीर को शहीद का दर्जा

20-Nov-2024
अलवर।  ( शोर संदेश ) राजस्थान के किसी अग्निवीर को पहली बार शहीद का दर्जा मिला है। इसके साथ ही परिजनों का सात महीने का इंतजार खत्म हो गया है। अलवर जिले के नवलपुरा मोरोड गांव निवासी अग्निवीर जितेन्द्र सिंह को शहीद का दर्जा मिला है। जितेन्द्र के परिजन को सोमवार को प्रशासन की ओर से शहीद के दर्जे का पत्र सौंपा गया। बताया जा रहा है कि राजस्थान के किसी अग्निवीर को पहली बार शहीद का दर्जा दिया गया है।
जितेन्द्र सिंह 2022 की अग्निवीर भर्ती में सेना में शामिल हुए थे और मई 2024 में जम्मू कश्मीर के राजौरी इलाके में आतंकी सर्च ऑपरेशन के दौरान सिर में गोली लगने से शहीद हो गए थे। वे पैरा स्पेशल फोर्स का हिस्सा थे। कमांडिंग ऑफिसर कर्नल तरुण देव ने राज्य सरकार के मुख्य सचिव सुधांशु पंत के नाम पर लेटर जारी कर अग्निवीर जितेंद्र सिंह को शहीद माना। अलवर जिले के रैणी क्षेत्र के नवलपुरा मोरोड गांव में जितेंद्र के परिजनों को सोमवार को शहीद दर्जे का पत्र सौंपा गया। अब राजस्थान सरकार द्वारा शहीद को मिलने वाला पैकेज उनके परिजनों को दिया जाएगा।
जितेंद्र के नाम पर बनेगा शहीद स्मारक
गांव में जितेंद्र सिंह के नाम पर शहीद स्मारक बनाया जा रहा है। जल्द ही शहीद को मिलने वाला पैकेज भी जितेन्द्र के परिजन को मिलेगा। परिजन को केंद्र सरकार और पंजाब नेशनल बैंक की तरफ से दो करोड़ रुपए पूर्व में ही मिल चुके हैं। जितेन्द्र के परिजन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मिलने पर कारगिल शहीद का पैकेज देने का आश्वासन दिया था।
आतंकी सर्च ऑपरेशन के दौरान लगी थी गोली
जानकारी के मुताबिक नवलपुरा मोरोड गांव के रहने वाले अग्निवीर जितेन्द्र सिंह 29 दिसंबर 2022 को सेना भर्ती हुए थे। वे 3 पैरा स्पेशल फोर्स का हिस्सा थे। इसके लिए बेंगलुरु में उन्होंने एक साल की स्पेशल ट्रेनिंग भी ली थी। 29 फरवरी 2024 को पहली बार जितेंद्र की पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में हुई थी। 9 मई 2024 को जम्मू कश्मीर के पुंछ राजौरी इलाके में जितेंद्र को सेना की टुकड़ी के साथ आतंकी सर्च ऑपरेशन में भेजा गया था। इस दौरान सिर में गोली लगने से जितेंद्र शहीद हो गए थे।

दुनिया में बजा प्रधानमंत्री मोदी का डंका, अब ये दो राष्ट्र देंगे अपना 'सर्वोच्च सम्मान'

20-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्तमान समय में दुनिया के सबसे पॉपुलर नेताओं में से एक हैं। पीएम मोदी फिलहाल तीन देशों की यात्रा पर हैं। पहले उन्होंने नाइजीरिया की यात्रा की। इसके बाद वह जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्राजील के रियो डी जेनेरियो शहर गए। वहीं, यात्रा के अंतिम चरण में पीएम मोदी बुधवार को गयाना पहुंचे हैं। अब गयाना और बारबाडोस दोनों ही देशों ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित करने का ऐलान किया है।
कौन से अवार्ड मिलेंगे?
गयाना और बारबाडोस ने पीएम मोदी को अपने सबसे बड़े अवार्ड पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की है। जानकारी के मुताबिक, गयाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार "द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस" प्रदान करेगा। वहीं, बारबाडोस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रतिष्ठित मानद ''ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस'' से सम्मानित करेगा।
क्यों अहम है गयाना की यात्रा?
50 साल से अधिक समय में यह पहला मौका है जब किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने गयाना की यात्रा की है। आपको बता दें कि गयाना में बड़ी संख्या में भारतीय मूल की आबादी रहती है। इनकी संख्या  3,20,000 के करीब है। पीएम मोदी जब हवाई अड्डे पर पहुंचे तब गयाना के राष्ट्रपति इरफान अली अपने 12 से अधिक कैबिनेट मंत्रियों के साथ उनके स्वागत के लिए खड़े थे। पीएम मोदी 21 नवंबर तक गयाना में रहेंगे और यहां के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली के साथ दोनों देशों के बीच अनूठे संबंधों को रणनीतिक दिशा देने पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी दूसरे भारत-कैरिकॉम शिखर सम्मेलन में कैरेबियाई साझेदार देशों के नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।
पीएम मोदी को अब तक कितने सम्मान?
इससे कुछ दिन पहले पहले डोमिनिका ने भी पीएम मोदी के लिए अपने सर्वोच्च पुरस्कार "डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर" की घोषणा की थी। आपको बता दें कि पीएम मोदी को अन्य देशों से मिलने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मानों की संख्या अब तक 19 पहुंच गई है।

गुयाना के पास तेल का अकूत भंडार, इस वजह से पीएम मोदी की यात्रा है खास

20-Nov-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को कैरेबियाई देश गुयाना की ऐतिहासिक यात्रा पर पहुंचेंगे. उनकी तीन दिवसीय यात्रा में एनर्जी सिक्योरिटी पर बात हो सकती है. गुयाना तेल और गैस संसाधनों की खोज के बाद तेजी से विकास करने वाला देश है. उसके साथ जुड़कर भारत न केवल एनर्जी सिक्योरिटी को बढ़ावा देने की उम्मीद कर रहा है, बल्कि दुनिया के दक्षिण देशों और कैरिबियन क्षेत्र के बीच अपनी स्थिति को मजबूत करने का प्रयास कर रहा है.
पूरी दुनिया की गुयाना पर नजरें हैं, जिसकी वजह कच्चे तेल के अकूत भंडार हैं. ऐसी खबर पहले आ चुकी है कि गुयाना आने वाले समय में संसार के दस सबसे बड़े तेल उत्पादक देशों में शामिल हो सकता है. आठ अरब बैरल कच्चे तेल का भंडार यहां है.
भारत और गुयाना के बीच एनर्जी और रक्षा समझौतों की उम्मीद
पीएम मोदी की यात्रा के दौरान भारत और गुयाना के बीच एनर्जी और रक्षा समझौतों होने की उम्मीद है. भारत अनूठे इतिहास का लाभ उठाने के प्रयास में जुटा है. यहां की लगभग 40 प्रतिशत आबादी भारतीय मूल की है. इसमें राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली भी शामिल हैं, जिनके पूर्वजों को 19वीं सदी में ब्रिटिश सरकार ने गिरमिटिया मजदूर के रूप में कैरिबियन क्षेत्र में भेजा था.
1968 के बाद किसी भारतीय पीएम की पहली गुयाना यात्रा
पीएम मोदी की गुयाना यात्रा से दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे. पिछले साल, राष्ट्रपति अली प्रवासी भारतीय दिवस में मुख्य अतिथि थे. उन्हें प्रवासी भारतीय सम्मान से सम्मानित भी किया गया था, जो भारतीय मूल के लोगों के लिए सर्वोच्च सम्मान है. मोदी की गुयाना यात्रा 1968 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की यात्रा के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यात्रा है. मोदी अली के साथ बातचीत करेंगे और गुयाना की संसद के विशेष सत्र को संबोधित करेंगे.

बारिश, आंधी, भूकंप सबसे बचाएगी ये खास ट्रेन…

20-Nov-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  भारत सरकार की मुंबई-अहमादाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत, चलने वाली ट्रेनों को खास तरीके से तैयार किया जा रहा है. रेलवे की मुंबई से अहमदाबाद के बीच चलने वाली बुलेट ट्रेनों में कई सारे सेफ्टी फीचर्स दिए जाएंगे. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद इस बारे में सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर जानकारी दी. इस बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में यात्रियों की सेफ्टी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. प्रोजेक्ट के तहत बनने वाली बुलेट ट्रेनों को भूकंप, आंधी और तेज बारिश से बचाने के लिए खास तरीके से डिजाइन किया जा रहा है.

भारत सरकार रेल सुविधाओं को लगातार बेहतर करने की दिशा में काम कर रही है. इसी क्रम में भारतीय रेलवे ने नई बुलेट ट्रेन परियोजना में भूकंप सेंसर, रेनफॉल मॉनिटरिंग सिस्टम और तेज हवाओं के चलने पर ट्रेन की सुरक्षा को लेकर नए सिस्टम अपडेट किए जा रहे हैं.
भूकंप सेंसर
मुंबई-अहमादाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में जापानी शिंकानसेन बुलेट ट्रेनों की तकनीकी का इस्तेमाल किया जा रहा है. मुंबई और गुजरात के बीच में कुल 28 भूकंपमापी सेंसर लगाए जाएंगे, जिनमें से 22 महाराष्ट्र और 8 गुजरात में लगेंगे. ये सेंसर भूकंप तरंगों की निगरानी करेंगे साथ ही भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में ट्रेन के जाने पर खुद-ब-खुद इमरजेंसी ब्रेक लगा देंगे.
बारिश की निगरानी
बुलेट ट्रेनों को हैवी रेन से बचाने के लिए नई तकनीकी का इस्तेमाल किया जा रहा है. इससे जिस इलाके में ट्रेन चलेगी. वहां के मौसम के बारे में आसानी से पता चल जाएगा और बुलेट ट्रेनों को खराब मौसम और भारी बारिश की मार नहीं झेलनी पड़ेगी. कई बार भारी बारिश के चलते ट्रेनें लेट हो जाती हैं. इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए रेलवे बुलेट ट्रेनों में बरिश की निगरानी के लिए एक नया सिस्टम लगाएगा.
तेज गति की हवाओं का पता लगाना

मुंबई-अहमदाबाद के बीच चलने वाली बुलेट ट्रेनें कई तटीय क्षेत्रों से होकर के गुजरेंगी. इसलिए ट्रेनों पर तेज हवाओं का कोई प्रभाव न पड़े, आंधियों के बारे में पहले ही पता चल जाए. इसके लिए रेलवे ने हवाओं की गति का पता लगाने के लिए वायडक्ट के साथ-साथ 14 जगहों पर एनीमोमीटर लगाएगा, जो 0 से 252 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच चलने वाली हवाओं का डेटा देगा, जिससे यदि हवा की रफ्तार 72 किलोमीटर प्रति घंटा से 130 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच पहुंचती है तो ट्रेन की स्पीड को कम कर दिया जाएगा.

पीएम मोदी के बाद अब 'द साबरमती रिपोर्ट' की तारीफ में बोले अमित शाह, 'सच को दबाया नहीं जा सकता'

20-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  विक्रांत मैसी की फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' रिलीज से पहले से ही विवादों में हैं. 2002 में हुए गोधरा कांड पर बनी फिल्म को लेकर दर्शक दो गुटों में बंट गए हैं. इस बीच पहले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिल्म की तारीफ की था. वहीं अब गृह मंत्री अमित शाह ने 'द साबरमती रिपोर्ट' को सराहा है. सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए अमित शाह ने कहा कि सच को दबाया नहीं जा सकता चाहे कोई कितनी भी कोशिश कर ले.
अमित शाह ने एक्स पर एक यूजर के पोस्ट को री-शेयर किया है. इसके साथ उन्होंने लिखा है- 'कोई भी पावरफुल इकोसिस्टम कितनी भी कोशिश कर ले, वो सच को अंधेरे में छुपाए नहीं रख सकता. फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' अद्वितीय साहस के साथ इकोसिस्टम को चुनौती देती है और उस भयावह घटना के पीछे की सच्चाई को दिन के उजाले में उजागर करती है.'
पीएम मोदी भी कर चुके हैं फिल्म की तारीफ
बता दें कि इससे पहले पीएम मोदी ने भी विक्रांत मैसी की फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' की तारीफ की थी. उन्होंने एक्स पर लिखा था- 'खूब कहा है. ये अच्छा है कि ये सच सामने आ रहा है और वो भी इस तरह से कि आम लोग इसे देख सकें. एक फेक नैरेटिव सिर्फ लिमिटेड टाइम तक ही कायम रह सकता है. आखिरकार, फैक्ट हमेशा सामने आएगा.'
क्या है 'द साबरमती रिपोर्ट' की कहानी?
बता दें कि विक्रांत मैसी की फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' 15 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है. फिल्म को अपनी कहानी के चलते काफी आलोचना का शिकार करना पड़ रहा है. फिल्म की कहानी 2002 के गोधरा कांड पर बेस्ड है जिसमें साबरमती एक्सप्रेस के एक कोच को कुछ लोगों ने आग के हवाले कर दिया था. इस हादसे के बाद सांप्रदायिक हिंसा भड़क उठी थी.
 

 




kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account