
गरियाबंद ( (शोर सन्देश))। छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय आदिम जाति,कल्याण आवासीय एवं आश्रम शैक्षणिक संस्थान समिति द्वारा जिला अंतर्गत संचालित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक संवर्ग के रिक्त पद प्रसारित कर आवेदन आॅनलाईन आमंत्रित किये गये थे। 01 से 03 मार्च तक प्राप्त आवेदनों का परीक्षण आदिवासी बालक क्रीडा परिसर गरियाबंद में प्रातः 11 बजे से 4 बजे तक किया जायेगा। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एल. आर. कुर्रे ने बताया कि 01 मार्च 2021 को टी.जी.टी अंग्रेजी के 29 अभ्यर्थी, टी.जी.टी विज्ञान के 100 अभ्यर्थी एवं 02 मार्च 2021 को टी.जी.टी हिन्दी के 87 अभ्यर्थी, टी.जी.टी गणित के 96 अभ्यर्थी तथा 03 मार्च को टी.जी.टी सामाजिक विज्ञान के 106 अभ्यर्थी प्राप्त आवेदन के परीक्षण के लिए आमंत्रित किया गया है। अभ्यर्थियो को सम्पूर्ण मूल दस्तावेज एवं एक-एक सत्यापित प्रति के साथ में अनिवार्य रूप से अपनी उपस्थिति देना होगा। निर्धारित तिथि को उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थी को पृथक से अवसर प्रदान नहीं किया जायेगा।

रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं के लिए इस बार उत्तरपुस्तिका का पैटर्न में बदलाव किया है। इसमें पहले से छात्रों का नाम प्रिंट नहीं होगा। साथ ही छात्रों को पूरक उत्तर पुस्तिका दी जाएगी। मेन उत्तर पुस्तिका 16 से 20 पन्ने की होगी। वहीं, पूरक उत्तर पुस्तिका आठ पन्ने की होगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल सचिव वीके गोयल ने बताया कि इस बार उत्तर पुस्तिका के फॉर्मेट में बदलाव किया जा रहा है, क्योंकि कोरोना काल के कारण उत्तर पुस्तिका फॉर्मेट तैयार नहीं हुआ है। बता दें कि पहले 32 पेज की उत्तर पुस्तिका दी जाती थी। उसमें पहले से ही छात्रों के नाम, रोल नंबर और विषय लिखा होता था। इस बार केवल कॉलम बनाकर उत्तर पुस्तिका दी जाएगी। डेटा बेस देर से तैयार होने के कारण बदलाव किया गया। 10वीं और 12वीं की परीक्षा में बैठने के लिए सभी परीक्षार्थियों को कम से कम 70 फीसद होम असाइनमेंट करना होगा। होम असाइनमेंट माह सितंबर 2020 से माह फरवरी 2021 तक विद्यार्थियों को दिए गए है। इसी तरह प्रत्येक विषय में छह असाइनमेंट है। जिसमें 70 फीसद के मान से प्रत्येक विषय पर चार असाइनमेंट विद्यार्थियों द्वारा पूरा करना आवश्यक है। तभी मुख्य में परीक्षा में बैठने के अवसर मिलेगा। बता दें कि होम असाइनमेंट के प्राप्तांकों के आधार पर माशिमं की मुख्य परीक्षा में प्रत्येक विषय में 30 फीसद अंक आंतरिक मूल्यांकन के रूप में मान्य होंगे।
00साढ़े सात लाख विद्यार्थी होंगे शामिल 10वीं बोर्ड परीक्षा 15 अप्रैल से शुरू होकर एक मई तक चलेगी। इसी तरह 12वीं बोर्ड परीक्षा तीन मई से शुरू होगी, जो 24 मई तक चलेगी। 10वीं की परीक्षा में चार लाख 62 हजार छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। वहीं 12वीं की परीक्षा में दो लाख 84 हजार विद्यार्थी शामिल होंगे।
00पूरक परीक्षा, पुनर्गणना और पुनर्मूल्यान के परिणाम जारी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल के हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी पूरक परीक्षा वर्ष 2020 के पुनर्गणना और पुनर्मूल्यान के परीक्षा परिणाम 17 फरवरी को जारी कर दिया है। परिणाम छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की वेबसाइट पर उपलब्ध है।

रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने हाई स्कूल और हायर सेकंडरी पूरक परिक्षा के परिणाम जारी कर दिए हैं। विद्यार्थी अपना नतीजा मंडल की वेब साइट पर जाकर देख सकते हैं।

बिलासपुर (शोर सन्देश)। छात्र सुरक्षा दुर्घटना बीमा योजनान्तर्गत 10 छात्रों की दुर्घटना में मृत्यु पश्चात् उनके पालकों को एक-एक लाख रूपये का दावा भुगतान किया गया। कलेक्टर डाॅ. सारांश मित्तर ने सभी पालकों को राशि का प्रमाण पत्र वितरित किया। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया जिले के विभिन्न स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों की दुर्घटना में मृत्यु उपरांत उनके पालक भागीरथ सूर्यवंशी, रामसिंह भैना, पवन कुमार नेताम, सरवन यादव, टीकाराम सेवक, जगदीश प्रसाद, श्रीमती शिव कुमारी, श्रीमती इतवारा बाई, गेंदलाल सूर्यवंशी और श्रीमती सुशीला चतुर्वेदी को कलेक्टर द्वारा एक-एक लाख रूपये की दावा राशि का प्रमाण पत्र दिया गया। यह राशि आरटीजीएस, एनईएफटी के माध्यम से उनके खातों में अंतरित की गई है।

महासमुंद (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 14 फरवरी को दो पालियों में की जाएगी। इसके लिए कलेक्टर डोमन सिंह ने परीक्षा संचालन के देख रेख एवं परीक्षा में अनैतिक कार्यों, नकल को रोकने के लिए 13 परीक्षा केन्द्र के लिए अलग-अलग उड़नदस्ता दल गठित किए हैं। इनमें शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय (विज्ञान भवन मचेवा), शासकीय माता कर्मा कन्या महाविद्यालय मचेवा, शासकीय पॉलिटेक्निक बरोण्डाबाजार एवं महर्षि विद्या मंदिर मचेवा के लिए महासमुन्द के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुनील कुमार चन्द्रवंशी तथा प्रभारी अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अपूर्वा क्षत्रिय की ड्यूटी लगाई गई है। इसी तरह शासकीय आदर्श हायर सेकेण्डरी स्कूल महासमुन्द, शासकीय डीएमएस हायर सेकेण्डरी स्कूल महामसुन्द, शिशु संस्कार हायर सेकेण्डरी स्कूल मिनी स्टेडियम के पास महामसुन्द के लिए डिप्टी कलेक्टर सीमा ठाकुर तथा बागबाहरा के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) लितेश सिंह होंगे। सरस्वती शिशु मंदिर हायर सेकेण्डरी स्कूल भलेसर रोड महासमुन्द, शांत्रीबाई कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय बागबाहरा रोड महासमुन्द व छत्तीसगढ़ हायर सेकेण्डरी स्कूल बागबाहरा रोड महासमुन्द के लिए डिप्टी कलेक्टर ऋतु हेमनानी एवं पिथौरा के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) पुपलेश कुमार पात्रे की ड्यूटी लगाई गई है। इसी प्रकार शासकीय आशी बाई गोलछा आदर्श कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल महासमुन्द, वेडनर मेमोरियल हायर सेकेण्डरी स्कूल एफ.सी.आई. रोड महासमुन्द व इंडियन कॉलेज आॅफ एजुकेशन बेलसोंडा महासमुन्द के लिए बागबाहरा के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भागवत जायसवाल तथा सरायपाली के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) विकास पटेल की ड्यूटी उड़नदस्ता दल में लगाई गई है।

रायपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ के बच्चे अब पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी के बारे में पढ़ेंगे। आगामी सत्र से कक्षा सातवीं के छात्र हिन्दी विषय में राजीव गांधी के व्यक्तित्व और कृतित्व के बारे में पढ़ाई करेंगे। इसी तरह से राज्य शैक्षणिक अनुसंधान परिषद (एससीईआरटी) पाठ्यक्रम में अनेकों नए बदलाव करने जा रहा है। जैसे सरकार बदलती है वैसे ही व्यवस्था के साथ सभी क्षेत्रों में बदलाव देखऩे को मिलता है। छत्तीसगढ़ में सरकार में बदलाव के दो साल बाद अब प्रदेश में किताबों की पाठ्यक्रम में भी बदल हो रहा है। इस कड़ी में पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न राजीव गांधी को कक्षा सातवीं के पाठ्यक्रम में स्थान दिया गया है। कक्षा के बच्चे हिन्दी विषय के के पाठ्यक्रम में राजीव गांधी व्यक्तित्व और कृतित्व के बारे में पढ़ेंगे। उनके द्वारा टैक्नोलॉजी के क्षेत्र में दिए गए योगदान को पढ़ाया जाएगा। यही नहीं एससीईआरटी ने इस बार पुस्तकों में कई अहम बदलाव किए हैं। यातायात के नियमों को जोडऩे से लेकर आउटलरिंग और नए नक्शों को भी किताब में जगह दी गई। वहीं 6वीं से लेकर 8वीं तक के विज्ञान और गणित के हिंदी माध्यम के किताब में ट्रामॉलॉजी के शब्द इंग्लिश में भी डाले जायेंगे। एससीआरटी के संयुक्त संचालक डॉ योगेश शिवहरे ने कहा कि पाठ्यक्रम में बदलाव में सबसे अहम बदलावों में से एक यह है कि अब में ट्रामॉलॉजी के शब्द इंग्लिश में भी होंगे। हिंदी मीडियम के बच्चे जब आगे की कक्षाओं में जाते हैं, तब उन्हें हिंदी और इंग्लिश के शब्दों में कंफ्यूजन होती है। इसे देखते हुए ये बदलाव किए गए हैं।

रायपुर (शोर सन्देश)। शीघ्रलेखन, मुद्रलेखन, परीक्षा परिषद, लोक शिक्षण संचालनालय इन्द्रावती भवन अटल नगर रायपुर द्वारा प्रदेश स्तर पर प्रतिवर्ष शीघ्रलेखन और मुद्रलेखन की परीक्षाएं आयोजित की जाती हैं। लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ रायपुर में मूल्यांकन कार्य के लिए शीघ्रलेखकों का नवीन पंजीयन और नवीनीकरण किया जा रहा है। ऐसे वरिष्ठ शीघ्रलेखक जो न्यूनतम 10 वर्ष की शासकीय सेवा शीघ्रलेखक के पद पर करने का अनुभव रखते हैं और छत्तीसगढ़ में शासकीय सेवा में कार्यरत हों, वे निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र की पूर्ति पश्चात परिषद कार्यालय लोक शिक्षण संचालनालय में 19 फरवरी 2021 तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। इनका पंजीयन 3 वर्ष के लिए होगा। इसी प्रकार शीघ्रलेखन और मुद्रलेखन संस्थाएं जो टंकण, शीघ्रलेखन का प्रशिक्षण देते हैं और आयोजित होने वाली परीक्षा परिणाम एवं विज्ञप्ति आदि प्राप्त करना चाहते हैं वे संस्थाएं भी अपना नवीन पंजीयन, नवीनीकरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। इनका पंजीयन एक वर्ष के लिए होगा। शीघ्रलेखन, मुद्रलेखन परीक्षा परिषद के सचिव ने बताया कि दोनों ही प्रकार के आवेदनों के साथ शासकीय कोषालय में ‘लेखा शीर्ष’ 0202-शिक्षा, खेल, कला एवं संस्कृति (01) सामान्य शिक्षा (600) सामान्य (0661) स्कूल शिक्षा के अंतर्गत 100 रूपए जमा कराकर एक प्रति संलग्न करना होगा। अधिक जानकारी के लिए परिषद के कार्यालय से सम्पर्क किया जा सकता है।

गरियाबंद (शोर सन्देश)। जवाहर आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (यथा संशोधित नियम 2016) अंतर्गत वर्ष 2021-20 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु 7 मार्च 2021 को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक लिखित परीक्षा आयोजित की जायेगी। विद्यार्थियों द्वारा आवेदन पत्र शाला में जमा करने की तिथि 19 फरवरी 2021, शाला प्रमुख द्वारा विद्यार्थियों के आवेदन का परीक्षण एवं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को अग्रेषण 25 फरवरी 2021, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा समस्त आवेदनों की सूची तैयार कर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय में 27 फरवरी 2021 तक जमा किया जायेगा। जिला एवं विकासखण्ड स्तर पर परीक्षा का आयोजन 7 मार्च को किया जायेगा। जिले के इच्छुक विद्यार्थी सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग गरियाबंद तथा सभी विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से आवेदन पत्र का प्रारूप एवं विस्तृत विवरण प्राप्त कर सकते हैं।

रायपुर (शोर सन्देश)। संघ लोक सेवा आयोग,नई दिल्ली द्वारा आयोजित कम्बाईण्ड डिफेन्स सर्विस परीक्षा-2021 आगामी 7 फरवरी को तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली सुबह 9 बजे से 11 बजे, द्वितीय पाली दोपहर 12 बजे से 2 बजे एवं तृतीय पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोग द्वारा निर्धारित रायपुर शहर स्थित सात परीक्षा केन्द्रों में संचालित होगी। इसके लिए कंट्रोल प्रभारी एस. के पटले. डी.पी.सी. राजिव गांधी शिक्षा मिशन को बनाया गया है।

बलरामपुर (शोर सन्देश)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर की हाईस्कूल/हायर सेकण्डरी/ व्यवसायिक व शारीरिक मुख्य परीक्षा 2021 के आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि पूर्व में दो बार बढ़ाई जा चुकी है, फिर भी कई छात्र परीक्षा आवेदन पत्र भरने से वंचित रह गये हैं। छ.ग. माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर ने छात्रहित में 01 फरवरी से 05 फरवरी 2021 तक परीक्षा आवेदन जमा करने के लिए अंतिम अवसर दिया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी बी. एक्का ने बताया कि इसमें वे छात्र जो नियमित/स्वाध्यायी परीक्षा आवेदन पत्र नहीं भर पाये हैं, वे 1000 रूपये अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ आवेदन भर सकेंगे। साथ ही नियमित छात्र जिनका पूर्व में शाला में प्रवेश हो चुका है और परीक्षा आवेदन पत्र भरने से वंचित रह गये हैं, ऐसे छात्र के नाम डीलीट कर पोर्टल लाॅक किये गये हों, उन सभी छात्रों के आवेदन पत्र मण्डल ने स्वीकार किये जायेंगे। स्वाध्यायी आवेदन पत्र भरने वाले सभी छात्र आवेदन भर सकेंगे, जो संबंधित परीक्षा के लिए नियमानुसार पात्र हैं।