ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

संविधान की किताब हाथ में लेकर प्रियंका गांधी ने ली सांसद पद की शपथ

28-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा गुरुवार को वायनाड लोकसभा सीट जीतने के बाद लोकसभा में सांसद के रूप में शपथ लीं। प्रियंका गांधी ने वायनाड से सांसद के रूप में शपथ ली। उनके साथ उनकी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी भी मौजूद रहे। प्रियंका के साथ उनके बेटे और बेटी रेहान वाड्रा और मिराया वाड्रा भी संसद पहुंचे। कांग्रेस नेता रवींद्र वसंतराव चव्हाण भी नांदेड़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव में 5,86,788 वोटों के साथ जीतने के बाद लोकसभा में सांसद के रूप में शपथ लीं। प्रियंका ने वायनाड सीट पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के सत्यन मोकेरी को 4,10,931 वोटों के अंतर से हराया। कांग्रेस पार्टी के गढ़ वायनाड में प्रियंका गांधी, भाजपा की नव्या हरिदास और सीपीआई के सत्यन मोकेरी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला था।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की रेस में देवेंद्र फडणवीस सबसे आगे, 29 को हो सकता है ऐलान

28-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा ये अभी तक तय नहीं हो पाया है. हालांकि, सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार महायुति गठबंधन में कई बैठकों के बाद अब एक नाम पर सहमति बनती दिख रही है. सूत्रों की मानें तो राज्य के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता और राज्य के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे चल रहा है. माना जा रहा है कि 29 नवंबर को उन्हें बीजेपी के विधायक दल का नेता चुने जाने का औपचारिक ऐलान भी कर दिया जाए. साथ ही दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ आज शाम होने जा रही बैठक में मुख्यमंत्री के नाम का भी ऐलान संभव है. 
सूत्रों के अनुसार गुरुवार की शाम अगर बीजेपी हाईकमान की बैठक में मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लग जाती है तो दो दिसंबर को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा. इस समारोह में पीएम मोदी समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं के भी शामिल रहने की बात सामने आ रही है. बताया जा रहा है शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में किया जा सकता है. 
बताया जा रहा है कि महायुति गठबंधन की बैठक में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे को मना लिया है और अब एकनाथ शिंदे ने सीएम पद को लेकर अपनी दावेदारी छोड़ दी है. इन सब के बीच सूत्रों के हवाले से अब ये खबर आ रही है कि महाराष्ट्र में सीएम पद की दावेदारी छोड़ने के लिए केंद्र सरकार ने एकनाथ शिंदे की पार्टी को केंद्र में तीन अहम मंत्रालय देने का मन बना लिया है. एकनाथ शिंदे को जो तीन मंत्रालय देने की तैयारी चल रही है उनमें शहरी विकास मंत्रालय, लोक निर्माण मंत्रालय और जल संसाधन मंत्रालय शामिल हैं.
 

अडानी मुद्दे पर 'इंडी' गठबंधन में ही फूट, टीएमसी ने कांग्रेस को सुनाई खरी-खरी

28-Nov-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  संसद के शीतकालीन सत्र में विपक्ष बीते दो दिनों से अदाणी और मणिपुर मुद्दे पर खूब हंगामा कर रहा है। इसके चलते कई बार दोनों सदनों की कार्यवाही को स्थगित करना पड़ा है। इस बीच अदाणी मुद्दे पर विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' में ही फूट पड़ती दिखाई दे रही है। 
दरअसल, जहां कांग्रेस उद्योगपति गौतम अदाणी पर अमेरिका में कथित रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के मामले मंल आरोप लगाए जाने का मुद्दा जोर-शोर से उठा रही है, वहीं तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल को केंद्रीय निधि से वंचित किए जाने और मणिपुर की स्थिति जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करेगी।
टीएमसी ने कहा कि वो 'जनता के मुद्दों' पर ध्यान केंद्रित करेगी और वह नहीं चाहती कि 'एक मुद्दे' पर कार्यवाही बाधित हो। लोकसभा में पार्टी की उपनेता काकोली घोष दस्तीदार ने कहा कि टीएमसी संसद में उठाने के लिए 'जनता के मुद्दों' पर तेजी से ध्यान केंद्रित करेगी।
यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अदाणी का मुद्दा दूसरे दिन भी दोनों सदनों में उठाया गया और दोनों सदनों को ज्यादा कामकाज किए बिना स्थगित कर दिया गया।
दस्तीदार ने कहा कि टीएमसी चाहती है कि संसद चले, हम नहीं चाहते कि एक मुद्दे के कारण संसद बाधित हो। हमें इस सरकार को उसकी कई विफलताओं के लिए जवाबदेह ठहराना चाहिए।
टीएमसी ने कहा कि हम इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं, लेकिन हमारा इस मुद्दे पर दृष्टिकोण अलग है। बता दें कि राष्ट्रीय स्तर पर विपक्ष के इंडी गठबंधन का हिस्सा टीएमसी, राज्य में किसी भी पार्टी के साथ चुनावी गठबंधन मंद नहीं है।
इन मुद्दों को उठाएगी टीएमसी
सोमवार को तृणमूल कांग्रेस की कार्यसमिति की बैठक में संसद के शीतकालीन सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा की गई। जहां राज्य के लिए मनरेगा और अन्य केंद्रीय निधियों को रोका जाना मुख्य मुद्दा है, जिसे पार्टी उठाने पर विचार कर रही है, वहीं मूल्य वृद्धि, बेरोजगारी और उर्वरक की कमी जैसे मुद्दे भी सूची में हैं।
पूर्वोत्तर की स्थिति और मणिपुर में जारी हिंसा भी सूची में है, साथ ही अपराजिता महिला एवं बाल (पश्चिम बंगाल आपराधिक कानून एवं संशोधन) विधेयक को मंजूरी मिलने में देरी भी है। पार्टी के एक सूत्र ने बताया कि सोमवार को टीएमसी की कार्यसमिति की बैठक में इन मुद्दों को उठाने पर निर्णय लिया गया, क्योंकि यह जनता से जुड़े मुद्दे हैं।

 


दिल्ली के प्रशांत विहार में तेज धमाका, जांच में पुलिस को मिला सफेद पाउडर

28-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )   दिल्ली के प्रशांत विहार स्थित बंसी स्वीट्स में संदिग्ध धमाका हुआ है। यह धमाका आज सुबह 11 बजकर 48 मिनट पर हुआ। इसकी जानकारी पुलिस को पीसीआर कॉल से मिली है।
बताया जा रहा है कि मिठाई दुकान के सामने रेहड़ी वाले के करीब में यह धमाका हुआ है। जिस जगह पर धमाका हुआ है, उससे कुछ कदम पर ही एक स्कूल भी है। प्रशांत विहार में क्राइम ब्रांच के कार्यालय के पास धमाके के बाद पुलिस ने इलाके की नाकेबंदी कर दी। बताया जा रहा है कि घटनास्थल से सफेद पाउडर भी मिला है। पुलिस इस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। 
वीर सावरकर पार्क के फुटपाथ के पास हुआ ब्लास्ट
धमाका प्रशांत विहार के वीर सावरकर पार्क के फुटपाथ के पास हुआ है। धमाके में वाहन चालक को मामूली चोट लगी है। यहां पर वीर सावरकर पार्क के पास ही में सेंट मारग्रेट सीनियर सेकेंडरी स्कूल है। 
एक महीने पहले भी हो चुका धमाका
बता दें इससे पहले इसी साल अक्टूबर महीने में ही दिल्ली में रोहिणी सेक्टर-14 के प्रशांत विहार स्थित सीआरपीएफ स्कूल की दीवार के पास तेज धमाका हुआ था। उस घटना की जांच दिल्ली पुलिस आतंकी समेत सभी पहलुओं पर कर रही है।

धमाका ऐसा था कि तीन-चार किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी और करीब 20 मिनट तक हवा में सफेद धुएं का गुबार फैला रहा। धमाके से आसपास की कई दुकानों, कार्यालयों व कारों के शीशे टूट गए। धमाके की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ ही दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच, स्पेशल सेल और साइबर विंग की टीमें पहुंची थीं।

'पूजा स्थलों की सुरक्षा' और कानून से संबंधित याचिका पर सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट

27-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  देश के विभिन्न हिस्सों में मंदिर और मस्जिदों का विवाद बढ़ता चला जा रहा है। हाल ही में कोर्ट के आदेश के बाद उत्तर प्रदेश के संभल जिले में स्थित जामा मस्जिद का सर्वेक्षण किया गया जिसके बाद भयंकर हिंसा फैल गई। इन सब के बीच अब सुप्रीम कोर्ट ने पूजा स्थलों की सुरक्षा एवं 1991 में बने कानून से संबंधित याचिका पर सुनवाई का संकेत दिया है। आइए जानते हैं कि क्या है पूरा मामला और कब होगी इसपर सुनवाई।
सुप्रीम कोर्ट में पूजा स्थलों की सुरक्षा एवं 1991 में बने कानून से संबंधित दायर की गई याचिका पर आगामी महीने यानी 4 दिसम्बर को सुनवाई का संकेत दिया है। भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली पीठ इस महत्वपूर्ण मामले की सुनवाई करेगी।
ये जज करेंगे सुनवाई
पूजा स्थलों की सुरक्षा एवं 1991 में बने कानून से संबंधित याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना, जस्टिस पी नरसिम्हा और जस्टिस मनोज मिश्रा की बेंच सुनवाई करेगी। केस में याचिकाकर्ता के रूप में जमीअत उलमा-ए-हिंद और गुलजार अहमद नूर मोहम्मद आजमी का नाम लिस्टेड है। इनके वकील एजाज मकबूल कोर्ट के सामने पक्ष रखेंगे।
देश में 1991 के पूजा स्थल कानून में प्रावधान किया गया था कि स्वतंत्रता के समय जो धार्मिक स्थल जिस स्वरूप में था उसे वैसे ही बरकरार रखा जाएगा। उपासना स्थल कानून ऐसा कानून है जो 15 अगस्त 1947 को मौजूद किसी भी उपासना स्थल के स्वरूप को बदलने पर पाबंदी लगाता है। धार्मिक स्थलों के स्वामित्व अधिकार को लेकर विवाद खत्म करने के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री पी वी नरसिंह राव के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने इस कानून में दशकों से जारी रामजन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद को एकमात्र अपवाद रखा था। इस कानून की धारा तीन किसी व्यक्ति और लोगों के समूहों को पूर्ण या आंशिक रूप से, किसी भी धार्मिक संप्रदाय के उपासना स्थल को एक अलग धार्मिक संप्रदाय के उपासना स्थल में परिवर्तित करने से रोकती है।
 

सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के 5 डॉक्टरों की मौत, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुआ हादसा

27-Nov-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  उत्तर प्रदेश की सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के पांच डॉक्टरों की सड़क हादसे में मौत हो गई. ये हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुआ था. सभी डॉक्टर स्कॉर्पियों से लखनऊ से आगरा जा रहे थे, इसी दौरान उनकी गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई और दूसरी लेन पर पुहंच गई, जहां सामने से आ रहे ट्रक से उसकी टक्कर हो गई. यह हादसा बुधवार तड़के करीब तीन बजे हुआ था. 
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब तीन बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर कन्नौज के तिर्वा इलाके में भीषण हादसा हुआ. यहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार (UP80 HB0703) डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरे लेन पर पहुंच गई, जहां सामने से आ रहे ट्रक (RJ09 CD3455) ने उसमें टक्कर मार दी, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई. इस हादसे में जिनकी मौत हुई है, उनकी पहचान सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के डॉक्टरों के रूप में हुई है. ये सभी पीजी स्टूडेंट थे. इसके अलावा कार सवार एक पीजी स्टूडेंट गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बताया जा रहा है कि सभी कार सवार लखनऊ में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस सैफई लौट रहे थे. 
तिर्वा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर सीपी पाल ने बताया कि यूपीडा की गाड़ी से 6 लोग यहां लाए गए थे, जिनमें पांच की मौत हो चुकी थी एक गंभीर रूप से घायल था. ये सभी सैफई मेडिकल कॉलेज के पीजी के स्टूडेंट थे. 
हादसे के शिकार बने डॉक्टर 
1- अनिरुद्ध वर्मा पुत्र पवन कुमार वर्मा (29), निवासी आगरा (मृतक)
2- संतोष कुमार मौर्य पुत्र जीत नारायण मौर्य, निवासी भदोही (मृतक)
3- अरुण कुमार पुत्र अंगद लाल, निवासी कन्नौज (मृतक)
4- नरदेव पुत्र राम लखन गंगवार, बरेली (मृतक)
5- एक की पहचान नहीं हो पाई है.
6- जयवीर सिंह पुत्र करण सिंह, निवासी मुरादाबाद (घायल) 

अडानी ग्रुप के सभी शेयरों में तूफानी तेजी, रिश्वतखोरी के आरोपों से इनकार के बाद 18% तक उछले शेयर

27-Nov-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )  आज 27 नवंबर को अदाणी ग्रुप के सभी शेयरों में तेजी देखी गई है. आज के  कारोबारी सत्र में फ्लैगशिप कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी पावर, अदाणी टोटल गैस, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, अंबुजा सीमेंट्स, अदाणी विल्मर, अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन और एनडीटीवी के शेयरों में शानदार बढ़ोतरी हुई है. जिससे कई शेयरों में अपर सर्किट लगा.
अदाणी टोटल गैस के शेयर में 18% तक की बढ़त
अदाणी पावर और अदाणी टोटल गैस के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है.1:20 बजे अदाणी पावर के शेयर 17.51% की बढ़त के साथ 514.30 रुपये पर कारोबार कर रहे हैं, जबकि अदाणी टोटल गैस के शेयर 18.00% की बढ़त के साथ 683.75 रुपये पर ट्रेड कर रहे हैं.
दोपहर 1 बजे के करीब अडानी ग्रुप के शेयरों में जबरदस्त रिकवरी देखने को मिली.अदाणी टोटल गैस के साथ ही अदाणी पावर, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, अदाणी ग्रीन, अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों में 10% का अपर सर्किट लगा.
अदाणी ग्रीन के शेयर में 9.29% की तेजी
11 बजकर 45 मिनट पर अदाणी ग्रीन एनर्जी के शेयर  83.45 अंक यानी 9.29% की तेजी के साथ 982.00 के लेवल पर पहुंचकर कारोबार कर रहे हैं. यह शेयर 890 रुपये के लेवल पर खुलने के बाद आज अब तक के कारोबार में 988 के लेवल तक जा चुका है.
अदाणी ग्रीन एनर्जी ने रिश्वतखोरी के आरोपों पर दिया ये बयान
बता दें कि अदाणी ग्रुप की कंपनी अदाणी ग्रीन एनर्जी ने स्पष्ट किया है कि गौतम अदाणी, सागर अदाणी और विनीत जैन पर अमेरिकी विदेश भ्रष्टाचार कानून के तहत रिश्वतखोरी का आरोप नहीं लगाया गया है. कंपनी का कहना है कि मीडिया रिपोर्ट में अदाणी ग्रुप के अधिकारियों - गौतम अदाणी, उनके भतीजे सागर अदाणी और वरिष्ठ निदेशक विनीत जैन पर अमेरिकी विदेश भ्रष्टाचार कानून (एफसीपीए) के तहत रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए थे, जो कि पूरी तरह गलत हैं. कंपनी के इस बयान के बाद निवेशकों का रुझान सकारात्मक है जिसके कारण अदाणी ग्रुप के शेयरों में तेजी देखी जा रही है.
 

'जिन्हें जनता ने 80 बार नकारा, वो संसद का काम रोकते हैं,' मोदी का विपक्ष पर वार

25-Nov-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश )  संसद का शीतकालीन सत्र शुरू हो गया है। यह सत्र 20 दिसंबर तक चलेगा। कांग्रेस मणिपुर हिंसा, संभल में हिंसा और दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण पर चर्चा करने पर अड़ा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद पहुंचे।
संसद का शीतकालीन सत्र शुरू होने से पहले पीएम मोदी ने संसद परिसद से देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'जिन्हें जनता 80 बार नकार चुकी है, वो संसद का काम रोकते हैं। दुर्भाग्य से कुछ लोगों ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए संसद को कंट्रोल करने की कोशिश की है।  
पीएम मोदी ने आगे कहा कि मुट्ठी भर लोगों की हुड़दंगबाजी से सदन को कंट्रोल करने की कोशिश की जाती है।उनका अपना मकसद तो संसद की गतिविधि को रोकने से सफल होता नहीं। लेकिन उनकी ऐसी हरकतें देखकर जनता उन्हें नकार देती है। पीएम मोदी ने कहा कि इन लोगों को 80-90 बार जनता नकार चुकी है।
उन्होंने आगे ये भी कहा, आज विश्व भारत की तरफ बहुत आशा भरी नजर से देख रहा है। इसलिए हमें संसद के समय का उपयोग वैश्विक स्तर पर भी भारत के बढ़े हुए सम्मान बल प्रदान करने में करना चाहिए।
पीएम मोदी ने कहा कि ऐसे हुड़दंगियों को जनता सजा देती है। इन्हें जनता देख रही है। ऐसे लोग लोकतंत्र का सम्मान नहीं करते। कुछ लोग न काम करते हैं न करने देते हैं। विपक्ष जनता जनार्दन की भावना का सम्मान करे।कुछ देर बाद संसद का शुरू होते ही विपक्षी इंडिया ब्लॉक अदाणी मामले में चर्चा कराने पर अड़ा रहा। विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों की कार्रवाई को स्थगित कर दिया गया। 
हंगामे के बीच दोनों सदनों की कार्रवाई स्थगित 
विपक्ष के हंगामे के बीच राज्यसभा को 27 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। सभापति जगदीप धनकड़ ने कहा कि अब सदन 27 नवंबर को सुबह 11 बजे एक बार फिर बैठेगी। साथ ही लोकसभा को भी 27 नवंबर तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
 

 


शेयर बाजार की शानदार शुरुआत, सेंसेक्स में 1000 अंक की बढ़त, निफ्टी में भी उछाल

25-Nov-2024
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) घरेलू शेयर बाजार में एक बार फिर से उछाल देखने को मिल रहा है, सप्ताह के पहले ही दिन बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई. इस दौरान सेंसेक्स में 1000 अंक से ज्यादा का उछाल दर्ज किया गया.
महाराष्ट्र चुनाव के नतीजों के बाद सप्ताह के पहले दिन शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली है. बाजार की शुरुआत उछाल के साथ हुई. बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में भी तेजी देखने को मिली. सोमवार को बीएसई का सेंसेक्स 1076.36 अंक यानी 1.36 फीसदी के उछाल के साथ 80,193 के लेवल पर ओपन हुआ. जबकि एनएसई का निफ्टी 346.30 अंक यानी 1.45 फीसदी की तेजी के साथ 24,253 अंक पर खुला.
सभी सेक्टर में देखने को मिल रही तेजी
आज शेयर बाजार में सभी सेक्टर्स में तेजी देखने को मिल रही है. बैंक निफ्टी और निफ्टी में भी जबरदस्त उछाल देखा जा रहा है. बैंक, आईटी, फार्मा समेत लगभग सभी सेक्टर्स में आज तेजी देखी जा रही है. बाजार में आज तेजी का अंदाजा प्री-ओपन में ही लग गया था. जब प्री-ओपनिंग बाजार में भी उछाल देखने को मिला था.
बैंक निफ्टी में भी भारी उछाल
सप्ताह के पहले दिन यानी सोमवार को बैंक निफ्टी में भी शानदार तेजी देखने को मिल रही है. बैंक निफ्टी में 1027.55 अंक यानी 2.01 फीसदी का उछाल देखने को मिला. इसके बाद ये 52,162 के लेवल पर पहुंच गया. वहीं बैंक निफ्टी के सभी 12 शेयर उछाल के साथ कारोबार करने नजर आ रहे हैं. इनमें पीएनबी में सबसे ज्यादा 4 फीसदी का उछाल देखा जा रहा है.
 

 


योगी सरकार कराएगी छात्रों की शैक्षिक क्षमता का मूल्यांकन, शामिल होंगे लाखों विद्यार्थी

25-Nov-2024
लखनऊ।  ( शोर संदेश ) योगी सरकार शिक्षा व्यवस्था को समझने और उसमें नीतिगत सुधारों के लिए आधार तैयार करने के लिए शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार और एनसीईआरटी के सहयोग से 4 दिसंबर को परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण 2024 का आयोजन कराने जा रही है। इसमें उत्तर प्रदेश में 9,715 चयनित विद्यालय शामिल हैं, जिनमें सरकारी, सहायता प्राप्त निजी विद्यालय, मदरसे और अन्य बोर्डों से मान्यता प्राप्त विद्यालय सम्मिलित हैं। बता दें कि यह सर्वेक्षण देशभर में शिक्षा की गुणवत्ता और छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियों का मूल्यांकन करने के लिए आयोजित किया जाएगा।
शैक्षणिक उपलब्धियों का होगा आंकलन
यह सर्वेक्षण प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक स्तर पर छात्रों की शैक्षणिक उपलब्धियों का आंकलन करने के लिए किया जा जाएगा। सर्वेक्षण में कक्षा 3, 6 और 9 के छात्रों की उपलब्धियों को आंका जाएगा, जो सैंपल्ड विद्यालयों में किया जाना है।कक्षा 3, 6 और 9 के लिए अलग-अलग विषयों को मूल्यांकन का आधार बनाया गया है। इनमें कक्षा 3 और कक्षा 6 के लिए भाषा, गणित और हमारे आस-पास की दुनिया तथा कक्षा 9 के लिए भाषा, गणित, सामाजिक विज्ञान और विज्ञान विषय को सर्वेक्षण का मुख्य बिंदु बनाया गया है।
तय की गई जिम्मेदारी
परख राष्ट्रीय सर्वेक्षण के सम्बन्ध में जनपद स्तरीय समन्वयक, डायट प्राचार्य एवं जिला विद्यालय निरीक्षक के दायित्व निर्धारित किए गए हैं। इनमें जनपद स्तरीय समन्वयक द्वारा सर्वेक्षण का क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण सम्बन्धी समस्त दायित्वों का निर्वहन किया जाना शामिल है। इसके अलावा जनपद स्तरीय सहायक समन्वयक/मास्टर ट्रेनर द्वारा फील्ड इन्वेस्टीगेटर (एफआई) का प्रशिक्षण निर्धारित समयावधि के अंतर्गत कराने की जिम्मेदारी दी गयी है। सर्वेक्षण का कार्य प्रशिक्षित फील्ड इन्वेस्टीगेटर (एफआई) से ही कराया जाना सुनिश्चित है।
 



kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account