ब्रेकिंग न्यूज

देश-विदेश

केबल चोरी ने धीमी की दिल्ली मेट्रो की रफ्तार, इस रूट के पैसेंजर्स की बढ़ गई हैं मुश्किलें

05-Dec-2024
नई दिल्ली: ( शोर संदेश )  दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर आज यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ सकता है। मोती नगर और कीर्ति नगर स्टेशनों के बीच केबल चोरी की घटना के कारण यह समस्या हुई है। DMRC ने बताया कि इस समस्या का समाधान आज रात में ही हो पाएगा। इस वजह से, दिन में ट्रेनें धीमी गति से चलेंगी। ब्लू लाइन, द्वारका सेक्टर 21 को नोएडा सिटी सेंटर और वैशाली से जोड़ती है। इस लाइन पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग सफर करते हैं। DMRC ने यात्रियों से अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने का आग्रह किया है। कल सुबह तक सेवाएं पूरी तरह से बहाल हो जाने की उम्मीद है। DMRC ने असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।
दिल्ली में ब्लू लाइन मेट्रो पर केबल की चोरी का मामला सामने आया है। कीर्तिनगर-मोतीनगर के बीच घटना हुई है। डीएमआरसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी दी है। डीएमआरसी ने कहा कि मोती नगर और कीर्ति नगर के बीच केबल चोरी होने के कारण ब्लू लाइन पर सेवाओं में देरी हो रही है।

योगी आदित्यनाथ का अयोध्या में बड़ा बयान-500 साल पहले जो बाबर ने किया, बांग्लादेश और संभल में आज वही हो रहा

05-Dec-2024
लखनऊ। ( शोर संदेश )  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और बीजेपी के फायरब्रांड नेता योगी आदित्यनाथ ने संभल में हुई हिंसा को लेकर बड़ा बयान दिया है। अयोध्या में जनता से बात करते हुए योगी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो हिंसा का जिक्र किया। उन्होंने इसे संभल के मामले से जोड़ते हुए कहा कि 500 साल पहले जो बाबर ने किया, बांग्लादेश और संभल में आज वही हो रहा है। तीनों मामलों की प्रकृति, तीनों के DNA एक जैसे हैं। इससे पहले योगी आदित्यनाथ संभल में हिंसा करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दे चुके हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने संभल में मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा को लेकर सीएम योगी ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि एक भी उपद्रवी नहीं बचना चाहिए। जिन लोगों ने सार्वजनिक संपत्ति को क्षतिग्रस्त किया है, उसे वापस ठीक कराने का खर्च उन्हीं उपद्रवियों से वसूला जाए। अबतक संभल हिंसा के 34 आरोपियों को अरेस्ट किया जा चुका है वहीं 400 उपद्रवियों की पहचान की जा चुकी है जिनको पकड़ने के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है।
अतिक्रमण के मामले पर क्या बोले?
योगी आदित्यनाथ ने सार्वजनिक स्थलों पर हुए अतिक्रमण के मुद्दे पर कहा कि हर किसी को यह समझना चाहिए कि सड़क सभी के लिए है। निर्माण सामग्री रखने, निजी वाहन खड़ा करने, दुकान बनाने आदि के लिए सार्वजनिक स्थल का उपयोग नहीं करने दिया जाएगा।
क्या है संभल का विवाद ?
संभल की शाही जामा मस्जिद को लेकर एक वकील ने स्थानीय अदालत में दावा किया था कि यह मस्जिद पहले मंदिर हुआ करती थी। मंदिर को तोड़कर मस्जिद बनाई गई। इस वजह से उस जमीन पर हिंदू पक्ष का अधिकार है। स्थानीय अदालत ने सर्वे की अनुमति दे दी। सर्वे के दूसरे दिन जब टीम के लोग मस्जिद पहुंचे तो भीड़ नारेबाजी करने लगी। ऐसे में प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के झड़प हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। इसके बाद से संभल में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। वहीं, बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद अल्पसंख्यकों पर जमकर अत्याचार हो रहे हैं। हिंदू समुदाय के लोगों के साथ भी हिंसा हो रही है। इस मामले पर कई चिंता जाहिर कर चुके हैं, लेकिन बांग्लादेश में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है।

 


पंजाब: सुखबीर बादल पर फायरिंग, बाल-बाल बचे

04-Dec-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल में बुधवार को पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर खालिस्तानी आतंकी ने फायरिंग की। सुखबीर बादल गोल्डन टेंपल के गेट पर सेवादार बनकर बैठे थे। डेरा सच्चा सौदा के मुखी राम रहीम को माफी देने को लेकर सिखों की सर्वोच्च अदालत अकाल तख्त ने उन्हें यह सजा दी है।
वारदात के वक्त हमलावर ने जैसे ही उन पर गोली चलाई उसी समय सिविल वर्दी में तैनात उनके सुरक्षाकर्मियों ने उसका हाथ पकड़कर ऊपर उठा दिया। जिससे गोली गोल्डन टेंपल की दीवार पर जा लगी। इससे सुखबीर बादल बाल-बाल बच गए। इसके बाद हमलावर ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। सुखबीर बादल को तुरंत सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। गोल्डन टेंपल के बाहर भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
सुखबीर पर हमला करने वाला आरोपी गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक का रहने वाला नारायण सिंह चौड़ा है। वह सिख संगठन दल खालसा का मेंबर है। वारदात के बाद पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर गोल्डन टेंपल पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
अकाली नेता डॉ. दलजीत चीमा ने कहा कि गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा का साथी मार्केट कमेटी का चेयरमैन है। गोली चलाने वाला व्यक्ति चेयरमैन के साथी का भाई है।
 

 


प्रदूषण से मिलेगी राहत! तेज हवाओं से सुधरेगी दिल्ली-एनसीआर की एयर क्वालिटी

03-Dec-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  दिसंबर की शुरुआत के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी की एयर क्वालिटी में सुधार देखने को मिला है. महीने के तीसरे दिन आज (3 दिसंबर) को भी दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर कम नजर आ रहा है. लगभग पूरे नवंबर में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहा. लेकिन तीन दिन से अब ये घटकर खराब श्रेणी में आ गया है. इसके पीछे की वजह तेज हवाएं बताई जा रही हैं.
मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी, स्काईमेट के मुताबिक, उत्तरी मैदानी इलाकों में हवा की गति बढ़ने के कारण दिल्ली और एनसीआर में प्रदूषण के स्तर में सुधार होने की उम्मीद है. हालांकि, तापमान में मामूली इजाफा देखने को मिल सकता है. आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. प्रदूषण की बात करें तो सुबह 8 बजे के वक्त दिल्ली का औसत एक्यूआई 274 मापा गया.

अगले साल की शुरुआत में भारत आएंगे रूसी राष्ट्रपति पुतिन, प्रधानमंत्री मोदी ने भेजा है न्योता

02-Dec-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा करेंगे। हालांकि अभी तक पुतिन के दौरे की तारीख तय नहीं है। रूसी राष्ट्रपति, भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को न्योते पर भारत आ रहे हैं। रूसी दूतावास ने यह जानकारी दी है। क्रेमलिन के प्रवक्ता यूरी उशाकोव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ‘हमारे नेता की साल में एक बार बैठक करने का समझौता है। इस बार हमारी बारी है। हमें प्रधानमंत्री मोदी का न्योता मिला है और हम इस पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। अगले साल की शुरुआत में कोई तारीख तय हो सकती है।’ रूस और यूक्रेन में जंग शुरू होने के बाद यह व्लादिमीर पुतिन का पहला भारत दौरा है। इस वजह से पुतिन का यह दौरा बेहद अहम है, खासकर तब, जब भारत ने रूस-यूक्रेन युद्ध को रोकने की अपील की है। रूस और भारत के बीच इसके शीर्ष नेताओं द्वारा हर साल एक दूसरे देश के देश का दौरा करने पर सहमति बनी हुई है। इसी सहमति के तहत पुतिन का भारत दौरा हो रहा है। इस साल प्रधानमंत्री मोदी ने रूस का दौरा किया था। उल्लेखनीय है कि अगले साल क्वाड सम्मेलन में भाग लेने के लिए अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी भारत का दौरा करेंगे।  दो सप्ताह पहले भी क्रेमलिन के प्रेस सचिव दिमत्री पेसकोव ने भी पुतिन के भारत दौरे पर जाने की जानकारी दी थी। पेसकोव ने कहा कि इस साल हमने दो बार प्रधानमंत्री मोदी की मेजबानी की और जल्द ही हम राष्ट्रपति पुतिन के भारत दौरे की तारीख तय कर लेंगे। इससे पहले जुलाई में पीएम मोदी ने रूस का दौरा किया था और 22वें रूस-भारत सम्मेलन में शिरकत की थी। इसके बाद पीएम मोदी कजान में आयोजित हुए ब्रिक्स सम्मेलन में भी शामिल हुए थे। 

दिल्ली-एनसीआर में ग्रेप-4 जारी रहेगा, सुप्रीम कोर्ट ने प्रदूषण पर आज भी लगाई लताड़

02-Dec-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश )  दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण के मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ग्रैप-4 फिलहाल जारी रहेगा. इसे लेकर अगली सुनवाई कोर्ट 5 दिसंबर को करेगा. आज हुई सुनवाई के दौरान कोर्ट कमिश्नर मनन वर्मा ने कोर्ट को बताया कि भेल के वरिष्ठ अधिकारी के निर्माणाधीन घर के बारे में रिपोर्ट तैयार करने के दौरान उनको धमकियां दी गईं.
सुप्रीम कोर्ट ने ASG को कहा है कि पुलिस ने क्या FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की है. कोर्ट कमिश्नर ने कहा कि डीपीसीसी हमारी मदद कर रही है, लेकिन सीमित कार्रवाई कर रही है. पॉश कॉलोनियों में अवैध निर्माण के बारे में उन्होंने कहा कि 500 वर्गमीटर से कम के प्लॉट पर उनका अधिकार क्षेत्र नहीं है. एमसीडी का है. कोई समन्वय नहीं है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हां, शायद ही कोई क्रियान्वयन हो.
SC ने CAQM को कहा कि हमें ये चिंता है कि 27 नवंबर को AQI 303 आया, ⁠लेकिन 28,29,30 नवंबर को AQI फिर से बढ़ गया. CAQM की ओर से ASG ऐश्वर्या भाटी ने कहा कि ये ट्रेंड जनवरी तक चलता रहेगा. जस्टिस ओक ने कहा कि आज हम किसी भी मौजूदा ढील की अनुमति नहीं देंगे. ⁠जब तक आप हमें नीचे की ओर रुझान नहीं दिखाते, ⁠हम ऐसा कैसे कर सकते हैं? CAQM ने कहा कि ग्रैप 4 पॉलिसी मैटर नहीं है. ये इमरजेंसी उपाय है.
मनन वर्मा ने अपनी रिपोर्ट की तफसील कोर्ट को बताई. मेदांता और अपोलो जैसे अस्पतालों के विशेषज्ञों ने भी आशंका जताई है कि मौजूद स्थिति से जल्दी ही दिल्ली वालों के फेफड़े खराब होने की महामारी से ग्रस्त हो जाएंगे. पुलिस वालों के बारे में मनन वर्मा ने कहा कि हरियाणा में तो ट्रकों की बेरोकटोक आवाजाही की सूचना जब स्थानीय एसएचओ को दी गई तो उन्होंने कहा कि हमारे पास ऐसा कोई निर्देश नहीं आया है. वो हमसे ही बहस करने लगे. झड़ौदा कलां में तो टीम ने खेतों में पराली जलती हुई भी देखी. पुलिस से पूछा कि किसका खेत है तो पुलिस को इसकी भी कोई जानकारी नहीं थी.
जस्टिस ओक ने पूछा कि कितने अधिकारी दिल्ली के एंट्री पॉइंट्स पर तैनात किए गए हैं? दिल्ली सरकार के वकील शादान फरासत ने कहा कि हमने ट्रांसपोर्ट और रेवेन्यू  विभाग के अधिकारी लगा रखे हैं पर सटीक संख्या नहीं बता सकते। हमारे पास उनके ड्यूटी चार्ट है! कोर्ट ने कहा कि उनका कोई सुपरवाइजर है? कौन सुपरवाइज कर रहा है? कोर्ट ने पूछा की वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग क्या कर रहा है? याचिकाकर्ता के वकील गोपाल शंकर नारायण ने कहा कि ग्रेप  4 लगाने के बावजूद उसके बुनियादी उपायों को नजर अंदाज किया गया है। उन पर ध्यान देना ज्यादा जरूरी है.
 

 


सड़क दुर्घटना में आईपीएस अधिकारी की मौत, पहली पोस्टिंग में ज्वाइनिंग के लिए जाते समय हुआ हादसा

02-Dec-2024
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) कर्नाटक के हासन जिले में अपनी पहली तैनाती को लेकर कार्यभार संभालने जा रहे भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक अधिकारी की दुर्घटना में मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि कर्नाटक कैडर के 2023 बैच के आईपीएस अधिकारी हर्षवर्धन (26) मध्यप्रदेश के रहने वाले थे. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना रविवार शाम को हुई. उन्होंने बताया कि हासन तालुक के किट्टाने के निकट पुलिस वाहन का टायर फट गया, जिसके बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन सड़क किनारे एक मकान और पेड़ से टकरा गया. 
पुलिस के अनुसार, वर्धन होलेनरसीपुर में परिवीक्षाधीन सहायक पुलिस अधीक्षक के रूप में ड्यूटी पर रिपोर्ट करने के लिए हासन जा रहे थे.  पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वर्धन के सिर में गंभीर चोट आई और इलाज के दौरान अस्पताल में उनकी मौत हो गई, जबकि चालक मंजेगौड़ा को मामूली चोट आई. 
पुलिस ने बताया कि आईपीएस अधिकारी ने हाल में मैसूर स्थित कर्नाटक पुलिस अकादमी में अपना चार सप्ताह का प्रशिक्षण पूरा किया था. उन्होंने बताया कि उनके पिता उप-मंडल अधिकारी हैं. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने अधिकारी के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है. 
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हासन-मैसूरु राजमार्ग के किट्टाने सीमा के पास एक भीषण दुर्घटना में प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी हर्षवर्धन की मौत के बारे में सुनकर दुख हुआ. यह बहुत दुखद है कि ऐसी दुर्घटना उस समय हुई जब वह आईपीएस अधिकारी के रूप में कार्यभार संभालने जा रहे थे. ऐसा तब नहीं होना चाहिए था जब वर्षों की कड़ी मेहनत रंग ला रही थी.'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि हर्षवर्धन की आत्मा को शांति मिले। मृतक के परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं.'

 


विभागों के बंटवारे को लेकर फंसा पेच; महायुति की मीटिंग कैंसल, एकनाथ शिंदे गए गांव

29-Nov-2024
मुंबई। ( शोर संदेश )  महाराष्ट्र में नई सरकार में विभागों को लेकर पेच फंसता नजर आ रहा है। इसके चलते महायुति की अहम बैठक भी कैंसल हो गई है। इसके बाद एकनाथ शिंदे अपने गांव चले गए हैं। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही दिल्ली में महायुति के तीनों अहम नेताओं, देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजित पवार की बैठक केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के घर हुई। बताया जाता है कि इसमें देवेंद्र फडणवीस के सीएम बनने और अहम विभागों के बंटवारे को लेकर सबकुछ तय हो चुका है। अब इससे आगे की बैठक आज मुंबई में होने वाली थी। लेकिन उससे पहले ही कुछ अड़चन आती नजर आ रही है। अनुमान है कि शपथ ग्रहण दो दिसंबर को होगा।
एकनाथ शिंदे के बैठक छोड़कर अचानक जाने से अनुमान लगाया जा रहा है नई सरकार के गठन को लेकर वह कुछ नाराज हैं। सूत्रों के मतुाबिक शिंदे अपने सतारा स्थित गांव निकल गए हैं। अब शिंदे के वापस आने के बाद यह बैठक होगी। शिवसेना प्रवक्ता मनीषा कायंदे ने इस बात की पुष्टि कि मुख्यमंत्री शिंदे के आज के सभी अप्वॉइंटमेंट्स कैंसल कर दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार गठन को लेकर हो रही बातचीत सकारात्मक दिशा में बढ़ रही है। शिवसेना सूत्रों के मुताबिक शिंदे सतारा में महाबलेश्वर के पास स्थित अपने गृहस्थान डारे गए हुए हैं।
इससे पहले एकनाथ शिंदे ने प्रेस कांफ्रेंस करके खुद कहा था कि भाजपा जिस किसी को भी मुख्यमंत्री बनाए, उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। इसके बाद देवेंद्र फडणवीस के लिए तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता खुल गया था। अमित शाह से मुलाकात के बाद एकनाथ शिंदे ने इस बातचीत को अच्छा और सकारात्मक बताया था। उन्होंने कहाकि मुंबई में महायुति गठबंधन के बाद अगले मुख्यमंत्री के बारे में फैसला हो जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक अभी मुख्यमंत्री और डिप्टी सीएम की पोस्ट को लेकर बातें सबकुछ स्पष्ट है। लेकिन कुछ मंत्री पद को लेकर बातचीत अटकती नजर आ रही है। एनडीटीवी के मुताबिक एक सीएम और दो डिप्टी सीएम का फॉर्मूला जारी रहने का अनुमान है। लेकिन नई सरकार में एकनाथ शिंदे खुद डिप्टी सीएम बनने के इच्छुक नहीं हैं। शिवसेना के विधायक और प्रवक्ता संजय शिरसाट ने कहाकि उनके डिप्टी सीएम बनने के चांसेज कम हैं। मुख्यमंत्री रहने के बाद डिप्टी सीएम बनना ठीक नहीं रहेगा। उन्होंने कहाकि शिंदे की जगह यह पद शिवसेना में किसी और को दिया जाएगा।
बताया जाता है कि नई सरकार में भाजपा अपने पास गृह मंत्रालय रखेगी। इसके अलावा, अजित पवार की एनसीपी के पास वित्त और शिंदे की सेना के बाद शहरी विकास व पीडब्लूडी रहेगा। सरकार में भाजपा को 22 मंत्री, शिवसेना को 12 और एनसीपी को 9 मंत्रीपद मिलने का अनुमान है। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन ने जोरदार जीत हासिल की है। 288 सीटों वाले विधानसभा में महायुति को 230 सीटें मिली हैं। इसमें भाजपा को अकेले 132 सीटें, शिवसेना को 57 और एनसीपी को 42 सीटें मिली हैं।

 


भारत ने समंदर से दागी परमाणु बैलिस्टिक मिसाइल... किया गया सीक्रेट परीक्षण?

28-Nov-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  इंडियन नेवी ने अपनी न्यूक्लियर पावर्ड सबमरीन आईएनएस अरीघाट से पहली बार के-4 एसएलबीएम का सफल परीक्षण किया है। एटॉमिक हथियार ले जाने वाली इस मिसाइल की रेंज 3500 किलोमीटर है. इस मिसाइल की खासियत ये है कि यह देश को सेकेंड स्ट्राइक की क्षमता प्रदान करती है. यानी देश के न्यूक्लियर ट्रायड को यह ताकत मिल जाती है कि अगर जमीन पर स्थिति ठीक नहीं है तो पानी के अंदर से सबमरीन हमला कर सकती है. 
के-4 एसएलबीएम एक इंटरमीडियट रेंज की सबमरीन से लॉन्च होने वाली परमाणु बैलिस्टिक मिसाइल है। इसे नौसेना के अरिहंत क्लास पनडुब्बियों में लगाया गया है. इससे पहले भारतीय नौसेना के-15 का इस्तेमाल कर रही थी। लेकिन के-4 उससे ज्यादा बेहतर, सटीक, मैन्यूवरेबल और आसानी से ऑपरेट होने वाली मिसाइल है।
आईएनएस अरिहंत और अरिघट पनडुब्बियों में चार वर्टिकल लॉन्चिंग सिस्टम हैं. जिससे यह लॉन्च होती है. यह मिसाइल 17 टन वजनी और 39 फीट लंबी है. इसका व्यास 4.3 मीटर का है. यह 2500 किलोग्राम वजनी स्ट्रैटेजिक न्यूक्लियर हथियार ले कर उड़ान भरने में सक्षम है. 
ऑपरेशनल रेंज 4000 किलोमीटर
दो स्टेज की यह मिसाइल सॉलिड रॉकेट मोटर से चलती है. इसमें प्रोपेलेंट भी सॉलिड ही पड़ता है. इसकी ऑपरेशनल रेंज 4000 किलोमीटर है. भारत का नियम है कि वह पहले किसी पर परमाणु हमला नहीं करेगा. लेकिन उस पर हुआ तो छोड़ेगा भी नहीं. इसलिए ऐसी मिसाइलों का नौसेना में होना बहुत जरूरी है. 
इससे पहले इसके अन्य परीक्षण
15 जनवरी 2010 में विशाखापट्टनम तट के पास पानी के 160 फीट अंदर पॉन्टून बनाकर वहां से इसका सफल डेवलपमेंटल लॉन्च हुआ था. 24 मार्च 2014 में उसी जगह और वैसी ही तकनीक के साथ पॉन्टून से फिर पहला सफल टेस्ट लॉन्च किया गया था. इसके बाद 7 मार्च 2016 में दूसरा सफल टेस्ट लॉन्च हुआ. जिसकी ट्रैजेक्टिरी डिप्रेस्ड थी. 2016 में आईएनएस अरिहंत से 700 km रेंज के लिए सफल ट्रायल लॉन्च किया गया था. 
17 दिसंबर 2017 में भी पानी के अंदर पॉन्टून से लॉन्चिंग हुई थी लेकिन वो असफल रही थी. इसके बाद 19 जनवरी 2020 में भी पॉन्टून से ही 3500 किलोमीटर रेंज के लिए पांचवीं बार सफल टेस्ट लॉन्च हुआ. 2020 में छठीं बार सफल टेस्ट लॉन्च हुआ था. इसके बाद अब यह परीक्षण किया गया है.

देश के इन राज्यों में अचानक बदले पेट्रोल-डीजल के दाम

28-Nov-2024
नई दिल्ली।   ( शोर संदेश )  वैश्विक बाजार में पिछले कुछ दिनों से कच्चे तेल के भाव में उठापटक का दौर जारी है. ग्लोबल मार्केट में आज यानी गुरुवार सुबह डब्ल्यूटीआई क्रूड ऑयल का भाव 86.68 डॉलर प्रति बैरल दर्ज किया गया, जबकि ब्रेंट क्रूड ऑयल 72.77 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है. ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल के भाव में हुए फेरबदल का असर देश में पेट्रोल-डीजल के खुदरा भाव पर भी देखने को मिल रहा है. कई राज्यों में पेट्रोल-डीजल के दाम बदल गए हैं. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इंटरनेशनल लेवल पर कच्चे तेल के भाव में होने वाले बदलाव के आधार पर भारत में  पेट्रोल और डीजल के भाव तय किए जाते हैं. क्योंकि विश्व में हर छोटी बड़ी घटना का असर कच्चे तेल के भाव पर पड़ता है. इसलिए देश में ईंधन के दाम भी बदलते रहते हैं. 
इस बीच में देश के सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के ताजा भाव वाली लिस्ट जारी कर दी है. नई रेट लिस्ट के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपए और डीजल 89.62 रुपए प्रति लीटर हो गया है. कोलकाता में पेट्रोल 106.03 रुपए और डीजल 92.76 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है. चेन्नई की बात करें तो यहां एक लीटर पेट्रोल का भाव 102.63 रुपए और डीजल 94.24 रुपए प्रति लीटर है. मुंबई में पेट्रोल 102.63 रुपए प्रति लीटर और डीजल 94.27 रुपए प्रति रुपए लीटर बिक रहा है. अलग-अलग शहरों की बात करें तो विशाखापट्टनम में पेट्रोल का भाव 108.45 रुपए लीटर और ईटानगर में पेट्रोल का रेट 90.97 रुपए प्रति लीटर है. गुवाहाटी की बात करें तो यहां पेट्रोल 98.19 रुपए लीटर और दरभंगा में पेट्रोल 106.04 रुपए लीटर बिक रहा है. 

 




kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account